धार्मिक झंडे के ‘अपमान’ को लेकर दो गुटों में झड़प, कई दुकानों को लगाई आग, देखें वीडियो

धारा 144 लागू, मोबाइल इंटरनेट बंद

जमशेदपुर: झारखंड में जमशेदपुर के शास्त्रीनगर में एक धार्मिक झंडे के कथित अपमान के बाद रविवार को दो गुटों के बीच पथराव हुआ और उग्र भीड़ ने आगजनी भी की, जिसके बाद शाम को क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिंसक भीड़ ने दो दुकानों और एक ऑटो-रिक्शा को आग लगा दी। अधिकारियों ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। अधिकारियों ने कहा कि कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उप-संभागीय अधिकारी (धलभूम) पीयूष सिन्हा ने कहा, ‘दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।’

पूर्वी सिंहभूम जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने उनकी साजिश को विफल करने के लिए आम नागरिकों से सहयोग का अनुरोध किया।  पुलिस ने बताया कि इलाके में शनिवार रात तब से ही तनाव व्याप्त है जब एक स्थानीय संगठन के सदस्यों ने रामनवमी के झंडे पर मांस का एक टुकड़ा चिपका पाया। जमशेदपुर में स्थिति अभी नियंत्रण में बताई जा रही है। शहर कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और RAF ने सोमवार सुबह फ्लैग मार्च किया। इलाके में धारा 144 लगाई गई है और मोबाइल इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद है। 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *