Category: Breaking News

  • पंजाब नेशनल बैंक और ICICI ने ग्राहकों को दिया झटका, जाने मामला

    पंजाब नेशनल बैंक और ICICI ने ग्राहकों को दिया झटका, जाने मामला

    नई दिल्लीः प्राइवेट सेक्टर का कर्जदाता आईसीआईसीआई बैंक और पब्लिक लेंडर पंजाब नेशनल बैंक दोनों ने अपने मार्जिनल कॉस्ट बेस्ड लेंडिंग रेट्स को संशोधित किया है। आईसीआईसीआई बैंक ने कुछ टेन्योर के लिए ब्याज दर में कटौती की है तो वहीं पंजाब नेशनल बैंक ने सभी टेन्योर के लिए अपने ब्याज दर में इजाफा कर दिया है। 

    आईसीआईसीआई बैंक लोन 

    आईसीआईसीआई बैंक की ओर एमसीएलआर की दरें 1 जून से प्रभावी है। नई ब्याज दरें कर्जदाता बैंक ने अपने वेबसाइट पर अपलोड कर दी हैं। ICICI बैंक ने एक महीने की MCLR को 8.50 फीसदी से घटाकर 8.35 फीसदी कर दिया है और इसने तीन महीने की MCLR को 15 आधार अंकों (bps) से घटाकर 8.55 फीसदी से 8.40 फीसदी कर दिया है।

    आईसीआईसीआई बैंक ने इन टेन्योर पर बढ़ाया ब्याज

    इसके अलावा बैंक ने कुछ टेन्योर के लिए एमसीएलआर में इजाफा भी किया है। वहीं बैंक ने एमसीएलआर को 6 महीने और एक साल के टेन्योर पर 5 बीपीएस बढ़ाकर 8.75 फीसदी और 8.85 फीसदी कर दिया है। इसका मतलब है कि इससे कम रेट्स में बैंक आपको लोन नहीं दे सकता है।

    पीएनबी ने बढ़ाया ब्याज 

    पंजाब नेशनल बैंक ने भी अपने सभी टेन्योर के लिए ब्याज दरों में इजाफा किया है। एमसीएलआर में 10 बीपीएस की बढ़ोतरी की गई है। नई ब्याज दरें 1 जून 2023 से प्रभावी हैं। बैंक की अधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, बैंक की ओवरनाइट बेंचमार्क मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग को 8 फीसदी से बढ़ाकर 8.10 फीसदी कर दिया गया है। एक महीने, तीन महीने और छह महीने के लिए दरें बढ़ाकर क्रमश: 8.20 फीसदी, 8.30 फीसदी और 8.50 फीसदी कर दी गई हैं। एक साल की एमसीएलआर को बढ़ाकर 8.60 फीसदी कर दिया गया है, जबकि तीन साल की एमसीएलआर को 8.80 फीसदी से बढ़ाकर 8.90 फीसदी कर दिया गया है।

    आपके ईएमआई पर क्या होगा असर

    बैंकों की ओर से बढ़ाए गए एमसीएलआर टेन्योर पर अगर आप होम लोन ले रखे हैं तो आपकी ईएमआई बढ़ जाएगी। वहीं जिस टेन्योर पर आईसीआईसीआई बैंक ने कटौती की है, उस दौरान ब्याज घट जाएगा। 

  • मंत्री की कार का हुआ भयानक एक्सीडेंट, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    मंत्री की कार का हुआ भयानक एक्सीडेंट, गाड़ी के उड़े परखच्चे

    वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है। गाजीपुर जिले में हुई इस दुर्घटना में मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत की बात है कि मंत्री दयाशंकर मिश्र बाल-बाल बच गए और पूरी तरह सुरक्षित हैं। दयाशंकर मिश्र दयालु, बलिया के प्रभारी मंत्री हैं और बलिया आ रहे थे। बताया जा रहा है कि यूपी सरकार में राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु की कार आज सुबह हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी से गाजीपुर जाते समय महाराजगंज के तलबल मोड़ पर वाहन डिवाइडर से टकराया। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, मोदी सरकार के नौ साल पर बलिया में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे थे।

  • पटाखों के गोदाम में हुए धमाके से 3 की मौत, कई झुलसे

    पटाखों के गोदाम में हुए धमाके से 3 की मौत, कई झुलसे

    तिरुपति: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के कोवाकोल्ली गांव में एक पटाखे के गोदाम में ब्लास्ट होने के कारण बड़ा हादसा हो गया। इस विस्फोट में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं, अन्य दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त गोदाम में पांच लोग काम कर रहे थे। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि विस्फोट होने के बाद तीन कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों की पहचान एडु कोंडालु, 40, शंकरैया, 32 और नागेंद्र, 25 के रूप में हुई है। यह गोदाम में काम किया करते थे। हादसे के बाद दोनों घायलों को श्रीकालाहस्ती के एक अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां से उन्हें तिरुपति के एसवीआर सरकारी सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया।

  • सुहागरात की अगली रात हमलावरों ने किया दूल्हे का कत्ल

    सुहागरात की अगली रात हमलावरों ने किया दूल्हे का कत्ल

    गया: बिहार के गया जिले में अपराधियों ने बुधवार की रात एक नवविवाहित युवक की हत्या कर दी। हत्या से एक दिन पहले ही अशोक यादव की शादी हुई थी। अशोक पेशे से इंजीनियर था। गुरुआ के लकडाही गांव की यह घटना है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। हत्या किसने और किस वजह से हुई है, पुलिस ये भी पता करने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल भेज दिया गया है। भाई के बयान पर पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज की है। जानकारी के अनुसार लकडाही गांव के सुखदेव यादव के तीन पुत्रों में सबसे बड़े सिविल इंजीनियर अशोक यादव की शादी 29 मई को औरंगाबाद जिले के अकौना गांव के रामप्रवेश यादव की पुत्री रेवंती कुमारी के साथ हुई थी। बारात 30 मई को लकडाही गांव में वापस लौटी थी। घर मे खुशी का माहौल था कि इसी बीच 31 मई की रात अपराधियों ने नवविवाहित युवक की हत्या तेज हथियार से कर दिया। अपराधियों ने मृतक के बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

    अशोक बुधवार की शाम अपने बाइक से घर से निकला था। युवक ने घर वालों से कहा कि वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा है। काफी देर गुजर जाने के बाद भी जब युवक घर नहीं लौटा तो परिजन खोजने लगे। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। थक-हारकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन, अशोक रात में नहीं मिला। गुरुवार की सुबह अशोक का शव खून से लथपथ गुलनी गांव के पास नहर के किनारे मिली। शव से कुछ दूरी पर बाइक क्षतिग्रस्त मिली। बाइक पर खून के धब्बे भी मिले। युवक के शरीर पर हथियार से वार के निशान है। इधर, घटना की खबर क्षेत्र में फैलते ही हजारों की संख्या में लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। घटना की जांच करने आई पुलिस ने श्वान दस्ता का सहारा लिया। श्वान के साथ पुलिस की टीम गांव घटनास्थल के पड़े एक-एक वस्तु की जांच की। इधर, हत्या की खबर मिलते ही घटनास्थल पर गुरुआ विधायक विनय कुमार, सिटी एसपी, शेरघाटी डीएसपी, गुरुआ बीडीओ मनीष कुमार, सीओ मनोज दुब्बे आदि पहुंचे।

    विधायक ने पुलिस अधिकारियों को हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए कहा। मृतक अशोक की नई नवेली पत्नी एवं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बार-बार रेवंती बेहोश हो जा रही है। शादी में आए रिश्तेदार व परिवार के सदस्यों के रोने व चीखने की गूंज से पूरा गांव गमगीन है। शादी की पूरी खुशी गम व चीख में बदल गया है। यहां तक की ढाढ़स बंधाने आए लोग भी रो दे रहे हैं। गुरुआ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गया भेज दिया। वहीं मृतक के बाइक को पुलिस थाना ले आई। अशोक यादव गुरुआ विधायक विनय कुमार के रिश्तेदार थे। मृतक का ननिहाल गुरुआ विधायक के गांव श्रीराम बिगहा में था। मृतक रिश्ते में विधायक के फुफेरा भाई लगता था।

  • कुएं में ट्रैक्टर गिरा, चालक की मौके पर मौत

    कुएं में ट्रैक्टर गिरा, चालक की मौके पर मौत

    नीमच: मध्य प्रदेश के नीमच में ट्रैंक्टर कुएं में गिरने से ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। टैंकर में पानी भरते समय यह हादसा हुआ। इधर रतलाम में मट्टी की खदान धंसने से तीन लोग दब गए, जिससे एक की मौत हो गई। वहीं दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नीमच जिले के ढोलपुरा गांव में टैंकर सहित ट्रैक्टर गहरे कुएं में गिरा गया। इस हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लेकिन घटना के तीन घंटे बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर शव को लादकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

    बताया जा रहा है कि गांव ढोलपुरा में टैंकर में पानी भरने के लिए ट्रैक्टर को चालक रिवर्स ले रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। हादसे के बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुएं में करीब 25 फीट पानी भरा था। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रैक्टर और शव को बाहर निकाला।

    ग्रामीणों और पुलिस द्वारा बार-बार सूचित करने के बाद भी घटनास्थल पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीणों ने चालक के शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इधर, रतलाम के अडवानिया गांव में पीली मिट्टी की खदान धंसने से तीन लोग दब गए। इस हादसे में एक की मौत हो गई। वहीं दो लोगों को बाहर निकालकर सैलाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा उस दौरान हुआ जब मिट्टी खोदने का काम किया जा रहा था।

  • 2 दिन से लापता 9 वर्षीय बच्चे की मिली लाश 

    2 दिन से लापता 9 वर्षीय बच्चे की मिली लाश 

    बलरामपुर: जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खोडरो में 2 दिन से लापता एक 9 साल के बच्चे की लाश आज डबरी में मिली है। बच्चे की लाश मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है वहीं पुलिस की टीम ने डेड बॉडी को डबरी से बाहर निकाल कर जांच शुरू कर दिया है और उसे पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक बच्चे का नाम अमन शांडिल्य है और वह 30 मई को अपने खेत में जेसीबी से चल रहे काम को देखने के लिए गया था उसके बाद से वापस नहीं लौटा परिजनों ने काफी उसकी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला आज गांव के ही धर्म साय के डबरी में बच्चे की लाश पानी में तैरते हुए मिली सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां पर जमा हो गई वहीं पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और उसने डेड बॉडी को पानी से बाहर निकाल कर जांच शुरू कर दिया है। 

  • पुलिस की वर्दी में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के 10 शार्प शूटर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पुलिस की वर्दी में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के 10 शार्प शूटर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    ग्रुरुग्रामः भोंडसी थाना क्षेत्र के गांव महेंद्रवाडा में बुधवार देर रात पुलिस की वर्दी में डकैती की साजिश रचने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें दो पंजाब के, एक राजस्थान, एक भिवानी और एक हिसार का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के शार्प शूटर हैं। कुल 10 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इसमें सात लॉरेंस बिश्नोई और तीन गोल्डी बराड़ गैंग के हैं। भोंडसी पुलिस ने सभी के पास से अवैध हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से 4 पिस्टल, 28 जिंदा कारतूस, 02 वाहन, 7 पुलिस की वर्दी बरामद हुई है।

    आरोपियों की पहचान जोगिंदर उर्फ जोगा, हरजोत उर्फ लीला, अजय इशारवालिया उर्फ पंजाबी, प्रिंस उर्फ गोलू, संदीप उर्फ दीपू और बिट्टू के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को कोर्ट के समक्ष पेश कर रिमांड पर लेगी। इनसे पूछताछ में कई वारदात का पर्दाफाश हो सकता है। साथ ही यह भी पता चलेगा कि या गिरोह कब से सक्रिय था और कहां-कहां गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। पूछताछ में गिरोह के अन्य साथियों के नामों का भी पता चल सकता है।

  • चलती कार की छत पर युवकों ने पी शराब, लगाए पुश-अप, 2 गिरफ्तार, वीडियो वायरल

    चलती कार की छत पर युवकों ने पी शराब, लगाए पुश-अप, 2 गिरफ्तार, वीडियो वायरल

    नई दिल्लीः कानून को ताक पर रखकर गुरुग्राम की सड़क पर युवकों ने चलती कार की छत पर शराब पी और पुश-अप मारे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार किया है साथ ही कार मालिक का 6 हजार 500 रुपये का चालान काटा है। घटना गुरुग्राम के साइबर हब इलाके की है जहां सामने आयी वीडियो में एक चलती ऑल्टो कार पर एक शख्स खिड़की से निकलकर छत पर बैठता है और शराब की बोतल गटकता है। शख्स इसके बाद चलती कार की छत पर पुश-अप मारता दिखाई देता है। इस दौरान कार में सवार अन्य तीन युवक खिड़की पर बैठे नजर आ रहे हैं और शराब की बोतल गटक रहे हैं। 

    कार में सवार अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस

    ऑल्टो कार के पीछे चल रही किसी कार में बैठे एक शख्स ने इस घटना को अपने फोन पर रिकॉर्ड कर लिया जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने बिना देरी के कार्रवाई शुरू की और वीडियो के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार मालिक का 6 हजार 500 का चालान काटा और अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि वो कार में सवार अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

    कार उधार पर लेकर युवकों की हुड़दंग 

    पुलिस ने कहा, आरोपी कार को गुरुग्राम के शंकर चौक से गोल्फ कोर्स रोड की ओर तेजी से चला रहे थे। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दया चंद (34) और सूरज डागर (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है जिसमें ये सभी युवक सवार थे। पुलिस ने बताया, पूछताछ के दौरान आरोपी दया ने कहा कि उसने अपने चचेरे भाई से कार उधार पर ली थी। उसका चचेरा भाई वाहन का मालिक है। पुलिस ने कहा, इस तरह की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता से अनुरोध करते हुए पुलिस बोली, ‘यातायात नियमों का उल्लंघन कर के अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।’

  • मई महीने में ठंड ने 36 साल का तोड़ा रिकॉर्ड 

    मई महीने में ठंड ने 36 साल का तोड़ा रिकॉर्ड 

    नई दिल्लीः दिल्ली में बीते 36 साल में इस बार मई का महीना सबसे ठंडा रहा। आईएमडी ने बुधवार को बताया कि मई में अत्यधिक बारिश के कारण औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में मई 1987 में औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

    जानिए कितना रहा तापमान

    उन्होंने कहा, “इस साल मई में औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1987 के बाद से सबसे कम है।” दिल्ली में मई में सिर्फ नौ दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया और सिर्फ दो दिन शहर के कुछ हिस्सों में लू चली। श्रीवास्तव ने बताया, “ सफदरजंग वेधशाला ने इस साल पूर्व मानसून सीजन में एक भी दिन लू का चलना नहीं दर्ज किया। ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है.” सफदरजंग वेधशाला में दर्ज तापमान को शहर का आधिकारिक तापमान माना जाता है। 

    जानिए बारिश का हाल

    इसके अलावा आईएमडी ने यह भी बताया कि बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में हुई बारिश के बाद इस मानसून पूर्व अवधि में कुल 184.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य वर्षा से 186 प्रतिशत अधिक है। बारिश की वजह से 2020 को छोड़कर 2016 के बाद शहर में जनवरी से मई की अवधि में वायु गु‍णवत्ता अच्छी दर्ज की गई है। मई में आम तौर पर भीषण गर्मी पड़ती है और औसत अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है। 

    इस बार मई में 111 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो 30.7 मिमी के दीर्घकालिक औसत से 262 प्रतिशत अधिक है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, 2008 में 165 मिमी, 2021 में 144.8 मिमी और 2002 में 129.3 मिमी बारिश हुई थी जिसके बाद यह चौथा साल है जब मई में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसका कारण ज्यादा बार आए पश्चिमी विक्षोभ को बताया है। श्रीवास्तव ने कहा, “ आमतौर पर अप्रैल और मई में पांच से छह पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी मैदानी इलाकों में दर्ज किए जाते हैं।

     इस बार, हमने 10 पश्चिमी विक्षोभ देखे, जिनमें ज्यादातर मजबूत थे।” उन्होंने कहा, “ यह असामान्य है। हालांकि, हम इसे आंकड़ों के अभाव में जलवायु परिवर्तन से नहीं जोड़ सकते।” बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अनुसार, दिल्ली में इस साल जनवरी से मई की अवधि में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 213 दर्ज किया गया, जो 2020 को छोड़कर, 2016 के बाद से सबसे कम है। पिछले साल इसी अवधि में एक्यूआई 237, 2021 में 235, 2020 में 181, 2019 में 236, 2018 में 242, 2017 में 251 और 2016 में 283 था। 

  • सावधानः आपकी जान ले सकती हैं अबॉर्शन पिल्स!

    सावधानः आपकी जान ले सकती हैं अबॉर्शन पिल्स!

    रायगढ़: एक युवती को अपने पार्टनर से बेइंतिहां मोहब्बत थी। वह अपने पार्टनर पर जान छिड़कती थी। दोनों इत्मिनान से लिवइन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इसी दौरान वो प्रेग्नेंट हो जाती है, लेकिन उसका लिव इन पार्टनर बच्चे को दुनिया में नहीं लाना चाहता था। हिलाजा उसने अपनी प्रेमिका को खिला दी अवॉर्शन की दवा, जिसके बाद युवती की तबीयत बिगड़ती चली गई और उसने इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ का है, जहां एक युवती की अबॉर्शन की गोलियां खाने से मौत हो गई।

    जानकारी के मुताबिक युवती के दानिश खान नाम के शख्स के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी। इसी दौरान वो प्रेग्नेंट हो गई थी, लेकिन उसका प्रेमी बच्चे को दुनिया में नहीं लाना चाहता था। उसने प्रेमिका को अबॉर्शन की दवा खिला दी, जिसके बाद युवती की हालत बिगड़ने लगी। 8 मार्च को उसे इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौत के पहले दिए अपने बयान में युवती दानिश पर मारपीट के गंभीर आरोप लगा रही है।

    मृतिका के भाई ने अपने बयान में दानिश पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, इस मामले में बीजेपी नेता ओपी चौधरी और गोमती साय ने प्रेस कॉफ्रेंस कर इस मामले को लव जिहाद से जोड़ दिया है। बीजेपी ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की SIT जांच की मांग की है। युवती की इस मौत ने एक ओर जहां कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं, तो वहीं इस केस के मुस्लिम कनेक्शन ने लोगों को इस मामले को लव जिहाद से जोड़कर देखने को मजबूर कर दिया है।