Category: Haryana

  • कार ने सड़क पार कर रही मां-बेटियों को मारी टक्कर, मां की मौत, बेटियां घायल

    कार ने सड़क पार कर रही मां-बेटियों को मारी टक्कर, मां की मौत, बेटियां घायल

    अंबालाः अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर लालड़ू से पहले सरसिनी कट के पास एक दुखद हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक कार ने सड़क पार कर रही मां-बेटियों को टक्कर मार दी, जिससे मां की मौत हो गई, एक बेटी का पैर टूट गया और एक बेटी घायल है। मृतक महिला की पहचान गोपाल शुक्ला की पत्नी उषा देवी (46) के तौर पर हुई है। बेटियों को इलाज के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    आपको बता दें हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ। रोड सेफ्टी फोर्स को शाम 6:15 बजे इसकी सूचना मिली। मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने कार का नंबर नोट कर लिया। दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से डेराबस्सी सिविल अस्पताल भेजा गया, जबकि उषा देवी के शव को टोल प्लाजा की एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। लालड़ू पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • Lift में फंसने से हलवाई की मौत, धड़ से अलग हुई गर्दन

    Lift में फंसने से हलवाई की मौत, धड़ से अलग हुई गर्दन

    हिसारः हिसार के व्यस्त कॉमर्शियल इलाके राजगुरु मार्केट से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां एक कल्पना स्वीट्स में एक लिफ्ट की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मृतक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। मृतक की पहचान जसबीर खुम्बा खेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस को मामले की सूचना पर मौके पर पहुंच गई।

    जानकारी के अनुसार जसबीर हलवाई का काम करता था और वह रात को दुकान में ही सो गया था। वहीं मृतक के पिता ने इस हादसे को हत्या बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे की किसी ने हत्या की है।

    सुबह करीब 6 बजे जसबीर को ऊपर जाने के लिए कहा गया। वह सामान ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट (गुड्स लिफ्ट) के जरिए ऊपर जाने लगा। जैसे ही लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर पहुंची, अचानक वह हादसे का शिकार हो गया। लिफ्ट के मैकेनिज्म में फंसने के कारण उसकी गर्दन कटकर धड़ से अलग हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

    स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

     

  • Civil Hospital में बिजली, जनरेटर-इन्वर्टर तीनों फेल, Mobile टॉर्च से किया गर्भवती महिला का ऑपरेशन

    Civil Hospital में बिजली, जनरेटर-इन्वर्टर तीनों फेल, Mobile टॉर्च से किया गर्भवती महिला का ऑपरेशन

    पलवलः हरियाणा के पलवल में सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब बीते देर रात अस्पताल में अचानक बिजली, जनरेटर-इन्वर्टर तीनों फेल पाए गए। इस दौरान अस्पताल में बिजली गुल होने पर डॉक्टरों द्वारा एक गर्भवती महिला के ऑपरेशन किया गया। वहीं दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। गंभीर बात यह रही कि अस्पताल की आपातकालीन बैकअप व्यवस्था भी पूरी तरह फेल हो गई। घटना की वीडियो काफी वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में व्यक्ति देर रात 10 बजे का समय बता रहा है और कह रहा है कि अस्पताल में लाइट चली गई और मरीज का मोबाइल टॉर्च में ऑपरेशन किया जा रहा है।

    मरीज की हालत गंभीर है और कोई देखने वाला नहीं है, फिर भी वह डॉक्टर से केस करवाने के लिए तैयार है। इस दौरान डॉक्टर से मामले को लेकर व्यक्ति बात करता है तो डॉक्टर कहता है कि उन्होंने मरीज की जान बचानी है और ऐसे में वह अपनी तरफ से कोशिश कर रहे है, बाकी ऊपर वालों को देखना है। इस घटना का वीडियो भी सामने आने पर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है। इस मामले को लेकर उप सिविल सर्जन के डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि रात को कुछ देर के लिए बिजली बाधित हुई थी। मामला उनके संज्ञान में है।

    यह जांच कराई जा रही है कि बैकअप व्यवस्था क्यों काम नहीं कर सकी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, रात करीब 10 बजे ऑपरेशन थिएटर में गर्भवती महिला की सर्जरी चल रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई और ऑपरेशन थिएटर में अचानक अंधेरा छा जाने से हड़कंप मच गया। गर्भवती की जान पर बन आई। सामान्य स्थिति में ऐसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में जनरेटर और इन्वर्टर जैसी बैकअप व्यवस्था मौजूद है, लेकिन इस बार दोनों ने काम नहीं किया।

    मरीज की हालत को देखते हुए डाॅक्टरों ने बिना समय गंवाए कर्मचारियों से मोबाइल की टाॅर्च जलवाई और उसी रोशनी में ऑपरेशन जारी रखा। डाक्टरों की सूझबूझ से मां और शिशु दोनों सुरक्षित रहे, लेकिन अस्पताल की तैयारियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि ऑपरेशन के दौरान कोई अनहोनी हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर अस्पताल का विस्तार तो कर दिया गया, लेकिन जरूरी व्यवस्थाओं के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

     

  • दिनदहाड़े चोरों का आतंकः बंद घर में सोने-चांदी के गहनों पर किया हाथ साफ, देखें वीडियो

    दिनदहाड़े चोरों का आतंकः बंद घर में सोने-चांदी के गहनों पर किया हाथ साफ, देखें वीडियो

    पिंजौरः पिंजौर के गांव गोरखनाथ कडुआ में दिनदहाड़े अज्ञात चोरों द्वारा एक घर से सोने चांदी के गहने और नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत स्थानीय थाना पुलिस को दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    सुरजन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनकी पत्नी माया देवी दोनों प्राइवेट नौकरी करते हैं। वीरवार सुबह दोनों रोजाना की तरह अपने-अपने काम पर चले गए थे। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उनकी पत्नी माया देवी खाना खाने के लिए घर लौटीं तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी के लोकर का ताला भी टूटा मिला और उसमें रखा सामान बिखरा पड़ा था।

    जांच करने पर पता चला कि चोर घर से आधे तोले के सोने के झुमके, दो सोने के मांग टीके, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की नथ, चांदी की एक जोड़ी पायल, आधे तोले का सोने का सेट तथा करीब एक हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी सामान की कीमत लाखों रुपए है।

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की तलाश जारी है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में भय और रोष का माहौल है।

     

     

  • मामूली विवाद में नाबालिग दोस्त ने अपने साथी की कैंची मारकर की हत्या

    मामूली विवाद में नाबालिग दोस्त ने अपने साथी की कैंची मारकर की हत्या

    फतेहाबादः रतिया क्षेत्र में स्थित गांव बादलगढ़ में एक मामूली विवाद को लेकर एक छात्र को मौत के घाट उतार दिया है। आपको बता दें आरोपी भी नाबालिग है। जानकारी के अनुसार दोनों दोस्तों थे और एक ही क्लास में पढ़ते थे। नाबालिग आरोपी ने दोस्त के छाती में कैंची से वार किए, जिससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

    मृतक की पहचान अरमान (13) के रूप में हुई है, जो गांव के स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने बताया कि घटना गांव के चौक में हुई, जहां फास्ट फूड खाने के दौरान दोनों किशोरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी किशोर ने कैंची से अरमान की छाती पर वार कर दिया।

    घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कुलवंत सिंह और सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल भेज दिया है।

    सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों नाबालिग हैं तथा गांव के एक ही स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ते हैं। पुलिस ने आरोपी किशोर (जुवेनाइल) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

     

  • बारिश का कहरः पुल का किनारा धंसा, आवाजाही बंद, देखें वीडियो

    बारिश का कहरः पुल का किनारा धंसा, आवाजाही बंद, देखें वीडियो

    गुरुग्राम: हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम और पलवल जिले में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। दरअसल, 2 दिनों से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, सड़क धंसने और भवनों को नुकसान जैसी घटनाएं सामने आई हैं। वहीं बारिश के चलते फरीदाबाद में पुराना खेड़ी पुल का एक हिस्सा धंस गया और वहां पर बड़ा गड्ढा बन गया है, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर वाहनों और लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। मौके की तस्वीरों में पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा साफ दिखाई दे रहा है। हादसे से बचाव के लिए प्रभावित हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया है।

    इससे इस रास्ते का उपयोग करने वाले लोगों को फिलहाल दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, फरीदाबाद में 7 जुलाई से लेकर 9 जुलाई सुबह 8 बजे तक जिले में कुल 86.75 एमएम बारिश दर्ज की गई है। दिनभर बारिश जारी रहने से यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है। वहीं फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र में सबसे अधिक 130 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि गौंछी क्षेत्र में सबसे कम वर्षा दर्ज हुई।

    लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कें धंस गई हैं।ग्रेटर फरीदाबाद स्थित मलबरी काउंटी सोसायटी में हालात और भी गंभीर हैं। यहां बेसमेंट और सड़कों पर पानी भर जाने से निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेसमेंट में खड़े वाहन निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं सोसायटी की इंटरनल सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। उधर, पलवल में भी लगातार बारिश के कारण कई सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।

    जलभराव की वजह से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के कारण फरीदाबाद के नगला एंक्लेव में भी सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। सुबह इस रास्ते से गुजर रहे दो किशोरों की बाइक का अगला पहिया गड्ढे में समा गया, जिससे दोनों हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। यह हादसा बारिश के बाद सड़कों की बदहाल स्थिति और बड़े गड्ढों से बढ़ रहे खतरे को उजागर करता है।

     

  • अवैध हथियारों से 2 गिरफ्तार, पुलिस गिरफ्त से भागा आरोपी पुल से गिरा, देखें वीडियो

    अवैध हथियारों से 2 गिरफ्तार, पुलिस गिरफ्त से भागा आरोपी पुल से गिरा, देखें वीडियो

    कैथलः सीआईए-1 पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अवैध हथियारों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा तथा 2 कारतूस बरामद किए हैं। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पहले मामले में एक आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुल से गिरने के कारण घायल हो गया।

    वहीं दूसरे मामले में सीआईए-1 के एसआई पवन कुमार की टीम ने थाना पुंडरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गांव हाबड़ी निवासी संदीप उर्फ दीप को गिरफ्तार किया। सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव हजवाना निवासी सुरेंद्र उर्फ गोलू को थाना तितरम क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक .315 बोर देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को हथियार सप्लायर तक ले जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की और पुल से नीचे गिर गया। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। घायल आरोपी का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।

    सीआईए-1 के एसआई पवन कुमार की टीम ने थाना पुंडरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गांव हाबड़ी निवासी संदीप उर्फ दीप को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। पुलिस अब पुंडरी क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई फायरिंग की घटना में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की भी जांच में जुटी है।

  • सेवानिवृत जवान के घर हुए धमाके को लेकर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स भी हैरान, DSP का आया बयान, देखें वीडियो

    सेवानिवृत जवान के घर हुए धमाके को लेकर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स भी हैरान, DSP का आया बयान, देखें वीडियो

    रेवाड़ीः शहर के मोहल्ला हंसनगर में शाम सेना के सेवानिवृत जवान के घर में हुए रहस्यमयी ब्लास्ट की गुत्थी भी भी नहीं सुलझ पाई है। फोेरेंसिक टीम 2 बार जांच कर चुकी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल उठाकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। हालांकि पुलिस प्रारंभिक जांच में घर के पास से गुजर रही पीएनजी लाइन लीकेज होने से ब्लास्ट होने की बात कह रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच कर रहे डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि अब तक की जांच में गैस लीक होने की बात सामने आ रही है, लेकिन घटना के सटीक कारणों की पुष्टि फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि हंसनगर में पूर्व सैनिक सतबीर के घर में अचानक ब्लास्ट हो गया था, जिससे खिड़की-दरवाजे टूटने के साथ ही घर में मौजूद सतबीर, पत्नी मधु, पड़ोसी जयभगान व घटना के वक्स प्रैस कर रही सतबीर की बेटी तन्नु बुरी तरह झुलस गई थी। इसके अलावा 2 साल की नाती खुशी भी झुलस गई थी।

    घायलों को तत्काल उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तन्नु की हालत गंभीर बनी हुई है। तन्नु की नवंबर माह में शादी होनी है। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कहा कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमाका गैस रिसाव के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

     

  • सोसाइटी की बालकनी का गिरा हिस्सा, गुणवत्ता पर उठे सवाल, देखें वीडियो

    सोसाइटी की बालकनी का गिरा हिस्सा, गुणवत्ता पर उठे सवाल, देखें वीडियो

    गुरुग्रामः हाई-राइज बिल्डर सोसाइटियों की निर्माण गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सेक्टर-37C स्थित इम्पीरिया एस्फेरा सोसाइटी के टावर-ई में एक फ्लैट की बालकनी का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद सोसाइटी में दहशत और बिल्डर के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ गया है छज्जा गिरने के साथ फ्लैट की बाहरी दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के निवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचकर लोगों ने देखा कि भारी मात्रा में कंक्रीट और प्लास्टर नीचे गिरा हुआ था।

    राहत की बात यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त बालकनी के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। अगर उस समय कोई वहां से गुजर रहा होता, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद सोसाइटी के निवासियों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि बिल्डर ने निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया, जिसकी वजह से अब लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। रेजिडेंट्स का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

    निवासियों ने आशंका जताई है कि अगर समय रहते पूरे प्रोजेक्ट की जांच नहीं कराई गई, तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। लोगों ने मांग की है कि किसी स्वतंत्र और प्रतिष्ठित थर्ड-पार्टी एजेंसी से पूरे प्रोजेक्ट का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाए और जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक सभी टावरों की सुरक्षा का आकलन किया जाए। गौरतलब है कि इससे पहले भी गुरुग्राम की कई बिल्डर सोसाइटियों में प्लास्टर और स्ट्रक्चर गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने विभिन्न सोसाइटियों के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए टीमें गठित की थीं। हालांकि, इम्पीरिया एस्फेरा की इस ताजा घटना ने एक बार फिर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, बिल्डरों की जवाबदेही और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

     

  • पार्क में करंट लगने से मासूम की मौत

    पार्क में करंट लगने से मासूम की मौत

    पंचकूलाः पंचकूला से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सेक्टर-14 स्थित नवाबला पार्क में स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट आने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार करीब चार वर्षीय रुद्र सिंह पार्क में खेल रहा था। इसी दौरान उसने स्ट्रीट लाइट के खंभे को छू लिया, जिसमें कथित तौर पर करंट दौड़ रहा था। करंट लगते ही बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया।

    परिजन तुरंत बच्चे को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्क में बिजली व्यवस्था की लापरवाही के कारण ये हादसा हुआ। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

    पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित विभाग से भी रिपोर्ट मांगी जा रही है, फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए है कि आखिर सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम कब तक लापरवाही की भेंट चढ़ते रहेंगे।