डेली संवाद, कनाडा। Canada News: कनाडा (Canada) में पंजाबी दंपती की घटिया करतूत सामने आ रही है। खबर है कि कनाडा में पंजाबी दंपती जन्म के बाद बच्चे को जंगल में फेंक दिया जिसके चलते पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कनाडा (Canada) के हैलिफैक्स शहर में नवजात बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने पंजाबी दंपती को गिरफ्तार किया है। यह मामला तब सामने आया जब एक महिला गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची और डॉक्टरों को पता चला कि उसने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन बच्चा उसके साथ नहीं था।
गंभीर हालत में अस्पताल लाया
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:40 बजे 26 वर्षीय रमनदीप कौर को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों को शक हुआ कि उसने हाल में डिलीवरी की है। जब महिला बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी, तो अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: Japnoor Travels के सतनाम सिंह पर 45 लाख रुपए ठगी का आरोप, किसानों ने दफ्तर घेरा
इसके बाद पुलिस और वॉलंटियर टीमों ने इलाके में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो दिन की तलाश के बाद रविवार दोपहर हैलिफैक्स के बाहरी इलाके ओल्ड कोच रोड के जंगल से नवजात शिशु का शव बरामद हुआ।

वहीं शव मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर रमनदीप कौर और उसके पति 23 वर्षीय सुखप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर बच्चे के शव को छिपाने, पुलिस जांच में बाधा डालने और शव के अनादर से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
मेडिकल इमरजेंसी के कारण बिगड़ी तबीयत
पुलिस का कहना है कि महिला की हालत फिलहाल बेहद गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक उसकी तबीयत प्रसव के दौरान आई मेडिकल इमरजेंसी के कारण बिगड़ी, न कि किसी हिंसा की वजह से।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बच्चा जन्म के समय जीवित था या नहीं। इस बारे में पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और महिला के स्वस्थ होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
