Category: Himachal>Una

  • श्रीमद्भागवत कथा : पहले दिन परीक्षित जन्म और सुखदेव का वृत्तांत सुनाया

    ऊना/सुशील पंडित:जिला ऊना के गांव बदोली में श्रीमद्भागवत कथा साप्ताहिक ज्ञान कथा पहले दिन विशाल शोभायात्रा से शुरू हुई।कथा व्यास स्वामी भागवत शरण जी वृंदावन धाम वालों ने लोगों को शुकदेव आगमन की कथा सुनाई। 

    पहले दिन भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि मृत्यु को जानने से मृत्यु का भय मन से मिट जाता है, जिस प्रकार परीक्षित ने भागवत कथा का श्रवण कर अभय को प्राप्त किया, वैसे ही भागवत जीव को अभय बना देती है। स्वामी भागवत शरण जी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा परमात्मा का अक्षर स्वरूप है। यह परमहंसों की संहिता है, भागवत कथा हृदय को जागृत कर मुक्ति का मार्ग दिखाता है। अधिक मास में इसके श्रवण का महत्व है। भागवत कथा भगवान के प्रति अनुराग उत्पन्न करती है। यह ग्रंथ वेद, उपनिषद का सार रूपी फल है। यह कथा रूपी अमृत देवताओं को भी दुर्लभ है। कथा व्यास महाराज ने परीक्षित जन्म आगमन की कथा सविस्तार सुनाई।

    उन्होंने बताया कि पांडवों के पुत्र अर्जुन, अर्जुन के पुत्र अभिमन्यु, अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा, जो राजा विराट की पुत्री थी। वह अभिमन्यु को ब्याही गई थी। युद्ध में गुरु द्रोण के मारे जाने से क्रोधित होकर उनके पुत्र अश्वत्थामा ने क्रोधित होकर पांच पांडवों को मारने के लिए ब्रह्मास्त्र चलाया, लेकिन वे पांडव ना होकर द्रोपदी के पांच पुत्र थे। जानबूझकर चलाए गए इस अस्त्र से उन्होंने उत्तरा को अपना निशाना बनाया। अभिमन्यु की पत्नी उत्तरा उस समय गर्भवती थी। बाण लगने से उत्तरा का गर्भपात हुआ और गर्भपात होने से परीक्षित का जन्म हुआ।

    इस मौके पर गांव बदोली निवासी व बाहर से भी अतिथियों ने भागवत ज्ञान भाग लिया।

  • पूरी यात्रा में मिलता रहा जनता का अथाह प्यार और आशीर्वाद

    प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की अधूरी इच्छा के सम्मान का संकल्प पूर्ण

    बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन और प्रार्थना के साथ संपन्न की पदयात्रा

    प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा भाव को किया स्मरण

    सबके लिए हिम्मत और सतत प्रेरणा का सबब बनी आस्थामयी पदयात्रा

    बेटी की संकल्प पूर्ति में पिता मुकेश अग्निहोत्री साये की तरह रहे साथ

    ऊनासुशील पंडित: स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की अधूरी इच्छा को पूरा करते हुए उनकी बेटी डॉ. आस्था ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन और प्रार्थना के साथ माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी पदयात्रा का संकल्प पूर्ण किया। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निस्वार्थ त्याग और जीवन पर्यन्त समर्पण के सम्मान को अर्पित यह आस्थामयी पदयात्रा सबके लिए हिम्मत और सतत प्रेरणा का सबब बनी है।

    बता देें, डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने अपनी मां स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति के लिए माता चिंतपूर्णी का आशीर्वाद प्राप्त करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को हरोली से पदयात्रा आरंभ की थी। 70 किलोमीटर की यह पदयात्रा आज तीसरे दिन रविवार को माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन और प्रार्थना के साथ संपन्न हुई। इस मौके डॉ. आस्था ने अपने पिता मुकेश अग्निहोत्री के साथ अपनी मां स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति और सभी के लिए माता चिंतपूर्णी के आशीर्वाद की प्रार्थना की। सभी ने 

    प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के त्याग, समर्पण और उनके निस्वार्थ सेवा भाव को स्मरण कर उनकी पुण्य स्मृतियों को नमन किया। 

    बेटी के लिए माता-पिता की दोहरी भूमिका में रहे मुकेश

    इस पूरी पदयात्रा में उनके पिता प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बेटी के संकल्प को पूरा करने के लिए साये की तरह हर कदम उनके साथ रहे। इस दौरान वे बेटी आस्था के लिए पिता के साथ साथ मां की भूमिका में भी दिखे। पूरी पदयात्रा में वे बेटी का ख्याल रखते, लाड लड़ाते, पांवों में निकल आए छालों पर मरहम लगाते और भावुक पलों में हिम्मत बंधाते रहे। और कभी अपने नरम स्वास्थ्य की, तो कभी मौसम की बाधाओं के बावजूद लगातार साथ पदयात्रा कर उनका हौंसला बढ़ाते रहे।

    पूरी यात्रा में मिलता रहा जनता का अथाह प्यार और आशीर्वाद

    आस्था कुंज गोंदपुर जयचंद हरोली से शुक्रवार को आरंभ हुई यह पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से होते हुए रविवार को श्री चिंतपूर्णी जी में माता का आशीर्वाद प्राप्त कर पूर्ण हुई। पूरी यात्रा में डॉ. आस्था और मुकेश अग्निहोत्री को जनता का अथाह प्यार और आशीर्वाद मिलता रहा। पदयात्रा जहां से भी गुजरी लोगों का हुजूम उनकी अगवानी करने के लिए उमड़ता दिखा और लोग साथ-सहयोग में जुड़ते रहे। और बड़ी तादाद में स्वेच्छा और स्नेहिल भाव से साथ चले लोगों का टोला भी बनता चला गया। जनता ने मां की आत्मिक शांति के लिए बेटी आस्था के जज्बे और हिम्मत की खूब सराहना की और उन्हें दिल से स्नेह भरा आशीर्वाद दिया।

    मां को मोक्ष मिले माता रानी से यही प्रार्थना – डॉ. आस्था

    डॉ. आस्था ने कहा कि उनकी मां प्रो. सिम्मी की माता चिंतपूर्णी पर अगाध श्रद्धा थी। माता रानी के जगराते से उनकी सभी के लिए श्री चिंतपूर्णी जी का आशीर्वाद लेने की इच्छा थी। लेकिन उनकी वह इच्छा अधूरी रह गई। हमने माता रानी के दरबार जाकर माता से अपनी मां के लिए मोक्ष की प्रार्थना की है। इस पूरी पदयात्रा में मेरी मां और माता रानी ही मेरा, मेरे पिता और साथ चले हर सहयोगी का बल और प्रेरणा थीं। उन्हीं के आशीर्वाद से हमने यह यात्रा पूर्ण की।

    बेटी के जज्बे को सलाम – मुकेश अग्निहोत्री

    जनता के प्यार के ऋणी रहेंगे

    वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी के लिए बेटी आस्था ने जो संकल्प लिया वो पूरा किया। इस पूरी पदयात्रा में वे जिस हिम्मत से आगे चली हैं, उनके जज्बे को सलाम है। जनता ने जिस कदर प्यार और आशीर्वाद दिया है, हम उसके लिए जीवनभर ऋणी रहेंगे। ये प्रो. सिम्मी के निस्वार्थ सेवा भाव की ही बानगी है, जो लोग उनके लिए इतना सम्मान और स्नेह रखते हैं।

    तीन दिनों में यहां से गुजरी पदयात्रा

    आस्था कुंज गोंदपुर जयचंद हरोली से शुक्रवार को आरंभ हुई पैदल यात्रा पहले दिन गोंदपुर बुल्ला, भड़ियारा, दुलेहड, हीरानगर, हीरा, हलेडा, पुबोवाल, ठाकरा, पालक्वाह, भदौड़ी, हरोली, समनाल, रोड़ा, सैंसोवाल, धर्मपुर, कांगड़, बढेडा, सलोह, घालूवाल, भदसाली, ईसपुर, पंडोगा होते खड्ड गांव में पहुंची। वहां रात्रि ठहराव के बाद शनिवार को भदसाली, ईसपुर, पंडोगा, खड्ड, पंजावर,नगनोली, गुग्लैहड़, बढेडा राजपूतां, जाडला, लोहारली, चरूड़ू और अंब से होते हुए मुबारकपुर में रूकी और तीसरे दिन घी दा घट्टा,सिद्ध चलेहड़, किन्नू, और भरवाईं होते हुए श्री चिंतपूर्णी जी में संपन्न हुई।

    यात्रा में हर आमोखास के साथ साथ राजनीतिक,धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां भी शामिल हुईं।

  • ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से 55800 रूपए वसूले

    ऊना-सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने शनिवार को ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से मौके पर ही 55800 रूपए जुर्माना वसूला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस ने जिला के अलग अलग स्थानों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले कुल 178 वाहनों के चालान किए। शुक्रवार को पुलिस ने 200 से अधिक चालान किए थे।

    इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम बीड़ी सिगरेट पीने वाले 11 लोगों के विरुद्ध धुम्रपान निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1100 रू जुर्माना वसूला है। एक ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई हुई है जो अवैध खनन में लिप्त पाया गया था। पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर चालक पर 5000 रूपए जुर्माना ठोका है।

  • टीहराः 15 साल की किशोरी घर से गायब

    ऊना-सुशील पंडित: बंगाणा तहसील के टीहरा गांव की रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी लापता हो गई है। परिजनों ने बंगाणा पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी बेटी शनिवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई और वापस लौटकर नहीं आई है। उन्हें डर है कि कहीं उनकी बेटा का किसी ने अपहरण न कर लिया हो। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363 के तहत मामला दर्ज कर लड़की की तालाश शुरू कर दी है। 
  • गगरेटः पुलिस ने अफीम के 70 बरामद किए

    ऊना-सुशील पंडित: ऊना में अफीम के पौधों की खेती अब आम बात हो चली है। अलग अलग जगहों पर अफीम पौधे खेतों में लहलहा रहे हैं। पहले अंबोटा, चुरड़ी और दुलैहड़ के बाद अब गगरेट के कलोह और पांबड़ा गांव के दो लोगों के खेतों में अफीम के पौधे पाए गए हैं। पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अफीम के 69 पौधे उखाड़कर जब्त कर लिए हैं।

    पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पहला मामला कलोह गांव के अवतार सिंह पुत्र संता सिंह से जुड़ा है। अवतार सिंह ने अपने घर के नजदीक एक खेत में अफीम के पौधे लगा रखे थे। यहां पुलिस को कुल 12 पौधे बरामद हुए हैं। जबकि पांबड़ा गांव के निर्मल सिंह पुत्र महिंद्र सिंह के खेत में अफीम के 57 पौधे पाए गए हैं।

    पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जांच के लिए भेज दिया है। इन दोनों मामलों में अवतार और निर्मल के विरुद्ध मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

  • अंबेहड़ाः बैंक कर्मचारी से धोखाधड़ी

    ऊना/ सुशील पंडित: पंजाब नैशनल बैंक के एक कर्मचारी के साथ ही सवा दो लाख रूपए की धोखाधड़ी हो गई। बंगाणा पुलिस को शिकायत देने वाले अक्षय कुमार पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि वह अम्बेहड़ा का स्थायी निवासी है और पंजाब नैशनल बैंक में काम करता है। उसका आरोप है कि किसी अनजान व्यक्ति ने उसके साथ 2,26,000 रूपये की धोखाधड़ी की है। बंगाणा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तालाश शुरू कर दी है।
  • चिंतपूर्णी में अवैध शराब बरामद

    ऊना/सुशील पंडित: चिंतपूर्णी पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति के कब्जे से अवैध शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंगा वाला पीपल के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेचने का काम करता है। पुलिस ने तालाशी ली तो उसके कब्जे से संतरा ब्रांड की 10 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने बिहार निवासी प्रदीप सिंह पुत्र चन्द्र देव सिंह के विरुद्ध आवकारी अधिनियम के अधीन मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
  • स्कूटी चालक की हादसे में मौत

    ऊना/सुशील पंडित: संतोषगढ़ रोड पर स्थित एचपी पैट्रोल पंप के सामने एक स्कूटी स्किट होने से उसे चलाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर के रहने वाले परमजीत सिंह सहोता ने पुलिस को आंखो देखी बताते हुए शिकायत में लिखा है कि बात शुक्रवार रात की है। वह पैट्रोल पंप के पास खड़ा था कि अचानक एक स्कूटी सड़क पर स्किट हो गई जिससे स्कूटी चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोट लग गई और बाद में पता चला कि चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • सेवादल एकजुट, कुछ लोग कर रहे भ्रामक प्रचार: दौलत राम 

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ कांग्रेस सेवादल के वरिष्ठ नेता दौलत राम ने कहा कि जिले में कांग्रेस सेवादल एकजुट है। कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए भ्रामक प्रचार पर उतर आए हैं। उन्होंने कुटलैहड़ क्षेत्र से किसी सेवादल पदाधिकारी के इस्तीफे की अफवाह करार दिया है।

    रविवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मीडिया में जिस व्यक्ति को कांग्रेस सेवादल पदाधिकारी बताया गया है वह कभी संगठन में शामिल नहीं था। ऐसे किसी व्यक्ति को सेवादल के न किसी प्रशिक्षण शिविर में देखा गया और न ही उसका कोई रिकॉर्ड संगठन के पास है। स्वयंभू नेता किसी व्यक्ति विशेष के लिए कार्य कर रहा था।

    उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस तरह की भ्रामक प्रचार बंद नहीं किया गया तो संगठन को किसी उचित कार्रवाई के लिए मजबूत होना पड़ेगा। सेवादल में जो समर्पित सिपाही हैं वे एकजुट हैं और कांग्रेस पार्टी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं।

  • 3 भाइयों ने Apple को लगाया 50 करोड़ का चूना, नकली IPhone बना द‍िए असली!

    नई दिल्लीः दुनियाभर से आए दिन स्कैम के अलग-अलग तरह के ममले सामने आते रहते हैं जहां स्कैमर्स लोगों को अलग-अलग ढंग से ठग रहे हैं लेकिन हाल ही में एक चौंकाने वाला ममला सामने आया है जहां जीवेई एलन लियाओ नाम के शख्स ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी एप्पल को ही करोड़ों का चुना लगा दिया। जी हां, आपको जानकर हैरानी होगी की भाइयों ने मिलकर नकली iPhone को असली फोन में बदल कर कंपनी को करीब 6 मिलियन डॉलर यानी 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का चूना लगाया है।

    दरअसल इस स्कैम को अंजाम देने के लिए Zhiwei Allen Liao वारंटी सिस्टम का इस्तेमाल करते थे । अब उन्हें 4 साल जेल की सजा सुनाई गई है। पेशेंटली एप्पल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पहले इन तीनों ने चीन से असली दिखने वाले नकली आईफोन और आईपैड मंगवाए इसके बाद वे नकली प्रोडक्ट्स पर एप्पल प्रोडक्ट्स के असली सीरियल नंबर डाल देते थे। तीनों भाई मिलकर फिर नकली आईफोन लेकर Apple स्टोर पहुंच जाते थे और दावा करते थे कि उनका डिवाइस खराब है, जिसके बाद Apple उन्हें वारंटी के तहत असली डिवाइस दे देता था।

    यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने ने इस तरह का स्कैम किया है। पहले भी वे इसी तरह के स्कैम करके लगभग 1 मिलियन डॉलर यानी 10 लाख रुपये से ज्यादा कमा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक लियाओ इस फर्जी ऑपरेशन को लीड करता था। पकड़े जाने के डर से उसने कई लोगों को भी पहले एप्पल प्रोडक्ट और कुछ पैसे भेज दिए लेकिन अंत में वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

    रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि केस की सुनवाई के दौरान एक जज ने लियाओ के कार्यों की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि उसने एक क्रिमिनल आर्गेनाइजेशन को लीड किया है जिसने कई सालों तक पूरे उत्तरी अमेरिका में नकली एप्पल प्रोडक्ट्स की तस्करी की है। बता दें कि इस स्कैम का खुलासा एफबीआई और सैन डिएगो पुलिस विभाग ने किया है।