सीएम मान ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि की अर्पित

कहापंजाब का इतिहास वीरों की बहादुरी और बलिदानों से लिखा गया है

चंडीगढ़: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जवानों की अद्वितीय वीरता, साहस और अतुलनीय सेवा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने वार मेमोरियल पर पुष्पमाला अर्पित कर कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों और पूर्व सैनिकों से मुलाकात की, दिव्यांग पूर्व सैनिकों को पांच दोपहिया वाहन वितरित किए तथा एनसीसी कैडेटों के साथ-साथ महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट और माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेटों को सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के परिवारों तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

अपने प्राणों की आहुति देने वाले 527 वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं
इस अवसर की एक झलक साझा करते हुए सीएम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “आज 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं हमारे देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले 527 वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। इनमें पंजाब के 65 वीर सपूत भी शामिल थे, जिनका बलिदान प्रत्येक पंजाबी को गर्व से भर देता है।”

शहीद जवान केवल एक परिवार के नहीं होते, वे पूरे देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। आज हम जिस स्वतंत्रता और सुरक्षा का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उनकी शहादत को स्मरण करना और उनकी महान विरासत का सम्मान करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। जय हिंद।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों का अद्वितीय बलिदान नई पीढ़ियों को देशभक्ति, समर्पण और निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान 527 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें पंजाब के 65 से अधिक वीर सपूत शामिल थे। उनकी वीरता और शहादत सदैव प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

पंजाब का इतिहास अनगिनत बलिदानों से लिखा गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का इतिहास अनगिनत बलिदानों से लिखा गया है और जो समाज अपने इतिहास का सम्मान करता है, वही निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि हमारे शहीद केवल अपने परिवारों के नहीं, बल्कि पूरे देश के हैं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनकी महान विरासत को संजोना तथा उसका सम्मान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम मान ने कहा कि चाहे कारगिल की बर्फीली चोटियां हों या जैसलमेर का तपता रेगिस्तान, हमारे बहादुर सैनिक देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर समय डटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध को याद करना प्रत्येक भारतीय को गर्व से भर देता है, क्योंकि उस कठिन समय में पूरा देश अद्वितीय देशभक्ति की भावना के साथ एकजुट होकर खड़ा था।

हमारी सरकार प्रत्येक सैनिक परिवारों को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती
सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमारे वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान स्वरूप पंजाब सरकार ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले प्रत्येक सैनिक के परिवार को एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। यह हमारी सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों और महिला सैनिकों की अमूल्य सेवाओं को सम्मान देने का एक विनम्र प्रयास है।

सीएम मान ने वार मेमोरियल पर दी श्रद्धांजलि
सीएम मान ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वार मेमोरियल पर पुष्पमाला अर्पित किया। इस दौरान जवानों के सम्मान में ‘लास्ट पोस्ट’ की धुन बजाई गई तथा दो मिनट का मौन रखा गया।

मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों और शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर देश के प्रति उनकी अमूल्य सेवाओं और अटूट समर्पण की सराहना की। इसके उपरांत उन्होंने पीएपी ग्रुप कमांडर डीएसपी दविंदर सिंह सैणी के नेतृत्व में पीएपी बैंड द्वारा प्रस्तुत भव्य गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी भी ली। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत तथा सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *