Category: Breaking News

  • चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटकाः 30 कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

    चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटकाः 30 कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

    खरगोन: मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ सहित देश के पांच राज्यों में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होना है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सत्ताधारी पार्टी के साथ विपक्षी दलों ने चुनावी मोड अपना लिया है। लगातार राजनीतिक दलों के नेता जनता के बीच पहुंच रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करने कोशिश में लगे हुए हैं। वहीं, दूसरी ओर सियासी आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। लेकिन इस बीच खबर आ रही है कि प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगा है।

    मिली जानकारी के अनुसार भीकनगांव में भाजपा के 30 कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पार्टी का साथ छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। सभी कार्यकर्ताओं को पूर्व सीएम कमलनाथ ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई है। बता दें कि पूर्व सीएम कमलनाथ चुनावी तैयारियों में जुट चुके हैं और वे लगातार मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर कांग्रेस पार्टी का प्रचार कर रहे हैं।

    बता दें कि छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं का पार्टी छोड़ने का सि​लसिला लगातार जारी है। हाल ही में बीजापुर और कवर्धा जिले में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। दोनों जिलों के करीब 80 से अधिक कार्यकर्ताओं ने हाल ही मं भाजपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।

  • निजी स्कूल बंद करवाने कार्यकर्ताओं की पुलिस और स्कूल प्रबंधन के साथ जमकर हुई बहस

    निजी स्कूल बंद करवाने कार्यकर्ताओं की पुलिस और स्कूल प्रबंधन के साथ जमकर हुई बहस

    रायपुरः विश्व हिन्दू परिषद ने छत्तीसगढ़ में बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के बीरनपुर गांव में बीते दिनों एक विशेष वर्ग की ओर से की गई हत्या को लेकर मोर्चा खोल दिया है। विश्व हिंदू परिषद सहित आज पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा और वीएचपी ने बंद का आह्वाहन किया है। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों और शहरों में सभी दुकानों और स्कूलों को बंद कराया गया है। इस बीच राजधानी रायपुर में भी आज सुबह से ही वीएचपी और भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर शांतिपूर्वक ढंग से सभी दुकानों को बंद कराया।

    रायपुर की लगभग सभी दुकाने बंद है, कहीं पर भी विवाद की स्थिति देखने को नहीं मिली। इस बीच VHP कार्यकर्ता रायपुर के एक निजी स्कूल को बंद कराने पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और स्कूल प्रबंधन के बीच बहस हो गई। दरअसल, आज छत्तीसगढ़ बंद के दौरान विहिप के कार्यकर्ता एक निजी स्कूल को बंद कराने पहुंचे जहां स्कूल प्रबंधन से उनकी बहस हो गई। इसके साथ ही बताया गया है कि निजी स्कूल को बंद करने पहुंचे VHP कार्यकर्ताओं के साथ बजरंग दल समेत BJP कार्यकर्ता भी स्कूल बंद कराने पहुंचे। इस दौरान स्कूल प्रबंधन और पुलिस के साथ VHP, बजरंग दल और BJP कार्यकर्ताओं की बहस हो गई। ये पूरा मामला आमानाका का बताया जा रहा है।

  • स्कूल की दीवार पर बैठे युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया जाम

    स्कूल की दीवार पर बैठे युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया जाम

    हस्तिनापुरः मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव पलडा का है। जहां पर रविवार की शाम गांव में मौजूद प्राइमरी विद्यालय की दीवार पर युवक बैठा हुआ था। दो बाइक सवारों ने पीछे से आकर युवक पर एक के बाद एक कई फायर झोंक दिए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन घायल को मवाना सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला थाना क्षेत्र के गांव पलडा का है।

    जहां 24 वर्षीय विशु रविवार की शाम करीब 5:30 बजे गांव के प्राथमिक विद्यालय की दीवार पर अपने एक दोस्त के साथ बैठा हुआ था। मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि दो अज्ञात बाइक सवार युवक कई घंटों से उसकी रेकी कर रहे थे, लेकिन विशु को इस बात का भान नहीं था। बाइक सवार युवकों ने पीछे से आकर विशु पर एक के बाद पांच फायर झोंक दिए। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर दीवार से नीचे गिर पड़ा। गांव में दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से गांव में सनसनी फैल गई। तुरंत मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। उधर, गंभीर रूप से घायल विशु को साथियों की मदद से मवाना सीएचसी लाया, गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और सैकड़ों ग्रामीण मवाना सीएचसी पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा करने लगे। उधर मवाना और हस्तिनापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों को काफी देर समझाने बुझाने की कोशिश की, लेकिन सभी कोशिशें नाकाम हो गईं। उसके बाद पीड़ित परिवार के लोगों ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मवाना तहसील तिराहे पर शव को रखकर जाम लगा दिया और उच्च अधिकारियों के मौके पर आने की बात पर अड़े रहे। मामला संप्रदाय विशेष से जुड़ा होने के कारण भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ही संप्रदाय विशेष के लोगों से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते पलडा गांव में होली पर भी झगड़ा हुआ था। इसमें कई लोग घायल हुए और उसके बाद करीब एक सप्ताह पूर्व भी संप्रदाय विशेष के लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। उसमें भी आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

  • एयर इंडिया के विमान में क्रू मेंबर्स से यात्री का झगड़ा, बीच रास्ते से लौटी फ्लाइट

    एयर इंडिया के विमान में क्रू मेंबर्स से यात्री का झगड़ा, बीच रास्ते से लौटी फ्लाइट

    नई दिल्ली: एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन (AI-111) उड़ान एक यात्री के कारण सोमवार को वापस दिल्ली आ गई। समाचार एजेंसी एएनआई ने एयरलाइन के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि यात्री का फ्लाइट क्रू मेंबर्स के साथ बीच फ्लाइट में झगड़ा हुआ था। एयरलाइन ने इस घटना पर दिल्ली एयरपोर्ट पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उक्त यात्री इस समय पीएस दिल्ली एयरपोर्ट पर है। एयर इंडिया की फ्लाइट ने सुबह 6:35 बजे दिल्ली से उड़ान भरी और कुछ देर बाद विवाद हो गया और विमान को फिर से दिल्ली आने के लिए मजबूर होना पड़ा। उड़ान भरने के तुरंत बाद परेशानी पैदा करने वाले यात्री को उतारने के लिए उड़ान दिल्ली लौट गई। यात्री को एयरपोर्ट पर उतार दिया गया और फ्लाइट लंदन के लिए रवाना हो गई। यह पहला मौका नहीं है जब किसी यात्री ने बीच फ्लाइट में क्रू मेंबर्स के साथ बदतमीजी की हो।

    बता दें कि इससे पहले फरवरी में एयर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने कहा था कि हाल के समय में उड़ान के दौरान यात्रियों के खराब बर्ताव की घटनाओं के बाद एयरलाइन ने अपनी शराब पिलाने की नीति में बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन ने इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने ये भी कहा था, “किसी यात्री के नशे में होने की पहचान के लिए शराब नीति में इस तरह की घटनाओं की जानकारी और कार्रवाई को लेकर बदलाव किए गए हैं। लगभग रोज इस तरह के मामले आते हैं। इसकी वजह यह है कि यात्री ने विमान में सवार होने से पहले ही शराब पी होती है। अब इस तरह के मामलों की अधिक जानकारी दी जा रही है। हम ऐसे मामलों में सख्त कदम उठा रहे हैं।”

  • धार्मिक झंडे के ‘अपमान’ को लेकर दो गुटों में झड़प, कई दुकानों को लगाई आग, देखें वीडियो

    धार्मिक झंडे के ‘अपमान’ को लेकर दो गुटों में झड़प, कई दुकानों को लगाई आग, देखें वीडियो

    धारा 144 लागू, मोबाइल इंटरनेट बंद

    जमशेदपुर: झारखंड में जमशेदपुर के शास्त्रीनगर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान के बाद रविवार को दो गुटों के बीच पथराव हुआ और उग्र भीड़ ने आगजनी भी की, जिसके बाद शाम को क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसक भीड़ ने दो दुकानों और एक ऑटो-रिक्शा को आग लगा दी। अधिकारियों ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारियों ने कहा कि कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उप-संभागीय अधिकारी (धलभूम) पीयूष सिन्हा ने कहा, ‘दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।’

    पूर्वी सिंहभूम जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने उनकी साजिश को विफल करने के लिए आम नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया।  पुलिस ने बताया कि इलाके में शनिवार रात तब से ही तनाव व्याप्त है जब एक स्थानीय संगठन के सदस्यों ने रामनवमी के झंडे पर मांस का एक टुकड़ा चिपका पाया। जमशेदपुर में स्थिति अभी नियंत्रण में बताई जा रही है। शहर कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और RAF ने सोमवार सुबह फ्लैग मार्च किया। इलाके में धारा 144 लगाई गई है और मोबाइल इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद है। 

  • कोरोना का कहर जारीः पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत 

    कोरोना का कहर जारीः पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की मौत 

    अस्पतालों में इलाज को लेकर हो रहा मॉक ड्रिल

    नई दिल्लीः देश में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में भी कोरोना के 5,880 नए मामले दर्ज किए गए और सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 35,199 हो गई है। बढ़ते नए मामलों के चलते केंद्र सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर के अस्पतालों में तैयारियों की समीक्षा करने के लिए आज और मंगलवार को राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल की घोषणा की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया मॉक ड्रिल की निगरानी के लिए आज एम्स, झज्जर जाएंगे।

    देश में एक बार फिर से कोरोना वायरस ने खतरे की घंटी बजा दी है। भारत में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है और नए केसों ने तो पिछले 6 माह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ताजा मामलों ने एक बार पिर चिंताएं बढ़ा दी है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। मंडाविया ने शुक्रवार को कोरोना को लेकर एक बैठक की थी और राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों से उनके राज्य के अस्पतालों में मॉक ड्रिल की निगरानी करने को कहा। राज्य और जिला स्वास्थ्य विभागों से भी कोरोनोवायरस संक्रमण में वृद्धि से निपटने की क्षमता का विश्लेषण करने का आग्रह किया गया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से भी अनुरोध किया गया था कि वे 7 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के अनुसार परीक्षण की दर को 100 परीक्षण प्रति मिलियन से तुरंत बढ़ा दें।

    वर्चुअल बैठक में, मंडाविया ने इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (ILI) और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (SARI) मामलों की प्रवृत्ति की जांच करके, परीक्षण और टीकाकरण बढ़ाने और अस्पताल के बुनियादी ढांचे की तैयारी सुनिश्चित करके आपातकालीन हॉटस्पॉट की पहचान करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके साथ ही जीनोम सीक्वेंसिंग को बढ़ाने के अलावा, ‘टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-वैक्सीनेट’ और कोविड-उपयुक्त व्यवहार’ प्रतिक्रिया की रणनीति बनाई गई है। 

    देश में कोविड संक्रमणों में पिछले कुछ दिनों में ऊपर की ओर रुझान देखा गया है, 1 अप्रैल को दैनिक ताजा संक्रमण 2,994, 2 अप्रैल को 3,824, 3 अप्रैल को 3,641, 4 अप्रैल को 3,038, 5 अप्रैल को 4,435, अप्रैल को 5,335 7 अप्रैल को 6 और 6,050 और 8 अप्रैल को 6155। स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि कुल सक्रिय मामले वर्तमान में 32,814 हैं, रविवार तक दैनिक सकारात्मकता दर 3.39 प्रतिशत है।

  • जेल में बंद 44 कैदियों सहित एक महिला निकली एड्स से पीड़ित

    जेल में बंद 44 कैदियों सहित एक महिला निकली एड्स से पीड़ित

    नैनीताल: हल्द्वानी जेल में 44 कैदी ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (HIV) से संक्रमित पाए गए हैं। सुशीला तिवारी अस्पताल के एआरटी केंद्र प्रभारी डॉ. परमजीत सिंह ने कहा कि 44 केदियों सहित एक महिला कैदी भी एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है। डॉक्टर के मुताबिक एचआईवी संक्रमित कैदियों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। कैदियों के इलाज के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि एचआईवी रोगियों के लिए एक एआरटी (एंटीरेट्रोवाइरल थेरेपी) केंद्र बनाया गया है, जहां संक्रमितों का इलाज किया जाता है। मेरी टीम लगातार जेल में कैदियों की जांच कर रही है।

    डॉक्टर सिंह ने कहा, ” जो भी कैदी एचआईवी से संक्रमित होता है, उसे राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) के दिशा-निर्देशों के आधार पर मुफ्त इलाज और दवाएं दी जाती हैं।” डॉ. सिंह ने आगे कहा कि वर्तमान में जेल में 1629 पुरुष और 70 महिला कैदी हैं। इतनी बड़ी संख्या में कैदियों के एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने के बाद जेल प्रशासन भी कैदियों की नियमित जांच कर रहा है, ताकि एचआईवी संक्रमित कैदियों का समय पर इलाज हो सके।

  • श्रद्धालुओं को लेकर माता वैष्णो देवी जा रही प्राइवेट बस पलटी

    श्रद्धालुओं को लेकर माता वैष्णो देवी जा रही प्राइवेट बस पलटी

    समालखा: नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार से दौड़ रही एक प्राइवेट बस समालखा के झट्टीपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। यूपी नंबर की यह बस यूपी-17-ए टी-8571 जम्मू के कटरा से दिल्ली जा रही थी। बस का टायर फटा या चालक को नींद आने से यह हादसा हुआ, अभी तक इसका पता नहीं चल सका है। गनीमत रही कि जब बस ग्रील को तोड़कर दूसरी दिशा में जा कर  पलटी तो सामने से कोई वाहन नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
    मिली जानकारी के अनुसार बस में करीब 40 सवारियां भरी थी। जिनमें से करीब 15 से 20 सवारियों को चोटें आईं हैं। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। घायलों में से 7  का उपचार समालखा के सामान्य अस्पताल मे किया गया। जिसमें दिलीप (18), विष्णु (16), शोएब अहमद, सुनीता(53), अजय, शेख बाबू व मेरठ में तैनात जाट रेजिमेंट का जवान शशिपाल को उपचार के बाद छुट्टी दी गई। सवारियों मे 22 लोगों का समूह बैंगलोर का था, जो माता वैष्णो देवी के दर्शन करके दिल्ली जा रहे थे।

    घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस के अलावा समालखा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसके बाद क्रेन बुलाकर पलटी हुई बस को सीधा करवाकर जीटी रोड पर यातायात को सुचारू किया।

  • कथा के दौरान लेडी बाउंसर और कांस्टेबल के बीच जमकर चले लात-घूंसे, देखें Video

    कथा के दौरान लेडी बाउंसर और कांस्टेबल के बीच जमकर चले लात-घूंसे, देखें Video

    उज्जैन: महाकाल की नगरी में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण की कथा के दौरान एक घटना घट गई। यहां पर तैनात महिला बाउंसर और एक महिला पुलिसकर्मी आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर लात घूंसे चले। महिला सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट का वीडियो वीडियो अब वायरल हो रहा है। यह घटनाक्रम शनिवार का बताया जा रहा है।

    जानकारी के अनुसार, कथा पंडाल में किसी बात को लेकर महिला बाउंसर और यहां पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते नौबत मारपीट तक पहुंच गई और दोनों ने एक दूसरे पर जमकर लात घूंसे बरसाए। बाद में यहां मौजूद लोगों और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने जैसे-तैसे दोनों को समझा-बुझाकर विवाद शांत करवाया। इस पूरे मामले में विवाद की वजह फिलहाल सामने नहीं आ पाई है।

    लेडी बाउंसर और लेडी कांस्टेबल के बीच हुए इस विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। माना जा रहा है कि कथा व्यवस्था में लगे लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर विवाद को शांत करवा दिया, जिसके चलते दोनों ही पक्ष शिकायत लेकर पुलिस तक नहीं पहुंचे। वहीं, कुछ लोगों ने कथा की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सुरक्षाकर्मी ही आपस में भिड़ेंगे तो श्रद्धालुओं का ध्यान कौन रखेगा।

  • पंजाब : शादी में हुआ हंगामा, जमकर चली कुर्सियां, देखें वीडियो

    पंजाब : शादी में हुआ हंगामा, जमकर चली कुर्सियां, देखें वीडियो

    अबोहर: शहर में एक शादी समारोह के दौरान जबरदस्त हंगामा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। दोनों पक्षों में विवाद इतना अधिक बढ़ गया था कि लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडों और कुर्सियों से हमला किया। दरअसल यह घटना अबोहर की जम्मू बस्ती की है, जहां शादी चल रही थी और बरात फाजिल्का से आई थी।

    पहले तो सब कुछ ठीक चलता रहा पर फेरों के बाद लड़के वालों द्वारा दहेज की मांग की गई, जिसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इसके चलते अचानक की दहेज की मांग को लेकर दोनो पक्षों में खूनी झड़प हो गई, जिसमें कई लोगों के घायल होने संबंधी जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि लड़ाई के दौरान लड़की वालों की ओर से बहुत लोग घायल हुए।

    आपको बता दें इस सारी घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि लड़ाई के दौरान टैंट, कुर्सियां और अन्य सामान की तोड़फोड़ की जा रही है। लड़की ने बताया कि बारातियों ने बनाया हुआ खाना भी जमीन पर फैंक दिया। इस संबंधी जैसे ही पुलिस को पता लगा तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरु दी है। वहीं ही झड़प के दौरान घायल हुए लोगों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया और सभी का इलाज चल रहा है।