Category: Breaking News

  • खेलते समय 11 साल के बच्चे ने गलती से चला दी गोली, नाबालिग की मौत…

    खेलते समय 11 साल के बच्चे ने गलती से चला दी गोली, नाबालिग की मौत…

    लखनऊ : एक 10 साल के लड़के को 11 साल के एक लड़के ने गलती से गोली मार दी, जिसने लुका-छिपी का खेल खेलते समय भरी हुई बंदूक का इस्तेमाल किया था। घटना कौशांबी जिले में करारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। ‘आरोपी’ लड़का एक स्थानीय राजनेता का बेटा है। कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पी. हेमराज मीणा ने कहा कि शाम करीब सात बजे तीन बच्चे, जिनमें एक के पिता के पास पिस्तौल थी और 10 वर्षीय पीड़ित, पड़ोस के एक नौ वर्षीय लड़के के साथ खेल रहे थे।

    घर एक राजनीतिक दल के पदाधिकारी का था, जो आरोपी लड़के का पिता है। एसपी ने कहा, इस बीच, एक गोली की आवाज सुनी गई और पड़ोसी खून से लथपथ 10 साल के बच्चे को देखने के लिए अंदर भागे, जबकि गोली मारने वाला लड़का जोर-जोर से रो रहा था। तीसरा बच्चा बिस्तर के नीचे छिपा हुआ था। एसपी मीणा ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि खेलते समय लड़के ने अलमारी से पिस्टल निकाल ली और गलती से गोली चला दी।

    उन्होंने कहा, फोरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं और घटना की विस्तृत जांच की जाएगी। घटना के वक्त आरोपियों के माता-पिता घर पर नहीं थे। पड़ोसियों ने हमें बताया कि तीनों दोस्त थे और नियमित रूप से एक साथ खेलते थे।

  • आईपीएस संजय अरोड़ा होंगे दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर…

    आईपीएस संजय अरोड़ा होंगे दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर…

    नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना को दूसरी बार सेवा विस्तार नहीं मिल पाया। अब उनकी जगह तमिलनाडु कैडर के आईपीएस संजय अरोड़ा नए दिल्ली पुलिस आयुक्त होंगे। आज 31 जुलाई को राकेश अस्थाना का दिल्ली पुलिस आयुक्त के पद पर अंतिम दिन था। उससे पहले ही गृह मंत्रालय की ओर से संजय अरोड़ा को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त कर दिया गया है।

    दिल्ली पुलिस में तीसरी बार ऐसा हुआ है जब किसी गैर यूटी कैडर के आईपीएस को दिल्ली पुलिस का मुखिया बनाया गया। उनको केंद्र सरकार के बेहद करीबी माना जाता था। संजय अरोड़ा को पुलिस आयुक्त बनाने के अब यह साफ हो गया की यूटी कैडर का सबसे बड़ा 1988 बैच के आई पीएस को दिल्ली पुलिस आयुक्त बनने का सपना अधूरा रह जायेगा। इस कैडर में वर्तमान में चार आईपीएस हैं।

    गुजरात कैडर के 1984 बैच के आइपीएस दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना का कार्यकाल आज 31 जुलाई को खत्म हो रहा था। आयुक्त पद पर रहते हुए अस्थाना ने दिल्ली पुलिस को बेहतर दिशा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वर्षों से एक ही ढर्रे पर चलने वाली दिल्ली पुलिस के कामकाज में अमूल चूक बदलाव लाकर अस्थाना ने इस बल को और मजबूत व पेशेवर बनाने की दिशा में एक के बाद कई मजबूत फैसले लिए थे। उन्होंने दिल्ली पुलिस को एक नई दिशा दी, जो महकमे में चर्चा का विषय बना रहा था।

    सरकार से मजबूत संबंध होने, उनकी कार्यशैली व कामकाज के तौर तरीके से माना जा रहा है कि उन्हें दोबारा भी दिल्ली पुलिस में सेवा विस्तार दिया जा सकता है अथवा इससे भी बड़ा कोई पद मिल सकता है मगर ऐसा न हो सका। उनका कार्यकाल खत्म होने का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा था दिल्ली पुलिस ही नहीं केंद्र शासित प्रदेशों में तैनात यूटी कैडर के समस्त आइपीएस की निगाहें गृह मंत्रालय के निर्णय पर टिकी हुई थी। अब उन सब पर विराम लग गया है।

  • 3 कांग्रेस विधायकों को सोनिया गांधी ने किया निलंबित, जाने क्या है मामला…

    3 कांग्रेस विधायकों को सोनिया गांधी ने किया निलंबित, जाने क्या है मामला…

    रांची. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने झारखंड के 3 विद्यायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया है. जामताड़ा के इरफान अंसारी, खिजरी के राजेश कच्छप और कोलेबिरा के नमन विक्सल कोंगाड़ी को निलंबित किया गया है . कैश कांड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष ने 24 घंटे के अंदर ये करवाई की है. शनिवार को पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के तीनों विधायक को उनकी गाड़ी में नोट की गड्डियों के साथ हिरासत में लिया था .

    इस घटना को झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को अपदस्थ करने के साथ जोड़ कर देखा जा रहा है . इसको लेकर रांची के अरगोड़ा थाना में भी मामला दर्ज कराया गया है. ऐसा पहली बार नहीं है जब राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को अपदस्थ करने का मामला सामने आया है. इससे पहले भी दो बार इस मामले में FIR दर्ज हो चुका है.

    इधर कांग्रेस के तीन विधायकों के कैश के साथ पकड़े जाने के बाद से ना सिर्फ पार्टी के अंदर , बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज है . कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा है कि धन – बल – षड्यंत्र के दम पर बीजेपी सत्ता हासिल करना चाहती है . ये लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है . लगातार इस तरह की कोशिश देश भर में हो रही है.

    वहीं अविनाश पांडेय के अनुसार विधायकों के इस कृत्य के लिये कांग्रेस अध्यक्ष ने तीनों विधायकों निलंबित किया है. भविष्य में अगर ये सब कुछ इसी तरह चलता रहा , तो इन्हें पार्टी से निष्काषित भी किया जाएगा .

  • कई जिलों में हिली धरती, लोगों ने महसूस किए भूकंप के झटके

    कई जिलों में हिली धरती, लोगों ने महसूस किए भूकंप के झटके

    पटना. इस वक्त की बड़ी खबर बिहार से है जहां रविवार की सुबह राज्य के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. बिहार के बेगूसराय, किशनगंज, कटिहार, मुजफ्फरपुर, मधेपुरा अररिया, सीतामढ़ी, दरभंगा, सुपौल, लखीसराय और मुंगेर में भूकंप के झटके लोगों ने महसूस किए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार की सुबह 8 बजे के करीब सभी लोगों को अचानक से भूकंप के झटकों का एहसास हुआ.

    हालांकि भूकंप की तीव्रता काफी कम थी, इस कारण मामूली झटकों की वजह से अधिकांश लोगों को इसका आभास नहीं हो पाया है. कटिहार में भी भूकंप के हल्के झटके लोगों ने महसूस किए हैं. दरअसल रविवार को अहले सुबह से ही प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है. इसके पहले शनिवार की देर रात को भी कई इलाकों में बारिश हुई है. फिलहाल भूकंप की खबरों के बीच कहीं से भी किसी अनहोनी की खबर नहीं है.

    राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई. इसका केंद्र नेपाल की राजधानी काठमांडू से 147 किमी दक्षिण पूर्व में था. भूकंप की वजह से फिलहाल किसी भी तरह से नुकसान की कोई खबर नहीं है.

  • अब इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत 10 शूटर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    अब इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत 10 शूटर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

    पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद सबसे चर्चित रहे लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह गोल्डी बराड़ पर दिल्ली पुलिस कानूनी शिकंजा कसने लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और सचिन बिश्नोई समेत 10 शूटर्स के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। जानकारी के मुताबिक चार्जशीट दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके के एक रियल स्टेट बिजनसमैन की हत्या की साजिश रचने, उससे 1 करोड़ की प्रोटेक्शन मनी की डिमांड करने और आपराधिक साजिश रचने पर संगीन धाराओं में दाखिल की गई है।

    पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट 

    पुलिस ने कनाडा में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़, पंजाब पुलिस की कस्टडी में मौजूद लॉरेंस बिश्नोई, दुबई में मौजूद गैंगस्टर सचिन विश्नोई, काला जठेड़ी और पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में फरार शूटर्स दीपक मुंडी और लॉरेश गैंग के दूसरे गुर्गों समेत 10 आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।

    बिजनेसमैन के ऑफिस पर चलाई थी गोलियां

    दरअसल, मोहन गार्डन इलाके में 30 मार्च 2021 को एक बिजनेसमैन के ऑफिस पर गोल्डी बराड़, लॉरेंस बिश्नोई और सचिन बिश्नोई के गुर्गों ने वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें बिजनेसमैन के दोनो पैरों में गोली लगी थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 5 शूटर्स को राजस्थान के हनुमानगढ़ और श्री गंगानगर से गिरफ्तार किया गया था। जबकि नीमच से गैंग को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी।

    शूटर्स के कब्जे से 5 हथियार और करीब 80 कारतूस हुए थे बरामद 

    स्पेशल सेल की चार्जशीट में खुलासा हुआ था कि कनाडा में बैठा गोल्डी बरार और दुबई में मौजूद सचिन विश्नोई लगातार दिल्ली और हरियाणा की जेलों में बंद लॉरेंस गैंग के शूटर्स से बात करते थे। लॉरेंस बिश्नोई भी जेल के अंदर से ही गुर्गों को आदेश दे रहा था। चार्जशीट के मुताबिक इस गैंग के शूटर्स के कब्जे से 5 हथियार और करीब 80 कारतूस बरामद हुए थे।

  • 24 घंटे में दूसरी बार मिली एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी, लाखों रुपए की मांगी फिरौती

    24 घंटे में दूसरी बार मिली एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी, लाखों रुपए की मांगी फिरौती

    रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में बिरसा मुंडा हवाई अड्डे को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एक मैसेज के जरिए रांची एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली, साथ ही 20 लाख रुपये की मांग की गई। एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। जांच चल रही है। सीआइएसएफ, स्थानीय पुलिस और हवाई अड्डा सुरक्षा दल ने पूरे हवाई अड्डे की जांच की है।

    हवाई अड्डे पर को बम से उड़ाने की धमकी का आया फोन

    रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे को शुक्रवार से पहले वीरवार को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, बाद में यह धमकी फर्जी निकली। रांची हवाई अड्डे के निदेशक के एल अग्रवाल ने बताया था कि करीब 12 बजे हवाई अड्डे पर को बम से उड़ाने की धमकी वाला फर्जी फोन कॉल आया। जिसके बाद पूरे हवाई अड्डे को एलर्ट कर दिया गया और तय मानकों के अनुसार हवाई अड्डे के हर कोने की गहन जांच बम निरोधक दस्ते ने की लेकिन धमकी फर्जी निकली। वीरवार को आए फोन को लेकर आधिकारिक सूत्रों ने बताया था कि यह फोन कॉल झारखंड के बाहर से आया था और फोन करने वाले ने बताया कि उसके चार साथी हवाई अड्डे के भीतर मौजूद है। जिनके पास बैग है। इतना ही नहीं फोनकर्ता ने बताया कि उसके साथी हवाई अड्डे को बम से उड़ा देंगे।

    फर्जी फोन करने वाले के खिलाफ FIR दर्ज

    सूत्रों ने बताया कि फोनकर्ता ने अपना नाम नहीं बताया था लेकिन प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिसने फोन किया था उसका नाम रितेश है और वह नालंदा का रहने वाला है। हवाई अड्डे के निदेशक ने बताया कि धमकी भरे फोन की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी जिसके बाद बम निरोधक दस्ते ने पूरे हवाई अड्डे की जांच की थी। अग्रवाल ने बताया था कि कि इस मामले में फर्जी फोन करने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

  • ट्रांसपोर्ट विभाग को लेकर एक और आदेश जारी

    ट्रांसपोर्ट विभाग को लेकर एक और आदेश जारी

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में सरकार की शराब नीति को लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश करने के बाद अब आम आदमी पार्टी सरकार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने परिवहन विभाग के कामकाज को लेकर सवाल खड़े किए है। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों के करप्शन में लिप्त होने को लेकर ACB से जांच कराने के आदेश दिए हैं।

    दिल्ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने एंटी-करप्शन ब्रांच को ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के अधिकारियों के करप्शन में लिप्त होने को लेकर जांच करने का आदेश दिया है। हाल ही में एलजी की ओर से दिल्ली सरकार की शराब नीति को लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी, जिसे लेकर पूरा सियासी घमासान छिड़ गया था। अब दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली सरकार के बीच तनातनी के लिए ये नया मामला हो सकता है।

    हाईकोर्ट का था आदेश

    राष्ट्रीय राजधानी की कई ऑटो रिक्शा चालक यूनियन की ओर से आपराधिक रिट याचिका दायर की गई थी, जिस पर दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के मद्देनजर यह निर्देश दिया गया है।

    बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप

    याचिका में सड़क परिवहन कार्यालय में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार और ऑटो रिक्शा चालकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। उपराज्यपाल ने एक महीने में जांच पूरी कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

    सतर्कता निदेशालय ने की थी पड़ताल

    सूत्रों ने कहा कि सतर्कता निदेशालय ने मामले की पड़ताल की थी और पाया कि याचिकाकर्ताओं ने आरटीओ में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और ऑटो रिक्शा चालकों को प्रभावित करने वाले कृत्यों के बारे में गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि आरोप है कि मोटर लाइसेंस अधिकारी और सड़क परिवहन कार्यालय (RTO) की साठगांठ से परमिट दिए जा रहे थे।

  • भारतीय वायुसेना का ऐलानः जानें कब होंगे मिग-21 फाइटर प्लेन्स रिटायर

    भारतीय वायुसेना का ऐलानः जानें कब होंगे मिग-21 फाइटर प्लेन्स रिटायर

    नई दिल्लीः मिग-21 क्रैश में दो जबांज फ्लाईंग अधिकारियों को खोने के बाद भारतीय वायुसेना ने इस बात का ऐलान किया कि वो 2025 तक पुराने हो चुके सभी रूसी मिग-21 फाइटर प्लेन्स को धीरे-धीरे सेवा से बाहर कर देगा। इसके साथ ही वायुसेना ने कहा कि आगामी 30 सितंबर तक मिग -21 बाइसन विमान के एक और स्क्वाड्रन को सर्विस से हटा देगा।

    श्रीनगर एयरबेस पर तैनात कुल 51 मिग-21 स्क्वाड्रन होंगे रिटायर

    वायुसेना ने इस बात की घोषणा तब कि जब उसने वीरवार की शाम राजस्थान के बाड़मेर में मिग-21 के टाइप 69 ट्रेनर विमान हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट ए बाल और विंग कमांडर राणा की जान गवां दी। समाचार एजेंसी ने वायुसेना के सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि आगामी 30 सितंबर को श्रीनगर एयरबेस पर तैनात कुल 51 मिग-21 स्क्वाड्रन को रिटायर कर दिया जाएगा।

    2025 तक सेवा मुक्त होंगे सभी मिग-21

    उसके बाद वायुसना के पास मिग-21 से कुल तीन स्क्वाड्रन सेवा में रह जाएंगे, जिन्हें धीरे-धीरे करके हर साल एक स्क्वाड्रन के हटाने के साथ 2025 तक पूरी तरह सेवा से हटा दिया जाएगा। मालूम हो कि 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक करने के लिए इन्हीं मिग-21 को प्रयोग किया गया था। उस अभियान में मिग-21 से दुश्मन सीमा में बम दागने के बाद भारतीय सीमा में लौट रहे विंग कमांडर (अब ग्रुप कैप्टन) अभिनंदन वर्धमान ने अमेरिका निर्मित पाकिस्तान के अत्याधुनिक फाइटर प्लेन एफ-16 को मार गिराया था।

    लेकिन उस दौरान तकनीकि दिक्कतों के कारण से उनका मिग क्रैश हो गया था और वो पैराशूट की मदद से पाकिस्तान की सरहद में उतरने के लिए मजबूर हो गये थे। इस संबंध में वायुसेना के सूत्रों का दावा है कि मिग-21 द्वारा यह एकमात्र उदाहरण था, जब उसने हवा में हुई लड़ाई के दौरान अमेरिका के अत्याधुनिक एफ-16 को मार गिराया था। लेकिन हादसे की तेज होती रफ्तार को देखते हुए वायुसेना का स्पष्ट कहना है कि वो मिग-21 फाइटर जेट्स की जगह सू-30 और स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) को अपनी मजबूत प्रतिरोधी और आक्रामक रणनीति के तहत स्थान दे रहे हैं।

    20 महीनों में 6 मिग-21 हुए क्रैश

    मिग-21 के हादसों के आकड़ों की बात करें तो गुजरे 20 महीनों में 6 मिग-21 क्रैश हुए हैं, जिनमें भारतीय वायुसेना के पांच फाइटर पायलटों की जान गई है। हादसे के बाद वायुसेना का कहना है कि मिग-21 की सेवा का बहुत पहले बंद कर दिया जाना था, लेकिन लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस को वायुसेना में शामिल करने में हुई देरी के कारण मिग-21 को रखना पड़ा था।

    राजस्थान में हुए हादसे के बाद वायुसेना के अधिकारियों का कहना है कि वायुसेना की किसी भी उड़ान से पहले ग्राउंड स्टॉफ के जरिये मिग-21 विमानों की व्यापक जांच की जाती है और साथ ही पायलट द्वारा उड़ान भरने से पहले सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं को गंभीरता से परखा जाता है लेकिन उसके बाद भी हो रहे हादसे दुर्भाग्यपूर्ण हैं, जिनमें हमें अपने बहादुर फाइटर पायलटों की जान गंवानी पड़ रही है।

  • घर से एक परिवार के 4 शव मिलने से मचा हड़कंप, दो बच्चे भी शामिल

    घर से एक परिवार के 4 शव मिलने से मचा हड़कंप, दो बच्चे भी शामिल

    मुंबईः महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के शिवाजीनगर इलाके में एक ही घर में परिवार के चार लोगों के शव मिले हैं। चार में से दो शव बच्चों के हैं। शिवाजी नगर के गोवंडी के पास बैंगनवाड़ी इलाके में इन चारों के शव मिले हैं। पुलिस जांच में जुट गई है। गोवंडी के बैंगनवाड़ी में इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है।

    अभी जो चार शव बरामद हुए हैं उनमें दो शव बच्चों के भी होने की वजह से इलाके में हडकंप मच गया है। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई है। भीड़ को वहां से हटाने के लिए पुलिस बंदोबस्ती बढ़ाई गई है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चेंबूर के शताब्दी अस्पताल में भेजा गया है। अब तक पुलिस ने मृतकों की पहचान जारी नहीं की है। पुलिस एक ही घर में, एक ही परिवार के चार सदस्यों की इस तरह हुई संदिग्ध मौत की वजह तलाश रही है।

    पड़ोसियों से की जा रही पूछताछ

    इस बीच शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन की पुलिस घटनास्थल से सबूतों के शिनाख्त और उनकी पहचान के काम में लगी हुई है। आस-पड़ोस के लोगों से संबंधित परिवार के बारे में पूछताछ का काम शुरू है। पुलिस घटनास्थल पर मौजदू संदिग्ध सामानों को अपने कब्जे में ले रही है।

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद, मौत की वजहों का लगेगा अंदाज़

    शिवाजी नगर पुलिस ने बरामद हुए चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के चेंबूर स्थित शताब्दी अस्पताल में भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों का अंदाज लगाया जा सकेगा। इसलिए पुलिस फिलहाल इस बारे में कुछ भी ज्यादा जानकारियां देने से मना कर रही है। यहां तक कि मृतकों की पहचान भी जारी नहीं की गई है।

    पुलिस ने नहीं बताया है मृतकों का नाम

    यह खबर सामने आते ही आग की तरह फैल रही है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले पुलिस अतिरिक्त सावधानी बरत रही है। पुलिस ने अब तक मरने वालों के नाम तक नहीं बताए हैं और ना ही कोई और पहचान जारी की है। लेकिन खबर तेजी से फैलने की वजह से घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई है। उन्हें नियंत्रण में रखने के लिए और पुलिस कार्रवाई में कोई रुकावट से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस दल को घटनास्थल पर बुला लिया गया है।

  • सिली सोल्स बार मामला: हाईकोर्ट ने जयराम रमेश समेत कांग्रेस के 3 नेताओं को जारी किया समन

    सिली सोल्स बार मामला: हाईकोर्ट ने जयराम रमेश समेत कांग्रेस के 3 नेताओं को जारी किया समन

    नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा मानहानि की अर्जी पर दिल्ली हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश और पवन खेड़ा को समन जारी किया है। इतना ही नहीं कोर्ट ने पवन खेड़ा को उस ट्वीट को हटाने का भी निर्देश दिया है, जिसमें उन्होंने स्मृति ईरानी की बेटी पर अवैध लाइसेंस के द्वारा बार चलाने का आरोप लगाया था। दरअसल, दोनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्मृति की बेटी पर अवैध लाइसेंस के द्वारा बार चलाने का आरोप लगाया था। स्मृति ईरानी की ओर से कोर्ट को बताया गया कि जिस बार का जिक्र कांग्रेस नेता बार बार कर रहे हैं उससे उनकी बेटी का कोई रिश्ता या लेना देना नहीं है। दुर्भावना से उस बार के साथ मेरी बेटी का नाम जोड़ा गया है।

    18 अगस्त को होगी अगली सुनवाई 

    इस मामले में आधारहीन और मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं। दिल्ली हाईकोर्ट ने पवन खेड़ा को बार लाइसेंस विवाद के आरोपों पर अपमानजनक ट्वीट को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। इस मामले में 18 अगस्त को अगली सुनवाई होगी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा दाखिल सिविल मानहानि के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने कांग्रेस नेता जयराम नरेश, पवन खेड़ा और नेट्टा डिसूजा को समन जारी कर अगली सुनवाई में जवाब के साथ हाजिर होने का कहा है। मानहानि का सिविल सूट होने की वजह से समन भी जारी किया गया है।

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश बोले- स्मृति द्वारा किए दायर मुकदमें को देंगे चुनौती  

    वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने हमें स्मृति ईरानी द्वारा दायर मामले का औपचारिक जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है। हम अदालत के सामने तथ्यों को पेश करने के लिए उत्सुक हैं। हम स्मृति ईरानी द्वारा डाली जा रही दायर याचिका को चुनौती देंगे और खारिज करेंगे।

    क्या है मामला

    कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी के गोवा स्थित रेस्त्रां को लेकर हमला साधा था। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा था कि वह जिस पार्टी से जुड़ी हैं, उनकी बेटी भी बहुत संस्कारी होनी चाहिए, लेकिन वो गोवा में एक रेस्टोरेंट चला रही है, जिसने 13 महीने पहले मरे हुए एक शख्स के नाम पर फर्जी लाइसेंस हासिल किया है।