Category: Government News>Haryana Govt

  • प्रदेश सरकार का उद्देश्य है प्रत्येक नागरिक को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

    प्रदेश सरकार का उद्देश्य है प्रत्येक नागरिक को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

    कृषि मंत्री ने गांव अलाहर में 5 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र का किया शिलान्यास उद्घाटन चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा यमुनानगर के विधानसभा क्षेत्र रादौर के गांव अलाहर में 5 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से लगभग डेढ़ एकड़ भूमि में बनने वाले प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र का शिलान्यास कर गांव वासियों को एक अच्छी सौगात दी। इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्राथमिक चिकित्सा केन्द्र के बनने से लोगों को उनके घर-द्वार पर ही स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेगी और प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण स्तर पर लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

    उन्होंने कहा कि इस प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के निर्माण से आसपास के गांवों के हजारों लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए नए अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है।

    मंत्री ने कहा कि शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए हमें योग भी करने चाहिए। योग करने से हमारा शरीर तंदुरुस्त रहता है। जब हमारा शरीर स्वस्थ होगा तो हमारे कार्य भी अच्छी प्रकार से होगें। उन्होंने कहा कि उनका मकसद है कि मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर रादौर विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का खुशहाल क्षेत्र बनाया जाए।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गांवों और शहरों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

    इस अवसर पर सीएचसी रादौर के एसएमओ डॉ. विजय कुमार, पीएचसी अलाहर के डॉ. अजय कुमार, जिला परिषद के कार्यकारी अभियंता नरेश ढिल्लो, एसडीओ जोगिन्द्र खामरा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

  • नशा मुक्त भारत अभियान: प्रतियोगिता के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का दें संदेश

    नशा मुक्त भारत अभियान: प्रतियोगिता के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का दें संदेश

    चंडीगढ़ : नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा नशा मुक्त युवा से विकसित भारत अभियान के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

    विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। इच्छुक प्रतिभागी माई भारत के आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन एवं पंजीकरण की अंतिम तिथि 27 जुलाई निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा नृत्य, गायन, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, वाद-विवाद, रील मेकिंग, नारा लेखन तथा कविता लेखन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण के इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

  • अटेली के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक रेस्ट हाउस: रणबीर गंगवा

    अटेली के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक रेस्ट हाउस: रणबीर गंगवा

    चंडीगढ़: हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रेस्ट हाउस बनाया जाएगा। इसके निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि यह रेस्ट हाउस सभी जरूरी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

    इसके बनने से क्षेत्र में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में सरकारी कामकाज को भी और अधिक सुचारू ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना की सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। रेस्ट हाउस में बिजली सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य तय समय में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है और विकास का लाभ प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाया जा रहा है।

     

  • हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की शिष्टाचार भेंट

    हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की शिष्टाचार भेंट

    चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास में शिष्टाचार भेंट की और प्रदेश के समग्र विकास व सड़क ढांचे के संबंध में उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

    इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने हरियाणा में शिक्षा के बुनियादी ढांचे और राजमार्गों की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश भर में सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर का अभूतपूर्व विकास हुआ है। हरियाणा में भी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के विस्तृत जाल से विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आम जनमानस का आवागमन अत्यंत सुगम और सुरक्षित हुआ है।

    ढांडा ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक विद्यार्थियों की निर्बाध एवं सुरक्षित पहुंच के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क बेहद आवश्यक है। बैठक के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के समीप यातायात सुरक्षा प्रबंधों और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि नितिन गडकरी का अनुभव और दूरगामी दृष्टिकोण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। आज की इस शिष्टाचार भेंट में हरियाणा के युवाओं और विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे के विस्तार पर बेहद सार्थक चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हरियाणा में शिक्षा एवं अवस्थापना विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

  • हरियाणा के राज्यपाल से मिले केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र के विस्तार पर हुई चर्चा

    हरियाणा के राज्यपाल से मिले केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र के विस्तार पर हुई चर्चा

    रेवाड़ी में निर्माणाधीन एम्स एवं पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की समीक्षा की

    चंडीगढ़: केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने आज यहां लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के बीच हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं तथा आयुष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को इसकी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। बैठक के दौरान उन्होंने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस पर केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संस्थान का विधिवत उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को हरियाणा सहित देशभर में आयुष चिकित्सा पद्धति को सुदृढ़ बनाने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दूरदराज एवं वंचित क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं एवं वंचित लोगों सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को समान, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अवसंरचना तथा चिकित्सा सेवाओं का निरंतर सुदृढ़ीकरण आवश्यक है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार – प्रतापराव जाधव

    केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने राज्यपाल को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समग्र एवं समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष चिकित्सा पद्धति को भी समान रूप से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीब एवं वंचित लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ एडवोकेट मनोज बख्शी भी उपस्थित थे।
  • मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर दी बधाई

    मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर दी बधाई

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की और लोगों की समस्याओं को सुना। इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का किन्नू ऐसा पहला फल है जिसे जीआई टैग मिला है। इस जीआई टैग से सिरसा के किन्नू की पहचान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे किन्नू के उत्पादन और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए इस पहचान को बरकरार रखें। जीआई टैग से किसानों की आय में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने किसानों को जीआई टैग मिलने पर बधाई भी दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बड़ागुढ़ा के प्रगतिशील किसान निखिल मेहता, ऐलनाबाद के प्रगतिशील किसान मनोज कुमार, डबवाली के प्रगतिशील किसान कृष्ण कुमार तथा एचडीओ सीमा कंबोज को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की। जिला उद्यान अधिकारी दीन मोहम्मद ने बताया कि सिरसा का किन्नू हरियाणा राज्य का पहला स्वतंत्र जीआई टैग प्राप्त कृषि उत्पाद बन गया है। इससे पहले बासमती और फुलकारी को संयुक्त रूप से जीआई टैग प्राप्त था, लेकिन सिरसा किन्नू ने हरियाणा की विशिष्ट कृषि उपज के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। दीन मोहम्मद ने बताया कि अब तक स्वतंत्र जीआई टैग नहीं होने के कारण सिरसा का किन्नू अन्य राज्यों के किन्नू के साथ मिश्रित होकर बिकता था, जिससे किसानों को उनकी गुणवत्तापूर्ण उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब स्वतंत्र जीआई टैग मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी और सिरसा किन्नू की ब्रांड वैल्यू भी मजबूत होगी।

    युवाओं के साथ मिलकर काम कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री

    एक अन्य प्रश्र के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सीईटी और नीट की परीक्षा के दौरान कोई परेशानी नहीं आई और यातायात की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। विपक्ष ने युवाओं को भडक़ाने व बरगलाने का काम किया है, लेकिन सरकार गंभीरता से युवाओं के साथ काम कर रही है। विपक्ष को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि उनके समय में युवाओं के साथ किस प्रकार का बर्ताव होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक ही विजन है कि युवाओं को सशक्त और मजबूत करना। इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक

    बैठक में 18 परिवादों का किया गया समाधान

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में रखी गई 19 शिकायतों में से 18 का मौके पर समाधान व निपटान किया गया, जबकि एक शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। बैठक में ओडिशा के पूर्व गवर्नर प्रो. गणेशी लाल भी उपस्थित रहे। गांव गंगा निवासी परमजीत सिंह की शिकायत थी कि गांव झुट्टीखेड़ा निवासी सुल्तान सिंह की 11 जून 2000 को मृत्यु हो चुकी है और उनकी कोई शादी नहीं हुई थी, उनकी 40 कनाल एक मरला जमीन को फर्जी वसीयत से नाम करवा लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में विजिलेंस से जांच करवाने के निर्देश दिए हैं, इससे पहले इस मामले की जांच जिला राजस्व अधिकारी द्वारा की गई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोलर पैनल लगाने वाली एमएस सोम कॉर्पोरेशन हिसार द्वारा स्थापित सोलर पैनलों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह मामला सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में गांव गुड़िया खेड़ा के विनोद कुमार की ओर से रखा गया, जिसमें बताया कि 18 दिसंबर 2024 को आवेदन किया था। इस कंपनी ने अदायगी के बाद भी उसके सोलर पैनल नहीं लगाए और न ही राशि वापस लौटाई। बैठक में इसी कंपनी के खिलाफ गलत सोलर पैनल संबंधी अन्य शिकायतें भी आई । मुख्यमंत्री ने मारपीट के मामले में थाना रानियां के ढाणी सतनाम निवासी कमलेश कौर की शिकायत पर दोषी पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमलेश कौर ने बताया कि उनके ऊपर हमला हुआ था और इस मामले में दूसरे पक्ष से पंचायत ने समझौता दिखाया गया और इस समझौते में उनके नाबालिग बच्चे के हस्ताक्षर करवाए गए। मुख्यमंत्री ने नाबालिग बच्चे से समझौते पर हस्ताक्षर करवाने को गंभीर माना और कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बैंक द्वारा राशि काट लेने के बावजूद मुआवजा न देने के मामले में बैंक के खिलाफ कार्रवाई और ब्याज सहित राशि देने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में रूपावास निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2022 रबी फसल के लिए बीमा राशि काट ली गई लेकिन बीमा क्लेम दिया गया। जिला भिवानी के गांव बड़सी निवासी अनूप सिंह की शिकायत थी कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग से बीएलईओ शमशेर सिंह 31 मार्च 2019 को सेवानिवृत्त हुए और 27 नवंबर 2024 को कैंसर से उनका देहांत हो गया तथा वे अविवाहित थे और उनकी मां विद्या देवी उन्हीं की पेंशन पर आश्रित है। महालेखाकार को पेंशन संबंधी दस्तावेज भेजने थे, परंतु एसडीओ ने स्थानीय स्तर पर ही केस रिजेक्ट कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस मामले में जांच करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री ने सेक्टर 21 में फ्लैट अलॉट होने के मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए है। शिकायत विजय कुमार निवासी आनंद विहार की ओर से रखी गई कि उसे फ्लैट अलॉट हुआ था, पहले 55 हजार रुपये भरवाए गए और फिर एक लाख 30 हजार रुपये भरवाए गए, इसके बाद अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया गया और उसे भौतिक कब्जा नहीं मिला और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के लंबित सभी मामलों का निपटान किया जाए। इस शिकायत को अगली बैठक में पुन: रखने के निर्देश दिए।

    दिव्यांगों को नए नोटिफिकेशन से मिलेगी पेंशन

    गांव पोहडक़ां निवासी रामपाल की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांगों के लिए दिव्यांगता श्रेणी के प्रमाणपत्र में परिवार की आय के मामले में नया नोटिफिकेशन हो गया है, जिसके अनुरूप बढी हुई आय के अनुसार पेंशन का लाभ मिलेगा। कल्याण नगर निवासी रूप चंद ने शिकायत की कि उसने 2021 में रामजी लाल से जमीन खरीदी थी, जिस पर ट्यूबवेल लगा हुआ है, जबकि ट्यूबवेल कनेक्शन किसी ओर के नाम पर है, यह ट्यूबवेल कनेक्शन उसके नाम किया जाए। जबकि जिसके नाम कनेक्शन है, वह उसे बंद नहीं करवाना चाहता। मुख्यमंत्री ने दूसरे की जमीन पर ट्यूबवेल कनेक्शन देने के मामले में तत्कालीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई व एडीसी को जांच करने के निर्देश दिए हैं। निगम के अधीक्षण अभियंता ने माना कि वर्ष 2010 में कनेक्शन देते समय चूक हुई। मुख्यमंत्री ने दोनों किसानों को अलग-अलग कनेक्शन देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने गांव छतरियां के किसान महेंद्र व अन्य की शिकायत पर एडीसी को जांच के निर्देश दिए। इसी तरह मंडी डबवाली निवासी सुखदेव सिंह व रूप चंद की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई करने को कहा।

    दो परियोजनाओं का किया लोकार्पण

    बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके उपरांत उन्होंने दो परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हाल के प्रांगण में डबवाली में वीटा दुग्ध चिलिंग सेंटर का लोकार्पण किया। इस पर तीन करोड़ 30 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है और इस चिलिंग सेंटर की प्रतिदिन की क्षमता 20 हजार लीटर दूध भंडारण की है। इस केंद्र से डबवाली के 35 से अधिक गांवों के दुग्ध उत्पादकों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल में इंटिग्रेटिड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी यहां लोकार्पण किया है। इस केंद्र में छह बैड का इंडोर पुनर्वास वार्ड स्थापित किया गया है, 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस केंद्र को एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर सीएसआर के तहत बनाया गया है, इस केंद्र में मनोरोग, परामर्श कक्ष, व्यक्तिगत परामर्श कक्ष, मनोवैज्ञानिक थेरेपी क्षेत्र, ग्रुप थेरेपी एवं गतिविधि कक्ष तथा ई-लाइब्रेरी की सुविधा है। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
  • सामाजिक समरसता के नए अध्याय के सूत्रधार बने Nayab Singh Saini

    सामाजिक समरसता के नए अध्याय के सूत्रधार बने Nayab Singh Saini

    महापुरुषों की जयंतियों पर संगत के बीच बैठकर सुनते हैं भजन-कीर्तन, समाज को देते हैं एकता का संदेश

    चंडीगढ़: हरियाणा में सामाजिक समरसता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को निरंतर गति दे रहे हैं। वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नायब सिंह सैनी ने हरियाणा ही नहीं, बल्कि राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में भी महापुरुषों की जयंती समारोहों में भाग लेकर सामाजिक एकता का संदेश दिया है। उनकी सादगी, सहजता और मिलनसार व्यक्तित्व ने समाज के सभी वर्गों के बीच विशेष पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री का मानना है कि संत-महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय के नहीं होते, बल्कि उनके विचार संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। हरियाणा सरकार “हरियाणा एक–हरियाणवी एक” के मूल मंत्र पर चलते हुए संत-महापुरुषों की जयंती और सिख गुरुओं के प्रकाश पर्व सरकारी स्तर पर आयोजित कर सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ कर रही है। वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहली बार सरकारी स्तर पर महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाने की शुरुआत की थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब संत शिरोमणि रविदास, संत कबीरदास, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अनेक संत-महापुरुषों की जयंतियां पूरे सम्मान के साथ सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं। इन आयोजनों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है तथा राज्य सरकार के वार्षिक कैलेंडर में इन्हें विशेष दिवस के रूप में स्थान दिया गया है। हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन चुका है, जहां विभिन्न संत-महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिख गुरुओं के प्रकाश पर्वों को भी सरकारी समारोहों का हिस्सा बनाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत विशेष रेल सेवाएं भी संचालित की गई हैं।

    संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ से घर-घर पहुंच रहे महापुरुषों के विचार

    युवा पीढ़ी को संत-महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ प्रारंभ की है। इस योजना के तहत राज्य, जिला और खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग भी इस योजना के माध्यम से सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहा है। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों को समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संस्थाओं, धर्मगुरुओं और बुद्धिजीवियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। इन पहलों ने हरियाणा में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार किया है।
  • हमारे शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर हमें पूरा विश्वास है – शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

    हमारे शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर हमें पूरा विश्वास है – शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

    चंडीगढ़: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि उन्हें प्रदेश के शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर पूर्ण विश्वास है। शिक्षक ही बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार कर विकसित भारत-2047 के निर्माण की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। उन्होंने यह बात नई दिल्ली स्थित पूसा के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में 22 एवं 23 जुलाई, 2026 को आयोजित राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा मंत्रियों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कही। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा के साथ स्कूली शिक्षा के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

    शिक्षा केवल बौद्धिक विकास नहीं, चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम

    इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना या बौद्धिक विकास तक सीमित रहना नहीं है। वास्तविक शिक्षा वही है जो बच्चे के चरित्र, नैतिक संस्कारों, आत्मविश्वास और भावनात्मक समझ को मजबूती प्रदान करे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की शिक्षा नीति का ध्येय हर बच्चे को उसकी विशिष्ट रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का समान अवसर देना है। राज्य में विद्यालयों को केवल पढ़ाई के केंद्र न बनाकर ऐसे जीवंत संस्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां बच्चों के सपनों, प्रतिभा और व्यक्तित्व को सही और सकारात्मक दिशा मिल सके।

    प्रारंभिक शिक्षा, कौशल और खेलों पर है विशेष बल

    मंत्री महीपाल ढांडा ने हरियाणा सरकार द्वारा स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बुनियादी साक्षरता एवं सीखने के स्तर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। विद्यार्थियों में कौशल विकास व स्वरोजगार की भावना विकसित करने के लिए व्यावहारिक पाठ्यक्रम लागू कर रही है। स्कूली स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध करा रही है।

    शिक्षक ही हैं ‘विकसित भारत-2047’ के वास्तविक शिल्पकार

    शिक्षकों की भूमिका को सर्वोपरि बताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक हमारी शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। वे केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि बच्चों में अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। हमारे शिक्षक प्रतिदिन कक्षाओं में देश का भविष्य गढ़ रहे हैं और यही ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण की वास्तविक नींव तैयार कर रहे हैं। उन्हें शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर पूर्ण विश्वास है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी गुरुजनों को शत-शत नमन किया। आईटीआई, आईआईएमटी, आईआईएम और सीएसआईआर के सहयोग से सशक्त होगा शिक्षक प्रशिक्षण शिक्षकों के ज्ञान और कौशल को निरंतर अपडेट करने की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा मंत्री ने एक दूरदर्शी सुझाव प्रस्तुत किया। शिक्षक प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी, आधुनिक और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए देश के शीर्ष संस्थानों—जैसे आईटीआई, आईआईएमटी, आईआईएम और सीएसआईआर का प्रत्यक्ष सहयोग लिया जाना चाहिए। इससे शिक्षकों को अत्याधुनिक शिक्षण विधियों और शोध- आधारित तकनीकों का लाभ मिल सकेगा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया तथा राज्य परियोजना निदेशक श्री स्वप्निल रविंद्र पाटिल भी उपस्थित रहे।
  • मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को लोकतंत्र की सजग चेतना बताया, कहा- सत्य और जिम्मेदारी ही पत्रकारिता की असली ताकत

    मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को लोकतंत्र की सजग चेतना बताया, कहा- सत्य और जिम्मेदारी ही पत्रकारिता की असली ताकत

    संत कबीर कुटीर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों से किया संवाद

    कहा: समाचार का हर शब्द समय का दस्तावेज होता है और हर तस्वीर समाज की चेतना

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पत्रकार केवल समाचार नहीं लिखते, बल्कि वर्तमान को शब्द देते हैं और भविष्य के इतिहास को आकार देते हैं। समाचार का हर शब्द समय का दस्तावेज होता है और हर तस्वीर समाज की चेतना का दर्पण बन जाती है। पत्रकारिता केवल कलम या स्याही से नहीं चलती, बल्कि समाज के विश्वास, जनमत और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी से संचालित होती है। मुख्यमंत्री बुधवार को संत कबीर कुटीर पर सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम चंडीगढ़ से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब समाज में संवाद निरंतर, सार्थक और जीवंत बना रहे। इसमें पत्रकारों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। भारतीय पत्रकारिता की जड़ें हमारी सनातन परंपरा में हैं। महर्षि नारद को विश्व का पहला संदेशवाहक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि सत्य, संतुलन और समाज कल्याण का संदेश पहुंचाना था। स्वतंत्रता आंदोलन में भी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और शहीद भगत सिंह जैसे महान नेताओं ने अपनी लेखनी के माध्यम से राष्ट्र चेतना को जागृत किया। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया के दौर में सूचना कुछ ही क्षणों में पूरी दुनिया तक पहुंच जाती है। ऐसे समय में सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं है कि सूचना कितनी तेजी से फैली, बल्कि यह है कि वह कितनी सत्य और प्रमाणिक है। अनुभवी और जिम्मेदार पत्रकार ही समाज को सही दिशा दे सकते हैं। आलोचना लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन वह तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। समाज को केवल ब्रेकिंग न्यूज नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, समाधान और प्रेरणादायक उदाहरणों की भी आवश्यकता है। पत्रकारिता जब सत्य, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ती है, तब वह राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन जाती है। हरियाणा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और संवाद के लिए प्रतिबद्ध है। इसी भावना के साथ सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन दी जा रही है। पत्रकारों के लिए समूह बीमा योजना संचालित की जा रही है, जिसका पूरा प्रीमियम राज्य सरकार वहन कर रही है। इसके अलावा पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा मृत्यु की स्थिति में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और हरियाणा भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा जैसी स्वास्थ्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे लाखों परिवारों को निशुल्क उपचार का लाभ मिला है। शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों के बच्चों को नई उड़ान दी है। हाल ही में सुपर-100 के अनेक विद्यार्थियों ने आईआईटी, एनआईटी तथा नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में बहुत कम मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज अधिकांश जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं और शेष जिलों में भी तेजी से कार्य चल रहा है। जिला अस्पतालों में भी निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ समाज में विश्वास और सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पत्रकार अपनी निष्पक्ष, जिम्मेदार और रचनात्मक भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे। इस मौके पर सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग, सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम चंडीगढ़ के चेयरमैन एआर पराशर, प्रधान जगतार सिंह संधू, जनरल सेकेट्ररी केवल भारती, मुख्यमंत्री के ओएसडी बी बी भारती, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे।