Category: Himachal>Una

  • WHO ने शराब को लेकर दी चेतावनी, जानकर नहीं होगा यकीन

    WHO ने शराब को लेकर दी चेतावनी, जानकर नहीं होगा यकीन

    नई दिल्ली : शराब की वजह से पूरी दुनिया में हर साल कई लोग मरते हैं, लेकिन फिर भी शराब पीने वाले लोग अक्सर इसके फायदे गिनाते रहते हैं। उन्हें लगता है कि शराब पीने से शरीर को कुछ फायदे होते हैं, लेकिन यह पूरी तरह गलत है। शराब का सेवन हमारे शरीर को केवल नुकसान ही देता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि एक बूंद शराब पीना भी आपके लिए जानलेवा हो सकता है। दुनिया में हर साल कैंसर के 7.40 लाख से ज्यादा मामले अल्कोहल से जुड़े हुए होते हैं। अल्कोहल फिजिकल हेल्थ ही नहीं बल्कि मेंटल हेल्थ को भी बुरी तरह प्रभावित करता है।

    वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) की रिपोर्ट के मुताबिक शराब से होने वाले नुकसानों का कई सालों तक आंकलन के बाद यह निष्कर्ष निकला है कि शराब की कम से कम मात्रा भी सेहत के लिए खतरनाक होती है। शराब की पहली बूंद से ही कैंसर जैसी कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को बिल्कुल शराब नहीं पीनी चाहिए। शराब में मिलाया जाने वाला अल्कोहल एक जहरीला (Toxic) पदार्थ होता है, जो लोगों को गहरा नुकसान पहुंचाता है। आसान भाषा में कहें, तो शराब के अलावा तंबाकू और रेडिएशन से कई तरह के कैंसर का जोखिम बढ़ जाता है। शराब युक्त कोई भी पेय पदार्थ कैंसर के विकास का खतरा पैदा करता है, चाहें उसकी क्वालिटी कितनी भी अच्छी या खराब हो। शराब का सेवन करने से कैंसर होने का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है। 

    वैश्विक स्वास्थ्य संगठन की मानें तो अभी तक ऐसी कोई स्टडी सामने नहीं आई है, जो यह साबित कर सके कि हार्ट डिजीज और टाइप 2 डायबिटीज के मरीजों के लिए शराब फायदेमंद हो सकती है या इससे कैंसर का जोखिम कम होता है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि वह शराब के उपयोग के तथाकथित सुरक्षित स्तर के बारे में बात नहीं कर सकता। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितना पीते हैं – पीने वाले के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पहली बूंद से शुरू होता है। केवल एक चीज निश्चित रूप से कही जा सकती है कि आप जितना अधिक शराब पीते हैं, यह उतना ही अधिक हानिकारक होता है। जितना कम पीएंगे, उतना कम नुकसानदायक होगी. शराब के फायदे वाले रिसर्च काफी विवादास्पद रहे हैं।

  • यात्रियों से भरे विमान में फटा पावर बैंक

    यात्रियों से भरे विमान में फटा पावर बैंक

    ताइपे: ताइवान में यात्रियों से खचाखच भरे विमान में पावर बैंक फटने से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि विमान में बैठ यात्री दहशत से चिल्लाने लगे। इस घटना में दो यात्रियों के आग में झुलसने की भी खबर है। गनीमत थी कि इस घटना के समय विमान टेकऑफ के लिए इंतजार कर रहा था। उस समय सभी यात्री ठंड के कारण अपनी-अपनी सीटों पर दुबके हुए थे। इस घटना के वायरल वीडियो में यात्रियों को आग की लपटों से बचने की कोशिश करते देखा जा सकता है। इसके अलावा प्लेन के अंदर धुआं भर जाने से कई यात्री खांसते भी नजर आए। इस दौरान फ्लाइट अटेंडेंट आग बुझाने की कोशिश करते भी दिखाई दिए।

    ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की है घटना

    ट्विटर पर शेयर किए गए इस वीडियो फुटेज को मंगलवार रात को ताइवान के ताओयुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शूट किया गया था। यह विमान ताइवान से सिंगापुर की उड़ान भरने के लिए तैयार था, तभी एक पोर्टेबल मोबाइल फोन चार्जर में आग लग गई। आग की लपटों को देख चालक दल के सदस्य यात्रियों को बचाते हुए नजर आए। कुछ फ्लाइट अटेंडेंट्स ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की तो कुछ घबराए यात्रियों को शांत करने की कोशिश करने लगे।

    आग लगने से दो यात्री हुए घायल

    इस घटना के बाद ताओयुआन हवाई अड्डे ने कहा कि विमान में आग लगने से दो यात्री घायल हो गए। इन दोनों यात्रियों को केवल मामूली चोटें आईं, जिनमें हाथों में हल्की जलन और चेहरे पर हल्की चोटें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक पोर्टेबल चार्जर का मालिक था, जो ज्यादा गर्म होने के बाद फट गया। दूसरा उसके साथ यात्रा करने वाला साथी था। गनीमत यह रही कि विमान जमीन पर मौजूद था। इस कारण सभी 189 यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इस घटना के बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।

    यात्रियों ने बताया आंखों देखी

    एक यात्री ने स्थानीय मीडिया को बताया कि अचानक केबिन में धुआं उठने लगा। इस दौरान एक यात्री ने कुछ निकाला और फर्श पर फेंक दिया। इससे विमान में आग लग गई। इसलिए पूरे केबिन में धुआं बन गया। बाद में पता चला कि वह पावर बैंक था। एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि चालक दल के सदस्यों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इस दौरान पूरा केबिन धुएं से भर गया था।

  • कहीं आप भी तो नहीं पिला रहे बच्चों को यह कफ सिरप, WHO ने जारी किया अलर्ट

    कहीं आप भी तो नहीं पिला रहे बच्चों को यह कफ सिरप, WHO ने जारी किया अलर्ट

    नई दिल्ली: WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) ने कहा है कि नोएडा की कंपनी मैरियन बायोटेक द्वारा बनाए गए दो कफ सिरप बच्चों को नहीं दिए जाने चाहिए। डब्ल्यूएचओ ने एक बयान में कहा, भारत के मैरियन बायोटेक द्वारा बनाए गए कफ सिरप का इस्तेमाल बच्चों के लिए नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि दवा के तार उज्बेकिस्तान में 19 मौतों से जुड़े थे। उन्होंने कहा है कि दो उत्पाद AMBRONOL सिरप और DOK-1 मैक्स सिरप हैं। दोनों उत्पादों के घोषित निर्माता Marion Biotech  हैं।

    प्रयोगशाला विश्लेषण में पाया गया कि दोनों उत्पादों में डायथिलीन ग्लाइकोल और एथिलीन की अस्वीकार्य मात्रा थी। दिसंबर में, उज्बेकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया कि एक भारतीय दवा कंपनी द्वारा निर्मित दवाओं का सेवन करने के बाद देश में कम से कम 18 बच्चों की जान चली गई है।  डब्ल्यूएचओ ने अपनी वेबसाइट पर जारी अलर्ट में कहा है कि यह डब्ल्यूएचओ मेडिकल प्रोडक्ट अलर्ट दो घटिया उत्पादों को संदर्भित करता है। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने उज्बेकिस्तान में 18 बच्चों की मौत से जुड़ी मैरियन बायोटेक कंपनी का उत्पादन लाइसेंस निलंबित कर दिया है। 

  • विदेश मंत्रालय के बाहर बम धमाके में 20 की मौत

    विदेश मंत्रालय के बाहर बम धमाके में 20 की मौत

    काबुलः अफगानिस्तान के काबुल में तालिबान के विदेश मंत्रालय के प्रवेश द्वार पर बम विस्फोट होने की खबर है। इस हमले में 20 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, धमाके के वक्त तालिबान और चीनी अधिकारियों के बीच बैठक चल रही थी।

    जानकारी मिली है कि विदेश मंत्रालय के पास एक आत्मघाती हमलावर ने ये विस्फोट किया, जिससे 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई। AFP के स्टाफ मैंबर जमशेद करीमी ने कहा कि मुझे नहीं पता कि उनमें से कितने लोग मारे गए या घायल हुए। मैंने देखा कि आदमी ने खुद को उड़ा लिया। काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने विस्फोट की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा दल मौके पर पहुंच गए हैं।

    इससे पहले 1 जनवरी को काबुल के सैन्य हवाई अड्डे पर एक जांच चौकी के पास हुए बम विस्फोट में कई लोग मारे गए। नए साल पर हुए इस धमाके में कई लोग घायल भी हुए। इस्लामिक स्टेट ने 2021 में तालिबान के सत्ता पर काबिज होने के बाद से हमले बढ़ा दिए हैं।

  • अचानक ठप्प हुई विमान सेवा, बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, जानें मामला

    अचानक ठप्प हुई विमान सेवा, बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, जानें मामला

    वाशिंगटनः अमेरिका में बुधवार को सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। इसके पीछे फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के कंप्यूटर सिस्टम में गड़बड़ी का कारण बताया गया है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, पूरे अमेरिका में सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। जानकारी के अनुसार, अमेरिका में बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 400 से अधिक उड़ानें देर से रवाना हुई थी।


    सिस्टम को ठीक करने में जुटा एफएए

    अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि वह अपने नोटिस टू एयर मिशन सिस्टम को बहाल करने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम अंतिम सत्यापन जांच कर रहे हैं और सिस्टम को अभी पुनः लोड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल एयरस्पेस सिस्टम में संचालन प्रभावित हैं। बता दें कि NOTAM (Notice to Air Missions) एक नोटिस है, जिसमें उड़ान संचालन से संबंधित कर्मियों के लिए आवश्यक जानकारी होती है।

    बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंसे

    अमेरिका में उड़ान सेवाओं के ठप होने की वजह से सभी उड़ान सेवाओं पर असर पड़ा है। इससे बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। तकनीकी गड़बड़ी की वजह से 1000 से ज्यादा उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। 

    सोशल मीडिया पर फूटा यात्रियों का गुस्सा

    बता दें कि एफएफए ने कहा कि तकनीशियन सिस्टम को बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं। अमेरिका में अचानक सिस्टम के फेल होने से यात्रियों पर काफी असर पड़ा है। अमेरिकी यात्रियों द्वारा सोशल मीडिया पर इसको लेकर लगातार लिखा जा रहा है।

    एयर ट्रैफिक ने जारी की एडवाइजरी

    इसके अलावा, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कमांड सेंटर ने भी एडवाइजरी जारी की है कि अमेरिकी NOTAM प्रणाली विफल हो गई है। उन्होंने बताया, ‘यूनाइटेड स्टेट्स NOTAM सिस्टम 2028Z में विफल हो गया। इसमें कोई नई अपडेट्स नहीं आई है।’ उन्होंने कहा कि तकनीशियन वर्तमान में सिस्टम को पुनर्स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं और इस समय सेवा को कब तक बहाल किया जाएगा, इसके बारे में सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।

  • चेंजिंग रूम में कपड़े बदल रही थी महिला, बच्चे ने चुपके से कर दिया LIVE!

    चेंजिंग रूम में कपड़े बदल रही थी महिला, बच्चे ने चुपके से कर दिया LIVE!

    नई दिल्लीः चीन से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक शॉपिंग मॉल में महिला चेंजिंग रूम में थी। महिला का आरोप है कि उसी समय एक 2 साल के लड़के ने उसका वीडियो सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया। घटना के बाद मॉल में अफरातफरी मच गई क्योंकि महिला ने उस बच्चे और उसकी मां को गालियां देनी शुरू कर दी।

    दरअसल, यह घटना चीन के एक शहर की है। जानकारी के मुताबिक यह तब हुआ जब यहां स्थित एक यूनीक्लो स्टोर के चेंजिंग रूम में एक महिला कपड़ों को बदलने की कोशिश कर रही थी। वहीं पर एक दो साल का लड़का खड़ा हुआ था। उसने जैसे ही महिला को ऐसा करते हुए देखा उसने अपने मोबाइल का कैमरा महिला की तरफ कर दिया।

    रिपोर्ट के मुताबिक पहले तो महिला समझ नहीं पाई लेकिन जब उसने मुड़कर देखा तो भौचक्की रह गई। उसने लड़के को गाली देनी शुरू कर दी और लड़के की मां भी थोड़ी ही दूर पर थी वह दौड़कर उसके पास आई महिला ने लड़के की मां को भी गाली देनी शुरू कर दी। कि उस लड़के ने चेंजिंग रूम का वीडियो सोशल मीडिया पर लाइव कर दिया है।

    घटना के बाद महिला ने उसका फोन भी छीन लिया। महिला का यह भी आरोप है कि वह लड़का और उसकी मां दोनों उसकी जासूसी कर रहे हैं।

  • हमले में घायल सैनिक के सीने में मिला जिंदा बम, जारी की X-Ray की तस्वीर

    हमले में घायल सैनिक के सीने में मिला जिंदा बम, जारी की X-Ray की तस्वीर

    नई दिल्लीः रूस और यूक्रेन के युद्व के बीच एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार एक यूक्रेनी सैनिक के शरीर में जिंदा बम मिलने के बावजूद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सैनिक के शरीर से जिंदा ग्रेनेड को बाहर निकाल दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बखमुत में लड़ाई के दौरान एक जिंदा ग्रेनेड सैनिक के शरीर में चला गया था, जिसे यूक्रेनी सर्जन मेजर जनरल एंड्री वेरबा ने ऑपरेशन कर बाहर निकाल दिया। डॉक्टरों ने यह जानते हुए भी ऑपरेशन का जोखिम उठाया कि बम किसी भी वक्त फट सकता है। विस्फोट के खतरे को देखते हुए दो अन्य सैनिकों की मौजूदगी में जोखिम भरा ऑपरेशन किया गया और बम को शरीर से बाहर निकाला दिया गया।

    सफल हुआ ऑपरेशन

    न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इस हथियार को वीओजी ग्रेनेड के रूप में जाना जाता है। यूक्रेन के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ”हमारे सैन्य डॉक्टरों ने एक वीओजी ग्रेनेड को निकालकर एक मिसाल पेश की है। ऑपरेशन के दौरान सभी चिकित्सकों ने बॉम्ब प्रूफ जैकेट पहनकर रखी थी। उन्होंने अपने मेडिकल गाउन के नीचे सुरक्षा कवच को पहना और इस मुश्किल सर्जरी को सफलता से पूरा कर दिया।

    यूक्रेन ने एक्स-रे की तस्वीर जारी की

    यूक्रेन की सेना ने एक एक्स-रे की तस्वीर भी जारी की है। जिसमें सैनिक के सीने में ग्रेनेड के सटीक स्थान को दिखाया गया है, जबकि एक अन्य तस्वीर में सर्जन को ऑपरेशन के बाद हाथों में विस्फोटक पकड़े हुए दिखाया गया है। बता दें यह घटना उस समय हुई जब रूसी सैनिकों ने बखमुत से पांच मील उत्तर-पूर्व में एक छोटे से नमक खनन शहर सोलेदार पर अपना हमला तेज कर दिया है।

    सैनिक को रिकवरी के लिए भेजा गया

    एएफपी की एक रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने यूक्रेन के सोलेदार शहर पर नियंत्रण कर लिया है। सशस्त्र बलों ने कहा कि घायल सैनिक को रिकवरी के लिए भेजा गया है। हालांकि, यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने यह नहीं बताया कि सर्जरी कब हुई या ग्रेनेड सैनिक के शरीर में कैसे घुस गया। मामले सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक यूजर ने लिखा, ”भगवान इस डॉक्टर की रक्षा करें और वह अपने जैसे और डॉक्टर भेजें। भगवान यूक्रेन के लोगों को आशीर्वाद दें।

  • 160 रुपये किलो हुआ आटा, दूध 150 रुपये लीटर, महंगाई से मची हाहाकार

    160 रुपये किलो हुआ आटा, दूध 150 रुपये लीटर, महंगाई से मची हाहाकार

    पाकिस्तान: पाकिस्तान में महंगाई से हाहाकार मची हुई है। वहां लोगों को दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो गया है। रोजमर्रा की चीजें इतनी ज्यादा महंगी हो गई कि अब वे गरीबों की पहुंच से बाहर हैं। आलम ऐसा है कि हर तरह की सब्जी में डलने वाली प्याज की कीमत 500 फीसदी तक बढ़ गई है। वहीं, जिस तरह से चिकन के दाम बढ़े हैं, नॉनवेज खाना भी अब पाकिस्तान में सबके बस की बात नहीं रह गई है। वहीं हर घर में इस्तेमाल होने वाले आटे-चावल की कीमतें भी आसमान छू रही हैं। पिछले एक साल में सिर्फ गेहूं के दाम ही 50 फीसदी तक बढ़ गए हैं। कराची में आटे की कीमत 140 रुपये से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है. इसी बीच इस्लामाबाद में 10 किलोग्राम आटे का पैकेट 1500 रुपये और 20 किलोग्राम पैकेट का दाम 2,800 रुपये तक पहुंच गया है.

    स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के अनुसार, पाकिस्तान में दिसंबर 2021 के मुकाबले दिसंबर 2022 तक मुद्रास्फीति दर 12.3 फीसदी से बढ़कर 24.5 फीसदी हो गई है। खाद्य सामानों की कीमतों में इजाफे की वजह से यह महंगाई देखने को मिली है। पिछले एक साल में ही पाकिस्तान में खाद्य मुद्रास्फीति 11.7 फीसदी से बढ़कर 32.7 फीसदी तक पहुंच गई है।

    पाकिस्तान का सिर्फ खुदरा बाजार ही नहीं, बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था भयंकर स्थिति में है। पिछले कई महीनों से पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार कम होता जा रहा है। पिछले एक साल के अंतराल में पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार आधा हो गया है। दिसंबर 2021 में जो विदेशी मुद्रा भंडार 23.9 अरब डॉलर था, दिसंबर साल 2022 तक वह घटकर 11.2 अरब डॉलर रह गया है।

    बता दें कि पाकिस्तान को पिछले कुछ दिनों में बाढ़ की वजह से हुई तबाही से उबरने के लिए काफी पैसा मिल चुका है। लेकिन जिस तरह से पाकिस्तान की आर्थिक हालत खराब दिख रही है, इससे साफ है कि आगे भी पाकिस्तान को फंड की जरूरत पड़ने जा रही है। दिसंबर 2020 में पाकिस्तान की करेंसी एक डॉलर के मुकाबले 160.1 पाकिस्तानी रुपये बराबर थी। दिसंबर 2021 में डॉलर और मजबूत हो गया और एक डॉलर के मुकाबले पाकिस्तानी करेंसी 177.2 पर पहुंच गई। वहीं पिछले एक साल में यानी दिसंबर 2022 तक डॉलर और ज्यादा मजबूत हो गया। अब एक डॉलर 224.8 पाकिस्तानी रुपयों के बराबर है।

  • पंजाब विधानसभा के बाहर गृह मंत्री की गाड़ी पर फेंका जूता, देखें वीडियो

    पंजाब विधानसभा के बाहर गृह मंत्री की गाड़ी पर फेंका जूता, देखें वीडियो

    इस्लामाबाद: पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह पर पंजाब विधानसभा के बाहर जूता फेंका गया। गनीमत रही कि हमले के वक्त राणा सनाउल्लाह अपनी कार के अंदर बैठे थे। हमले के वक्त उनकी गाड़ी पंजाब विधानसभा से बाहर निकल रही थी। राणा सनाउल्लाह पर जूता फेकने वाले हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। हमले वाला जूता उनकी कार के पास से गुजर रहे पत्रकारों के बीच जाकर गिरी। हमले के बाद राणा सनाउल्लाह के ड्राइवर ने एक पल के लिए कार रोक दी, लेकिन उनके सुरक्षा गार्डों के इशारे के बाद वह आगे बढ़ गए। इस हमले के बाद सनाउल्लाह की सुरक्षा कड़ी कर दी। गई है।

    पाकिस्तान के पंजाब सूबे में विधानसभा के विघटन को लेकर बवाल चल रहा है। राणा सनाउल्लाह इसी सिलसिले में विधानसभा की कार्रवाई के दौरान नेताओं से मिलने पहुंचे थे। पंजाब में इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की सरकार है। वहीं, केंद्र में मौजूद शहबाज सरकार हर हालत में पंजाब पर अपना शासन चाहती है। इसी तनातनी के कारण पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के विशेष सहायक अताउल्लाह तरार और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मंत्री को प्रतिबंधित कर दिया था।

    पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस और असेंबली स्टाफ ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सांसदों और नेताओं को इमारत के परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया; हालांकि, कुछ सदस्यों ने रास्ता बदल घुसने की कोशिश की। इस धक्कामुक्की के बाद राणा सनाउल्लाह ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि सुरक्षा एजेंसियों को भी कहा गया था कि वे उन्हें (पीएमएल-एन नेताओं को) विधानसभा में प्रवेश न करने दें; हालांकि, उन्होंने इन अवैध आदेशों का पालन करने से इनकार कर दिया।

    पीएमएल-एन नेता राणा सनाउल्लाह ने कहा कि आईजी पंजाब को भी हमें विधानसभा में प्रवेश करने से रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने आदेशों को लागू करने से इनकार कर दिया। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पंजाब की गठबंधन सरकार के बीच कई दिनों से टकराव चल रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री परवेज इलाही इमरान खान की पार्टी की सहायता से मुख्यमंत्री पद पर आसीन हैं।

  • हज जाने वालों के लिए खुशखबरी..

    हज जाने वालों के लिए खुशखबरी..

    नई दिल्ली : इस साल हज करने वालों के लिए खुशखबरी है, क्योंकि सऊदी अरब ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस साल के हज के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या सीमा को खत्म करते हुए सऊदी अरब ने सोमवार को घोषणा की कि अब अधिक संख्या में लोग धार्मिक यात्रा कर सकेंगे। इतना ही नहीं, सऊदी ने आयु सीमा को भी हटा दिया है। यानी अब कोरोना से पहले की तरह हजयात्रा होगा।

    जानकारी के अनुसार, तीर्थयात्रा के लिए आवेदन करने वाले लोगों के पास जुलाई के मध्य तक वैध राष्ट्रीय या निवासी पहचान पत्र होना चाहिए. वहीं तीर्थयात्रियों के पास COVID-19 और मौसमी इन्फ्लुएंजा टीकाकरण का प्रमाण होना जरुरी है। साथ ही सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने सभी आवेदकों से सीधे अपनी वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करने और एक से अधिक आवेदन के लिए एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग नहीं करने का आह्वान किया है।