Category: Punjab>Hoshiarpur

  • Punjab News: पुलिस के सामने 3 यूट्यूबर पर हुआ हमला, फोन तोड़ने के लगे आरोप, पीड़ितों ने दी चेतावनी देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस के सामने 3 यूट्यूबर पर हुआ हमला, फोन तोड़ने के लगे आरोप, पीड़ितों ने दी चेतावनी देखें वीडियो

    होशियारपुरः जिले के टांडा में 3 यूट्यूबर पर पुलिस की मौजूदगी में हमला हुआ। इस घटना को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर पर पहुंचे और मामला शांत करवाया। पीड़ितों की पहचान साब सिंह, अनिल कुमार और तजिंदर सिंह के तौर पर हुई है। वहीं यूट्यूबर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के कुछ व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए। हैरानी की बात यहा है कि घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

    पीड़ितों ने टांडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पुलिस की तरफ से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस कंप्लेंट में बताया कि वे लितरा गांव में एक घर के सामने ट्रांसफार्मर लगाने के विरोध की कवरेज कर रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति के घर के सामने ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा था, वह लगातार इसका विरोध कर रहा था।

    इस दौरान जब पीड़ित पक्ष कैमरे के सामने आया तो गांव के कुछ लोग वहां जमा हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। उनको ऐसा करने से रोका तो उन्होंने हमला कर दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। यूट्यूबर का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही कुछ व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया और उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए। तीनों पीड़ितों ने वायरल वीडियो के साथ घटना की जानकारी थाना टांडा में दर्ज करवाई है। पीड़ितों ने शाम तक आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है।

     

     

     

  • Punjab News: बंबीहा गैंग का सदस्य Jassa Hoshiarpuria Airport से गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: बंबीहा गैंग का सदस्य Jassa Hoshiarpuria Airport से गिरफ्तार, देखें वीडियो

    होशियारपुरः जिले के ‘जस्सा होशियारपुरिया’ नाम का पेज चलाने वाले और दविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े युवक जसवंत सिंह जस्सा को मुंबई (बॉम्बे) पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद जस्सा ने परिवार को एक वीडियो संदेश भेजा है, जिसमें उसने पुलिस द्वारा उसका फेक एनकाउंटर करने की आशंका जताई है। इसके बाद डरी हुई परिवार ने सरकार और प्रशासन से मदद व इंसाफ की गुहार लगाई है।

    होशियारपुर के गांव बढ़ला की रहने वाली पूजा ने बताया कि उसका भाई जसवंत सिंह जस्सा, जो पहले सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था और उसकी जॉइनिंग भी होने वाली थी, लेकिन कुछ हालात के कारण वह अपराध की दुनिया में फंस गया। परिवार के अनुसार वह दविंदर बंबीहा गैंग और ‘जस्सा होशियारपुरिया’ ग्रुप का सक्रिय सदस्य रहा है। पर अब वह इस दलदल से बाहर निकल कर एक अच्छा इंसान बनना चाहता था और अपनी जिंदगी बदलने के लिए विदेश जा रहा था।

    पूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि रात को साढ़े बारह बजे उसके भाई के फोन से मुझे मैसेज आया कि बॉम्बे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद उसकी एक वीडियो आई जिसमें कहा था, ‘सिस्टर मेरा फेक एनकाउंटर ना कर दिया जाए,’ क्योंकि इससे पहले उसके दो साथी दीप चीमा और काका बुल्लोवालिया मारे जा चुके हैं। हमें यही डर है, पुलिस हमें कुछ नहीं बता रही कि हमारा लड़का ठीक है या कहां है।

  • Punjab News: विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी के मामले में ट्रैवल एजेंट पर केस दर्ज

    Punjab News: विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी के मामले में ट्रैवल एजेंट पर केस दर्ज

    होशियारपुरः ट्रैवल एजेंटों द्वारा लगातार भोले-भाले लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। इसको लेकर परेशान हो रहे पीड़ितों द्वारा कई बार धरना प्रदर्शन की घटनाएं भी सामने आ चुकी है। वहीं ताजा मामला थाना तलवाड़ा के अधीन आते गांव नौरंगपुर से सामने आया है। थाना तलवाड़ा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि गांव नौरंगपुर निवासी मनोहर लाल ने एसएसपी संदीप मलिक को शिकायत दी थी।

    मनोहर के अनुसार, देवा कालोनी मुकेरियां के कमलदीप उर्फ बंटी जोगी ने उसे विदेश भेजने का झांसा देकर 3 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही पैसे लौटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने जांच की। जांच में यह पाया गया कि कमलदीप के पास ट्रैवल एजेंसी चलाने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। डीए लीगल द्वारा आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश की गई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • Punjab News: गठबंधन को लेकर गरमाई सियासत ! BJP नेता ने किया अकाली दल के लिए चुनाव प्रचार, देखें वीडियो

    Punjab News: गठबंधन को लेकर गरमाई सियासत ! BJP नेता ने किया अकाली दल के लिए चुनाव प्रचार, देखें वीडियो

    होशियारपुरः पंजाब की राजनीति में एक बार फिर अकाली दल और बीजेपी के संबंधों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दरअसल, मुकेरियां से एक राजनीतिक तस्वीर के सामने आई, जहां दोनों पार्टियों के संभावित निकट संबंधों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। मुकेरियां में निगम चुनावों के दौरान उस वक्त राजनीतिक माहौल गरम हो गया जब जंगी लाल महाजान खुले तौर पर शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार के प्रचार में नजर आए। बीजेपी विधायक ने न केवल अकाली उम्मीदवार के हक में लोगों से समर्थन मांगा, बल्कि तकड़ी के निशान पर मोहर लगाने की भी अपील की।

    इस दौरान जब उनसे अकाली दल और बीजेपी के संभावित गठबंधन के बारे में पूछा गया तो जंगी लाल महाजान ने कहा कि निगम चुनावों के लिए दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब विधानसभा चुनावों में गठबंधन होगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं। क्योंकि बीजेपी पहले ही साफ कर चुकी है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वह अकेले दम पर मैदान में उतरेगी और शिरोमणि अकाली दल के साथ कोई आधिकारिक गठबंधन नहीं किया जाएगा।

    इसके बावजूद मुकेरियां में बीजेपी विधायक द्वारा किए जा रहे प्रचार ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे स्थानीय स्तर की रणनीति मान रहे हैं, जबकि विपक्षी पक्ष इसे दोनों पार्टियों की “आंतरिक सांझ” के रूप में पेश कर रहे हैं। पंजाब की राजनीति में अकाली दल और बीजेपी का रिश्ता कोई नई बात नहीं है। दोनों पार्टियां लंबे समय से साथ रही हैं, लेकिन किसान आंदोलन के बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए थे। अब फिर कुछ जगहों पर दिखाई दे रही निकटता ने राजनीतिक हलकों में कयासबाजी को जन्म दे दिया है। फिलहाल मुकेरियां की यह तस्वीर सिर्फ स्थानीय निगम चुनावों तक सीमित है या भविष्य की बड़ी राजनीतिक रणनीति का संकेत है, इस बारे में आने वाला वक्त ही स्पष्ट करेगा। लेकिन एक बात पक्की है कि जंगी लाल महाजान के बयान ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।

  • Punjab News: स्कूली वैन और टिप्पर की टक्कर में 12 बच्चों सहित ड्राइवर घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: स्कूली वैन और टिप्पर की टक्कर में 12 बच्चों सहित ड्राइवर घायल, देखें वीडियो

    घटना स्थल पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री रवजोत, बच्चों को लेकर डॉक्टरों को दिए आदेश

    होशियारपुरः जिले के हलका शाम चौरासी में स्कूल वैन और टिप्पर की टक्कर हो गई। इस घटना में स्कूल वैन क्षतिग्रस्त हो गई। मिली जानकारी के अनुसार कठार रोड़ पर यह हादसा हुआ है। इस घटना में ड्राइवर सहित 12 बच्चे लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दूसरी ओर हादसे में टिप्पर भी क्षतिग्रस्त हुआ है और खेतों में टिप्पर घुस गया। लोगों ने ओवरलोड टिप्परों पर रोक लगाने की अपील की है। उनका कहना हैकि यहां पर पहले भी कई बार ओवरलोड टिप्परों के कारण हादसे हो चुके है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की छुट्टी के दौरान टिप्परों की सड़क पर रोक लगाई जाए। लोगों कहना है कि ओवरलोड टिप्पर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह पानी लगे खेतों के अंदर काफी दूर तक चला गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गनीमत की बात है कि इस भयानक टक्कर के दौरान सभी बच्चों को बचा लिया गया। हालांकि कुछ बच्चों और वैन चालक को चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही हल्का शाम चौरासी से विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह तुरंत घायल बच्चों और ड्राइवर का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने खुद डॉक्टरों की टीम से बातचीत की और बच्चों को दिए जा रहे इलाज का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में मंत्री डॉ. रवजोत ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लेकिन ईश्वर की कृपा से बड़ा जानमाल का नुकसान होने से बच गया है। उन्होंने परिवारों को हौंसला दिया कि प्रशासन बच्चों के इलाज के प्रति पूरी तरह गंभीर है। मंत्री डॉ. रवजोत ने बताया कि पुलिस प्रशासन और स्कूल वैन के ड्राइवर से हुई बातचीत के अनुसार, यह हादसा टिप्पर चालक की घोर लापरवाही के कारण हुआ है। टिप्पर गलत दिशा से आ रहा था, जिसने मासूम बच्चों की वैन को टक्कर मार दी। मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि बच्चों की जानें बहुत कीमती हैं और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार टिप्पर चालक के खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
  • Punjab News: ट्रक और ट्राले की टक्कर में एक की मौत

    Punjab News: ट्रक और ट्राले की टक्कर में एक की मौत

    होशियारपुरः गढ़शंकर के पास होशियारपुर रोड पर स्थित गांव गोलियों के पास बीती रात ट्रक और ट्राले के बीच टक्कर में ट्रक चालक की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार सैला पेपर मिल से पेपर लेकर गढ़शंकर की तरफ आ रहे ट्रक की टक्कर सामने से गढ़शंकर की ओर जा रहे ट्राले से हो गई। हादसे में ट्रक चालक 37 वर्षीय जीवन कुमार निवासी सैला खुर्द की मौत हो गई। जबकि ट्राले का चालक मौके से फरार हो गया। ए.एस.आई. रविश कुमार थाना गढ़शंकर से घटना की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिया है।

  • Punjab News: बोलेरो और छोटे हाथी की टक्कर में व्यक्ति सहित बैल की मौत

    Punjab News: बोलेरो और छोटे हाथी की टक्कर में व्यक्ति सहित बैल की मौत

    होशियारपुरः जिले के गढ़शंकर में छोटे और मुर्गियों से लदी बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में एक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय लखवीर सिंह निवासी मंड, होशियारपुर के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में बोलेरो गाड़ी पलट गई और घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घटना में एक बैल की भी मौत हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    मिली जानकारी के अनुसार लखवीर अपने छोटे हाथी में दो बैल लादकर कुराली से होशियारपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में मौजूद 2 बैलों में से एक की भी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस फरार बोलेरो चालक की तलाश और मामले की कानूनी जांच में जुटी है।

     

  • Hoshiarpur News: Custody से भागे कैदी की पुलिस से भिड़ंत में मौत का CCTV आया सामने

    Hoshiarpur News: Custody से भागे कैदी की पुलिस से भिड़ंत में मौत का CCTV आया सामने

    होशियारपुरः पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे कैदी की पुलिस के साथ भिड़ंत का सीसीटीवी सामने आया है। इस दौरान कैदी की मौत हो गई थी। वीडियो मुताबिक, एक पुलिसकर्मी ई-रिक्शा के अंदर बैठा है और कैदी को उसमें बैठाने की कोशिश कर रहा है। इसी दौरान कैदी अचानक पुलिसकर्मी से छूटकर भागने की कोशिश करता है। वह पुलिसकर्मी पर चाकू से कई वार करता दिखाई देता है। हालांकि, पुलिसकर्मी कैदी के हाथ में बंधी हथकड़ी की चेन नहीं छोड़ता, जिससे कैदी उसे खींचते हुए ई-रिक्शा के बाहर ले आता है। बाहर आने के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है।

    वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी कैदी को डराने के लिए पिस्टल से फायर करता है, लेकिन कैदी उसकी पिस्टल छीनने की कोशिश करने लगता है। इसी दौरान दोनों दीवार से टकराकर जमीन पर गिर जाते हैं और जमीन पर भी झड़प जारी रहती है। हाथापाई के बीच गोली चल जाती है, जिसके बाद कैदी गिर जाता है।
    गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग गली में बाहर आ जाते हैं। वहीं, ई-रिक्शा ड्राइवर वाहन लेकर मौके से निकल जाता है। कुछ लोग कैदी की मदद के लिए आगे आते हैं, लेकिन खून देखकर पीछे हट जाते हैं।

    बता दें, 16 मई को पुलिस मेडिकल जांच के लिए 3 कैदियों को होशियारपुर सिविल अस्पताल लेकर आई थी। उन्हें ई-रिक्शा से एम्बुलेंस तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एक कैदी ने अचानक भागने की कोशिश की। जब सीनियर कांस्टेबल ने उसे पकड़ने की कोशिश की आरोपी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। उसने पुलिस कॉन्स्टेबल से हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान गोली चली और कैदी की वहीं मौत हो गई थी।

    होशियारपुर के SSP संदीप कुमार मलिक ने बताया कि आरोपी का पिता भी जेल में बंद है। कैदी की पहचान नसीब के रूप में हुई है, जो होशियारपुर जेल में बंद था। वह कोटला गौंसपुर का रहने वाला था। मृतक आरोपी नसीब सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास और ड्रग्स (NDPS) के तहत 7 एफआईआर दर्ज थीं और वह एक सजायाफ्ता अपराधी था।

     

     

     

     

  • Punjab News: पुलिस कर्मी पर कैदी ने किया चाकू से हमला, चली गोलियां, मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस कर्मी पर कैदी ने किया चाकू से हमला, चली गोलियां, मौत, देखें वीडियो

    होशियारपुरः जिले में सिविल अस्पताल में कैदी ने पुलिस कर्मी पर चाकू से हमला कर दिया। इस मामले में पुलिस कर्मी द्वारा गोली चलाई गई। घटना में कैदी घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां ईलाज के दौरान कैदी की मौत हो गई। एसएसपी संदीप मलिक ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर कांस्टेबल जसदीप सिंह 4 पुलिस कर्मियों के साथ कैदी नसीब सिंह का मेडिकल करवाने लेकर आया था। सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाकर जब वह ई-रिक्शा में बैठकर जाने लगे तो कैदी नसीब सिंह ने पुलिस कर्मी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस घटना में पुलिस कर्मी के चेहरे पर काफी घाव हुए है।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस कर्मी से कैदी ने हथियार छीनने की कोशिश की। पुलिस कर्मी द्वारा हवाई फायर करके उसे डराकर सरेंडर करने के लिए कहा गया। लेकिन कैदी ने पुलिस से हथियार छीनने की कोशिश की और खींचातानी में कैदी और पुलिस कर्मी सड़क पर गिर गए। जिसके बाद पुलिस कर्मी द्वारा कैदी नसीब को काबू करने के लिए गोलियां चलाई गई। गोली लगने से नसीब घायल हो गया और उसे अस्तपाल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा नसीब को मृत घोषित कर दिया गया।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी नशा तस्करी के मामले में होशियारपुर जेल में बंद था और जिले के कोटला गौंसपुर का रहने वाला है। आरोपी का पिता शशि भी एनडीपीएस मामले में जेल में है। वहीं नसीब के खिलाफ 7 मामले दर्ज है, जिसमें मर्डर और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज है। घटना के दौरान आरोपी अकेला था। वहीं घटना के दौरान पुलिस कर्मी जसदीप सिंह ने उसे काफी देर तक काबू करने की कोशिश की और उसे सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन आरोपी पुलिस से हथियार छीनने लगा और इस दौरान पुलिस को जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग करनी पड़ी।

  • Punjab News: 9 घंटे बाद 300 फीट गहरे बोरवेल से निकला 4 वर्षीय गुरकरन, देखें वीडियो

    Punjab News: 9 घंटे बाद 300 फीट गहरे बोरवेल से निकला 4 वर्षीय गुरकरन, देखें वीडियो

    होशियारपुर: गांव चक समाना में शुक्रवार शाम 4 बजे 30 फुट गहरे बोरवेल में गिरे चार साल के गुरकरन सिंह को NDRF, SDRF, पंजाब पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब 9 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात 12:40 बजे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मजदूर हरिंदर और आशा के बेटे गुरकरन को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

    गुरकरन घर के पास बने खुले बोरवेल में खेलते-खेलते गिर गया था। यह बोरवेल एक दिन पहले ही खोदा जा रहा था। बच्चा करीब 30 फुट की गहराई पर फंस गया था। सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और SSP संदीप कुमार मलिक टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए। बचाव टीमों ने बोरवेल के बगल में 30 फुट से ज्यादा गहरा गड्ढा खोदा। फिर एक तंग सुरंग बनाकर शाफ्ट तक पहुंचा गया। NDRF के 40 से ज्यादा जवानों ने कैमरा और ऑक्सीजन पाइप नीचे उतारकर बच्चे की हरकत पर नजर रखी। लगातार ऑक्सीजन सप्लाई दी जाती रही। 7 घंटे की खुदाई और 2 घंटे की तकनीकी कार्रवाई के बाद गुरकरन को सही-सलामत बाहर निकाल लिया गया।

    पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ऑपरेशन खत्म होने तक मौके पर मौजूद रहे। डॉ. रवजोत ने कहा, “जिला प्रशासन, NDRF और गांव वालों के पुख्ता इंतजामों ने गुरकरन की जान बचाई।” सांसद डॉ. चब्बेवाल ने इसे “बेहद नाजुक ऑपरेशन” बताया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने NDRF, SDRF, पुलिस, सिविल अधिकारियों, मेडिकल टीम और स्थानीय लोगों के अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। SSP संदीप कुमार मलिक ने कहा कि “टीमों के जज्बे की वजह से ही बच्चा बच पाया”। बचाव कार्य के दौरान सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी लंगर, चाय-पानी और हौसला बढ़ाकर मदद की।