Category: Himachal

  • अनियत्रिंत होकर खाई में गिरी गाड़ी, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, देखें वीडियो

    अनियत्रिंत होकर खाई में गिरी गाड़ी, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, देखें वीडियो

    किन्नौरः जिले के सांगला-छितकुल मार्ग पर पिकअप गाड़ी अनियत्रिंत होकर खाई में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गंगारंग नाले के पास हुआ है। पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन एचपी-25 ए 8880 में दो लोग सवार थे।
    हादसे में संजोत (35) पुत्र कपूर सिंह निवासी सांगला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कपिल नेगी (21) पुत्र रणधीर नेगी निवासी नुरानू, तहसील मोरी जिला उत्तरकाशी, उत्तराखंड को स्थानीय लोगों और प्रशासन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया। घटना की सूचना पाकर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।  
  • पब्बर नदी पर पुल से गिरी पिकअप गाड़ी, देखें वीडियो

    पब्बर नदी पर पुल से गिरी पिकअप गाड़ी, देखें वीडियो

    शिमलाः हिमाचल के शिमला जिला के रोहड़ू में बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, बड़ियारा पुल से पब्बर नदी के तेज बहाव में पिकअप गाड़ी गिर गई। मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नदी गिर गया। हादसे की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
    फिलहाल वाहन में सवार लोगों की स्थिति और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे और पुलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
  • बैली ब्रिज टूटने का CCTV फुटेज आया सामने, देखें वीडियो

    बैली ब्रिज टूटने का CCTV फुटेज आया सामने, देखें वीडियो

    किन्नौरः हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर टापरी-चोलिंग के पास एक बैली ब्रिज टूट गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि घटना के दौरान जैसे पुल से डंपर गुजर रहा था कि अचानक पुल डैमेज हो गया और घटना में डंपर भी पुल से नीचे गिर गया। सीसीटीवी फुटेज देख हर किसी के रौंगटे खड़े हो रहे है। इस घटना में डंपर ड्राइवर को हल्की चोटें आई है।
    राज्य के राजस्व मंत्री जगत नेगी ने कहा कि यह बैली ब्रिज पर कैपेस्टी से ज्यादा का भार उठाकर डंपर गुजर रहा था, इससे बैली ब्रिज टूटा है। उन्होंने कहा कि ट्रक ड्राइवर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि यह ब्रिज 10 मीट्रिक टन से ज्यादा के भार के लिए नहीं बना था। उन्होंने कहा कि ब्रिज टूटने से किसी भी गांव की कनैक्टिविटी खत्म नहीं हुई। क्षेत्र में अल्टरनेटिव सड़क है। इसलिए, चिंता की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जो ब्रिज टूटा है, उसे वैकल्पिक मार्ग के तौर पर दोबारा से बनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि डंपर में बजरी भरी थी, जो कि ब्रिज टूटने के बाद सततुल नदी में समा गया। बैली ब्रिज गिरने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को संभालते हुए प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद वाहनों को वैकल्पिक (दूसरे) रास्तों से भेजना शुरू किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने कुछ समय पहले ही इस पुल की मरम्मत करवाई थी, लेकिन भारी वाहनों के चलते पुल हमेशा खतरे में रहता था। बागवानों और स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि अगस्त महीने से किन्नौर में सेब का सीजन शुरू होने वाला है।  
  • तेज रफ्तार का कहर, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, देखें वीडियो

    तेज रफ्तार का कहर, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, देखें वीडियो

    सोलनः हिमाचल के सोलन बायपास पर सब्जी मंडी के समीप मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां कार अचानक अनियंत्रित होकर हवा में उछलती हुई पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार किसी फिल्मी स्टंट की तरह उड़ती नजर आ रही है। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती घायल हुए हैं।
    गनीमत रही कि दोनों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार शिमला से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार पुल से नीचे जा गिरी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार पहले एक पेड़ से टकराई, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई। यदि पेड़ बाधा न बनता तो कार नीचे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले सकती थी और हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां अक्सर बच्चे खेलते हैं। संयोगवश घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवक-युवती को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई। एक शख्स ने बताया कि वह अपने कमरे में सो रहे थे और एक दम से धमाका हुआ। बाद में कार दोनों सवारों को पुलिस वाले ले गए थे। उन्होंने बताया कि कार पुल के पास से गिरने के बाद सीधे पेड़ पर लगी और वह और उनका परिवार बच गया। महिला ने बताया कि हम लोग घबरा गए और क्योंकि मेरे बच्चे पास में खेल रहे थे। दो लोग कार में सवार थे।    
  • ताश के पत्तों की तरह गिरा NH-5 पर बना पुल, 3 जिलों का संपर्क प्रभावित, गुजर रहा ट्रक नदी में गिरा, देखें वीडियो

    ताश के पत्तों की तरह गिरा NH-5 पर बना पुल, 3 जिलों का संपर्क प्रभावित, गुजर रहा ट्रक नदी में गिरा, देखें वीडियो

    किन्नौरः हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के उरनी क्षेत्र में स्थित लोहे का पुल अचानक उस वक्त ध्वस्त हो गया जब उसके ऊपर से एक डंपर गुजर रहा था। वहीं, डंपर का चालक सुरक्षित है, जो कि हादसे का शिकार हुए डंपर से बाहर निकल गया है। यह पुल किन्नौर और शिमला को लाहौल स्पीति के काजा से जोड़ता है। हालांकि, इस भयानक हादसे में एक बड़ा चमत्कार हुआ और डंपर चालक पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। हादसे के दौरान धमाके की आवाज और पुल को टूटता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    अभी तक किसी भी तरह के जानी नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जो कि एक बेहद राहत की बात है। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। चोलिंग पुल एकांगी क्षेत्र से करीब 24 किलोमीटर पहले स्थित है। ये पुल लाहुल स्पीति के काजा और शिमला जिला को किन्नौर से जोड़ता था। इस घटना में 3 जिलों का संपर्क पुल टूटने से प्रभावित हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही थाना टापरी की पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई और राहत व बचाव कार्य किया जा रहा है। । पुल टूटने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में तुरंत रूट डायवर्ट किया है। डीडीएमए किन्नौर ने बताया कि आज सुबह के समय उप-तहसील टापरी के अंतर्गत उरनी ढांक में टापरी की तरफ से बैली ब्रिज पूरी तरह से टूट कर गिर गया है। इसमें एक डंपर भी उसकी चपेट में आ गया है। यातायात वैकल्पिक मार्ग निर्माणाधीन टनल की तरफ से पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग-22(5) को खोल दिया गया है। वहीं, इन दिनों पर्यटन सीजन होने के चलते सैलानियों की संख्या भी बढ़ी है। पुल टूटने से पर्यटक परेशान हो रहे हैं। वैकल्पिक मार्गों पर ट्रैफिक बढ़ गया है और यात्रा का समय भी अधिक हो गया है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने सभी चालकों और आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और पहाड़ी रास्तों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें।
  • आर्थिक तंगी से परेशान मां-बेटे ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

    आर्थिक तंगी से परेशान मां-बेटे ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

    बिलासपुरः हिमाचल के बिलासपुर जिला मुख्यालय के रौड़ा सेक्टर में एक सुसाइड का मामला सामने आया है। जिसमें मां-बेटे ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार दोनों ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर जहर निगला है। मृतकों की पहचान कुमुद शर्मा (66) और उनके बेटे अक्षांश (36) के रूप में हुई है। दोनों रौड़ा सेक्टर में किराए के मकान में रह रहे थे।

    आपको बता दें अक्षांश लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रस्त था। वह चलने-फिरने में भी असमर्थ था। उसकी मां कुमुद शर्मा सेवानिवृत्त शिक्षक थीं। शुक्रवार दोपहर काफी देर तक घर में कोई गतिविधि दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब आसपास के लोग घर के भीतर पहुंचे तो मां-बेटा मृत अवस्था में मिले। जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे की गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि रौड़ा सेक्टर में मां-बेटे के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

     

  • खाई में गिरी गाड़ी, परिवार के 6 लोगों सहित 7 की मौत, देखें वीडियो

    खाई में गिरी गाड़ी, परिवार के 6 लोगों सहित 7 की मौत, देखें वीडियो

    चंबाः चंबाः पुखरी के अंतर्गत चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जिसमें सात लोगों की मौत हो गई है। हादसे का शिकार हुई बोलेरो (एचपी-01सी-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की बताई जा रही है।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    हादसे में मृतकों में 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। महल गांव के लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने गए थे। धाम खाने के बाद सभी लोग बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हुई है। जिससे घर में मातम छा गया है। गाड़ी चालक की भी मौत हो चुकी है। हादसे में मेहल गांव के चुनी लाल (65) पुत्र परस राम, देवी लाल (62) पुत्र परस राम, बबली देवी (45) पत्नी मोती राम, मोती राम (45) पुत्र परस राम, अनिता कुमारी (20) पुत्री धर्मसिंह, कुंता देवी (53) पत्नी कर्म सिंह और धरो गांव के मनोहर लाल (34) की मौत हो गई। दो सगे भाई और पति-पत्नी भी शामिल है। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का कार्य किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां सड़क किनारे क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि सड़क पर सुरक्षा प्रबंध होते तो संभवतः हादसे को टाला जा सकता था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने कहा कि हादसे में मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।  
  • दर्दनाक हादसाः 800 फुट गहरी खाई में गिरी कार, उड़ गए परखच्चे; दो लोगों की मौत

    दर्दनाक हादसाः 800 फुट गहरी खाई में गिरी कार, उड़ गए परखच्चे; दो लोगों की मौत

    बनीखेतः पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग-154A पर बनीखेत के समीप छतरी मोड़ के पास मंगलवार देर रात एक हादसा पेश आया है। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कार अनियंत्रित होकर करीब 800 फुट गहरी खाई में जा गिरी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चंबा की ओर से आ रही थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से करीब 800 फुट नीचे चौहड़ा सड़क तक जा पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक चंबा के सरू क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया।

    पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। डीएसपी मयंक शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जाएगा और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

  • सड़क किनारे पेड़ गिरने से हुआ हादसा, 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त, देखें वीडियो

    सड़क किनारे पेड़ गिरने से हुआ हादसा, 2 गाड़ियां क्षतिग्रस्त, देखें वीडियो

    शिमलाः जिले के रामपुर उपमंडल के ज्यूरी क्षेत्र में आए तेज तूफान और खराब मौसम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) पर एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। यह पेड़ सड़क किनारे खड़े दो वाहनों पर गिरा, जिससे उन्हें काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त वाहनों में कोई मौजूद नहीं था और किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। पेड़ गिरने की यह पूरी घटना ज्यूरी चौक पर स्थित एक स्थानीय दुकानदार के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
    वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हादसे के समय चौक पर लोगों और वाहनों की आवाजाही सामान्य थी। अचानक तेज हवा के झोंके के साथ सड़क किनारे खड़ा विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर एनएच-5 किनारे खड़े वाहनों पर आ गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। गनीमत रही कि पेड़ किसी राहगीर या वाहन सवार पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही ज्यूरी में तैनात एनडीआरएफ टीम, पुलिस विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए पेड़ को सड़क से हटाया गया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद राजमार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में मौसम लगातार खराब बना हुआ है और तेज हवाओं के कारण पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा बड़े पेड़ों और कमजोर ढांचों के आसपास वाहन खड़े न करने की अपील की है।
  • हिमाचल में चेन स्नेचिंग मामले में 9 पंजाबी गिरफ्तार

    हिमाचल में चेन स्नेचिंग मामले में 9 पंजाबी गिरफ्तार

    मंडीः पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुम्मा के समीप खानी नाला के पास शातिर झपटमारों द्वारा एक महिला की सोने की चेन झपट ली गई। जानकारी के अनुसार महिला मंडी में सब्जी लगा रही थी कि पीछे 4-5 मोटरसाइकिल महिला के पास आए और सोने की चेन झपट कर भागने लगे। महिला ने इस दौरान मंडी में शोर मचा दिया, जिस पर लोग झपटमारों के पीछे भागने लगे। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के 9 युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। जोगिंद्रनगर पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

    मिली जानकारी के अनुसार, गुम्मा निवासी रामलाल की पत्नी पूनी देवी बुधवार शाम 6 बजे सड़क किनारे अपनी सब्जी की दुकान लगा रही थीं। इसी दौरान, मोटरसाइकिल पर सवार नौ युवक अचानक वहां पहुंचे और महिला के गले से सोने की चेन झपटकर मंडी की ओर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और भाग रहे आरोपियों का पीछा किया। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते, आरोपियों को कुछ ही दूरी पर दबोचने में सफलता मिली।

    बाद में पता चला कि इस घटना में कुल नौ युवक शामिल थे, जिन्हें ग्रामीणों ने मिलकर पकड़ा। पुलिस अधीक्षक मंडी, विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि गिरफ्तार किए गए युवक पंजाब के रहने वाले हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या इन युवकों का किसी बड़े गिरोह से संबंध है या वे किसी अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त थे। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।