Category: Breaking News

  • 20 लाख की सिलसिलेवार चोरी का खुलासा: तीसरा और अंतिम आरोपी भी गिरफ्तार, सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

    20 लाख की सिलसिलेवार चोरी का खुलासा: तीसरा और अंतिम आरोपी भी गिरफ्तार, सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

    ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने टाहलीवाल क्षेत्र में मई माह के अंत में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए मामले के तीसरे और अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस संगठित चोरी गिरोह के सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने टाहलीवाल क्षेत्र के विभिन्न मकानों को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य की नकदी और सोने के आभूषण चोरी किए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ विभिन्न सुरागों के आधार पर लगातार कार्रवाई जारी रखी।

    इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को फरार चल रहे तीसरे आरोपी हरदीप सिंह उर्फ हैप्पू पुत्र गुरमेल चंद, निवासी नंगल को पंजाब के रूपनगर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले 3 जुलाई 2026 को पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जिला पुलिस ऊना ने बताया कि मामले की जांच अभी भी हर पहलू से जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों की संलिप्तता अन्य वारदातों में भी रही है या नहीं।

    पुलिस ने आम जनता को भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

  • Punjab News: अस्पताल फायरिंग केस में मुख्य शूटर अरमान गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: अस्पताल फायरिंग केस में मुख्य शूटर अरमान गिरफ्तार, देखें वीडियो

    बटालाः जिले के एक निजी अस्पताल पर गोलीबारी करने वाले मुख्य शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान अरमान (22) अमृतसर के रहने वाले के रूप में हुई है।

    पुलिस टीम ने मामले संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टर के इस गुर्गे ने डॉक्टर से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती न मिलने पर उसने अस्पताल पर गोलीबारी कर दी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है। मुख्य शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कुछ साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी बचे लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    जांच अधिकारी ने बताया कि यह शूटर करीब 22 साल अमृतसर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। उससे पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

    दूसरी ओर, निजी अस्पताल के मालिक डॉक्टर ने कहा कि जिस दिन गोलीबारी हुई, उस दिन बहुत दहशत का माहौल था। मैं बटाला के विधायक और पंजाब के मुख्यमंत्री का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने इन अपराधियों को गिरफ्तार किया।

  • कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल द्वारा ‘मिशन हरियाली 2026’ का शुभारंभ

    पंजाब में लगाए जाएंगे 9 लाख पौधे

    चंडीगढ़/लहरागागा: पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज पंजाब को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अपना पंजाब फाउंडेशन द्वारा शुरू किए गए महत्वपूर्ण अभियान ‘मिशन हरियाली 2026’ का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत पूरे राज्य में 9 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान की शुरुआत सीबा स्कूल, लहरागागा के परिसर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गोयल ने विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए और उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल करके उन्हें पेड़ बनाना भी हमारी साझा ज़िम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री ने अपना पंजाब फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य भर में 9 लाख पौधों को व्यवस्थित ढंग से लगाने और उनकी देखभाल का रिकॉर्ड रखने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाएं समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। उन्होंने सीबा स्कूल की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक ज़िम्मेदारियों, पर्यावरण संरक्षण, जीवन मूल्यों और व्यावहारिक गतिविधियों से भी जोड़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रत्येक विद्यार्थी कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी पूरी देखभाल करके उसे पेड़ बनाए। इस दौरान उन्होंने पौधों की सही देखभाल और संरक्षण संबंधी कई लाभदायक बिंदु भी साझा किए। समारोह के दौरान आपना पंजाब फाउंडेशन के फाउंडर सदस्य और सीबा स्कूल के प्रबंधक श्री कंवलजीत सिंह ढींडसा ने कैबिनेट मंत्री का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाना है। उन्होंने बताया कि ‘मिशन हरियाली 2026’ के तहत राज्य के विभिन्न ज़िलों में व्यवस्थित ढंग से 9 लाख पौधे लगाए जाएंगे और प्रत्येक पौधे की निरंतर निगरानी और देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने इस अभियान में विद्यार्थियों द्वारा दिखाए जा रहे उत्साह और सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने सीबा स्कूल के हर्बल गार्डन में पौधा लगाकर ‘मिशन हरियाली 2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर व्यापार सेल के ज़िला अध्यक्ष अरुण जिंदल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन शीशपाल आनंद, स्कूल प्रबंधक, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
  • कुटलैहड़: हटली के सचिन पटियाल का आईआईटी रोपड़ में पीएचडी के लिए चयन

    कुटलैहड़: हटली के सचिन पटियाल का आईआईटी रोपड़ में पीएचडी के लिए चयन

    बच्चे उच्च शिक्षा में चुन रहे अपना उज़्बल भविष्य, बच्चों को अभिभावक नशे से दूर रखें, बच्चे शिक्षा ही बनाएगी भविष्य:दविंदर भुट्टो

    ऊना,सुशील पंडित:  कुटलैहड़ विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत हटली के युवा सचिन पटियाल, सुपुत्र अनिल पटियाल, का देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ में पीएचडी रिसर्च के लिए चयन हुआ है।

    सचिन पटियाल की इस उपलब्धि से पूरे कुटलैहड़ क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाइयां देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस उपलब्धि पर कुटलैहड़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने सचिन पटियाल और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे कुटलैहड़ क्षेत्र की उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि सचिन ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में स्थान बनाकर यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

     भाजपा नेता ने कहा कि सचिन के पिता अनिल पटियाल भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और उन्होंने अनुशासन तथा संस्कारों के साथ अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। इसी का परिणाम है कि उनके बच्चों ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं और युवाओं को मेहनत व शिक्षा का महत्व समझाते हैं।  भुट्टो ने सभी बच्चों के अभिभावकों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखें और उन्हें शिक्षा की ओर प्रेरित करें।

    उन्होंने कहा कि आज प्रदेश और देश के सामने नशे की समस्या एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। यदि माता-पिता अपने बच्चों पर ध्यान दें, उन्हें सकारात्मक वातावरण दें, तो वे शिक्षा, खेल, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

     

     

  • जनजातीय विकास मंत्री ने सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

    जनजातीय विकास मंत्री ने सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

    शिमला: जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज लाहौल-स्पीति जिला के करूनाला में एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक सन्देश में जनजातीय शिक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यन्त दुःखद है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत की आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

     

  • स्वच्छ शहर की दिशा में नगर निगम सख्त, झुग्गियों में शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

    स्वच्छ शहर की दिशा में नगर निगम सख्त, झुग्गियों में शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

    उल्लंघना करने पर होगी नियमानुसार करवाई- मनोज कुमार

    ऊना,सुशील पंडित: नगर निगम क्षेत्र में निजी भूमि पर स्थापित प्रवासी श्रमिकों की झुग्गियों एवं अस्थायी बस्तियों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के दौरान संयुक्त आयुक्त ने स्वच्छता नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

    उन्होंने बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में जिन भूमि मालिकों ने अपनी भूमि पर प्रवासी श्रमिकों अथवा अन्य व्यक्तियों के लिए झुग्गियां स्थापित कर रखी हैं, उनके लिए यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि वहां पर्याप्त संख्या में शौचालय तथा स्वच्छता संबंधी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। यदि किसी स्थान पर शौचालय की व्यवस्था नहीं पाई जाती है और खुले में शौच की स्थिति सामने आती है, तो संबंधित भूमि स्वामी एवं किरायेदार के विरुद्ध नगर निगम अधिनियम एवं प्रचलित स्वच्छता नियमों के तहत चालान, जुर्माना तथा अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    साथ ही, उन्होंने कहा कि स्वच्छता नियमों की लगातार अवहेलना होने पर अवैध रूप से स्थापित झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित झुग्गियों के बिजली एवं पानी के कनेक्शन भी नियमों के अनुरूप विच्छेदित किए जा सकते हैं। उन्होंने नगर निगम की स्वच्छता शाखा को निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र की सभी झुग्गी बस्तियों का शीघ्र निरीक्षण कर ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। ऐसे मामलों में नियमानुसार चालान कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए प्रकरण प्रस्तुत किए जाएं।

    संयुक्त आयुक्त ने सभी भूमि मालिकों से अपील कि है कि वे अपनी भूमि पर निवास कर रहे प्रवासी श्रमिकों एवं अन्य व्यक्तियों के लिए शौचालय सहित आवश्यक स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें तथा स्वच्छता नियमों का पालन करवाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ एवं खुले में शौच से मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

     

     

  • Punjab News: चोरों ने Jain Bakers की दुकान को बनाया निशाना, देखें वीडियो

    Punjab News: चोरों ने Jain Bakers की दुकान को बनाया निशाना, देखें वीडियो

    महंगी चॉकलेट और देसी घी के डिब्बे लेकर हुए फरार

    फगवाड़ाः शहर में आये दिन चोरी की वारदाते लगातार बढ़ती जा रही है। चोर आये दिन बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जिससे आये दिन लोगों के अंदर डर का माहौल बना रहता है। इसी बीच इस बार चहल नगर इलाके में सिविल हॉस्पिटल रोड पर स्थित ‘जैन बेकर्स’ की दुकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान में घुसकर ताले तोड़े और दुकान के अंदर रखे महंगे खाने-पीने के सामान के साथ-साथ हजारों रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

    दुकान के मालिक विक्रांत जैन ने बताया कि उन्होंने कल रात करीब 12 बजे दुकान बंद की थी और उनका घर दुकान के ठीक पीछे ही है। जब उनके बेटे ने सुबह करीब 9 बजे दुकान खोली,  तो अंदर का नज़ारा देखकर वह हैरान रह गए। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा और टूटा-फूटा पड़ा था और चोर 15,000 रुपये नकद ले जा चुके थे।

    इतना ही नहीं, चोर दुकान से देसी घी के कनस्तर, महंगी चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स और खाने-पीने का अन्य सामान भी ले गए। दुकान के मालिक के अनुसार, इस पूरी घटना में उन्हें लगभग 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है और इस पूरे मामले की सूचना फगवाड़ा पुलिस को दे दी गई है।

  • दो ट्रैक्टर चालक सोमभद्रा नदी में जलस्तर बढ़ने से फंसे, सुरक्षित निकाले 

    दो ट्रैक्टर चालक सोमभद्रा नदी में जलस्तर बढ़ने से फंसे, सुरक्षित निकाले 

    ऊना,सुशील पंडित: क्षेत्र की सोमभद्रा नदी में इन दिनों जलस्तर बढ़ने के बावजूद लोग लापरवाही बरतते हुए नदी पार करने का जोखिम उठा रहे हैं। जिला के गांव कुठेडा जसबाला–लोहरली क्षेत्र में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब नदी में फंसे दो ट्रैक्टर चालकों को स्थानीय युवक राहुल जसवाल ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला।

     प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रैक्टर चालक नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में फंस गए थे। हालात गंभीर होते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान लोगों ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ट्रैक्टर चालकों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसिक कार्य की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।  वहीं प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनती नदियों और खड्डों को पार करने का प्रयास न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

     

     

  • शिक्षा मंत्री ने सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

    शिक्षा मंत्री ने सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

    शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज लाहौल-स्पीति जिला के करूनाला में एक सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। शिक्षा मंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। शिक्षा मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

  • टीबी मुक्त भारत ऐप पंजीकरण में हरियाणा देश में दूसरे स्थान पर

    टीबी मुक्त भारत ऐप पंजीकरण में हरियाणा देश में दूसरे स्थान पर

    टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट का कवरेज बढ़कर 49 प्रतिशत, मॉलिक्युलर जांच का कवरेज भी बढ़ा

    चंडीगढ़: हरियाणा ने क्षय रोग (टीबी) के खिलाफ अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए टीबी मुक्त भारत ऐप पर 35,229 पंजीकरण के साथ देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही राज्य में टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) का कवरेज बढ़कर 49 प्रतिशत, एनएएटी (NAAT) आधारित मॉलिक्युलर जांच का कवरेज 67 प्रतिशत तथा पात्र मरीजों के लिए डिफरेंशिएटेड टीबी केयर का कवरेज 71 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इन उपलब्धियों की जानकारी आज यहां मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई 100-दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की बैठक में की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 24 मार्च, 2026 को अभियान शुरू होने के बाद से हरियाणा ने टीबी नियंत्रण के लगभग सभी प्रमुख मानकों पर निरंतर प्रगति दर्ज की है। राज्य ने न केवल टीबी मुक्त भारत ऐप पर पंजीकरण के मामले में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है, बल्कि 22,888 स्वयंसेवकों तथा 2,067 निक्षय मित्रों को भी इस अभियान से जोड़कर जनभागीदारी को मजबूत किया है। पहली जनवरी से 23 जुलाई, 2026 के बीच अधिसूचित 51,526 टीबी मरीजों में से 8,939 मरीजों ने टीबी मुक्त भारत ऐप पर पंजीकरण कराया है, जिससे उनके उपचार एवं निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) के क्षेत्र में भी राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। औषधि-संवेदनशील फेफड़ों की टीबी से पीड़ित मरीजों के 44,574 पात्र पारिवारिक संपर्कों में से 21,697 व्यक्तियों (49 प्रतिशत) को निवारक उपचार प्रदान किया जा चुका है, जबकि अभियान की शुरुआत में यह कवरेज केवल 31 प्रतिशत था। राज्य के 14 जिले इस मामले में 50 प्रतिशत से अधिक कवरेज प्राप्त कर चुके हैं। राष्ट्रीय औसत से पीछे चल रहे जिलों में प्रदर्शन सुधारने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 60-दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है, जिसमें आशा कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और टीबी हेल्थ विजिटर प्रशिक्षण, पर्यवेक्षण और घर-घर जाकर संपर्क अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सक्रिय रोगी खोज (एक्टिव केस फाइंडिंग) और शीघ्र पहचान के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। अब तक 4,711 स्क्रीनिंग कैंप के माध्यम से 5,31,178 संवेदनशील व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 2,814 कैंप उच्च जोखिम वाले गांवों और शहरी वार्डों में लगाए गए। इस दौरान 2,57,081 छाती के एक्स-रे किए गए। जांच क्षमता को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा को 200 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें आवंटित की गई हैं। इनमें से 36 मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि शेष 164 मशीनें शीघ्र स्थापित की जाएंगी। राज्य की जांच क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अभियान के दौरान अब तक 1.50 लाख एनएएटी जांच की जा चुकी हैं, जिससे मॉलिक्युलर जांच कवरेज 42 प्रतिशत से बढ़कर 67 प्रतिशत हो गया है। साथ ही, 31,849 पात्र टीबी मरीजों में से 22,571 मरीजों (71 प्रतिशत) को डिफरेंशिएटेड टीबी केयर के दायरे में लाया गया है। इस मानक पर 20 जिले 50 प्रतिशत से अधिक कवरेज प्राप्त कर चुके हैं और अब कोई भी जिला रेड कैटेगरी में नहीं है। विभाग का लक्ष्य अगस्त 2026 तक सभी पात्र मरीजों के लिए 100 प्रतिशत प्रारंभिक एनएएटी जांच सुनिश्चित करना है। बैठक में निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र पहल की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि पोषण सहायता योजना के 2025 घटक के तहत 55,348 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता प्रदान की गई है, जबकि 2026 घटक के अंतर्गत अब तक 9,000 लाभार्थियों को लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त 23,962 सहमति देने वाले टीबी मरीजों को निक्षय मित्र पहल के माध्यम से पोषण किट उपलब्ध कराई गई हैं। राज्य सरकार टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता का दायरा बढ़ाने हेतु पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के साथ भी समन्वय कर रही है। बैठक में अभियान के अगले चरण की कार्ययोजना की भी समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत फील्ड स्टाफ का निरंतर प्रशिक्षण, एक्स-रे सुविधाओं का बेहतर उपयोग, शेष हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की स्थापना, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट के कवरेज का विस्तार तथा कम प्रदर्शन वाले जिलों की विशेष निगरानी पर जोर दिया गया।