Category: Government News>Punjab Govt

  • सीएम मान ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि की अर्पित

    सीएम मान ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि की अर्पित

    कहापंजाब का इतिहास वीरों की बहादुरी और बलिदानों से लिखा गया है

    चंडीगढ़: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जवानों की अद्वितीय वीरता, साहस और अतुलनीय सेवा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

    मुख्यमंत्री ने वार मेमोरियल पर पुष्पमाला अर्पित कर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों और पूर्व सैनिकों से मुलाकात की, दिव्यांग पूर्व सैनिकों को पांच दोपहिया वाहन वितरित किए तथा एनसीसी कैडेटों के साथ-साथ महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट और माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेटों को सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के परिवारों तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

    अपने प्राणों की आहुति देने वाले 527 वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं
    इस अवसर की एक झलक साझा करते हुए सीएम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “आज 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं हमारे देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले 527 वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। इनमें पंजाब के 65 वीर सपूत भी शामिल थे, जिनका बलिदान प्रत्येक पंजाबी को गर्व से भर देता है।”

    शहीद जवान केवल एक परिवार के नहीं होते, वे पूरे देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। आज हम जिस स्वतंत्रता और सुरक्षा का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उनकी शहादत को स्मरण करना और उनकी महान विरासत का सम्मान करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। जय हिंद।

    जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों का अद्वितीय बलिदान नई पीढ़ियों को देशभक्ति, समर्पण और निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान 527 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें पंजाब के 65 से अधिक वीर सपूत शामिल थे। उनकी वीरता और शहादत सदैव प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

    पंजाब का इतिहास अनगिनत बलिदानों से लिखा गया
    मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का इतिहास अनगिनत बलिदानों से लिखा गया है और जो समाज अपने इतिहास का सम्मान करता है, वही निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि हमारे शहीद केवल अपने परिवारों के नहीं, बल्कि पूरे देश के हैं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनकी महान विरासत को संजोना तथा उसका सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

    वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम मान ने कहा कि चाहे कारगिल की बर्फीली चोटियां हों या जैसलमेर का तपता रेगिस्तान, हमारे बहादुर सैनिक देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर समय डटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध को याद करना प्रत्येक भारतीय को गर्व से भर देता है, क्योंकि उस कठिन समय में पूरा देश अद्वितीय देशभक्ति की भावना के साथ एकजुट होकर खड़ा था।

    हमारी सरकार प्रत्येक सैनिक परिवारों को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती
    सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमारे वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान स्वरूप पंजाब सरकार ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले प्रत्येक सैनिक के परिवार को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। यह हमारी सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों और महिला सैनिकों की अमूल्य सेवाओं को सम्मान देने का एक विनम्र प्रयास है।

    सीएम मान ने वार मेमोरियल पर दी श्रद्धांजलि
    सीएम मान ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वार मेमोरियल पर पुष्पमाला अर्पित किया। इस दौरान जवानों के सम्मान में ‘लास्ट पोस्ट’ की धुन बजाई गई तथा दो मिनट का मौन रखा गया।

    मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों और शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर देश के प्रति उनकी अमूल्य सेवाओं और अटूट समर्पण की सराहना की। इसके उपरांत उन्होंने पीएपी ग्रुप कमांडर डीएसपी दविंदर सिंह सैणी के नेतृत्व में पीएपी बैंड द्वारा प्रस्तुत भव्य गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी भी ली। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत तथा सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

     

  • बेटियों के विवाह के लिए मान सरकार की बड़ी पहल: ‘आशीर्वाद योजना’ के तहत ₹28.01 करोड़ जारी

    बेटियों के विवाह के लिए मान सरकार की बड़ी पहल: ‘आशीर्वाद योजना’ के तहत ₹28.01 करोड़ जारी

    राज्य के 19 जिलों के 5,492 अनुसूचित जाति परिवारों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ: डॉ. बलजीत कौर

    चंडीगढ़: जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मान और वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान ‘आशीर्वाद योजना’ के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के 5,492 लाभार्थियों के लिए ₹28.01 करोड़ की राशि जारी की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य के 19 जिलों के पात्र लाभार्थियों के लिए यह वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार अपनी बेटियों का विवाह सम्मान और आत्मविश्वास के साथ संपन्न कर सकें। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि आशीर्वाद पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, पटियाला, पठानकोट, रूपनगर, एस.ए.एस. नगर, एस.बी.एस. नगर, संगरूर और मालेरकोटला जिलों के लाभार्थियों को इस नई जारी की गई सहायता राशि का लाभ मिलेगा। जिला-वार आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस राशि से फाजिल्का के 882, पटियाला के 611, फिरोजपुर के 604, लुधियाना के 403, मोगा के 400, श्री मुक्तसर साहिब के 384, होशियारपुर के 333, गुरदासपुर के 297, बरनाला के 288 तथा एस.बी.एस. नगर के 219 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार बठिंडा के 163, फतेहगढ़ साहिब के 160, संगरूर के 160, एस.ए.एस. नगर के 114, जालंधर के 114, रूपनगर के 104, फरीदकोट के 103, मालेरकोटला के 95 तथा पठानकोट के 58 अनुसूचित जाति लाभार्थियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। योजना की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पात्र परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए ₹51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदक पंजाब का स्थायी निवासी होना चाहिए, गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवनयापन कर रहा हो तथा परिवार की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय ₹32,790 से कम हो। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इस योजना का लाभ प्राप्त करने की पात्र हैं। उन्होंने आगे बताया कि पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के लिए यह सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पारदर्शी एवं जनहितैषी पहलों के माध्यम से अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने और राज्य में सामाजिक न्याय को और मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
  • पंजाब सरकार ने मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का किया और विस्तार

    पंजाब सरकार ने मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का किया और विस्तार

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने प्रदेश के लोगों को उनके घर के निकट मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए 100 नए आम आदमी क्लीनिकों की शुरुआत की है। इन नए क्लीनिकों का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला ग्रामीण के विकास नगर में नव-निर्मित आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन करके किया। इन नए क्लीनिकों के शुरू होने के साथ ही पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो जाएगी।

    इन 100 नए क्लीनिकों में से आज विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने राज्यभर में 71 नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया, जबकि शेष 29 क्लीनिकों को विभिन्न जिलों में अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा 31 जुलाई तक चरणबद्ध तरीके से जनता को समर्पित किया जाएगा। आज जिन कैबिनेट मंत्रियों ने नए क्लीनिकों का उद्घाटन किया, उनमें डॉ. बलजीत कौर ने मलोट के अंबेडकर भवन, डेरा सच्चा सौदा रोड तथा वार्ड नंबर 11,  मुक्तसर साहिब में तीन आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया।लाल चंद कटारूचक्क ने 25 लाख रुपये की लागत से बने पठानकोट शहर के एक क्लीनिक का लोकार्पण किया। गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मुक्तसर साहिब में एक क्लीनिक जनता को समर्पित किया।

    हरदीप सिंह मुंडियां ने विधानसभा क्षेत्र साहनेवाल में 76.41 लाख रुपये की लागत से तैयार तीन आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया। तरुनप्रीत सिंह सौंद ने खन्ना के नरोत्तम नगर, फोकल प्वाइंट और उत्तम नगर में 87 लाख रुपये की लागत से बने तीन नए क्लीनिकों का शुभारंभ किया। इसी प्रकार मोहिंदर भगत ने जालंधर के सिद्धार्थ नगर, बुद्धा मल ग्राउंड तथा स्पोर्ट्स एंड सर्जिकल कॉम्प्लेक्स में तीन आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त राज्य के विभिन्न विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए।
    इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर के निकट पहुंचाकर इलाज को सरल, सुविधाजनक और किफायती बनाया है। उन्होंने कहा कि नए क्लीनिकों के शुरू होने से और अधिक लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

    पंजाब सरकार ने राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए एक प्रभावी मॉडल विकसित किया है। वर्तमान में प्रदेश में 990 आम आदमी क्लीनिक सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जिनमें 414 शहरी तथा 576 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित हैं। इन क्लीनिकों में लोगों को 107 प्रकार की आवश्यक दवाइयां तथा 47 प्रकार की प्रयोगशाला जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रत्येक क्लीनिक में मेडिकल अधिकारी, फार्मासिस्ट और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी तैनात हैं। आधुनिक आईटी प्रणाली के माध्यम से मरीजों का पंजीकरण, जांच, उपचार तथा दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।
    आम आदमी क्लीनिकों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा भी बढ़ाया गया है। अब यहां गर्भवती महिलाओं की प्रसव-पूर्व देखभाल, कुत्ते के काटने का उपचार, परिवार नियोजन सेवाएं, उच्च रक्तचाप, मधुमेह तथा अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच और उपचार जैसी सेवाएं भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। पंजाब सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन 100 नए आम आदमी क्लीनिकों की शुरुआत से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक व्यापक तथा सुदृढ़ होगी।

     

  • गैंगस्टरों पर वार का 186वाँ दिन: पंजाब पुलिस ने 583 स्थानों पर छापेमारी की; 353 गिरफ्तार

    गैंगस्टरों पर वार का 186वाँ दिन: पंजाब पुलिस ने 583 स्थानों पर छापेमारी की; 353 गिरफ्तार

    चंडीगढ़ : ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 186वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 583 ठिकानों पर छापेमारी की। उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं। अभियान के 186वें दिन पुलिस टीमों ने तीन हथियारों सहित 353 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 52,895 हो गई है।

    इसके अतिरिक्त 244 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 13 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गोपनीय रूप से गैंगस्टरों के बारे में सूचना दे सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी साझा कर सकते हैं। इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपने अभियान ‘युद्ध नशों  विरुद्ध’ को 511वें दिन भी जारी रखा। इसके तहत आज 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 481 ग्राम हेरोइन, 40 किलोग्राम भुक्की, 567 नशीली गोलियां तथा 1,040 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही, केवल 511 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 74,485 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 11 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।

  • पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से गैंगस्टर जोबनजीत बिल्ला को इंडोनेशिया से भारत लाया

    पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से गैंगस्टर जोबनजीत बिल्ला को इंडोनेशिया से भारत लाया

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने ओवरसीज़ फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) पंजाब तथा केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला का सफल प्रत्यर्पण कराया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।

    उन्होंने बताया कि आरोपी जोबन बिल्ला को 20 जुलाई 2026 को इंडोनेशिया में हिरासत में लेने के बाद भारत रवाना किया गया। पंजाब पुलिस ने उसे मुंबई हवाई अड्डे पर अपनी हिरासत में लिया और अब आगे की जांच के लिए पंजाब लाया जा रहा है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह सफलता छह महीने तक चले गुप्त अंतरराष्ट्रीय अभियान ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ का परिणाम है। इस अभियान के तहत फरार अपराधियों का पता लगाने के लिए लगातार निगरानी, रणनीतिक खुफिया जानकारी एकत्र करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ निकट समन्वय स्थापित किया गया। उन्होंने बताया कि जोबन बिल्ला हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी 9 जनवरी 2025 को गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति के फर्जी विवरण के आधार पर तैयार किए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से फरार हो गया था। यह पासपोर्ट 8 मार्च 2024 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से जारी किया गया था। डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए जोबन बिल्ला विभिन्न देशों से अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा था। वह पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में छिपा रहा, वहां से जॉर्जिया गया और बाद में इंडोनेशिया पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था तथा उसके फर्जी पासपोर्ट और संभावित ठिकानों संबंधी पुख्ता जानकारी समय-समय पर केंद्रीय एजेंसियों के साथ साझा की जाती रही। इसके अलावा उसके विरुद्ध इंटरपोल के पांच संदर्भ भी जारी किए गए थे। पंजाब पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप इंडोनेशिया में उसे हिरासत में लिया गया।

    उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक  एजीटीएफ प्रमोद बान की निगरानी में तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) एजीटीएफ/ओएफटीईसी बिक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में चलाया गया।

    एडीजीपी प्रमोद बान ने बताया कि जोबन बिल्ला पंजाब में दर्ज चार हत्या के मामलों में वांछित है। इनमें मई 2023 में अमृतसर के गांव सठियाला में जरनैल सिंह की हत्या, जनवरी 2024 में दीपू अजनाला की हत्या, मार्च 2025 में 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह की हत्या तथा मार्च 2025 में ही विक्की चुघ की हत्या के मामले शामिल हैं।

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) आशीष चौधरी के नेतृत्व में ओवरसीज़ फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) का गठन किया है। इसका उद्देश्य विदेशों में छिपे अपराधियों का पता लगाकर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पंजाब वापस लाना तथा उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेज करना है।

     

  • जल संसाधन मंत्री द्वारा गांव संधू कलां और भगतपुरा में 82 करोड़ रुपये की लागत वाली नहरी परियोजनाओं का उद्घाटन

    जल संसाधन मंत्री द्वारा गांव संधू कलां और भगतपुरा में 82 करोड़ रुपये की लागत वाली नहरी परियोजनाओं का उद्घाटन

    23 अन्य गांवों को मिलेगा नहरी पानी, 13,461 एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र को होगा बड़ा लाभ : बरिंदर कुमार गोयल

    चंडीगढ़/तपा/भदौड़: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य के गांवों को 7,200 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं की सौगात दी है, ताकि किसानों को पर्याप्त नहरी पानी उपलब्ध हो सके और पंजाब की कृषि को अधिक समृद्ध बनाया जा सके।

    यह बात पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने विधानसभा क्षेत्र भदौड़ के गांव संधू कलां में ढपाली सिस्टम के तहत 37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार परियोजना के उद्घाटन अवसर पर कही।

    उन्होंने बताया कि इस परियोजना से विधाता, चुंगा, दीना साहिब, भदौड़, पट्टी दीप सिंह, सहेणा, बल्लोके, संधू कलां, नैणेवाल, संधू खुर्द और फूलेवाला सहित 11 गांवों को लाभ मिलेगा तथा 3,854 एकड़ अतिरिक्त भूमि तक नहरी पानी पहुंचेगा। पहले इस प्रणाली से 5,418 एकड़ क्षेत्र की सिंचाई होती थी, जो अब बढ़कर 9,272 एकड़ हो जाएगी।

    इसके बाद मंत्री गोयल ने गांव भगतपुरा में 45.46 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कंक्रीट लाइनिंग एवं नहरों के आधुनिकीकरण परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना के अंतर्गत सहेणा डिस्ट्रीब्यूटरी, दराज माइनर, ढिल्लवां माइनर और सहणा माइनर की कंक्रीट लाइनिंग की गई है, जिससे पट्टी खट्टर, जैमल सिंह वाला, ढिल्लवां पटियाला, ढिल्लवां नाभा, मौड़ पटियाला, मौड़ नाभा, उगोके, दराज, सहणा, बुर्ज फतेहगढ़, पट्टी दराका और भगतपुरा सहित 12 गांवों को लाभ मिलेगा।

    इस परियोजना के तहत सिंचाई का क्षेत्र 16,112.86 एकड़ से बढ़कर 25,720.12 एकड़ हो गया है। इस प्रकार 9,607.26 एकड़ अतिरिक्त भूमि विश्वसनीय नहरी सिंचाई के दायरे में आ गई है।

    इस अवसर पर विधायक स लाभ सिंह ऊगोके ने मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र भदौड़ को करोड़ों रुपये की नहरी परियोजनाओं की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से दर्जनों गांवों में पहली बार नहरी पानी पहुंचा है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

    गांव संधू कलां और भगतपुरा के लोगों ने खेतों तक नहरी पानी पहुंचने की खुशी में लड्डू बांटे। ग्रामीणों ने बताया कि ढिल्लवां के सभी नौ मोगे चालू हो चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशहाली का नया दौर शुरू होगा। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद भी किया।

    इस अवसर पर चेयरमैन तरसेम सिंह काहनेके, अमृत ढिल्लवां, निर्भय धौला, नगर परिषद भदौड़ के अध्यक्ष जगदीप जग्गी, एसडीएम तपा आयुष गोयल, जल संसाधन विभाग के एसई अंकित धीर, एक्सईएन जगमीत सिंह, एक्सईएन हर्षांत वर्मा, पार्टी नेता भोला सिंह मास्टर, विभिन्न गांवों के सरपंच, पंचायत सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

     

  • भोपाल में राष्ट्रीय सम्मेलन में पीएसएफसी के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने न्यूट्रिशन गार्डन, पोषण वाटिकाओं और अंतर-विभागीय समन्वय को किया उजागर

    भोपाल में राष्ट्रीय सम्मेलन में पीएसएफसी के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने न्यूट्रिशन गार्डन, पोषण वाटिकाओं और अंतर-विभागीय समन्वय को किया उजागर

    चंडीगढ़: पंजाब राज्य खाद्य आयोग (पीएसएफसी) के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने मध्य प्रदेश खाद्य आयोग द्वारा भोपाल में आयोजित 2-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘एनएफएसए-2013: प्रगति, चुनौतियाँ और आगे का रास्ता’ में आयोग की गतिविधियों और उपलब्धियों को साझा किया। खाद्य सुरक्षा से पोषण सुरक्षा की ओर बढ़ने की आवश्यकता पर जोर देते हुए  बाल मुकंद शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा और शिक्षा विभागों में बेहतर समन्वय आवश्यक है ताकि सरकार की जन-हितैषी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सके।

    अध्यक्ष ने बताया कि पीएसएफसी द्वारा अप्रैल 2025 में पोषण सुरक्षा पर एक उच्च स्तरीय वर्कशॉप आयोजित की गई थी। इसमें कृषि, वानिकी और आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों के 39 विशेषज्ञों ने भाग लिया। इस वर्कशॉप की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय खाद्य सचिव बी.सी. गुप्ता ने की, जिनके कार्यकाल के दौरान ही एनएफएसए-2013 लागू किया गया था। इस कार्य में स्कूलों और आंगनवाड़ियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। पीएसएफसी की सिफारिशों के बाद शिक्षा विभाग ने मई 2025 में स्कूलों को न्यूट्रिशन गार्डन बनाने के निर्देश जारी किए थे। ये गार्डन पीएयू लुधियाना और बागवानी विभाग द्वारा तैयार किए गए डिज़ाइन के अनुसार बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक गार्डन में 21 प्रकार के फलदार पौधों के साथ-साथ जड़ी-बूटियों और सब्जियों के बाग भी होंगे।

    इसी प्रकार 1000 वर्ग फुट या उससे अधिक क्षेत्र वाली आंगनवाड़ियों में पोषण वाटिकाएँ स्थापित की जा रही हैं। मॉडल अभ्यासों को बढ़ावा देने के लिए आयोग के 4 सदस्यों को प्रत्येक को 6 जिले सौंपे गए हैं और उन्हें प्रत्येक जिले में एक स्कूल गोद लेकर मॉडल गार्डन विकसित करने के लिए कहा गया है। आयोग एनआरआई से सीएसआर के माध्यम से स्कूलों में स्टील के वॉशबेसन और डेस्क लगवाने के लिए भी सहयोग माँग रहा है।

    जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पीएसएफसी स्कूली बच्चों के लिए दंत और सामान्य स्वास्थ्य देखभाल पर भी ध्यान दे रहा है। मिड-डे-मील के रसोइयों और सहायकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लोगों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करने के लिए ‘ईट राइट मेले’ भी लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर बाल मुकंद शर्मा ने नीति आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. रमेश चंद को पंजाब राज्य खाद्य आयोग की पहलों और उपलब्धियों से संबंधित कॉफी टेबल बुक भेंट की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश खाद्य आयोग के चेयरमैन प्रो. वी.के. मल्होत्रा भी उपस्थित थे।

  • मोहिंदर भगत ने लुधियाना में बागवानी विकास केंद्र के निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

    मोहिंदर भगत ने लुधियाना में बागवानी विकास केंद्र के निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

    पंजाब सरकार बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध

    चंडीगढ़: पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने लुधियाना में निर्माणाधीन बागवानी विकास केंद्र के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा इस परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बागवानी को प्रोत्साहित करने, फसली विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास तथा उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि लुधियाना में स्थापित किया जा रहा बागवानी विकास केंद्र किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री, आधुनिक बागवानी तकनीकों, प्रशिक्षण तथा तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र राज्य में बागवानी क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा। भगत ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
  • अनुसूचित जाति आयोग ने तीन मामलों में सुओ-मोटो नोटिस जारी

    अनुसूचित जाति आयोग ने तीन मामलों में सुओ-मोटो नोटिस जारी

    आयोग द्वारा बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज संबंधी एसएसपी बरनाला से रिपोर्ट तलब

    चंडीगढ़: पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने तीन अलग-अलग मामलों में सुओ-मोटो नोटिस जारी किए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोग के चेयरमैन स.जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि आयोग ने समाचार पत्रों के माध्यम से संज्ञान में आए तीन अलग-अलग मामलों में सुओ मोटो नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पहला नोटिस एसएसपी बरनाला को जारी किया गया है। उनसे सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज संबंधी रिपोर्ट तलब की गई है। स.गढ़ी ने बताया कि इसी प्रकार दूसरे मामले में जालंधर जिले के एसएसपी से हलका फिल्लौर निवासी अनुसूचित जाति की लड़की अनु के हत्या मामले में कार्रवाई न होने संबंधी रिपोर्ट तलब की गई है। इसके अलावा शहीद भगत सिंह नगर के डिप्टी कमिश्नर से गांव सहूंगड़ा के श्मशानघाट संबंधी एक मामले में रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने बताया कि इन तीनों मामलों में 28 जुलाई को रिपोर्ट तलब की गई है।
  • मान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जारी किए ₹2,150.73 करोड़ : Dr Baljit Kaur

    मान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जारी किए ₹2,150.73 करोड़ : Dr Baljit Kaur

    जरूरतमंदों के कल्याण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

    चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए चालू वित्तीय वर्ष में जून 2026 तक विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 2,150.73 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समय पर वित्तीय सहायता पहुंचे, ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके। ओर जानकारी साझा करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वर्तमान में पंजाब के 35.90 लाख लाभार्थी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इन योजनाओं के तहत सहायता राशि का निर्बाध वितरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 6,131.91 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक न्याय और समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जून 2026 तक वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 1,423.33 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे राज्य के लगभग 23.77 लाख वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिला है। इसके अतिरिक्त, अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 727.40 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिनका लाभ विधवाओं, आश्रित बच्चों तथा अन्य जरूरतमंद वर्गों के लगभग 12.13 लाख लाभार्थियों को मिला है। पेंशनों और अन्य वित्तीय सहायता का समय पर वितरण बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन को अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ये योजनाएं लाखों परिवारों के लिए मजबूत सहारा बनकर राज्य के सामाजिक सुरक्षा तंत्र को और सुदृढ़ कर रही हैं। डॉ. बलजीत कौर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य का कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नए प्राप्त आवेदनों की जांच प्रक्रिया को और अधिक तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के पहुंचाया जा सके। सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सामाजिक सुरक्षा के दायरे को और अधिक व्यापक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन का अधिकार मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की यह जनकल्याणकारी पहल ‘रंगला पंजाब’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।