Category: National

  • इस मामले को लेकर BSNL ने जारी की चेतावनी

    इस मामले को लेकर BSNL ने जारी की चेतावनी

    नई दिल्लीः बीएसएनएल ने अपने ग्राहकों को टावर लगाने के नाम पर धोखाधड़ी से सतर्क किया है। दरअसल, एक फर्जी वेबसाइट ग्रामीण, अर्ध-शहरी और शहरी क्षेत्रों में टावर लगाने के बदले ₹25,000 से ₹50,000 देने का दावा कर रही है। कंपनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस फर्जी वेबसाइट की पहचान करने और सतर्क रहने की सलाह दी है। सरकारी टेलीकॉम सेवा प्रदाता बीएसएनएल ने अपने ग्राहकों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी उन फर्जी योजनाओं से संबंधित है, जो मोबाइल टावर लगाने के नाम पर झूठे वादे करती हैं।

    यदि आप अपने स्थान पर टावर लगवाकर कमाई करने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। हालांकि, बीएसएनएल ने स्पष्ट किया है कि यह वेबसाइट सरकारी टेलीकॉम कंपनी से संबंधित नहीं है और यह एक धोखाधड़ी है। इसका उद्देश्य उन लोगों की निजी जानकारी चुराना है, जो टावर लगाने के लिए जगह देकर पैसा कमाना चाहते हैं। बीएसएनएल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए देशभर में अपने ग्राहकों को इस फर्जी वेबसाइट के बारे में सतर्क किया है। कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि यह वेबसाइट झूठे वादों के जरिए लोगों को गुमराह कर रही है और ग्राहकों से अपील की है कि वे इस प्रकार के दावों या संदेशों को नज़रअंदाज़ करें।

    कंपनी ने फर्जी वेबसाइट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है ताकि ग्राहक इसे पहचान सकें और सतर्क रहें। आमतौर पर, जब टेलीकॉम कंपनियां टावर लगाती हैं, तो वे संपत्ति मालिक को हर महीने किराया देती हैं। लेकिन बीएसएनएल ने यह पुष्टि की है कि वह इस तरह की वेबसाइटों के माध्यम से काम नहीं करता और न ही अवास्तविक दावे करता है। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे टावर लगाने से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए सीधे कंपनी से संपर्क करें। साथ ही यूजर्स ऐसे किसी भी फ्रॉड मैसेज के चक्कर में नहीं आएं। ऐसा होने की स्थिति में वह सीधा शिकायत भी कर सकते हैं।

  • चुनावों के ऐलान के बाद बसपा को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता पत्नी सहित आप पार्टी में हुआ शामिल

    चुनावों के ऐलान के बाद बसपा को बड़ा झटका, वरिष्ठ नेता पत्नी सहित आप पार्टी में हुआ शामिल

    नई दिल्ली: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही है। सभी दल अपनी पूरी ताकत के साथ देश की राजधानी में सरकार बनाने के लिए चुनाव प्रचार करने में लगे हुए है। इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव 5 फरवरी 2025 को होंगे, और इसके परिणाम 8 फरवरी 2025 को सामने आएंगे।

    इस बीच, बहुजन समाजवादी पार्टी (बीएसपी) के वरिष्ठ नेता मदन मोहन ने अपनी पत्नी सुदेशवती के साथ आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम के बारे में आप सांसद संजय सिंह ने जानकारी दी। बता दें कि संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की कि पालम विधानसभा से चुनाव लड़ चुके और बीएसपी के वरिष्ठ नेता मदन मोहन ने अपनी पत्नी सुदेशवती के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

    मदन मोहन को 2015 में 25 हजार वोट मिले थे, और सुदेशवती दो बार निगम पार्षद रह चुकी हैं, जिनमें से एक बार उन्होंने 17 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। संजय सिंह ने बताया कि इन नेताओं का राजनीतिक इतिहास काफी मजबूत है। उनका यह योगदान पार्टी के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। इस जुड़ाव का श्रेय जोगेंदर सोलंकी को जाता है, जिन्होंने मदन मोहन को पार्टी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

  • महिला के ऊपर से गुजर गई ट्रेन, फिर भी बच गई जान, देखें वीडियो

    महिला के ऊपर से गुजर गई ट्रेन, फिर भी बच गई जान, देखें वीडियो

    मथुरा: रेलवे जंक्शन पर महिला यात्री के ऊपर से ट्रेन गुजरने की घटना सामने आई है। जहां यात्रियों के शोर मचाने पर महिला रेलवे ट्रैक पर लेट गई। जिसके चलते महिला की जान बच गई। वहीं घटना वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दूसरी ओर इस घटना के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। दरअसल, मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर महिला रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी के नीचे से होकर प्लेटफार्म की ओर जा रही थी कि अचानक से मालगाड़ी चल दी। यह दृश्य जब यात्रियों ने देखा तो उन्होंने शोर मचाया और महिला को नीचे लेट जाने को कहा जिसके बाद महिला रेलवे ट्रैक पर ही नीचे लेट गई और उसके ऊपर से मालगाड़ी गुजर गई। हालांकि यह घटना सोमवार की बताई गई है जिसका वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की जानकारी लगते ही रेलवे विभाग के कर्मचारी वेंडर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और मालगाड़ी को रुकवा कर महिला को सकुशल बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि महिला को कोई भी चोट व खरोंच नहीं आई है। जानकारी के अनुसार मालगाड़ी के नीचे से महिला निकलने के बाद भीड़ का फायदा उठाकर गायब हो गई लेकिन किसी को यह तक नहीं पता चला कि यह महिला कहां की रहने वाली थी और कहां जा रही थी। लेकिन इस घटना को देख एक बार तो सभी की सांस मानो जैसे थम गई हो। वहीं यात्रियों के द्वारा रेलवे विभाग की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए लोगों का कहना था कि इस तरीके से ट्रेन के नीचे से निकल रही महिला किसी भी सुरक्षा अधिकारी को क्यों नहीं दिखाई दी जबकि रेलवे विभाग सुरक्षा को लेकर तमाम दावे करता है लेकिन इस घटना को देखते हुए सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।    
  • विधानसभा चुनावों का हुआ ऐलान, 5 फरवरी को होगी वोटिंग, 8 को मतगणना

    विधानसभा चुनावों का हुआ ऐलान, 5 फरवरी को होगी वोटिंग, 8 को मतगणना

    नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा चुनावों का चुनाव आयोग ने ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग ने बताया कि दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होगी। इसी के साथ ही 8 फरवरी को मतगणना की जाएगी। दरअसल, दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो रहा है। मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि दिल्‍ली में 2 लाख ऐसे मतदाता हैं, जो पहली बार वोट देंगे।

    लोकसभा चुनाव के दौरान वोटरों का रिकॉर्ड बना है। अब दिल्‍ली विधानसभा चुनाव से भी यही उम्‍मीद है। युवाओं से अपील है कि लोकतंत्र में इसी तरह अपनी भागीदारी बढ़ाते रहें। भविष्‍य में भी लोकतंत्र और मजबूत होगा। इसी के साथ ही राजीव कुमार ने कहा कि पिछले दिनों वोटर लिस्ट में नाम काटने की शिकायत की गई। लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। वोटर लिस्‍ट से नाम हटाने की एक प्रक्रिया होती है, इसके बिना कोई नाम नहीं हटाया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि भारत जल्द ही एक अरब से अधिक मतदाताओं वाला देश होने का नया रिकॉर्ड बनाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 विश्व स्तर पर चुनावों का वर्ष था जब लोकतंत्र में दुनिया की दो-तिहाई आबादी ने विभिन्न चुनावों में मतदान किया।

    सीईसी ने कहा, हमारे यहां 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भी चुनाव थे। अच्छा माहौल था, लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत, लोगों की भागीदारी, महिलाओं की भागीदारी के मामले में नए रिकॉर्ड बनाए गए। मतदाता सूची कल जारी की गई। हम 99 करोड़ मतदाताओं को पार कर रहे हैं। हम बहुत जल्द एक अरब मतदाताओं का देश बनने जा रहे हैं, जो मतदान में एक और रिकॉर्ड होगा। उन्होंने यह भी बताया कि महिला मतदाताओं की संख्या भी लगभग 48 करोड़ होने वाली है।

    चुनाव आयोग ने कहा, शाम 5 बजे के बाद लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र चुनाव में वोटिंग प्रतिशत बढ़ जाने के सवाल पर चुनाव आयोग ने कहा कि 10.5 लाख बूथ से डेटा इकट्ठा किया जाता है। ये डेटा ऑफलाइन तरीके से लिया जाता है। दुनिया में ऐसा कोई तंत्र नहीं जो इतने बड़े देश में 6 बजे शाम तक पोलिंग डेटा दे। लोकसभा में अनुमानित 40 लाख फॉर्म 17 C से महाराष्ट्र चुनाव में करीब 4 लाख फॉर्म 17C थे जिन्हें पोलिंग पार्टी मैनुअल तरीके से हाथों से भरते हैं।

    अमूमन किसी भी बूथ पर शाम 7 बजे तक वोटिंग होती है। वोटर टर्न आउट ऐप पर आने वाला डेटा जानकारी देने मात्र के लिए है। इसे आए हुए आंकड़ों के आधार पर ऑनलाइन अपडेट किया जाता है। फॉर्म 17C रात तक जैसे जैसे अपडेट होता है उसका आंकड़ा मतदान प्रतिशत से जोड़ा जाता है और मतदान प्रतिशत बढ़ता रहता है। चुनाव आयोग ने साफ किया कि वोटिंग प्रतिशत अपडेट करने का तरीका बिल्कुल पारदर्शी है।

     

  • नशे में धुत व्यक्ति को सांड से छेड़छाड़ करनी पड़ी महंगी, मौत, देखें वीडियो

    नशे में धुत व्यक्ति को सांड से छेड़छाड़ करनी पड़ी महंगी, मौत, देखें वीडियो

    जबलपुरः आवारा पशुओं द्वारा लोगों को घायल करने व कई बार लोगों को मौत के घाट उतारने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला कैंट थाना क्षेत्र स्थित सदर के गैरिजन मैदान से सामने आया है जहां, उस समय सनसनी मच गई जब सुबह एक व्यक्ति का शव मैदान में पड़ा मिला। घटना के बाद जब पुलिस उसकी पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी ही थी कि इसी बीच पुलिस के पास एक वीडियो पहुंचा जिसमें युवक को सांड द्वारा उठाकर पटकते हुए देखा जा सकता था। पुलिस अभी यह पता लगाने में लगी है कि मृतक कौन था और कहां का रहने वाला था। वहीं प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब के नशे में था और मैदान में सांड को छेड़ने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान व्यक्ति ने इतनी ठंड होने के बावजूद कोई कमीज या स्वेटर नहीं डाला हुआ था। छेड़खानी करने पर इस दौरान सांड ने व्यक्ति को उठाकर जोरदार तरीके से पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि शराब के नशे में ही चोट लगने से उसकी मौत हुई है। मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
  • आमरण अनशन कर रहे Prashant Kishor की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

    आमरण अनशन कर रहे Prashant Kishor की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

    पटनाः जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर बड़ी खबर सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार आमरण अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उनको पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वो पिछले 6 दिनों से बीपीएससी के खिलाफ आमरण अनशन कर रहे हैं। बीते सोमवार को पुलिस ने उनको गांधी मैदान से गिरफ्तार भी किया था। हालांकि रात होते-होते उनको कोर्ट से राहत मिल गई। मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब पीके लोगों से बातचीत कर रहे थे उसी दौरान वो अचेत हो गए। जिसके बाद डॉक्टरों की टीम आनन फानन में शेखपुरा हाउस पहुंची।

    बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित तौर पर हुई धांधली को लेकर अभ्यर्थियों के समर्थन में आंदोलन कर रहे प्रशांत किशोर ने 2 जनवरी से आमरण अनशन शुरू किया। पटना के गांधी मैदान में शुरू हुए अनशन को लेकर पुलिस ने उनको सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर की तबीयत कमजोरी और डिहाइड्रेशन की वजह से बिगड़ी है। मेदांता में उनका पूरा हेल्थ चेकअप किया जाएगा। हालांकि उन्होंने अस्पताल जाने से पहले कहा कि उनका भूख हड़ताल जारी रहेगा। वो अभ्यर्थियों के भविष्य की लड़ाई तक आंदोलन जारी रखेंगे।

    बता दें कि सोमवार को पटना के गांधी मैदान से पुलिस ने प्रशांत किशोर को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उनको पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उनको 25 हजार के मुचलके के साथ जमानत देने का आदेश दिया था, लेकिन प्रशांत किशोर ने इसके विरोध में जेल जाना पसंद किया था। उन्होंने कहा कि वो जेल जाना पसंद करेंगे लेकिन बॉन्ड नहीं भरेंगे। हालांकि शाम से रात होते-होते उनको कोर्ट से बिना शर्त जमानत मिल गई। जमानत के बाद प्रशांत ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि जबतक बीपीएससी परीक्षा रद्द नहीं कर दी जाएगी तबतक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि उन्होंने मंगलवार को आंदोलन के नए स्वरूप के बारे में जानकारी देने को कहा था। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।

     

  • अंतरराष्ट्रीय अपराधियों पर नकेल के लिए गृह मंत्री Amit Shah ने भारतपोल पोर्टल किया लॉन्च

    अंतरराष्ट्रीय अपराधियों पर नकेल के लिए गृह मंत्री Amit Shah ने भारतपोल पोर्टल किया लॉन्च

    नई दिल्लीः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज एक नया ऑनलाइन सिस्टम भारतपोल शुरू किया है। यह सिस्टम सीबीआई (केंद्रीय जांच ब्यूरो) ने बनाया है। इसके जरिए, भारत सरकार विदेश में बैठे वॉन्टेड अपराधियों की धरपकड़ के लिए दूसरे देशों की पुलिस से मदद मांग सकेगी। इस सिस्टम से इंटरपोल को सूचना देना और मदद मांगना आसान हो जाएगा। अमित शाह ने इस नए पोर्टल पर कहा कि भारतपोल हमारे देश की अंतरराष्ट्रीय जांचों को एक नए युग में ले जाएगा।

    भारतपोल की मदद से तमाम राज्यों की पुलिस, सीबीआई, NIA, ईडी और अन्य तमाम जांच एजेंसियां इसमें शामिल हो जाएंगी। गृह मंत्री अमित शाह ने भारतपोल पोर्टल की तारीफ करते हुए कहा कि आज यहां ‘भारतपोल’ लॉन्च किया गया है। भारतपोल हमारे देश की अंतरराष्ट्रीय जांचों को एक नए युग में ले जाएगा। सीबीआई ही इंटरपोल के साथ काम करने वाली एकमात्र एजेंसी थी,लेकिन भारतपोल के लॉन्च के साथ, हर भारतीय एजेंसी और सभी राज्यों की पुलिस आसानी से इंटरपोल से जुड़ पाएगी।

    हम अंतराल को पाट सकेंगे और अपराध को नियंत्रित करने के लिए कुशलतापूर्वक काम कर सकेंगे। शाह ने आगे कहा कि इससे हमारे देश की जांच एजेंसियां दूसरे देशों की पुलिस से बहुत आसानी से मदद ले सकेंगी। पहले सिर्फ सीबीआई ही इंटरपोल से जुड़कर दूसरे देशों की पुलिस से मदद मांग सकती थी। लेकिन अब भारतपोल के जरिए सभी राज्य पुलिस और अन्य एजेंसियां भी इंटरपोल से सीधे जुड़ सकेंगी। अब तक अगर किसी भारतीय राज्य की पुलिस या किसी अन्य जांच एजेंसी को विदेश में छिपे किसी अपराधी को भारत लाना होता था,तो उन्हें सीबीआई से संपर्क करना पड़ता था। यह संपर्क आमतौर पर ईमेल या फिर पारंपरिक पत्राचार के माध्यम से होता था।

    इस प्रक्रिया में सूचनाओं के लीक होने का खतरा भी बना रहता था, लेकिन अब भारतपोल के आने से इस प्रक्रिया में क्रांति आ गई है। भारतपोल के माध्यम से देश के सभी राज्यों के पुलिस प्रमुख और अन्य जांच एजेंसियां सीधे इस पोर्टल से जुड़ सकेंगी। इसका मतलब है कि अब उन्हें सीबीआई के माध्यम से जाने की जरूरत नहीं होगी। अभी के सूरत-ए-हाल के हिसाब से ये वॉन्टेड भारत में आतंकवाद या अन्य किसी भी तरह का क्राइम करके देश छोड़कर विदेशों में छिप जाते हैं या फिर विदेशी धरती से भारत में आतंकवाद और अन्य किसी तरह के क्राइम में शामिल रहते हैं।

  • HMPV वायरस से देश में दहशत का माहौल, अब तक 8 मामलों की हुई पुष्टि

    HMPV वायरस से देश में दहशत का माहौल, अब तक 8 मामलों की हुई पुष्टि

    नई दिल्लीः अभी कोरोनो की दहशत को लोग भूले नहीं थे कि चीन में कोरोना जैसे वायरस ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) भी फैल गया है। वहीं इस खतरनाक वायरस की भारत में भी एंट्री हो गई है, जिससे लोगों में सहम का माहोल बना हुआ है। भारत में अब तक 8 केस सामने आ चुके हैं। इनमें अहमदाबाद के सोमवार को 2 महीने के बच्चे में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) का संक्रमण मिला। यह बच्चा राजस्थान का है और इलाज के लिए अहमदाबाद पहुंचा है। इससे पहले, 6 जनवरी की सुबह कर्नाटक में 3 महीने की बच्ची और 8 महीने के बच्चे में यह वायरस मिला था। दोनों बच्चों की जांच बेंगलुरु के एक अस्पताल में की गई थी। पश्चिम बंगाल में भी पांच महीने के बच्चे में इस बीमारी के लक्षण मिले हैं। इसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर, तमिलनाडु के चेन्नई में भी दो बच्चे संक्रमित मिले हैं। अभी इनके बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं आज महाराष्ट्र के नागपुर में 2 केस सामने आए हैं। इनमें एक 13 साल की लड़की और एक 7 साल का लड़का संक्रमित मिला।   ये बच्‍चे कैसे एचएमपीवी वायरस के संपर्क में आए, ये अभी पता लगाया जा रहा है। भारत ने एचएमपीवी वायरस से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्‍य सरकारें भी अपने स्‍तर पर तैयारियां कर रही हैं। दिल्‍ली सरकार ने एडवाइजरी जारी की है, तो उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज बैठक बुलाई है।

    क्या कहना है केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री का

    केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जेपी नड्डा का कहना है कि एचएमपीवी वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। ये वायरस भारत में 2001 से है। एचएमपीवी वायरस इतना खतरनाक नहीं है जितना इसके बारे में सोशल मीडिया पर बातें हो रही हैं। HMPV कोई नया वायरस नहीं है। यह कई सालों से पूरी दुनिया में फैल रहा है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हम ये कह सकते हैं कि चिंता का कोई कारण नहीं होना चाहिए।

    इन लोगों को सबसे ज्‍यादा सतर्क रहने की जरूरत

    इस वायरस से सबसे ज्यादा खतरा 5 साल से कम उम्र के बच्चों और 65 साल से अधिक उम्र के लोगों को रहता है। साथ ही कमजोर इम्युनिटी वाले लोग, अस्थमा या दूसरे सांस की समस्या वाले लोगों को इसका अधिक खतरा होता है। इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए कुछ उपायों पर जोर दिया गया है जिसमें से हाथ धोना, मास्क पहनना और समय पर जांच कराना जरूरी बताया गया है। HMPV और कोविड-19 में कई तरह की समानताएं हैं, जैसे ये दोनों सांस से संबंधित बीमारी का कारण बनते हैं। दोनों बुजुर्गों, कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों के लिए ज्यादा खतरा पैदा करते हैं। साथ ही इन दोनों बीमारियों के कई लक्षण मिलते जुलते हैं।
  • भूलकर भी न करें ये वाला हीटर इस्तेमाल, पति-पत्नी और 3 बच्चों की मौत

    भूलकर भी न करें ये वाला हीटर इस्तेमाल, पति-पत्नी और 3 बच्चों की मौत

    जम्मू-कश्मीर। श्रीनगर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां, पन्द्रथन इलाके में एक परिवार के पांच सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। यह परिवार बारामूला जिले का रहने वाला था और श्रीनगर में किराए के मकान में रह रहा था। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे में हीटर चालू किया हुआ था। मरने वाले में पति, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। कैसे हुआ हादसा? रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार को अचानक सभी लोग बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि दम घुटने के कारण उनकी मौत हुई। हीटर से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस इस घटना का मुख्य कारण मानी जा रही है। हीटर से कार्बन मोनोऑक्साइड खतरा ठंड में गर्मी पाने के लिए रूम हीटर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन ध्यान रखें, बंद कमरे में हीटर चलाने से ऑक्सीजन की कमी हो सकती है और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बन सकती है। यह गैस गंध रहित और जहरीली होती है, जिससे दम घुटने का खतरा रहता है। LPG हीटर का उपयोग न करें सरकार और विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग LPG हीटर का इस्तेमाल न करें। ये हीटर अधिक मात्रा में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस उत्पन्न करते हैं। जब कमरा पूरी तरह बंद होता है, तो ताजी हवा का आदान-प्रदान नहीं हो पाता, जिससे गैस इकट्ठा होकर जानलेवा हो सकती है। हीटर का उपयोग करते समय जरूरी सावधानियां 1. रूम हीटर की सफाई करें
    • हीटर का इस्तेमाल करने से पहले उसकी अच्छे से सफाई करें। इसमें फंसी धूल और गंदगी निकलने से गैस उत्सर्जन कम होगा और जलने की गंध से बचा जा सकता है।
    2. बंद कमरे में हीटर लंबे समय तक न चलाएं
    • बंद कमरे में लंबे समय तक हीटर या ब्लोअर का उपयोग करने से बचें।
    • कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनने से दम घुटने का खतरा रहता है।
    • कमरे में ऑक्सीजन की कमी से भी समस्या हो सकती है।
    3. हमेशा सेफ जगह पर रखें हीटर
    • हीटर को ऐसी जगह पर रखें जहां बच्चे और पालतू जानवर उसे छू न सकें।
    • हीटर को नियमित रूप से चेक करें और साफ करें ताकि वह सही से काम कर सके।
    • हीटर के साथ आने वाले निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और उनके अनुसार ही इसका इस्तेमाल करें।
    सुरक्षित हीटर का चयन करें
    • ऐसे हीटर का इस्तेमाल करें जिसमें गैस बाहर निकलती रहे या जिसमें सेफ्टी फीचर्स हों।
    • ऑटोमैटिक कट-ऑफ वाला हीटर ज्यादा सुरक्षित रहता है।
    इस घटना ने हमें सतर्क रहने और सर्दियों में हीटर जैसे उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करने की सीख दी है। हर व्यक्ति को इन सावधानियों का पालन करना चाहिए ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।
  • जमीन खुदाई के दौरान मिला 5 सौ साल पुराना शिव मंदिर… लगे हर-हर महादेव के जयकारे

    जमीन खुदाई के दौरान मिला 5 सौ साल पुराना शिव मंदिर… लगे हर-हर महादेव के जयकारे

    बिहार। पटना के आलमगंज इलाके में एक अनोखी घटना सामने आई है। जहां, जमीन की खुदाई के दौरान एक बहुत पुराने शिव मंदिर का पता चला है। इस मंदिर के मिलने की खबर से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग बड़ी संख्या में मंदिर को देखने के लिए पहुंच रहे हैं और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

    लगभग 500 साल पुराना मंदिर
    स्थानीय लोगों और जानकारों का मानना है कि यह शिव मंदिर लगभग 500 साल पुराना हो सकता है। मंदिर के अवशेष देखकर लोग अचंभित हैं और इसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर चर्चाएं हो रही हैं।

    मठ की जमीन पर हो रही थी खुदाई
    यह खुदाई मठ की जमीन पर की जा रही थी। खुदाई के दौरान जैसे ही शिव मंदिर का एक हिस्सा दिखा, वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। धीरे-धीरे मंदिर का आकार स्पष्ट हुआ, जिससे सभी लोग भक्तिमय हो गए।

    शिव भक्तों का उमड़ा सैलाब
    शिव मंदिर मिलने की खबर फैलते ही इलाके में “बम बम भोले” और “हर हर महादेव” के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी। मंदिर के दर्शन करने के लिए लोग दूर-दूर से आने लगे। पूरे वातावरण में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बन गया।

    भव्य मंदिर निर्माण की योजना
    स्थानीय लोगों का कहना है कि अब यहां विधि-विधान से पूजा-पाठ शुरू किया जाएगा। साथ ही, मंदिर का पुनर्निर्माण कर इसे भव्य रूप दिया जाएगा, ताकि भक्तजन अच्छे से पूजा-अर्चना कर सकें।