Category: Haryana

  • किसानों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति, यूईआर पर बैरिकेडिंग, देखें वीडियो

    किसानों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति, यूईआर पर बैरिकेडिंग, देखें वीडियो

    झज्जरः किसान महापंचायत से पहले मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने पंजाब-हरियाणा के शंभू अंतरराज्यीय बॉर्डर को सील कर दिया है। सीमा पर बैरिकेड, सीमेंट ब्लॉक और भारी पुलिस बल तैनात कर किसानों की आवाजाही रोक दी गई।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    वहीं बहादुरगढ़ में दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने रोका है। यूईआर पर बैरिकेडिंग की गई। पंजाब से किसान घाट जा रहे किसानों की पांच बसें हाईवे पर रोकी गईं। दिल्ली कूच रोकने के लिए बहादुरगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। शंभू बॉर्डर पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भारत-अमेरिका FTA के विरोध में किसानों के आज दिल्ली तक एक दिन के मार्च से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है। 50-100 गाड़ियों में किसान दिल्ली कूच के लिए घरोंडा टोल पहुंचने वाले है। पुलिस की बैरिकेटिंग तोड़ दिल्ली पहुंचने का ऐलान कर रहे है।  
  • गुरनाम सिंह चढ़ूनी को पुलिस ने लिया हिरासत में, किसानों का प्रदर्शन, किया टोल जाम, देखें वीडियो

    गुरनाम सिंह चढ़ूनी को पुलिस ने लिया हिरासत में, किसानों का प्रदर्शन, किया टोल जाम, देखें वीडियो

    कुरुक्षेत्र: हरियाणा में किसानों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। दरअसल, कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी को पुलिस ने नेशनल हाईवे-152D पर नाकेबंदी कर हिरासत में ले लिया गया। चढ़ूनी अपने समर्थकों के साथ 21 जुलाई को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन की तैयारियों के सिलसिले में करनाल के घरौंडा की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिसिया तंत्र ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। हालांकि, रणनीतिक तौर पर पुलिस के आला अधिकारी इस मामले में पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं और आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी या डिटेन करने की बात से साफ इनकार कर रहे हैं। ऐसे में किसानों ने चढ़ूनी को रिहा करने के लिए यमुनानगर टोल प्लाजा के बाहर धरना लगा दिया है और टोल को जाम कर दिया है।

    दरअसल, देश के तमाम बड़े किसान संगठन केंद्र सरकार की भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। किसानों का मानना है कि इस सौदे से देश की कृषि व्यवस्था और घरेलू बाजार पर बुरा असर पड़ेगा। इसी रणनीति के तहत 15 जुलाई को जिला स्तर पर बड़ी बाइक रैलियां निकालकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे गए थे। खुद गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने ऐलान किया था कि 21 जुलाई को केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान समेत देश के कोने-कोने से किसान संगठन दिल्ली के राजघाट और किसान घाट पर शांतिपूर्ण तरीके से डेरा डालेंगे। लेकिन इस बड़े जमावड़े से महज 24 घंटे पहले हुई इस पुलिसिया कार्रवाई ने आंदोलन की दिशा बदल दी है।

    गुरनाम सिंह चढ़ूनी की गिरफ्तारी के तुरंत बाद उनके आधिकारिक फेसबुक पेज से एक वीडियो संदेश जारी किया गया। इस वीडियो में चढ़ूनी के बेटे ने दावा किया कि पुलिस ने न सिर्फ उनके पिता बल्कि संगठन के मुख्य प्रवक्ता राकेश बैंस समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग थानों में नजरबंद कर दिया है। वीडियो के जरिए संगठन के तमाम कार्यकर्ताओं तक चढ़ूनी का आखिरी संदेश पहुंचाया गया, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के किसान दोपहर 2 बजे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी टोल प्लाजा को पूरी तरह जाम कर दें।

    फेसबुक वीडियो में विशेष रूप से शाहाबाद और अंबाला के किसानों से अपील की गई है कि वे बिना वक्त गंवाए भारी से भारी तादाद में शंभू बॉर्डर की तरफ कूच करें, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके। सूत्रों की मानें तो शंभू बॉर्डर पर किसानों की हलचल अचानक तेज हो गई है। आज चढ़ूनी घरौंडा में किसानों के बीच अंतिम दौर के प्रचार के लिए जा रहे थे, जहां से सभी संगठनों को एकजुट होकर दिल्ली की सीमा में प्रवेश करना था। किसान नेताओं का साफ कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहने वाला था, लेकिन सरकार ने पहले कार्रवाई करके खुद टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।

     

  • 55 की उम्र में पूर्व विधायक राजपाल की Heart Attack से निधन

    55 की उम्र में पूर्व विधायक राजपाल की Heart Attack से निधन

    यमुनानगरः हरियाणा के यमुनानगर से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का सोमवार सुबह अचानक हार्ट अटैक से निधन हो जाने की खबर सामने आई है। कांग्रेस पार्टी को उनके निधन से भारी झटका लगा है। परिजनों के अनुसार सुबह उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।

    राजपाल भूखड़ी 55 वर्ष के थे और कुमारी सैलजा के करीबी माने जाते थे। लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय थे और वर्ष 2009 में साढौरा (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2019 में टिकट कटने पर वो पार्टी और सैलजा से काफी नाराज हुए थे।

    राजपाल भूखड़ी यमुनानगर के प्रमुख दलित नेताओं में गिने जाते हैं। उनका जन्म 19 मई, 1971 को तत्कालीन अंबाला जिले (वर्तमान यमुनानगर) के गांव भूखड़ी में हुआ। राजपाल अब यमुनानगर के सेक्टर-17 में अपने परिवार सहित रहते थे।

    राजपाल भूखड़ी का राजनीतिक सफर कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ा रहा। वर्ष 2009 में साढौरा (एससी) सीट से उम्मीदवार बने और 47,263 वोट पाकर पहली बार विधायक बने। विधानसभा में उन्होंने किसानों, सिंचाई, सड़क, बिजली, शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए।

     

  • वृंदावन से लौट रहे कार सवार दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, तीन घायल

    वृंदावन से लौट रहे कार सवार दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, तीन घायल

    पलवलः होडल थाना अंतर्गत दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वृंदावन से दर्शन कर ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर लौट रहे कार सवार दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है।

    ग्रेटर नोएडा के दादरी का रहने वाला हिमांशु अपने दोस्तों के साथ कार से वृंदावन शनिदेव के दर्शन करने के लिए निकला था। उसके साथ ग्रेटर नोएडा के राजपुर का रहने वाला निशांत, जुनपथ का रहने वाले शिवम व निशांत और सादोपुर का रहने वाला लकी भी सवार थे।

    रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वापसी में होडल थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और दिल्ली से आगरा जाने वाली लेन में चल रही कार से जा टकराई।

    हादसे में हिमांशु और निशांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम, निशांत और लकी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

  • 3 दिन से लापता किसान की हत्या, CCTV ने खोला मर्डर का राज

    3 दिन से लापता किसान की हत्या, CCTV ने खोला मर्डर का राज

    पानीपतः जिले के नूरपुर गढ़ी गांव में 3 दिन से लापता किसान रणबीर का शव पसीना गांव के पास झाड़ियों में मिला है। शनिवार को मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्वजन का शक गांव के ही एक व्यक्ति पर गया था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। सूचना मिलने पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर पसीना गांव के पास झाड़ियों से शव बरामद कर लिया।

    पुलिस के अनुसार मृतक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान गांव में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई, जिसमें गांव का ही एक व्यक्ति रात करीब 11:20 बजे अपनी साइकिल के पीछे भारी गठरी बांधकर खेतों के रास्ते जाता दिखाई दिया।

    पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 16 जुलाई की रात खेत में काम के दौरान दोनों के बीच ट्यूबवेल पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में धारदार हथियार से किसान के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

  • नशे में सड़क पर आया शख्स, बचाने के चक्कर में KMP पर भिड़े कैंटर; ड्राइवर समेत 3 की मौत

    नशे में सड़क पर आया शख्स, बचाने के चक्कर में KMP पर भिड़े कैंटर; ड्राइवर समेत 3 की मौत

    बहादुरगढ़ः कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर झज्जर जिले के गांव सिलोठी के पास भीषण सड़क हादसे में दो कैंटर चालकों समेत 3 लोगों की मौत होने का मामला सामने आया है। जबकि एक अन्य कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक अज्ञात व्यक्ति कथित रूप से शराब के नशे में एक्सप्रेस-वे पर आ गया। इसी दौरान बुलंदशहर निवासी आईसर कैंटर चालक अनिल कुमार उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। पहले हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहा दूसरा आईसर कैंटर भी दुर्घटना की चपेट में आ गया।

    अज्ञात व्यक्ति दूसरे कैंटर के नीचे आ गया और यह वाहन आगे जाकर पहले कैंटर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अज्ञात व्यक्ति और दोनों कैंटर चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहा तीसरा आईसर कैंटर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गया, जिससे उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों में केवल एक चालक की पहचान बुलंदशहर निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे के कारण केएमपी एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

  • PM Modi के दौरे पर मिली नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

    PM Modi के दौरे पर मिली नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी

    अलर्ट मोड पर प्रशासन, खाली करवाया स्कूल

    रोहतकः देश के प्रधानमंत्री आज हरियाणा के जिंद दौरे पर है, जहां उनके द्वारा हाइड्रोजन ट्रेन का उद्धघाटन किया गया। जिसके बाद अब वह चंडीगढ़ दौरे के लिए रवाना हुए। वहीं पीएम मोदी के दौरे के दौरान एक बार फिर से धमकी भरे ई-मेल मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार यह धमकी ईमेल के माध्यम से नगर निगम आयुक्त (कमिश्नर) की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई। दरअसल, रोहतक में नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को खाली करवा दिया गया है। स्कूल और निगम कार्यालय में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है, जबकि लोगों में डर देखने को मिल रहा है। नगर निगम के कमिश्नर सत्येन्द्र दुहन की मेल पर धमकी भरा मैसेज आया है, जिसके बाद से निगम कर्मचारी डरे हुए है। पूरे निगम कार्यालय को खाली करवा दिया है। वहीं, निगम के साथ ही मॉडल स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसके बाद सभी बच्चों की स्कूल से छुट्टी करके खाली करवाया गया है। फिलहाल धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं। नगर निगम मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि कमिश्नर सत्येंद्र दुहन की मेल पर एक मैसेज खालिस्तान के नाम से आया हुआ है, जिसमें नगर निगम और मॉडल स्कूल को उड़ाने की बात कही गई है। इस मामले में डीसी और एसपी से बात करके बिल्डिंग को खाली करवा दिया है। स्कूल की भी छुट्टी करवाई गई है। मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि एसपी गौरव राजपुरोहित ने अपनी एजेंसी को जांच के लिए लगा दिया है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। एसपी का कहना है कि फेक मेल है। लेकिन सावधानी के तौर पर बिल्डिंग को खाली करवाकर रंगशाला में कर्मचारियों को शिफ्ट किया गया है। मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि अभी तक कोई दिक्कत नजर नहीं आ रही है। किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। वह खुद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारण कार्यक्रम में बैठे हुए थे, जब उन्हें इसके बारे में पता चला। वह कार्यक्रम को छोड़कर आए हैं और स्थिति का जायजा लिया है।
  • भारत की पहली हाईड्रोजन ट्रेन का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, ये हैं खासियत, देखें वीडियो

    भारत की पहली हाईड्रोजन ट्रेन का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन, ये हैं खासियत, देखें वीडियो

    5 से 25 रुपए के बीच रखा गया किराया

    जिंदः देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्धाघटन किया। इस दौरान भारी संख्या में मौजूद लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान हरियाणा के राज्यपाल महामहिम प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव साथ मौजूद रहे। जींद रेलवे स्टेशन पर जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली पहली हाइड्रोजन ट्रेन है। इसके साथ ही हाइड्रोजन फ्यूल से चलने वाली ट्रेन शुरू करने वाला भारत दुनिया का पांचवां देश बन गया है। इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में ही हाइड्रोजन ट्रेनें चल रही हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि आज भारत को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिलने का सपना साकार होने जा रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत और सतत विकास की दिशा में एक बहुत बड़ा दिन है। मैं इससे जुड़े सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं।” दरअसल, 10 कोच वाली यह ट्रेन जींद-सोनीपत रूट पर 14 स्टेशनों के बीच अधिकतम 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। हाइड्रोजन ट्रेन में सफर करना प्‍लेटफॉर्म टिकट से भी सस्‍ता पड़ने वाला है। दरअसल, इसका किराया 5 से 25 रुपए के बीच रखा गया है। ट्रेन 89 किलोमीटर का सफर करीब 2 घंटे में पूरा करेगी। ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो मेडिकल कॉलेजों समेत कुल 9 प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। रेल मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, यह सेवा ट्रेन संख्या 74010 और 74009 के रूप में संचालित होगी। यह ट्रेन न तो बिजली की ओवरहेड लाइन पर निर्भर होगी और न ही डीज़ल इंजन पर होगी। जींद मुख्यालय में तैनात लोको पायलट (पैसेंजर) राजेश कुमार ने बताया कि भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन की जिम्मेदारी मिली है। राजेश कुमार ने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन पूरी तरह नई तकनीक पर आधारित है। इसमें पारंपरिक ट्रेनों की तुलना में अधिक पावर है, यह साउंड प्रूफ है और इससे पर्यावरण में किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता। इसकी पिक-अप भी काफी बेहतर है, जिससे ट्रेन का संचालन अधिक सुगम और प्रभावी होता है। उन्होंने बताया कि लोको पायलट का यात्रियों से सीधे संवाद नहीं होता। यदि किसी यात्री को सहायता की जरूरत होती है तो लोको पायलट ट्रेन मैनेजर से संपर्क करता है। इसके बाद ट्रेन मैनेजर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों तक सूचना पहुंचाता है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। राजेश कुमार ने बताया कि इस ट्रेन में हाइड्रोजन फ्यूल सेल लगाया गया है। फ्यूल सेल में करीब 8.5 बार के दबाव से हाइड्रोजन गैस भेजी जाती है, जबकि दूसरी ओर से ऑक्सीजन प्रवेश करती है। दोनों के बीच होने वाली रासायनिक प्रक्रिया से बिजली, जलवाष्प (भाप) और पानी उत्पन्न होते हैं। बिजली ट्रेन को चलाने का काम करती है, जलवाष्प वातावरण में निकल जाती है और पानी नीचे निकल जाता है। यही वजह है कि हाइड्रोजन ट्रेन को पर्यावरण के अनुकूल और शून्य-उत्सर्जन (Zero Emission) तकनीक वाली ट्रेन माना जाता है। ट्रेन संख्या 74010 सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होगी और 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 74009 10:40 बजे सोनीपत से रवाना होगी और दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी। हाइड्रोजन फ्यूल ट्रेन जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललित खेड़ा, भांपेगा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खांडराई, गोहाना, राबड़ा, लाठ, मोहाना और बरवासनी स्टेशनों पर रुकेगी। इस तरह यह ट्रेन दिन में दो फेरे लगाएगी और हर रोज़ कुल क़रीब 356 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन में एक समय में कुल 682 यात्री सफर कर सकेंगे। भारतीय रेलवे के अनुसार, हाइड्रोजन ट्रेन में विशेष फ्यूल-सेल तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इस तकनीक में हाइड्रोजन गैस की मदद से रासायनिक प्रक्रिया के जरिए बिजली उत्पन्न की जाती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। जहां डीज़ल इंजन काला धुआं छोड़ते हैं, वहीं हाइड्रोजन इंजन से केवल पानी की भाप निकलती है। अन्य पारंपरिक इंजनों की तुलना में हाइड्रोजन इंजन प्रदूषण नहीं फैलाता। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों में हाइड्रोजन भरने के लिए जींद में ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन संयंत्र स्थापित किया गया है। यहां पानी को इलेक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया के माध्यम से हाइड्रोजन और ऑक्सीजन में विभाजित किया जाता है। इसके बाद तैयार हाइड्रोजन को उच्च दबाव वाले टैंकों में जमा किया जाता है और वहीं बनाए गए विशेष फ्यूलिंग साइडिंग/स्टेशन पर ट्रेन में भरा जाता है। इसके लिए सामान्य रेलवे स्टेशनों पर अलग से फ्यूल स्टेशन नहीं बनाए गए हैं। पायलट परियोजना के तहत जींद में ही यह विशेष सुविधा विकसित की गई है।      
  • करियाने के गोदाम में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख, देखें वीडियो

    करियाने के गोदाम में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख, देखें वीडियो

    रायपुररानीः कस्बे में दाताराम एंड सन्स के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। इस घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    देखते ही देखते आग ने गोदाम के एक कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद आसपास के पहले लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बाल्टियों, पाइप तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोगों के प्रयासों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे आग को गोदाम के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
  • 13 बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू, पुलिस की कड़ी सुरक्षा में हुए रवाना, देखें वीडियो

    13 बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू, पुलिस की कड़ी सुरक्षा में हुए रवाना, देखें वीडियो

    गुरुग्राम: पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन सभी को कड़ी सुरक्षा के बीच नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मालदा टाउन एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया गया। वहां से तय सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

    23 पुलिसकर्मियों की एस्कॉर्ट टीम साथ भेजी गई
    इन 13 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए एक विशेष एस्कॉर्ट टीम बनाई गई है। इस टीम में एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में कुल 23 पुलिसकर्मी शामिल हैं। पूरी यात्रा के दौरान पुलिस इन सभी की सुरक्षा और निगरानी करेगी, ताकि डिपोर्ट की प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके।

    एक महीने से मानेसर सेंटर में रखे गए थे
    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन सभी विदेशी नागरिकों को करीब एक महीने पहले गुरुग्राम के सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जांच अभियान के दौरान पकड़ा था। इसके बाद से इन्हें मानेसर स्थित एक डिटेंशन सेंटर (होल्डिंग सेंटर) में रखा गया था। सभी जरूरी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन्हें वापस बांग्लादेश भेजा जा रहा है।

    दस्तावेजों की जांच के दौरान हुई कार्रवाई
    एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस लगातार शहर में विशेष सत्यापन अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रह रहे लोगों के दस्तावेज और पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। इसी दौरान जांच में ये 13 बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहे पाए गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

    वैध नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं
    एसीपी नवीन शर्मा ने कहा कि जो भारतीय नागरिक और विदेशी नागरिक वैध दस्तावेजों के साथ भारत में रह रहे हैं, उन्हें इस अभियान से डरने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस केवल उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो अवैध रूप से रह रहे हैं। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बिना वजह परेशान नहीं किया जाएगा।

    अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
    पुलिस ने साफ कहा है कि इस अभियान को लेकर यदि कोई व्यक्ति झूठी, भ्रामक या मनगढ़ंत अफवाह फैलाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

    संदिग्ध विदेशी नागरिकों की सूचना देने की अपील
    गुरुग्राम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या अवैध रूप से रह रहा विदेशी नागरिक दिखाई देता है, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिक अपने किराएदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों और होटल या अन्य व्यावसायिक संस्थानों में काम करने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं।

    112 नंबर या नजदीकी थाने में दें सूचना
    पुलिस ने कहा कि अगर किसी भी इलाके में कोई संदिग्ध व्यक्ति रहता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 112 या अपने नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।