ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने टाहलीवाल क्षेत्र में मई माह के अंत में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए मामले के तीसरे और अंतिम आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस संगठित चोरी गिरोह के सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने टाहलीवाल क्षेत्र के विभिन्न मकानों को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य की नकदी और सोने के आभूषण चोरी किए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ विभिन्न सुरागों के आधार पर लगातार कार्रवाई जारी रखी।
इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को फरार चल रहे तीसरे आरोपी हरदीप सिंह उर्फ हैप्पू पुत्र गुरमेल चंद, निवासी नंगल को पंजाब के रूपनगर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले 3 जुलाई 2026 को पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जिला पुलिस ऊना ने बताया कि मामले की जांच अभी भी हर पहलू से जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों की संलिप्तता अन्य वारदातों में भी रही है या नहीं।
पुलिस ने आम जनता को भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply