Category: Himachal>Una
-

अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए विशेष जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 से
ऊना, सुशील पंडित: हिमाचल सरकार की अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं को लेकर प्रदेशव्यापी प्रचार अभियान चलाया गया है। इसी क्रम में ऊना जिले में विशेष जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 जुलाई से आरंभ किया जा रहा है। अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े नाट्य दल गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। इसका उद्देश्य योजनाओं की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाना और सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि ऊना जिले में अभियान का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। अब दूसरे चरण में जिले के 10 अनुसूचित जाति बहुल्य गांवों में कार्यक्रम होंगे, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 4-4 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। दूसरे के अंतर्गत यहां होंगे कार्यक्रम उन्होंने बताया कि जागरूकत अभियान के दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गीत संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अनुसूचित जाति के कल्याण की सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी। -

हरोली के स्वास्थ्य क्षेत्र को 8.42 करोड़ की बड़ी सौगात
उपमुख्यमंत्री ने सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन की रखी आधारशिला
ऊना, सुशील पंडित: हरोली के स्वास्थ्य क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सिविल अस्पताल हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले भवन की आधारशिला रखी। लगभग 8.42 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन अस्पताल की स्वास्थ्य अधोसंरचना को और सुदृढ़ करेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे हरोली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर, आधुनिक एवं अधिक सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिविल अस्पताल हरोली को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है और उसी के अनुरूप अतिरिक्त 50 बिस्तरों के लिए इस भवन का निर्माण किया जा रहा है। भवन तैयार होने के बाद अस्पताल में मरीजों को अधिक व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा बढ़ती स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा और विस्तार
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सिविल अस्पताल हरोली में वर्तमान में 11 चिकित्सक कार्यरत हैं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का कोई भी स्वास्थ्य संस्थान चिकित्सकों के बिना नहीं है। क्षेत्र में ईएसआई अस्पताल खोलने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को और अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।डॉक्टरों के आवास और आधुनिक एंबुलेंस की सौगात
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के लिए आवासों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा सिविल अस्पताल हरोली को शीघ्र ही लगभग 25 लाख रुपये की लागत वाली पूर्णतः सुसज्जित आधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप प्रदेशभर में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रंजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, परिवहन निगम सदस्य अशोक ठाकुर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति बाला, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष अधिवक्ता वीरेंद्र मनकोटिया, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू, अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया, हिमकैप्स के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, प्रमोद कुमार, धर्म सिंह चौधरी, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, सुभद्रा चौधरी, रमन कुमारी, सुरेखा राणा, मधु धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-

चिंतपूर्णी में 12 बोतल अवैध देसी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
ऊना, सुशील पंडित: जिला ऊना के पुलिस थाना चिंतपूर्णी की पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 12 बोतल अवैध देसी शराब के साथ पकड़ा है।पुलिस के अनुसार, SI राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जौड़वड़ स्थित एक मैरिज हॉल के समीप सड़क किनारे खड़े स्वरूप सिंह निवासी गांव कोटला, डाकघर बेहड़ भटेड़, तहसील जसवां, जिला कांगड़ा के कब्जे से बिना लाइसेंस एवं परमिट के 12 बोतल देशी शराब (शाही सौंफी) बरामद कीं।आरोपी के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। -

उपमुख्यमंत्री कल सिविल अस्पताल हरोली के अतिरिक्त भवन की रखेंगे आधारशिला
ऊना,सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 13 जुलाई, सोमवार को प्रातः 11 बजे सिविल अस्पताल हरोली में लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त अस्पताल भवन की आधारशिला रखेंगे।
यह अतिरिक्त भवन 100 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल हरोली की बढ़ी हुई क्षमता के अनुरूप स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को अधिक व्यवस्थित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के अनुरूप हरोली सहित पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त भवन बनने से अस्पताल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर एवं अधिक सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं के साथ आधुनिक जांच सुविधाओं का भी निरंतर विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में अधोसंरचना के विकास के साथ-साथ पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है, ताकि लोगों को बेहतर, सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
-

ITI ऊना में 20 जुलाई को होगी ‘क्वांटा-राइज़’ क्वांटम अवेयरनेस वर्कशॉप
राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के तहत मिलेगा विशेषज्ञों से सीखने का अवसर
ऊना, सुशील पंडित: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना में राष्ट्रीय क्वांटम मिशन (NQM) के तहत 20 जुलाई 2026 को ‘क्वांटा-राइज़: क्वांटम अवेयरनेस वर्कशॉप (Quanta-RISE: Quantum Awareness Workshop)’ का आयोजन किया जाएगा। यह एकदिवसीय कार्यशाला शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय महत्व के संस्थान आईआईआईटी ऊना द्वारा क्यूएमडी फाउंडेशन (QMD Foundation) और आईआईटी दिल्ली के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों को क्वांटम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों से परिचित कराना तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध शोध, उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम संचार, क्वांटम सेंसिंग और क्वांटम मैटेरियल्स जैसे आधुनिक विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान सुनने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही संवादात्मक सत्रों के माध्यम से क्वांटम तकनीक की आधारभूत समझ भी विकसित की जाएगी। यह कार्यशाला संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क है। हालांकि सीमित सीटों के कारण पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।
आईआईआईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को आईआईटी दिल्ली के अनुसंधान एवं विकास के एसोसिएट डीन प्रो. राजेंद्र सिंह का सहयोग प्राप्त है। कार्यशाला का समन्वयन आईआईआईटी ऊना के स्कूल ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स के अध्यक्ष डॉ. नमन गर्ग कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों में अनुसंधान-उन्मुख सोच विकसित करने तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इच्छुक प्रतिभागी QMD Foundation के पंजीकरण पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों ने सभी पात्र प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण कर इस विशेष अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
-

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड बना मेधावियों की नई प्रेरणा
मुकेश अग्निहोत्री बोले- जीवन में कुछ बड़ा करने का संकल्प लेकर जाएं विद्यार्थी
ऊना, सुशील पंडित: प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन की ओर से शुरू की गई प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड पहल का सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देना शुरू हो गया है। पिछले वर्ष जहां हरोली विधानसभा क्षेत्र से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 150 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था, वहीं इस बार ऐसे मेधावी विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 200 से अधिक हो गई। इनमें दसवीं कक्षा के 139 और जमा दो के 64 विद्यार्थी शामिल रहे। फाउंडेशन ने मेधावी विद्यार्थियों को 5100 रुपये एवं 3100 रुपये की नकद राशि, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे यहां से यह संकल्प लेकर जाएं कि जीवन में कुछ बड़ा करना है। उन्होंने कहा कि सफलता का मार्ग चुनौतियों से होकर गुजरता है, इसलिए कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करने के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

फाउंडेशन के प्रयास बन रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा
उपमुख्यमंत्री ने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष शुरू की गई इस पहल ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार किया है। इस बार 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या में हुई वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि ऐसे सम्मान बच्चों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर इस सम्मान के पात्र बनेंगे।
हरोली में शिक्षा का बेहतर माहौल बनाने के लिए लगातार हो रहे प्रयास : मुकेश
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लॉ कॉलेज से पढ़े अनेक विद्यार्थी आज देश के सर्वोच्च न्यायालय में वकालत कर रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरोली विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। बहुत जल्द हरोली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी। वहीं खड्ड क्षेत्र में आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर प्रथम चरण में लगभग 15 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
नशे से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करें
मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अच्छा चरित्र, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सबसे महत्वपूर्ण हैं।
आईएएस सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के अगले तीन-चार वर्ष उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण और स्वर्णिम समय हैं। इस समय का सदुपयोग ही उनके भविष्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से परिणाम की चिंता छोड़कर मेहनत पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि पूरी लगन, ईमानदारी और दृढ़ निश्चय के साथ प्रयास किए जाएं तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया कि असफलता सफलता की यात्रा का एक पड़ाव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छी संगति अपनाने तथा जिज्ञासा, योग्यता और सत्यनिष्ठा जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात कर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर और इंजीनियर बनने के अलावा भी अनेक ऐसे क्षेत्र हैं, जहां युवा अपनी प्रतिभा के बल पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया तक सीमित न रहने, अपनी जिज्ञासा बढ़ाने और निरंतर सीखते रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें सीखने का अवसर मानना चाहिए। सफलता के लिए विद्यार्थियों में जिज्ञासा, क्षमता और ईमानदारी का होना अत्यंत आवश्यक है।

पुरस्कार पाकर चहके मेधावी
सम्मानित विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। छात्राओं अनवी, सुखजीत कौर और पारुल ने कहा कि पिछले वर्ष शुरू किए गए इस सम्मान से उन्हें प्रेरणा मिली थी और उसी प्रेरणा के बल पर उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन से ली प्रेरणा
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायी लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
विश्वविख्यात उद्योगपति जय चौधरी ने कार्यकम के लिए अमेरिका से भेजा था खास संदेश
कार्यक्रम के दौरान मूल रूप से जिला ऊना के पनोह निवासी तथा अमेरिका के विश्वविख्यात उद्योगपति जय चौधरी का विशेष वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आग्रह पर जय चौधरी ने विशेष रूप से हरोली के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अमेरिका से यह प्रेरणादायक संदेश भेजा था। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने तथा चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के हरोली ब्लॉक अध्यक्ष एवं शिक्षाविद संदीप अग्निहोत्री, हिमकैप्स संस्था के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, जल बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर,कांग्रेस नेता जसपाल जस्सा,धर्म सिंह चौधरी एवं सुमित शर्मा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत, उपमुख्यमंत्री के सुरक्षा प्रभारी डीएसपी बिन्नी मिन्हास, उपमुख्यमंत्री के ओएसडी धनवीर ठाकुर, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान, प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन के प्रतिनिधि संजीव गोयल, गगन कपूर, विक्रांत ठाकुर और चेतन, मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
-

ऊना के डंगोह गांव में चली गोली, एक युवक घायल; मुख्य आरोपी लाइसेंसी हथियार सहित गिरफ्तार
ऊना : जिला ऊना के पुलिस थाना गगरेट की पुलिस चौकी दौलतपुर के अंतर्गत गांव डंगोह में गोली चलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ऊना IPS सचिन हिरेमठ स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ SDPO अम्ब अनिल पटियाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घटना में एक व्यक्ति की टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।जिला पुलिस ऊना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को उसके लाइसेंसी हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। -

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड का दूसरा संस्करण रविवार को
उपमुख्यमंत्री करेंगे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित, हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से होगा आयोजनऊना, सुशील पंडित: प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में आयोजित होने वाला प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड समारोह–2026 रविवार, 12 जुलाई को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पालकवाह ऑडिटोरियम में प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, प्रतीक चिह्न एवं नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे।यह आयोजन प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है। अवार्ड समारोह के दूसरे संस्करण में हरोली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 200 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इनमें हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री का संपूर्ण जीवन शिक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने अपने शिक्षणकाल में हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा शिक्षा को केवल अंकों तक सीमित न मानते हुए जीवन मूल्यों, व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उनकी प्रेरणादायी शैक्षिक विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सम्मान आरंभ किया गया है।ज्ञातव्य है कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड की शुरुआत पिछले वर्ष जून में की गई थी। पहले संस्करण में भी हरोली विधानसभा क्षेत्र के लगभग 150 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया था। फाउंडेशन की ओर से इस सम्मान को प्रतिवर्ष आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों की उपस्थिति रहेगी। -

14 करोड़ की लागत से बने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली के नए भवन का लोकार्पण
अगले शैक्षणिक सत्र से एमएससी और लॉ की कक्षाएं होंगी शुरू, प्रदेश के उत्कृष्ट महाविद्यालयों में होगी हरोली कॉलेज की पहचान : उपमुख्यमंत्री
ऊना, सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली के नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। साथ ही, उन्होंने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया।
अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उनके अपने क्षेत्र में ही आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर आधारभूत ढांचे का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में हरोली महाविद्यालय का अत्याधुनिक शैक्षणिक भवन तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह महाविद्यालय प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय में एमएससी तथा लॉ की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या वर्तमान लगभग 500 से बढ़ाकर अगले वर्ष 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास का अभी पहला चरण पूरा हुआ है और इसके समग्र विकास के लिए भविष्य में भी हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में अब तीनों महाविद्यालय अपने-अपने भवनों में संचालित हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा का मजबूत आधार तैयार हुआ है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली महाविद्यालय में वर्तमान में बीए, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बीएससी (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एमकॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेजी, इतिहास और हिंदी विषयों में एमए की पढ़ाई संचालित हो रही है। इस शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए तथा बीएससी कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के विस्तार से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वर्ष 2017 में इस महाविद्यालय का शिलान्यास किया था, लेकिन पिछली भाजपा सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में भवन निर्माण का कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। वर्तमान सरकार ने इस परियोजना को पूरा कर विद्यार्थियों को समर्पित किया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप समय-समय पर प्रस्ताव भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने महाविद्यालय में नियमित एलुमनाई मीट, विद्यार्थियों के लिए एक्सपोज़र विज़िट तथा वार्षिक समारोह में अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया, ताकि शिक्षा के साथ संस्थान और समाज के बीच आत्मीय संबंध और अधिक मजबूत हों। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रंजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देश राज गौतम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, सुरेंद्र पाल कौर एवं ज्योति वाला, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-

रास्ता रोककर हॉकी से हमला, दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
ऊना,सुशील पंडित: थाना टाहलीवाल क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में हुस्नदीन निवासी गोन्दपुर बुलां ने बताया कि 10 जुलाई की रात करीब 8 बजे जब वह अपने घर से बाहर निकला तो उसके रिश्तेदार पम्मी निवासी गोन्दपुर जयचंद तथा उसके साथ आए एक अन्य युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और हॉकी स्टिक व लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।