Category: Breaking News

  • चूहों को लेकर आपस में भिड़े दो पड़ोसी, थाने तक पहुंचा मामला

    चूहों को लेकर आपस में भिड़े दो पड़ोसी, थाने तक पहुंचा मामला

    छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बुजुर्ग का चूहों को लेकर पड़ोसी से विवाद इतना गंभीर हो गया कि इस संबंध में बात पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। एक 70 साल के बुजुर्ग बिसाहू राम टंडन ने अपने पड़ोसी पर आरोप लगाया कि उसने उनकी दीवार से सटाकर अपने धान के बोरे रखे हैं, जिसके कारण चूहे आकर उनकी दीवार को लगातार खोखला बना रहे हैं. इससे परेशान होकर बिसाहू राम ने कलेक्ट्रेट में शिकायत की थी. इस शिकायत को बाद में कलेक्ट्रेट से गुंडरदेही पुलिस थाने में भेजा गया था। जिसके बाद मामले को लेकर दोनों पक्ष सोमवार को थाने भी पहुंचे थे।

    जानकारी के मुताबिक इस बारे में बिसाहू राम ने कहा कि वे केवल सरकार से मिलने वाली पेंशन पर गुजारा करते हैं. उनके कोई बच्चे नहीं हैं और न आमदनी का कोई जरिया है। हमारे पड़ोसी हमारी जमीन को हड़पना चाहते हैं. इसके लिए वे चूहों का सहारा ले रहे हैं। इससे मेरी दीवार कमजोर हो रही है. अगर मेरा घर किसी दुर्घटना के कारण गिरा तो केवल प्रशासन ही इसका जिम्मेदार होगा। बिसाहू ने कहा कि ग्राम पंचायत से उनके पड़ोसी युवराज मारकंडे को कई बार चेतावनी मिल चुकी है. लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ। बरसात के दिनों में इस कमजोर घर में गुजारा करना बहुत कठिन होता है।

    बिसाहू राम के आरोपों के जवाब में उसके पड़ोसी युवराज मारकंडे ने कहा कि ये बाते एकदम झूठी हैं। वो एक मामूली व्यापारी है और बहुत थोड़ा धान उसके घर में रखा होता है। मारकंडे ने कहा कि वह कैसे पहचान सकता है कि चूहे किसके हैं? उन्होंने कहा कि पंचायत में मैंने कहा कि पड़ोसी का आरोप है कि मेरे चूहे उसे परेशान कर रहे हैं. क्या कोई साबित कर सकता है कि ये मेरे चूहे हैं। मैं चूहों को रोक तो सकता नहीं हूं. अगर चूहे मेरी बात को मानते तो मैं जरूर उनसे कहता कि पड़ोसी को तंग न करो और उसके घर को जर्जर मत बनाओ। अगर किसी का घर कमजोर है तो उसमें पड़ोसी क्या कर सकता है?

  • पति को मारने के बाद साथ सोती रही पत्नी, बच्‍चों से कहा कि पापा को जगाना नहीं 

    पति को मारने के बाद साथ सोती रही पत्नी, बच्‍चों से कहा कि पापा को जगाना नहीं 

    नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पति की हत्या कर उसके साथ सोने वाली पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि पत्नी ने पति को पलंग की पट्टी से पीट पीट कर मौत के घाट उतारा था। बाद में पति के शव के साथ आराम से सो गई। सुबह उठ कर बच्चों को हिदायत दी कि पापा को जगाना नहीं और अपना ब्यूटी पार्लर में काम करने के लिए चली गई। 

    जानकारी के अनुसार, शाम को जब पत्नी घर लौटी तो बच्चों को खाना खिलाया और फिर उन्हें सुलाकर खुद जागती रही। मध्य रात्रि में जब मोहल्ले में सन्नाटा हुआ तो उसने पति के मृत शरीर को खींचा और गेट पर फेंक कर सुबह खुद ही हल्ला मचाया कि रात में शराब पीकर आए और गिर कर मर गए। शुरुआती जांच में पुलिस भी यही मानकर चल रही थी कि शराब ज़्यादा पीने से मौत हुई होगी। पुलिस उस वक्त चौंक गई, जब हत्या का कारण गला दबाना सामने आया। 

    दरअसल, अतुल शराब पीने का आदी था । उसकी पत्नी अन्नू ब्यूटी पार्लर चलाकर बच्चों का पालन पोषण करती थी। अतुल खुद भी कुछ कमाता नहीं था और अन्नू के पैसे भी शराब में उड़ाकर उसकी पिटाई भी करता था। इसी से तंग आकर अन्नू ने अपने पति मौत के घाट उतार दिया । विश्वजीत श्रीवास्तव-एडिशनल एसपी ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

  • खेलते-खेलते हुआ कुछ ऐसा कि 7 वर्षीय बच्चे ने गवाई जान

    खेलते-खेलते हुआ कुछ ऐसा कि 7 वर्षीय बच्चे ने गवाई जान

    नई दिल्ली: गुलाबगढ़ से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है जहां एक घर की छत से गिरकर 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान हो चुकी है, वह प्रीत नगर गली नंबर-1 निवासी छोटे लाल के 7 वर्षीय बेटे ऋतिक के रूप में हुई है। 

    जानकारी के मुताबिक वह मृतक बच्चे का पिता अपनी पत्नी और 4 बच्चों के साथ किराए के मकान में पहली मंजिल पर रहता है। सोमवार दोपहर उसकी पत्नी बच्चों के साथ छत पर बैठी थी और बच्चे वहीं खेल रहे थे। इस दौरान उसकी पत्नी किसी काम से नीचे उतरी और बच्चे छत पर ही खेल रहे थे। इसी दौरान उसका सबसे छोटा बेटा ऋतिक अचानक नीचे गिर गया। बच्चे को उठाकर डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

  • खुशखबरी! 500 रूपये में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

    खुशखबरी! 500 रूपये में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर

    नई दिल्ली : बीपीएल और उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लोगों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अलवर के मालाखोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 1 अप्रैल से सस्ता एलपीजी सिलेंडर मिलेगा। हर साल उज्ज्वला वालों को 12 सिलेंडर 500 रुपये की दर से मिलेंगे। उन्होंने कहा, अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे।

    बता दें कि मई 2016 में, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (एमओपीएनजी) ने ग्रामीण और वंचित परिवारों को रसोई गैस जैसे स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराने के इरादे से एक खास योजना के रूप में ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ (PMUY) की शुरुआत की थी । 

  • यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्डों ने चलाई गोलियां, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, देखें वीडियो

    यूनिवर्सिटी में सुरक्षा गार्डों ने चलाई गोलियां, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प, देखें वीडियो

    उत्तर प्रदेशः इलाहाबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सोमवार को हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व छात्र नेता विवेकानंद पाठक पर यूनिवर्सिटी के सुरक्षा गार्डों ने कई राउंड फायरिंग की है। मारपीट में कई छात्रों को चोट आई है। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी है। जिसके बाद छात्र उग्र हो गए।

    छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी शुरु कर दी। सूचना पर मौके पर अपर पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि भारी पुलिस बल के साथ कैंपस में पहुंचे और उग्र हुए छात्रों को शांत कराने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। सूचना के मुताबिक, हिंसक झड़प में 6 से ज्यादा छात्रों के घायल होने की खबर है। सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि हंगामा लगातार जारी है। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

    बता दें कि बीते दिन यानी रविवार की शाम भी इलाहाबाद यूनिवसिर्टी के छात्रों द्वारा हंगामे का मामला प्रकाश में आया था। दरअसल, प्रयागराज स्थित आनंद भवन के सामने स्थित कैफे में संचालक द्वारा कैफे के अंदर सिगरेट पीने से इनकार करने पर छात्रों ने उसे जमकर पीटा था। पूरी घटना चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कैद हो गई थी। इतना ही नहीं आरोप यह भी लगा था कि कैफे संचालक का मोबाइल भी तोड़ दिया था। पड़ताल में इलाहाबाद यूनिवसिर्टी के छात्रों द्वारा हंगामा करने की बात उजागर हुई थी।

  • नहीं रहे भारत-पाकिस्तान 1971 युद्ध के हीरो, अस्पताल में ली अंतिम सांस

    नहीं रहे भारत-पाकिस्तान 1971 युद्ध के हीरो, अस्पताल में ली अंतिम सांस

    पीएम मोदी ने फोन कर जाना था हालचाल 

    जोधपुरः भारत-पाकिस्तान की 1971 की लड़ाई में लोंगेवाला चौकी के हीरो रहे भैरों सिंह राठौड़ का आज निधन हो गया है। सिंह बीते कई दिनों से जोधपुर एम्स में भर्ती थे। हाल ही में पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी उनसे फोन कर स्वास्थ्य का हालचाल जाना था। भैरों सिंह राठौड़ (81) मूल रूप से सोलंकिया तला के रहने वाले थे। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स में रहकर देश की सेवा करने वाले भैरों सिंह राठौड़ को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित लोंगेवाला चौकी का हीरो कहा जाता था। भैरों सिंह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे।

    उन्हें इलाज के लिए जोधपुर एम्स में भर्ती कराया गया था। वहीं पर सोमवार को दोपहर में भैरों सिंह ने अंतिम सांस ली। भैरों सिंह बेटे सवाई सिंह के अनुसार उनको 14 दिसंबर को एम्स में भर्ती कराया गया। उस वक्त उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और उनके शरीर के अंगों में पैरालिसिस हो गया था। फिल्म निर्देशक जेपी दत्ता की बहुचर्चित फिल्म बॉर्डर में भैरों सिंह के अदम्य साहस की कहानी को दिखाया गया था। उसके बाद वे और चर्चित हो गए थे। भैरों सिंह का गांव सोलंकिया तला जोधपुर से करीब 120 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। वे वहीं पर रहते थे। बीएसएफ में रहने के दौरान सिंह को भारत-पाक बॉर्डर पर स्थित लोंगेवाला चौकी पर तैनात किया गया था।

    वहां वे बीएसएफ की एक छोटी टुकड़ी को कमांड करते थे। वहां भारतीय सेना की 23 पंजाब रेजिमेंट की एक कंपनी भी तैनात थी। इन जांबाजों ने 5 दिसंबर 1971 को वहीं पर पाकिस्तानी ब्रिगेड और टैंक रेजिमेंट को नेस्तनाबूत कर दिया था। जानकारी के अनुसार भैरों सिंह राठौड़ 1987 में सेवानिवृत्त हुए थे। उसके बाद वे अपने गांव में ही रहने लगे थे। उम्र के इस पड़ाव में भी भैरों सिंह राठौड़ काफी एक्टिव रहते थे। एम्स में भर्ती होने के बाद बीएसएफ के अधिकारी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे थे। लेकिन अंतत आज लोंगेवाला पोस्ट के हीरो भैरों सिंह राठौड़ ने दुनिया को अलविदा कह दिया। राठौड़ के निधन से उनके गांव में शोक की लहर छा गई।

  • जीत पर जश्न मना रहे 17 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

    जीत पर जश्न मना रहे 17 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

    तिरुवनंतपुरमः लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने विश्व कप जीत लिया है। इसका जश्न तमाम देशों के साथ भारत में भी मनाया गया, लेकिन केरल में जश्न ने हिंसक रुप ले लिया। राज्य में कई जगहों से झड़प की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। जीत के जश्न के दौरान एक किशोर अचानक गिर गया और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई।

    अर्जेंटीना की जीत के तुरंत बाद 17 वर्षीय अक्षय कोल्लम लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में जीत के जश्न में हिस्सा ले रहा था, तभी उसे असहज महसूस हुआ और वह जमीन पर गिर पड़ा। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलने की उम्मीद है। राज्य के अन्य हिस्सों में, खासकर कन्नूर में, समर्थकों का अर्जेंटीना जीत का जश्न हिंसक हो गया। चाकुओं से गोद कर तीन लोगों को जख्मी कर दिया गया, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

    पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। केरल की राजधानी के तटीय गांव में, पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर को जश्न मना रहे लोगों को रोकना भारी पड़ा। लोगों ने इंस्पेक्टर के साथ मारपीट की। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। फुटबॉल खेल को पसंद करने वाले केरल के कुछ अन्य शहरों और कस्बों से भी हिंसा की खबरें आई हैं

  • पोते की चाहत में बेटों से बहुओं को मरवाया, वजह दिल दहलाने वाली 

    पोते की चाहत में बेटों से बहुओं को मरवाया, वजह दिल दहलाने वाली 

    तिरुपति: आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले से एक दिन दहलाने वाली घटना सामने आई है। दो भाइयों ने अपने पिता के कहने पर अपनी पत्नियों को मार डाला। ऐसा उन्होंने इसलिए किया क्योंकि शादी के चार साल बाद भी उन्हें बच्चा नहीं हुआ और वे अपनी 60 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर चिंतित थे। उन्हें चिंता थी कि अगर बच्चा नहीं हुआ तो इस संपत्ति का क्या होगा। उन लोगों ने दोबारा शादी करने के लिए इस हत्या को अंजाम दिया। घटना बुधवार रात आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले के ओरवाकल मंडल के नन्नूर गांव में हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं को मारने की साजिश मुख्य आरोपी के पिता ने रची थी क्योंकि वह पोते चाहते थे जो 60 करोड़ रुपये की संपत्ति हासिल कर सकें।

    तीन-चार साल तक शादी करने के बाद भी दंपति बच्चे पैदा नहीं कर सके और परिवार ने दोनों महिलाओं को दोषी ठहराया। कथित योजना बहुओं को खत्म करने के बाद भाइयों के लिए नई पत्नियां लाने की थी। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को मुख्य आरोपीयों गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल में रखवाया। इस बीच पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ितों के परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

  • मां के साथ खेल रहे कुत्ते को कार ने कुचला, विडियो वायरल होने पर हुआ केस दर्ज  

    मां के साथ खेल रहे कुत्ते को कार ने कुचला, विडियो वायरल होने पर हुआ केस दर्ज  

    गाजियाबाद:  गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक बेरहम इंसान ने कुत्ते को कार से कुचल दिया और गाड़ी से फरार हो गया। कुत्ते के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के मुताबिक थाना टीला मोड़ क्षेत्र कि भारत सिटी सोसाइटी के गेट के बाहर कुत्ते का छोटा बच्चा अपनी मां के साथ खेल रहा था। इसी दौरान सोसाइटी के बाहर की तरफ एक स्विफ्ट कार निकली और वह कुत्ते के बच्चे को कुचलती हुई चली गई।

    हालांकि गार्ड ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया। तब भी कार चालक का ध्यान गार्ड की तरफ भी नहीं गया। ये पूरी घटना गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस सीसीटीवी फुटेज को सोसाइटी में रहने वाले कमल कुमार नाम के एक शख्स ने ट्विटर पर पुलिस के अधिकारियों को टैग करते हुए कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

    इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मामला की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया और इस पूरे मामले में गहन जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वीडियो से आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

  • तेज रफ्तार कार ने फुटपाथ पर खड़े 3 बच्चों को रौंदा

    तेज रफ्तार कार ने फुटपाथ पर खड़े 3 बच्चों को रौंदा

    नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में रविवार को एक स्कूल के पास एक बेकाबू कार की चपेट में आने से तीन बच्चे घायल हो गए. सूत्रों के मुताबिक कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने कहा कि प्रताप नगर निवासी 30 वर्षीय गजेंद्र लीलावती स्कूल के पास अपनी ब्रेजा कार से नियंत्रण खो बैठा.

    उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सागर सिंह कलसी के मुताबिक जब कार चालक लीलावती स्कूल के पास पहुंचा तो उसके गाड़ी अनियंत्रित हो गई और फुटपाथ पर खड़े तीन बच्चों को टक्कर मार दी.

    घायल बच्चों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में ले जाया गया. डीसीपी ने कहा कि 10 और चार साल के दो बच्चे खतरे से बाहर हैं, जबकि छह वर्षीय एक बच्चे को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 279 और 337 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.