Category: Breaking News

  • मारुति सुजुकी का प्लानः गाय के गोबर से चलाएंगी कारें!

    मारुति सुजुकी का प्लानः गाय के गोबर से चलाएंगी कारें!

    नई दिल्लीः मशहूर वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी की मूल कंपनी सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन ने कॉर्बन डॉइऑक्साइड उत्सर्जन से निपटने को लेकर ऐलान किया है कि कंपनी बायोगैस के उत्पादन के लिए गोबर का इस्तेमाल करेगा। बता दें कि इसका उपयोग सीएनजी कारों को चलाने के लिए किया जाता है। यह ऐलान कंपनी की आगामी विकास की रणनीति का भाग है।

    बता दें कि बाजार में मारुति सुजुकी के फिलहाल 14 सीएनजी मॉडल उपलब्ध है। इसमें ऑल्टो, सेलेरियो, वैगनआर, स्विफ्ट, स्विफ्ट डिजायर, बलेनो, अर्टिगा, ग्रैंड विटारा समेत अन्य कारें शामिल हैं। भारतीय सीएनजी कार बाजार में मारुति सुजुकी की हिस्सेदारी लगभग 70 फीसदी है। बता दें कि मारुति ने साल 2010 में तीन मॉडलों ऑल्टो, ईको और वैगनआर के साथ सीएनजी कार मार्केट में बिक्री शुरू की थी।

    कंपनी द्वारा अबतक 1.14 मिलियन से अधिक कार यूनिट्स को बेचा जा चुका है जिससे 1.31 मिलियन टन कार्बन डाई ऑक्साइड उत्सर्जन की बचत हुई है। सुजुकी मोटर्स कॉर्पोरेशन का कहना है कि उत्सर्जन की चुनौती से निपटने के लिए सुजुकी की अनूठी पहल बायोगैस व्यवसाय है। इसमें गाय के गोबर से बायोगैस का उत्पादन कर आपूर्ति की जाएगी। कंपनी का कहना है कि बायोगैस का इस्तेमाल सीएनजी मॉडल की कारों में किया जा सकता है।

    इस बाबत कंपनी द्वारा भारत सरकार की एजेंसी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और एशिया की सबसे बड़ी डेयरी निर्माता बनास डेयरी के साथ कंपनी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। बता दें कि जापान की कंपनी Fujisan Asagiri Biomass LLC गाय के गोबर के इस्तेमाल से बायोगैस का प्रयोग कर बिजली पैदा करती है।

  • महिला भगत से रेप के मामले में आसाराम बापू दोषी करार

    महिला भगत से रेप के मामले में आसाराम बापू दोषी करार

    गुजरातः गांधीनगर की कोर्ट ने महिला अनुयायी से रेप के मामले में सोमवार 30 जनवरी को आसाराम बापू को दोषी करार दिया है। 2013 में आश्रम मे रह रही सूरत की दो बहनों से रेप के मामले में गांधीनगर सेशन कोर्ट ने आसाराम को दोषी ठहराया है। आसाराम का बेटा नारायण साईं भी इस मामले में आरोपी था।

    मामले में आसाराम की पत्नी लक्ष्मी, बेटी भारती और चार महिला अनुयायियों- ध्रुवबेन, निर्मला, जस्सी और मीरा को भी आरोपी बनाया गया था। इन सभी को गांधीनगर कोर्ट ने बरी कर दिया था। आसाराम इस समय जोधपुर जेल में बंद है। आसाराम को कल सजा सुनाई जाएगी। 2013 में सूरत की दो बहनों ने नारायण साईं और उसके पिता आसाराम के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज कराई थी। छोटी बहन ने शिकायत में कहा था कि नारायण साईं ने 2002 से 2005 के बीच उसके साथ बार-बार रेप किया।

    दो बहनों ने लगाए थे रेप के आरोप

    लड़की के मुताबिक, जब वह सूरत में आसाराम के आश्रम में रह रही थी, तब उसके साथ रेप हुआ था। वहीं बड़ी बहन ने शिकायत में आसाराम पर रेप का आरोप लगाया था। पीड़िता ने कहा कि अहमदाबाद में आश्रम में आसाराम ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। दोनों बहनों ने पिता-पुत्र के खिलाफ अलग-अलग तहरीर दी है।

    जोधपुर की एक जेल में बंद है आसाराम 

    आसाराम बापू इस समय जोधपुर की एक जेल में बंद है। 2018 में, जोधपुर की एक कोर्ट ने उन्हें एक अलग यौन उत्पीड़न मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उन्हें 2013 में अपने जोधपुर आश्रम में एक 16 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने का दोषी पाया गया था।

    10 साल से जेल में बंद आसाराम बापू 

    जेल में बंद आसाराम बापू ने हाल ही में कोर्ट से जमानत मांगी थी। जमानत अर्जी में आसाराम ने कहा था कि वह पिछले 10 साल से जेल में है। उनकी उम्र 80 साल से ज्यादा है। वह गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट को उनकी जमानत याचिका पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए और जमानत का आदेश जारी करना चाहिए ताकि उन्हें उचित इलाज मिल सके। 

  • सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट

    सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट

    नई दिल्लीः अगर आप सोना या चांदी खरीदना चाहते हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। दरअसल, बजट से पहले भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने-चांदी के रेट्स में कमी दर्ज की गई है। दस ग्राम सोना सस्ता होकर 56,880 रुपये का हो गया है। एक किलो चांदी के रेट भी कम हो गए हैं और अब यह 68,795 रुपये में बिक रही है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है।

    दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 80 रुपये की गिरावट के साथ 56,880 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 56,960 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 180 रुपये की गिरावट के साथ 68,795 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 68,975 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।

  • ऑपरेशन दौरान मरीज को छोड़ आपस में भिड़े डॉक्टर, देखें वीडियो

    ऑपरेशन दौरान मरीज को छोड़ आपस में भिड़े डॉक्टर, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः डॉक्टर्स को लोग भगवान का दूसरा रूप माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि भगवान के बाद डॉक्टर्स ही ऐसे है जो लोगों की जान बचाते हैं। लेकिन कई बार एअसा भी होता है कि डॉक्टर्स मरीज पर ध्यान देने के बजाय आपास में लड़ने लगते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमे दो डॉक्टर्स एक मरीज की सर्जरी के दौरान आपस में भीड़ गए। डॉक्टरों की लड़ाई का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर आप गुस्से से आग बबूला हो सकते हैं।

    सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो में आप देख सकते हैं कि ऑपरेशन थियेटर में कुछ डॉक्टर्स मिलकर एक मरीज की सर्जरी कर रहे होते हैं और अचानक किसी बात को लेकर दो डॉक्टर्स में अनबन हो जाती है। इसके बाद दोनों ही आपस में झगड़ पड़ते हैं और एक-दूसरे से बहस करने लगते हैं। वहीं किसी ने ऑपरेशन थियेटर के अंदर से अपने मोबाइल कैमरे से सबकुछ रिकॉर्ड कर लिया।

    जैसा कि आप वीडियो में देख सकते हैं कि मरीज स्ट्रेचर पर लेटा होता है और डॉक्टर्स समेत पूरी टीम उसके चारों तरफ खड़ी है और तभी एक और डॉक्टर ने कुछ ऐसा कहा कि सर्जरी कर रहा एक डॉक्टर भड़क उठा और आपस में ही बहस करने लगे। सोशल मीडिया पर जैसे ही लोगों ने इस वीडियो को देखा तो हैरान रह गए। इसके अंदर का जब लाइव फुटेज सामने आया तो लोग चौंक गये।

  • 4 स्कूली बसों की टक्कर में कई बच्चे घायल, देखें वीडियो 

    4 स्कूली बसों की टक्कर में कई बच्चे घायल, देखें वीडियो 

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के पास सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में चार स्कूल बसें आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बसों के आपस में टकराने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान बच्चों को आपातकालीन खिड़की से बसों से बाहर निकालना पड़ा। गनीमत रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 10 से 12 बच्चों को मामूली चोट आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।

    घटना सुबह की है जब दिल्ली के ही सरकारी स्कूलों के बच्चे पिकनिक के लिए बसों से जा रहे थे। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दिल्ली के किस स्कूल के बच्चे थे। जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के गेट संख्या 13 के पास एक बस का ब्रेक फेल होने के चलते आगे चल रही कार से टकरा गई। इसके बाद तीन अन्य बसें भी उसी बस में आकर टकरा गई। इनकी चपेट में एक बाइक व एक ऑटो भी आ गया। सड़क हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में बसों को मौके से हटवाया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

    डीसीपी ने बताया कि थाना आईपी एस्टेट को सुबह 10.57 बजे इस घटना के बारे में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सुचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चार बसें, एक ऑटो, एक कार और एक मोटर साइकिल दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। चारों बसों में 216 स्कूली छात्र सवार थे। इस दुर्घटना में लगभग 25 छात्र और 3 स्कूल स्टाफ और एक व्यक्ति घायल हो गया है। पीसीआर वैन से सभी घायलों को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया और घायलों का इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, सोमवार को महात्मा गांधी की समाधि पर देशभर के गणमान्य लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंच रहे थे। ऐसे में वीआईपी मूवमेंट जारी था। इसके थोड़ी ही दूरी पर यह हादसा हुआ है। घटना के समय वीआईपी रूट लगा हुआ था।

  • मौसम का बदला मिजाज, विभाग ने इन राज्यों में बारिश का किया अलर्ट जारी

    मौसम का बदला मिजाज, विभाग ने इन राज्यों में बारिश का किया अलर्ट जारी

    नई दिल्लीः देश में मौसम का मिजाज बदल गया है। ठंड के बीच राजधानी दिल्ली और आसपास इलाकों में बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में देर रात बारिश से मौसम सर्द हो गया। मौसम विभाग (IMD) ने देर रात बताया कि राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

    मंगलवार तक बारिश रहने की उम्मीद

    आईएमडी (IMD) के अनुसार यमुनानगर, कोसली, सोहाना, रेवाड़ी, पलवल, बावल, नूंह, औरंगाबाद, होडल (हरियाणा) सहारनपुर, गंगोह, शामली, मुजफ्फरनगर, कांधला, खतौली, सकोटी टांडा के दूर-दराज के इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय है। इसका असर मंगलवार तक रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग की सलाह है कि उन इलाकों में जाने से बचें जहां अक्सर जलभराव की समस्या रहती है।

    इन इलाकों में बारिश का अलर्ट 

    चांदपुर, बड़ौत, दौराला, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, पिलाखुआ, हापुड़, गुलौटी समेत तमाम इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।राजस्थान के डीग, लक्ष्मणगढ़ और भरतपुर में भी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है।

    एक बार फिर लौटेगी ठंड 

    मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में बारिश से मौसम में एक बार फिर से ठंडक महसूस होगी। हालांकि, हालात शीतलहर जैसे नहीं होंगे। तापमान में भी कोई खास बदलाव नहीं देखा जाएगा। आईएमडी का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने की वजह से बारिश हो रही है।

  • 2 लोगों को बेच दिया एक ही फ्लैट, केस दर्ज

    2 लोगों को बेच दिया एक ही फ्लैट, केस दर्ज

    नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां पर कथित रूप से एक ही फ्लैट को दो बार बेचने का आरोप शिवालिक होम्स के डेवलपर पर लगाया जा रहा है। अलग-अलग व्यक्तियों को फ्लैट बेचने के आरोप में उन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। डेवलपर के खिलाफ धारा 420 , 406, 468 और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, फ्लैट की एक खरीदार पूनम ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट को दो अलग-अलग व्यक्तियों को बेचा था।

    पूनम और उनकी मां रेखा ने साल 2019 में शिवालिक होम्स में एक फ्लैट खरीदा था। उन्होंने बताया कि हमने इसे 35 लाख रुपये में खरीदा था और हमें सोसाइटी से ‘नो ड्यूज’ भी दिया गया था। लेकिन एक बार जब हम फ्लैट में रहने लगे तो पीएनबी हाउसिंग ने हमें एक नोटिस भेजा कि हमने जो फ्लैट खरीदा है, वह साल 2016 में किसी जगदीश जोशी के नाम पर रजिस्टर्ड था। उन्होंने बताया कि जगदीश जोशी ने बैंक से कर्ज लिया था लेकिन वह अपनी किस्तें नहीं चुका रहे थे। 

    पूनम ने आरोप लगाया कि जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने गईं तो पुलिस ने डिवेलपर के खिलाफ केस दर्ज करने में आनाकानी की।उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद बैंक ने हमें बताया कि हमें फ्लैट खाली करना होगा क्योंकि इसे लंबे समय से इसकी किस्तें नहीं मिली हैं। हम परेशान थे क्योंकि पुलिस भी हमारा साथ नहीं दे रही थी। इसलिए, हम इलाहाबाद हाई कोर्ट गए और बिल्डर के खिलाफ याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश के बाद 27 जनवरी को सूरजपुर थाने में एक केस दर्ज किया गया। वहीं, सूरजपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने पहले ही जांच शुरू कर दी है और बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाएगी।

  • ASI ने स्वास्थ्य मंत्री के सीने में मारी थी गोली, इलाज दौरान तोड़ा दम

    ASI ने स्वास्थ्य मंत्री के सीने में मारी थी गोली, इलाज दौरान तोड़ा दम

    भुवनेश्वरः ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा किशोर दास का निधन हो गया है. उन्हें आज दोपहर करीब 1 बजे झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर के पास गांधी चौक पर एक सहायक उप-निरीक्षक ने गोली मारी थी. वह एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनके सीने में गोली लगी. पुलिस अधिकारी ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि बाद में उन्हें भुवनेश्वर ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

  • पत्नी को अश्लील फिल्म दिखाकर करता था अप्राकृतिक कृत्य, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    पत्नी को अश्लील फिल्म दिखाकर करता था अप्राकृतिक कृत्य, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला ने अपने पति पर अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप लगाया है। पुलिस से की गई शिकायत में महिला ने कहा है कि उसका पति अश्लील फिल्म दिखाकर उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करता है। पुलिस ने इस शिकायत पर महिला के पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

    पति की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत आजाद नगर पुलिस से की। आजाद नगर पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अप्राकृतिक कृत्य सहित दहेज व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

    पुलिस का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उस पर पहले भी 307 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हो चुके हैं। जांच-पड़ताल में यह भी बात सामने आई है कि जब आरोपी पत्नी को परेशान करने लगा तो पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई।

    इसी दौरान आरोपी पड़ोस की एक युवती को लेकर फरार हो गया। जिस युवती को लेकर वह फरार हुआ है, उसकी शादी गुजरात में होनी थी। आरोपी युवती को धार जिले के किसी गांव से लेकर फरार हुआ था। इस मामले में धार पुलिस जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो अपनी पत्नी के साथ अप्राकृतिक कृत्य करता था। पत्नी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

  • कांग्रेस के पूर्व विधायक को कोर्ट ने दिया बड़ा झटका…

    कांग्रेस के पूर्व विधायक को कोर्ट ने दिया बड़ा झटका…

    नई दिल्ली। शाहीन बाग इलाके में पुलिस से कथित बदसलूकी के आरोप में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने आसिफ मोहम्मद खान की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सोनू अग्निहोत्री ने आदेश पारित करते हुए कहा- यदि कानून का पालन कराने वालों के साथ गाली-गलौज की जाती है या उन पर हमला किया जाता है और ऐसा कृत्य करने वाले आरोपियों को यदि जमानत पर रिहा कर दिया जाता है, तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी आसिफ मोहम्मद की जमानत याचिका खारिज की जाती है। 

    अदालत ने आगे कहा- प्राथमिकी के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता सीटी धरमपाल को धमकी दी, आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और जनता को उकसाने की कोशिश की। आरोपी का कृत्य आईपीसी की धारा 353 के दायरे में है। गौर करने वाली बात यह भी कि दलीलों के दौरान, मौजूदा मामले के साथ ही पूर्व के विवादों से संबंधित अभियुक्त के वीडियो जांच अधिकारी की ओर से मोबाइल और लैपटॉप पर अदालत के समक्ष चलाए गए। यही नहीं अदालत के आदेश पर इन्हें आरोपी के वकीलों को भी दिखाया गया। 

    वीडियो देखने के बाद अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जैसा कि अदालत को दिखाए गए वीडियो में नजर आ रहा है, प्रथम दृष्टया लगता है कि आरोपी के मन में देश के कानून के प्रति कोई सम्मान नहीं है। ऐसा मालूम पड़ता है कि आरोपी खुद को कानून से ऊपर मानता है। जिस तरह से वह पुलिस अधिकारियों के साथ बात करते हुए नजर आ रहा है वह निंदनीय है। सरकारी अधिकारियों के साथ इस तरक ही बदसलूकी की अपेक्षा नहीं की जाती है। किसी से उम्मीद नहीं की जाती है कि वह कानून को अपने हाथ में ले और सरकारी अधिकारियों के साथ गलत व्यवहार करे।