डेली संवाद, पटियाला। Punjab News: पंजाब (Punjab) में कोचिंग इंस्टीट्यूट (कंप्यूटर सेंटर) की महिला संचालक को बदमाशों द्वारा पीटने की खबर सामने आ रही है। खबर है कि महिला संचालक को बदमाशों ने रॉड, डंडे और गंडासे से पीट दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के जिला पटियाला (Patiala) के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में उस समय हड़कंप मच गया जब करीब 8 हमलावर अचानक सेंटर में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ व मारपीट की। इस हमले में महिला संचालक, उनका बेटा और कुछ छात्र सहित कुल 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गंडासे लेकर अंदर घुसे
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 11:40 बजे की है जब विद्या नगर इलाके में स्थित कंप्यूटर कोचिंग सेंटर में क्लास चल रही थी। तभी हथियारों से लैस बदमाश डंडे, लोहे की रॉड और गंडासे लेकर अंदर घुस आए और पहले गेट तोड़ना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
हमलावरों ने बाहर निकल रहे एक छात्र पर भी हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। जब महिला संचालक और उनके बेटे ने बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। महिला संचालक के बेटे को लोहे की रॉड से कई वार किए गए।

इसके बाद हमलावरों ने पूरे सेंटर में जमकर तोड़फोड़ की और कंप्यूटर, लैपटॉप, कुर्सियां, टेबल और सीसीटीवी कैमरे तक तोड़ दिए। अंदर मौजूद छात्र डर के मारे चीखते-चिल्लाते रहे। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला किराए (रेंट) को लेकर विवाद का बताया जा रहा है।
किराया बढ़ाने को लेकर विवाद
कोचिंग सेंटर और बिल्डिंग मालिक के बीच किराया बढ़ाने को लेकर विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में भी लंबित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
