Category: Breaking News

  • BJP नेता ने 2 युवकों पर किया हमला, बुरी तरह मारपीट कर स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े

    BJP नेता ने 2 युवकों पर किया हमला, बुरी तरह मारपीट कर स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े

    इंदौरः राऊ इलाके में आज सुबह भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 2 युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल युवकों के साथ मारपीट की, बल्कि उनकी स्कॉर्पियो कार के कांच भी चकनाचूर कर दिए। घटना के बाद घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, हमलावर की पहचान भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष वेदांत तिवारी के रूप में हुई है। मामले में जांच शुरू कर दी है।

    आरोपी।
    आरोपी।

    जानकारी मुताबिक, प्रखर शर्मा और नयन बाफना (सुदामा नगर) सुबह कैट रोड स्थित एक कैफे से चाय पीकर अपनी स्कॉर्पियो से लौट रहे थे। इसी दौरान वेदांत तिवारी, समीर शर्मा और आदित्य ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और बीच रास्ते में रोककर उन पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर रंजिश चली आ रही है। इसी को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। आरोपियों ने युवकों के साथ बुरी तरह मारपीट की और उनके सिर पर भी तेजधार चीज से हमला किया जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो कार के कांच भी चकनाचूर कर दिए।

    घटना के बाद घायल युवक जब राऊ थाने पहुंचे, तो वहां हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरोप है कि सत्ताधारी दल के नेताओं के दबाव के चलते पुलिस शुरुआत में FIR दर्ज करने से कतराती रही। हालांकि, जब मामला बढ़ा और थाने पर हंगामा शुरू हुआ, तब जाकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।

    यह पहली बार नहीं है जब वेदांत और उसके साथियों ने इन युवकों को निशाना बनाया हो। करीब 20 दिन पहले महूनाका चौराहे पर भी इन युवकों को घेरने की कोशिश की गई थी। उस वक्त युवक कार भगाकर निकलने में कामयाब रहे थे। मामला छत्रीपुरा थाने तक पहुंचा था, लेकिन तब दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। इसी समझौते का नतीजा रहा कि आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने दोबारा हमला कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     

  • SGST वसूली में ऐतिहासिक वृद्धि, Punjab बना देश का अग्रणी राज्य

    SGST वसूली में ऐतिहासिक वृद्धि, Punjab बना देश का अग्रणी राज्य

    चंडीगढ़: भारत सरकार द्वारा जीएसटी 2.0 दरों के तर्कसंगतकरण से उत्पन्न राजस्व चुनौतियों के बावजूद पंजाब ने जनवरी 2026 में जीएसटी संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जनवरी 2026 के दौरान राज्य में कुल 2,452.66 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रह हुआ, जबकि शुद्ध जीएसटी वसूली में जनवरी 2025 की तुलना में 15.7 प्रतिशत की दर से 315 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि दरों में कटौती के कारण राज्य को प्रतिमाह करीब 250 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ा, फिर भी पंजाब राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहा।

    मंत्री ने बताया कि जनवरी 2026 तक वर्ष-दर-वर्ष आधार पर शुद्ध जीएसटी वसूली 13.4 प्रतिशत बढ़कर 19,415 करोड़ रुपये से 22,014 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि कुल जीएसटी संग्रह में भी 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जनवरी महीने में एसजीएसटी नकद वसूली में 14.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो देश में सबसे अधिक है और राष्ट्रीय औसत करीब 6 प्रतिशत से कहीं ज्यादा है। साथ ही राज्य सरकार ने करदाताओं की सुविधा पर जोर देते हुए जनवरी में 129 करोड़ रुपये के एसजीएसटी रिफंड जारी किए, जबकि कुल जीएसटी रिफंड लगभग 300 करोड़ रुपये रहा।

    हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि प्रवर्तन कार्रवाइयों से भी मजबूत नतीजे सामने आए हैं। जनवरी 2026 में स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स ने आईटीसी चोरी और जाली बिलिंग पर कार्रवाई कर 200 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की, जिससे मौजूदा वित्तीय वर्ष में कुल प्रवर्तन वसूली लगभग 1,000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है। केंद्र द्वारा आईजीएसटी निपटान में कटौती के बावजूद पंजाब ने अपने राजस्व आधार को सुरक्षित रखा है। मंत्री ने दोहराया कि कर विभाग पारदर्शी, तकनीक-आधारित और करदाता-अनुकूल व्यवस्था के जरिए राज्य में राजस्व वृद्धि और व्यापार सुगमता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

     

  • Punjab News: मंदिर में परिवार ने की मूर्ति खंडित, मोहल्लावासियों में रोष, देखें वीडियो

    Punjab News: मंदिर में परिवार ने की मूर्ति खंडित, मोहल्लावासियों में रोष, देखें वीडियो

    लुधियानाः ताजपुर रोड श्री ओम शिव शक्ति मंदिर में सुदाकर पाठक नगर में बीते दिन उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब मोहल्ला निवासियों ने एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर मंदिर में घुसकर बेअदबी करने का आरोप लगाया। घटना के बाद इकले में रोष फैल गया है और लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, 1 फरवरी की शाम उन्हें फोन पर सूचना मिली कि संदीप कुमार नामक व्यक्ति मंदिर में चप्पल पहनकर घुस आया है और वहां शिव जी की मूर्ति को नुकसान पहुँचा रहा है।

    सूचना मिलते ही मंदिर के प्रधान मरीथ बुभाव, साथ में कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि संदीप कुमार और उसके साथी चप्पलें पहने हुए ही मंदिर से बाहर निकल रहे थे। जब प्रधान ने संदीप से पूछा कि उसने मंदिर की बेअदबी क्यों की तो आरोप है कि संदीप ने जवाब दिया ये जगह मेरी है मेरे पास कोर्ट के ऑर्डर हैं…मैं यहाँ तोड़फोड़ कर सकता हूं। जैसे ही मोहल्ले के अन्य लोग जुटने लगे तो संदीप कुमार अपने बेटे पत्नी और अन्य परिजनों के साथ मौके से फरार हो गया।

    इसके बाद लोगों ने देखा कि शिव जी की मूर्ति खंडित पड़ी है जिससे मोहल्ला निवासियों की धार्मिक भावनाएँ गहराई से आहत हुई हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि संदीप कुमार व परिवार ने सोची-समझी साज़िश के तहत मंदिर में घुसकर मूर्ति तोड़ी और चप्पलें पहनकर परिसर में प्रवेश कर अत्यंत गंभीर धार्मिक बेअदबी की है। मंदिर कमेटी और इलाके के लोग प्रशासन के बियानो पर मामला दर्ज करने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।इस मामले में धारा 298 और 3 (5) BNS संदीप कुमार का बेटा और पत्नी पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

  • अवैध धर्मांतरण के खिलाफ PBM ने खोला मोर्चा, किया जोरदार प्रदर्शन, देखें वीडियो

    अवैध धर्मांतरण के खिलाफ PBM ने खोला मोर्चा, किया जोरदार प्रदर्शन, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पंजाब बचाओ मोर्चा (PBM) ने अध्यक्ष तेजस्वी मिन्हास के नेतृत्व में चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में अंधविश्वास, धोखाधड़ीपूर्ण धार्मिक गतिविधियों और पंजाब में कथित अवैध धार्मिक धर्मांतरण के खिलाफ एक विशाल जन-प्रदर्शन व कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य तथाकथित “स्वयंभू बाबाओं” और “चमत्कारी पास्टरों” के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाना था। इस प्रदर्शन में पंजाब भर से आए नेताओं, किसान मोर्चा, छात्र संगठनों, बार एसोसिएशन एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

    वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में प्रलोभन, धोखाधड़ी, दबाव और गलत प्रस्तुति के माध्यम से धर्मांतरण किए जा रहे हैं, जो एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य के सामाजिक संतुलन और जनसांख्यिकीय ढांचे के लिए गंभीर खतरा हैं। सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी मिन्हास ने आरोप लगाया कि अंकुर नरूला, सोनिया नरूला, हरप्रीत देओल सहित कुछ व्यक्ति बिना वैध FCRA लाइसेंस के विदेशी फंडिंग प्राप्त कर रहे हैं और इस धन का उपयोग आक्रामक प्रचार, निजी ब्रांडिंग और जनता को गुमराह करने के लिए कर रहे हैं।हजारों गरीब और कमजोर लोग झूठे चमत्कारों और इलाज के वादों के कारण मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से शोषित हो रहे हैं।

    मिन्हास ने पंजाब सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इन गतिविधियों पर कार्रवाई करने के बजाय ऐसे तत्वों को मंच, संरक्षण और राज्य स्तरीय आयोजनों में स्थान देकर परोक्ष रूप से बढ़ावा दे रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस का दुरुपयोग असहमति और विरोध को दबाने के लिए किया जा रहा है तथा इस मुद्दे को उठाने वालों पर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।

    प्रदर्शन में उपस्थित ईसाई नेताओं ने एक स्वर में कहा कि तथाकथित चमत्कारी प्रचारकों द्वारा ईसाई धर्म का दुरुपयोग और अपहरण किया जा रहा है, जो सच्चे ईसाइयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैथोलिक, प्रोटेस्टेंट, ऑर्थोडॉक्स, CNI, मेथोडिस्ट, सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट और साल्वेशन आर्मी जैसे पारंपरिक ईसाई संप्रदायों ने समाज में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और सेवा संस्थान स्थापित कर ऐतिहासिक योगदान दिया है, जिन्हें अब अनुचित रूप से हाशिए पर धकेला जा रहा है।

    अंत में पंजाब बचाओ मोर्चा ने अंधविश्वास, धार्मिक धोखाधड़ी और अवैध धर्मांतरण के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि संगठन सामाजिक सद्भाव, कानून के शासन और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी संवैधानिक, कानूनी और लोकतांत्रिक माध्यमों से संघर्ष जारी रखेगा।

  • Punjab News: 5 फरवरी को विदेश लौटने से पहले नौजवान की हुई मौत

    Punjab News: 5 फरवरी को विदेश लौटने से पहले नौजवान की हुई मौत

    मोगाः विदेश में लगातार नौजवानों की मौत की खबरें सामने आ रही है। वहीं कनाडा में मोगा के एक ओर नौजवान की मौत की खबर मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, जिला मोगा के तखाणवद गांव से कैप्टन रमेश सिंह के नौजवान पुत्र 26 वर्षीय सुखजिंदर सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

    सुखजिंदर सिंह बरेम्पटन में रह रहा था। पता चला है कि सुखजिंदर 3 साल पहले ही स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। कुछ दिनों पहले ही उसे वर्क परमिट मिला था। बता दें कि पिछले दिनों अचानक उसे दर्द हुआ और वह अस्पताल गया, जहां उसकी मौत हो गई। सुखजिंदर 5 फरवरी को अपने पैतृक गांव अपने परिवार से मिलने आ रहा था, लेकिन पहले ही मौत ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस दुखद समाचार से इलाके में शोक की लहर फैल गई।

  • Arijit Singh ने छोड़ी Music की दुनिया, किया सन्यास का ऐलान, फैंस को लगा झटका

    Arijit Singh ने छोड़ी Music की दुनिया, किया सन्यास का ऐलान, फैंस को लगा झटका

    मनोरंजन: बॉलीवुड में अपने गानों के जरिए खास पहचान बनाने वाले अरिजीत सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं है। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज के जरिए लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई है। अब सिंगर ने अपने फैंस को एक झटका दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अनाउंस किया कि वो संगीत की दुनिया से सन्यास ले हे हैं। ऐसे में अब उनके फैंस काफी शॉक्ड हो गए हैं। सभी यह सोच रहे हैं कि अपने करियर के पीक पर पहुंचकर आखिर सिंगर ने ऐसा कदम क्यों उठाया है।

    आखिर क्यों छोड़ी अरिजीत ने सिंगिंग?

    इस साल अरिजीत सिंह के पास कई प्रोजेक्ट्स लाइनअप में थे परंतु अब वो कोई नया प्रोजेक्ट साइन नहीं कर रहे हैं। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया के जरिए किया है। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर सिंगर ने लिखा कि – इसके पीछे कोई एक कारण नहीं है कई कारण हैं और मैं काफी लंबे समय से यह करने की कोशिश कर रहा था। आखिरकार मैंने सही हिम्मत जुटाई। एक कारण तो आसान है मैं जल्दी बोर हो जाता हूं इसलिए मैं स्टेज पर वही अलग-अलग अरेंजमेंट्स में परफॉर्म करता हूं तो बात ये है कि मुझे बोरियत हो गई। मुझे कुछ दूसरा म्यूजिक करने की जरुरत है ताकि जी सकूं। एक और कारण ये है कि मैं किसी नए सिंगर को उभरते हुए देखकर असली मोटिवेशन पाना चाहता हूं।

    फैंस को लगा शॉक्ड

    सन्यास का ऐलान करते हुए अरिजीत ने लिखा कि – ‘हैल्लो सभी को हैप्पी न्यू ईयर मैं आप सभी को इतने सालों से मिले प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। आप सबने मुझे सुनने वाले के रुप में इतना प्यार दिया। मैं खुशी से ऐलान करता हूं कि अब मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के रुप में कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा मैं इसे खत्म कर रहा हूं ये एक शानदार सफर रहा है। भगवान ने मुझ पर बहुत मेहरबानी की है। मैं अच्छे म्यूजिक का फैन हूं और भविष्य में ज्यादा सीखूंगा और खुद एक छोटे से कलाकार के रुप में और ज्यादा करुंगा। फिर से सभी को सपोर्ट देने के लिए धन्यवाद। अभी कुछ पेंडिंग कमिटमेंट्स पूरे करने हैं। उन्हें खत्म करुंगा तो इस साल कुछ रिलीजेज आपको मिल सकती हैं। साफ कर दूं कि मैं म्यूजिक बनाना नहीं छोड़ रहा हूं’।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Arijit Singh (@arijitsingh)

    इसी के साथ सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का गाना ‘मातृभूमि’ अरिजीत सिंह का आखिरी गाना बन गया है। उनके भविष्य में प्रोजेक्ट्स की जानकारी अभी पब्लिक नहीं की गई है। ये लाइव शो और कॉन्सर्ट में परफॉर्मेंस जारी रखेंगे। साथ ही इंडिपेंडेंट म्यूजिक प्रोडक्शन भी करेंगे।  
  • Jalandhar News: Iconic Mall में साढ़े 11 लाख की नगदी चोरी के मामले में CCTV आई सामने

    Jalandhar News: Iconic Mall में साढ़े 11 लाख की नगदी चोरी के मामले में CCTV आई सामने

    जालंधर, ENS: महानगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं ताजा मामला पॉश इलाके मॉडल टाउन में स्थित Iconic Mall से चोरी का सामने आया है, जहां कपड़ों के शोरूम से लाखों की नगदी लेकर चोर फरार हो गए। देर रात चोर शोरूम में लॉकर तोड़कर साढ़े 11 लाख की नगदी लेकर फरार हो गए। वहीं घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 2 व्यक्ति पैदल घूमते हुए दिखाई दे रहे है। दोनों व्यक्तियों ने मुंह ढके हुए है। वहीं अन्य सीसीटीवी फुटेज में व्यक्ति शोरूम की तालाशी ले रहे है। इस दौरान व्यक्ति ने पहले काउंटर के पास किसी चीज से बॉक्स को उखाड़ने की कोशिश की। जिसके बाद वह तिजौरी के पास चला गया और तिजौरी से सारी नगदी निकालकर ले गया।

    हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान वहां पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते है, लेकिन घटना के दौरान उन्हें भी चोरों द्वारा वारदात को अंजाम देने को लेकर पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना शोरूम मालिक द्वारा पुलिस को दे दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

    मामले की जानकारी देते हुए मैनेजर ने बताया कि 2 चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। वहीं मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि Iconic Mall में कपड़ों के शोरूम में तिजौरी तोड़कर 2 चोर फरार हो गए। घटना की सूचना मैनेजर को आज सुबह ही मिली है। घटना को लेकर सिक्योरिटी गार्ड पर शक जताया जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि साढ़े 11 लाख की चोरी हुई है। घटना के बाद से सिक्योरिटी गार्ड फरार बताए जा रहे है। सूत्रों के अनुसार एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है, लेकिन पुलिस द्वारा अभी पुष्टि नहीं की जा रही है।

  • UGC के चल रहे विरोध के बीच शिक्षा मंत्री का आया बयान, बोले – ‘किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा’

    UGC के चल रहे विरोध के बीच शिक्षा मंत्री का आया बयान, बोले – ‘किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा’

    नई दिल्ली : विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के द्वारा जारी किए गए नए एंटी डिस्क्रिमिनेशन नियमों को लेकर देश के शैक्षणिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। दिल्ली के अलग-अलग कॉलेजों के छात्रों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन और रिवर्स डिस्क्रिमिनेशन के आरोपों के बीच में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सरकार का रुख साफ कर दिया है। उन्होंने यह आश्वासन दिया है कि नए नियमों का उद्देश्य सिर्फ न्याय सुनिश्चित करना है न कि किसी का उत्पीड़न।

    कानून का मिसयूज करने का अधिकार नहीं होगा

    मीडिया से बात करते हुए और सोशल मीडिया के जरिए उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री ने विनम्रता के साथ अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि – ‘मैं बहुत विनम्रता से आश्वस्त करना चाहता हूं कि किसी का उत्पीड़न होने नहीं दिया जाएगा। भेदभाव के नाम पर किसी को भी कानून का मिसयूज करने का अधिकार नहीं होगा’। उन्होंने यह साफ कर दिया है कि चाहे यूजीसी हो, भारत सरकार हो या राज्य सरकारें सभी का यह सामूहिक दायित्व है कि कानून का पालन निष्पक्षता के साथ हो। जो भी व्यवस्था की गई है वो पूरी तरह से भारतीय संविधान की परिधि के अंदर है’। विवाद के एक मुख्य बिंदु यानी निर्दोष छात्रों के फंसने की आशंका पर बोलते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया न्यायपालिका के दायरे में है। यह विषय सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में व्यवस्था है मैं सभी को आश्वस्त महसूस करवाना चाहता हूं कि किसी के ऊपर भी अत्याचार या भेदभाव नहीं किया जाएगा।

    क्या है UGC का नया नियम?

    विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी की यूजीसी ने 13 जनवरी को प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन रेगुलेशन 2026 लागू कर दिया है। इस नियम का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग, महिलाओं और दिव्यांग छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ होने वाले भेदभाव को खत्म करना है। इन नियमों के अंतर्गत हर विश्वविद्यालय और कॉलेज में 9 सदस्यों वाली एक समानता समिति यानी की इक्विटी कमेटी बनाने का प्रावधान किया गया है। इस समिति में संस्थान प्रमुख, तीन प्रोफेसर, एक कर्मचारी, दो सामान्य नागरिक, दो विशेष रुप से आमंत्रित छात्र और एक को-ऑर्डिनेटर शामिल होंगे। नियमों के अनुसार, इस समिति को कम से कम पांच सीटें अनिवार्य रुप से SC,ST, OBC, दिव्यांगजन और महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। यहीं से विवाद शुरु हुआ है।
  • Punjab News: रेलवे ब्रिज पर चाइना डोर की चपेट में आने से युवक का कटा गला

    Punjab News: रेलवे ब्रिज पर चाइना डोर की चपेट में आने से युवक का कटा गला

    बठिंडाः पंजाब में चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद चाइना डोर पर बिक्री जारी है। यही कारण है कि चाइना डोर से लगातार हादसे हो रहे है। हाल ही में एक सप्ताह में लुधियाना में 2 लोगों की चाइना डोर से मौत हो गई। वहीं अब ताजा मामला जिले के रामपुरा फूल से सामने आया है। जहां रेलवे ओवर ब्रिज पर चाइना डोर की चपेट में आने से नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गया। दरअसल, नौजवान की गर्दन पर गहरा घाव हो गया।

    घायल नौजवान की पहचान रविंदर सिंह पुत्र अजय सिंह निवासी रामपुरा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वह बाइक पर किसी काम के सिलसिले से जा रहा था। इस दौरान अचानक रास्ते में चाइना डोर उसके गले में फंस गई और उसकी गर्दन पर गहरा घाव आ गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़ित परिवार ने चाइना डोर के खिलाफ प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

  • Punjab News: 26 जनवरी के मौके पर स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था, देखें वीडियो

    Punjab News: 26 जनवरी के मौके पर स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था, देखें वीडियो

    अलर्ट मोड पर पुलिस

    फिरोजपुर: शहर में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत कर दिया है। इसी के अंतर्गत फिरोजपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस के द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। पुलिस की टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाकी स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की बारीकी के साथ जांच की जा रही है। इस दौरान बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते पूरे जिले में हाई अलर्ट किया गया है। उन्होंने आम जनता से यह अपील की है कि वो पुलिस की मदद करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिरोजपुर पुलिस का यह कहना है कि गणतंत्र दिवस के मौके पर सुरक्षा में किसी भी तरह की कोई कमी नहीं रखी जाएगी और सभी जरुरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।