Category: Punjab>Phagwara

  • कपूरथलाः सिविल अस्पताल से हथकड़ी लगा आरोपी दीवार फांदकर हुआ फरार, पुलिस के फूले हाथ-पांव

    कपूरथलाः सिविल अस्पताल से हथकड़ी लगा आरोपी दीवार फांदकर हुआ फरार, पुलिस के फूले हाथ-पांव

    कपूरथलाः जिले में एक दिन पहले तीन दिन में ही चोरी के आरोपियों को लाखों की नकदी समेत गिरफ्तार करके एसपी-जांच रमनिंदर सिंह पुलिस की पीठ थपथपा रहे थे। उसकी पोल अगली ही दिन उस समय खुल गई जब थाना सदर की पुलिस की हिरासत से एक चोरी का आरोपी हथकड़ी समेत सिविल अस्पताल कपूरथला से दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए, वहीं थाना सदर पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने आरोपी को 15 मिनट में ही मोहब्बत नगर से काबू किए जाने का दावा किया है। लेकिन इस फरारी से पुलिस की किरकिरी भी हो रही है।

    जानकारी के अनुसार थाना सदर पुलिस ने एसी कंप्रेसर चोरी के आरोप में एक आरोपी जोधा सिंह निवासी खानपुर को काबू किया था। जिसके खिलाफ एफआईआर न. 44 थाना सदर में दर्ज है। आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश करने से पहले उसका मेडिकल करवाने के लिए पुलिस टीम सिविल अस्पताल कपूरथला आई। सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने के उपरांत चोरी का आरोपी जोधा सिंह पुलिस को चकमा देकर सिविल अस्पताल के मोर्चरी के नजदीक से दीवार फांदकर भाग गया। जिसका पुलिस टीम ने तुरंत पीछा करते हुए साथ लगते क्षेत्र मोहब्बत नगर से 15 मिनट बाद काबू कर लिया है। इसकी पुष्टि सदर प्रभारी सोनामदीप कौर ने भी की है। वहीं एसपी-जांच रमनिंदर सिंह ने इस घटना की किसी भी तरह की जानकारी न होने की बात कही है।

  • कपूरथलाः दो गुटों में हुई झड़प के दौरान चली गोलियां, 2 घायल, देखें वीडियो

    कपूरथलाः दो गुटों में हुई झड़प के दौरान चली गोलियां, 2 घायल, देखें वीडियो

    कपूरथलाः शहर में नशे के लिए बदनाम क्षेत्र मोहल्ला मेहताबगढ़ में देर रात दो गुटों के बीच झड़प के बाद फायरिंग हुई है। इस घटना में 2 लोग गंभीर घायल भी हुए हैं। जिन्हें देर रात कपूरथला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने एक की स्थिति नाजुक होने के चलते बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया है। जिसका फ़िलहाल इलाज जालंधर के निजी अस्पताल में चल रहा है।  दूसरी तरफ इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सब डिवीजन मनिंदरपाल सिंह ने बताया कि सिटी थाना पुलिस ने सूमोटो नोटिस लेते हुए दोनों गुटों के 6 लोगों को नामजद कर विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। और एक आरोपी की गिरफ्तार भी किया है।     

    जानकारी अनुसार देर रात लगभग 1:30 बजे मोहल्ला मेहताबगढ़ में दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच फायरिंग हो गई। जिसमें 2 लोग गंभीर घायल हुए हैं। घायल पवनप्रीत सिंह तथा मनप्रीत सिंह को सिविल अस्पताल कपूरथला में देर रात उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। जहां मनप्रीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर ने रेफर कर दिया। वहीं सूत्रों की माने तो उक्त मामला नशा तस्करी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। और एक कांग्रेसी नेता का पोता भी इसमें शामिल है। 

    वहीं दूसरी तरफ घायल पवनप्रीत सिंह की माता जसवीर कौर ने बताया कि वह देर रात माता के मंदिर से माथा टेक कर लौट रहे थे कि अचानक सन्नी नामक व्यक्ति उनकी गाड़ी के आगे खड़ा हो गया और गली गलोच करते हुए पत्थर मारने लगा। उनके बेटे पवनप्रीत नकाफी रोका लेकिन उसने फायरिंग कर उसे गंभीर घायल कर दिया।  सूत्रों की मानें तो इस दौरान 3-4 राउंड फायरिंग हुई है। डीएसपी सब डिवीजन मनिंदर पाल ने बताया कि इस फायरिंग की घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस में सुमोटो नोटिस लेते हुए दोनों गुटों के 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि मौके से उन्हें एक चला हुआ खोल तथा 3 जिंदा रोंद भी बरामद हुए हैं।

  • कपूरथलाः बीबी जागीर कौर ने SGPC एसजीपीसी को टक्कर देने के लिए ​‘शिरोम​णि अकाली पंथ’ के गठन का किया ऐलान, देखें वीडियो 

    कपूरथलाः बीबी जागीर कौर ने SGPC एसजीपीसी को टक्कर देने के लिए ​‘शिरोम​णि अकाली पंथ’ के गठन का किया ऐलान, देखें वीडियो 

    कपूरथलाः ​शिरोमिण गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी)के प्रधान के चयन में लिफाफा कल्चर का विरोध करने वाली पूर्व एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने​ नई धार्मिक संस्था ‘​शिरोम​णि अकाली पंथ’ के गठन का ऐलान कर दिया है। बेगोवाल में संत प्रेम सिंह मुराले वालों के 73वें तीन दिवसीय वा​र्षिक समारोह के अंतिम दिन शनिवार को बीबी जागीर कौर ने मंच से नई कमेटी की घोषणा की। जिसे मौजूद संगत ने ‘बोले सो निहाल’ के जयकारे के साथ सहमति दी। संगत को संबो​धित करते हुए बीबी जागीर कौर ने कहा कि सिख धर्म की संस्थाओं को एकमंच पर आने की जरूरत उस समय से महसूस हो रही थी, जब नवंबर 2022 में उन्होंने (बीबी जागीर कौर) ने एसजीपीसी चुनाव के दौरान लिफाफा कल्चर को चुनौती दी थी।

    उन्होंने कहा कि आज शनिवार को वह संत प्रेम सिंह जी के इस पवित्र स्थान से प्रण लेती है कि जब तक उनकी सांसें चलेंगी, तब तक हर सांस के साथ सिख सिद्धांतों पर पहरा दिया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी को सिख कौम व पंथ की पुरातन शान को बहाल करवाने और खालसा पंथ की चढ़दी कला के लिए अपना योगदान डालना होगा। उन्होंने कहा कि सिख कौम के सामने पेए किए गए इस पंथक एजेंडें में सिख जगत की सबसे सिरमौर संस्था एसजीपीसी का स्वतंत्र, खुदमु​ख्तियार व पंथक रुतबा बहाल करना सबसे पहला लक्ष्य होगा। जब एसजीपीसी अ​स्तित्व में आई है तब से अब तक कमेटी ही धार्मिक, सियासी व सामाजिक क्षेत्र में सिख पंथ की अगुवाई करती आई है, लेकिन पिछले कुछ दशकों से एसजीपीसी की इस आजाद, खुदमु​ख्तियार व पंथक हस्ती को जबरदस्त चोट लगती आ रही है।

    उन्होंने कहा कि सिख पंथ से उनका पहला वादा है कि जत्थेबंदी को मजबूत करके ​एसजीपीसी जैसी इस महान संस्था को आजाद करवाया जाए और इसकी खुदमु​ख्यितयारी व पंथक रुतबा बहाल किया जाएगा। ​​शिरोम​णि कमेटी की प्रतिनि​धित्व जत्थेबंदी है। इसके कामकाज की भूमिका को सही मायनों में प्रतिनि​धित्व जत्थेबंदी के तौर पर चलाकर पंथक एकता के लिए माहौल सिरजने के लिए प्लेटफार्म तैयार किया जाएगा। नवगठित संस्था की ओर से कुछ कौमी मुद्दे जैसे  बंदी सिंहों की रिहाई का मामला, सियासी तौर पर अलग-थलग सिखों के ग्रुपाें को एकजुट करना, गैर सियासी सिख ह​स्तियों व कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ना के अलावा कई अहम मुद्दों को उठाया जाएगा।

    इस मौके पर एसजीपीसी सदस्य करनैल सिंह पंजोली, जगजीत सिंह गाबा, पीपी सिंह, हरभजन सिंह, एनपी सिंह, गुरिंदरजीत सिंह भुल्लर, एडवोकेट कुलवंत सिंह सहगल, मक्खन सिंह धालीवाल, बलजीत सिंह हमीरा, एसजीपीसी सदस्य परमजीत सिंह रायपुर, सुरिंदर सिंह रूबी, हरजीत सिंह बराड्, पलविंदर सिंह धालीवाल, गुरदीप सिंह तुली, बलविंदर सिंह डाेगरांवाल, प्रभजोत सिंह धालीवाल, हैप्पी जुल्का, सतनाम सिंह सरपंच, जोरावर सिंह, राजिंदर सिंह लाडी, अवतार सिंह मुल्तानी, नंबरदान भजन सिंह भदास, जसवीर सिंह गोगी, परमजीत सिंह रेरू, ज्ञानी गुरमिंदर सिंह, बाबा महिंदर सिंह मकसूदपुर वाले, जत्थेगदार गुरदयाल ​सिंह सुल्तानपुर  लोधी, जत्थेदार उड़ा सिंह, सुखदेव सिंह भटनूरां, रणजीत सिंह बिट्टू, लखविंदर सिंह आदि भारी तादाद में संगत मौजूद थी।

  • पंजाबः नकाबपोश हमलावारों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, देखें CCTV

    पंजाबः नकाबपोश हमलावारों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, देखें CCTV

    सुल्तानपुर लोधी: जिला कपूरथला प्रखंड सुल्तानपुर लोधी के गांव अमरजीतपार से बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक घर को नकाबपोशों ने निशाना बनाया। इसी बीच रात के अंधेरे में घर के गेट पर दो नकाबपोशों ने गोली चलाई। जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गौरतलब है कि जब नकाबपोशों ने इस घटना को अंजाम दिया तो पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जिस घर के बहार घटना हुई उस परिवार का कहना है कि बीती रात करीब 9 बजे की बात है जब वे अपने घर के अंदर रात का खाना खा रहे थे।

    फिर उस समय उन्हें तेज आवाजें सुनाई देती हैं। और जब वे घर से बाहर जाकर नजर मरते हैं तो 2 नकाबपोश वहां से फरार हो गए। जिसके बाद उन्हें पता चलता है कि उन नकाबपोशों ने उनके घर के गेट पर गोलियां चलाई थीं। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और घटना की जानकारी दी। हालांकि इस घटना से किसी को भी जानी हानि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि वह अभी मामले की जांच कर रहें हैं और जल्द ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

  • कपूरथलाः हमलावारों ने  बाइक सवार व्यक्ति को घेरकर की पिटाई, अस्पताल में भर्ती

    कपूरथलाः हमलावारों ने  बाइक सवार व्यक्ति को घेरकर की पिटाई, अस्पताल में भर्ती

    कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी में बाइक सवार व्यक्ति को घेरकर कुछ व्यक्तियों ने हमला कर दिया। इस दौरान हमलावारों ने जमकर बाइक सवार व्यक्ति की पिटाई की। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे हो गई। हादसे में घायल व्यक्ति का कहना है कि वह बस कंडक्टर है और वह अपने घर से अपने दोस्त के साथ बाइक पर किसी काम के सिलसिले से जा रहा था। जब वह तलवंडी पुल चौक पहुंचा तो कुछ व्यक्तियों ने उन्हें घेरकर बाइक रोक ली। जिसके बाद उन्होंने उन्हें डंडों से उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित का कहना है कि उसे लगता है कि ये सभी व्यक्ति लूट के इरादे से आए थे।

    दरअसल, पीड़ित का कहना है कि जब उसे पीटा जा रहा था उस दौरान उसके पास से रुपयों से भरा बैग गायब था और उसकी बाइक  की चाभी नहीं थी। इस दौरान उसक हमला होता देख स्थानीय लोग मौके पर आ गए और उन्होंने काफी मशक्त करके पीड़ित को हमलावारों से छुड़वाया। इस घटना में बस कंडक्टर के काफी चोटे आई है। जिसे उपचार के लिए स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पीड़िता का इलाज स्थानीय सिविल अस्पताल में चल रहा है। वहीं ड्यूटी पर तैनात डॉ. हरप्रीत सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में एक मामला आया है जिसमें एक युवक को कुछ युवकों ने बुरी तरह पीटा है और इस मामले को लेकर उन्होंने पीड़िता का एमएलआर काट कर इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

  • कपूरथला: गैंगस्टर के नाम पर 30 लाख की रंगदारी मामले  में चाचा काबू

    कपूरथला: गैंगस्टर के नाम पर 30 लाख की रंगदारी मामले में चाचा काबू

    कपूरथला : 15 साल से मनीला में रह रहे गैंगस्टर अर्श डल्ला के साथी गैंगस्टर विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की ने चाचा की रेकी पर सुल्तानपुर लोधी के बिजनेसमैन से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने तकनीकी आधार पर जांच के बाद गैंगस्टर और उसके चाचा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रेकी करके गैंगस्टर भतीजे को नंबर मुहैया करवाने वाले चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। डीएसपी सुल्तानपुर लोधी बबनदीप सिंह व थाना प्रभारी खुशप्रीत सिंह ने बताया कि 10 मई को सुल्तानपुर लोधी के माडन टाउन निवासी बिजनेसमैन संतोष सिंह को मनीला से एक व्हाट्सएप नंबर से धमकी मिली, जिसमें उससे 30 लाख की रंगदारी की मांग की और पैसे न देने पर उसे व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। 

    बिजनेसमैन ने पुलिस को शिकायत दी। थाना सुल्तानपुर लोधी में 15 मई को केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीएसपी ने बताया कि विदेश में बैठे गैंगस्टर (कॉलर) ने बैंक अकाउंट नंबर दिया था। इसे ट्रेस कर मनीला में बैठे गैंगस्टर विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की निवासी गांव कुतबीवाल लोहियां के बारे में पता चला। उसका संपर्क आगे विदेश में ही बैठे एक हवाला कारोबारी से था। वह अक्सर मनीला से लोगों के धन को भारत में ट्रांसफर करता था। इस हवाला कारोबारी को विक्रमजीत सिंह ने कहा था कि अगर पैसा भारत में ट्रांसफर करना है तो उससे संपर्क जरूर करे। इस पर उसने (हवाला कारोबारी) कहा कि उसने पैसा पंजाब के एक खाता में ट्रांसफर करने थे।

    जिस खाते में हवाला कारोबारी को पैसे ट्रांसफर करने थे, वह उसने विक्रमजीत सिंह को दे दिया और बदले में विक्रमजीत सिंह ने अपना विदेश का एक बैंक खाता हवाला कारोबारी को दे दिया फिर विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की ने वादी (शिकायतकर्ता) को डरा धमकाकर भारतीय खाते में दो लाख रुपये जमा करवा दिए। इतना ही नहीं आरोपी ने 1,25,000 फिलीपीनी पेसो अपनी पत्नी के विदेश खाते में ट्रांसफर करवा लिए। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने गैंगस्टर के मोबाइल नंबर, बैंक खाते व आवाज को ट्रेस किया तो यह विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की व उसकी पत्नी किरणप्रीत कौर के मिले। पुलिस ने विक्रमजीत सिंह को इस मामले में नामजद किया गया और जांच पड़ताल जारी रखी। जांच में पता चला कि विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की गांव कुतबीवाल निवासी अपने चाचा जसवीर सिंह को फोन करता था।

    पीड़ित के बयान से पता चला कि जसवीर सिंह कुछ समय पहले पैसे के लेन-देन के विवाद के चलते वादी संतोष सिंह को उसके पेट्रोल पंप पर जाकर जान से मारने की धमकी दी थी कि उसका भतीजा एक गैंगस्टर है। इसके उसे परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस रंजिश के चलते ही उसने अपने भतीजे विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की से धमकी दिलाकर 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की गैंगस्टर अर्श डल्ला का सहयोगी है। उसे मनीला से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जसवीर सिंह को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जसवीर सिंह के मोबाइलों को जब्त कर लिया गया है। इन्हें एफएसएल लैब भेजा जाएगा। 

  • कपूरथलाः बाइक सवार लुटेरे एक्टिवा पर जा रही महिला की बालियां छीनकर हुए फरार, देखें CCTV

    कपूरथलाः बाइक सवार लुटेरे एक्टिवा पर जा रही महिला की बालियां छीनकर हुए फरार, देखें CCTV

    सुल्तानपुर लोधीः पवित्र शहर सुल्तानपुर लोधी में बेबे नानकी जी अर्बन एस्टेट पुड्डा कॉलोनी के पास लूट की वारदात का मामला सामने आया है। जहां एक्टिवा पर सवार होकर जा रही महिलाओं से बाइक सवार लुटेरे बालियां छीनकर फरार हो गए। पीड़ित गुरमीत कौर पत्नी अजीत सिंह (पूर्व सरपंच) निवासी अदालत चक्क ने बताया कि वह अपनी बहू के साथ एक्टिवा पर सवार होकर इतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह पुड्डा कालोनी के पास पहुंची तो पीछे से बाइक सवार लुटेरे आए और उनके कानों से बालियां छीनकर फरार हो गए।

    इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क पर कैसे बाइक सवार युवक महिला के कान से बालियां छीनकर बाइक को दोबार वापिस घूमा लेते है और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते है। वहीं पीड़ित महिला ने घटना संबंधी पुलिस को सूचना दी गई है, पुलिस ने बताया कि उक्त मामले को लेकर युवतियों ने शिकायत दर्ज करायी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

  • कपूरथलाः इस धाक्कड़ कबड्डी खिलाड़ी की हुई मौत

    कपूरथलाः इस धाक्कड़ कबड्डी खिलाड़ी की हुई मौत

    कपूरथलाः मिलान में कबड्डी खेल जगत को उस वक्त बड़ा झटका लगा। जब कबड्डी के धाक्कड़ जाफी मुख्तियार सिंह भुल्लर बेट (घोना) का अचानक निधन हो गया। 38 वर्षीय धाक्कड़ जाफी की मौत की खबर सामने आई। इटली, यूरोप और अन्य देशों में कबड्डी के प्रशंसक शोक की लहर छा गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक मुख्तियार सिंह पंजाब के भुल्लर बेट कपूरथला का रहने वाला है। जो करीब तीन साल पहले इटली आया था और करीब एक साल पहले इटली के कागजात लिए थे।

    वह इटली के नोवारा के पास रहता था, उनकी अचानक मृत्यु की खबर आई है। जाफी मुख्तियार सिंह ने पिछले साल कबड्डी सीजन के दौरान शहीद बाबा दीप सिंह स्पोर्ट्स क्लब रोमा के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। मृतक अपने पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया। मुख्तियार सिंह के आकस्मिक निधन पर विभिन्न स्पोर्ट्स क्लब, खिलाड़ियों और शहीद बाबा दीप सिंह स्पोर्ट्स क्लब रोमा के द्वारा गहरा दुख व्यक्त किया है।

  • कपूरथलाः IAS करनैल सिंह ने संभाला डिप्टी कमिश्नर का पदभार, देखें वीडियो

    कपूरथलाः IAS करनैल सिंह ने संभाला डिप्टी कमिश्नर का पदभार, देखें वीडियो

    कपूरथलाः आईएएस करनैल सिंह ने आज कपूरथला जिले के डिप्टी कमिश्नर का पदभार ग्रहण किया। करनैल सिंह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इसके अलावा वह अतिरिक्त मैनेजिंग डायरेक्टर पंजाब एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। पदभार ग्रहण करने पर उन्होंने कहा कि वह अपने आपको बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें गुरु नानक देव जी द्वारा प्रतिज्ञा की गई भूमि पर सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की जनहितैषी योजनाओं का जरूरतमंद लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाना और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना पूरे प्रशासन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में लोगों के मामले समय पर निपटाए जाएंगे और किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

    उन्होंने एसएसपी कपूरथला श्री राजपाल सिंह संधू और जिले के सिविल और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि पंजाब सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। पद संभालने से पहले पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इससे पहले अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमरप्रीत कौर संधू, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर फगवाड़ा डॉ. नयन जसल, नगर निगम आयुक्त अनुपम केलर, एसपी तेजबीर सिंह हुंदल, एसडीएम लाल विश्वास बैंस, चंद्रा ज्योति, डॉ. जय इंदर संजीव शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी मेजर गुरजिंदर सिंह बनिपाल ने उनका स्वागत किया।

  • कपूरथलाः लोन दिलवाने के नाम पर व्यक्ति ने की लोगों से लाखों रुपए की ठगी, देखें वीडियो

    कपूरथलाः लोन दिलवाने के नाम पर व्यक्ति ने की लोगों से लाखों रुपए की ठगी, देखें वीडियो

    कपूरथलाः आपने फ्रॉड की खबरें तो सुनी ही होंगी और आए दिन लोगों को नए-नए तरीकों से ठगा जा रहा है। वहीं अब ताजा मामला सुल्तानपुर लोधी में लोन दिलवाने के नाम पर गरीब लोगों से लाखों रुपये ठगने का सामने आया है। प्रेस वार्ता दौरान बलविंदर सिंह पत्नी ताता सिंह निवासी गांव शाहवाला अंदरीसा, गुरदयाल सिंह पुत्र बलवंत सिंह गांव डेरा सैदा, जसविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह गांव अदालत चक्क, मंगल सिंह पुत्र बच्चन सिंह निवासी गांव शाहवाला अंदरीसा ने बताया कि हमें निजी फाइनेंस कंपनी से लोन दिलवाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी हुई है।

    उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति ने हमें अपने झांसे में लेकर हमारे साथ लाखों रुपए की ठगी की है। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति हमें कहने लगा कि आपका लोन कुछ दिनों में पास हो जाएगा। लेकिन ना तो हमारा लोन पास हुआ और ना ही उक्त व्यक्ति द्वारा हमारे पैसे वापिस किए गए। उन्होंने कहा कि हमने इस संबंध में एसएसपी कपूरथला को लिखित शिकायत दे दी है और उन्होंने उक्त व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जब पुलिस से संपर्क किया गया तो सुल्तानपुर लोधी के मुखी खुशप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।