डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather News: पंजाब और चंडीगढ़ में आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। India Meteorological Department के मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज 29 मई के लिए कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का रेड अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जबकि कुछ स्थानों पर लू जैसे हालात बने रह सकते हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
इन शहरों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान में करीब 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे मौसम सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य के सभी जिलों में तापमान 1 से 4 डिग्री तक गिरा है। सबसे अधिक तापमान फरीदकोट (Faridkot) में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अमृतसर (Amritsar), गुरदासपुर (Gurdaspur), तरनतारन (Tarn Taran), होशियारपुर (Hoshiarpur), जालंधर (Jalandhar), लुधियाना (Ludhiana), पटियाला (Patiala) समेत कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
