डेली संवाद, श्री मुक्तसर साहिब। Punjab Nagar Nigam Election: पंजाब (Punjab) में आज 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के लिए मतदान जारी है। सुबह 8 बजे शुरू हुई वोटिंग जो शाम 5 बजे तक चलेगी। राज्यभर में कुल 36.73 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
वहीं खन्ना नगर कौंसिल चुनाव के वार्ड नंबर 15 में आज मतदान शुरू होते ही कांग्रेस (Congress) और आम आदमी पार्टी (AAP) के समर्थकों के बीच तीखी बहस हो गई। बूथ के बाहर हुई इस झड़प में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज के आरोप लगाए, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
गाड़ी चलाना मुश्किल
पंजाब कांग्रेस (Congress) के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग (Amrinder Singh Raja Warring) मंगलवार को पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के वार्ड नंबर पांच में वोट डालने पहुंचे। महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम इस कदर बढ़ गए हैं कि आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है।

यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
राजा वड़िंग ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ऐसे हालात बन गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं। गरीब व्यक्ति कैसे चलेगा? जिसकी आमदनी कम है, वो घर चलाएगा या वाहन चलाएगा? उन्होंने बताया कि पंजाब में औसतन पेट्रोल 105.44 और डीजल 95.38 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को केवल चुनाव जीतने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया है।
राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस देशभर और पंजाब में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में चौथी बार दाम बढ़े हैं। लगातार बढ़ रहे दामों से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है और सब्जी, राशन समेत जरूरी सामान के दाम भी बढ़ने की आशंका है।
