तेज रफ्तार का कहर, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, देखें वीडियो

Written by

in

सोलनः हिमाचल के सोलन बायपास पर सब्जी मंडी के समीप मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां कार अचानक अनियंत्रित होकर हवा में उछलती हुई पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार किसी फिल्मी स्टंट की तरह उड़ती नजर आ रही है। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती घायल हुए हैं।
गनीमत रही कि दोनों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार शिमला से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार पुल से नीचे जा गिरी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार पहले एक पेड़ से टकराई, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हुई। यदि पेड़ बाधा न बनता तो कार नीचे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले सकती थी और हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां अक्सर बच्चे खेलते हैं। संयोगवश घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवक-युवती को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई। एक शख्स ने बताया कि वह अपने कमरे में सो रहे थे और एक दम से धमाका हुआ। बाद में कार दोनों सवारों को पुलिस वाले ले गए थे। उन्होंने बताया कि कार पुल के पास से गिरने के बाद सीधे पेड़ पर लगी और वह और उनका परिवार बच गया। महिला ने बताया कि हम लोग घबरा गए और क्योंकि मेरे बच्चे पास में खेल रहे थे। दो लोग कार में सवार थे।    

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *