Category: Himachal>Una

  • लिदकोट में रास्ता रोककर मारपीट, मामला दर्ज

    लिदकोट में रास्ता रोककर मारपीट, मामला दर्ज

    ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना के पुलिस थाना बंगाणा के तहत आने वाले लिदकोट गांव में रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

     पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जसविन्द्र सिंह, निवासी लिदकोट, तहसील बंगाणा, जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई कि शनिवार सुबह लिदकोट में अरुण कुमार, निवासी लिदकोट ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बंगाणा ने आरोपी अरुण कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

     

  • उपमुख्यमंत्री ने हरोली में विकास परियोजनाओं का लिया जायजा

    उपमुख्यमंत्री ने हरोली में विकास परियोजनाओं का लिया जायजा

    हरोली कॉलेज के निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण, बस डिपो, एटीएस और हेलिपोर्ट परियोजनाओं की प्रगति भी परखी

    ऊना,सुशील पंडित:  उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को हरोली क्षेत्र में शिक्षा, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास, प्रस्तावित ई-बस डिपो, ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) तथा रोड़ा में निर्माणाधीन हेलिपोर्ट परियोजना का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।

     हरोली कॉलेज के लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 60 बिस्तरों वाला बालिका छात्रावास विकसित किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास के निर्माण से विशेष रूप से दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में नए शैक्षणिक भवन के लोकार्पण के बाद हरोली महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नए पाठ्यक्रमों और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से महाविद्यालय को क्षेत्र के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

    इसके उपरांत उन्होने हरोली बस अड्डे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां पहुंच चुकी इलेक्ट्रिक बसों की खेप का अवलोकन किया तथा प्रस्तावित बस डिपो की स्थापना संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित डिपो स्थापित होने के बाद यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला तथा एम्स बिलासपुर सहित विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए बस सेवाएं संचालित करने की योजना है।

    उन्होंने रोड़ा में लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के  कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली। इसके अलावा साथ ही  लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हेलिपोर्ट परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से भविष्य में हरोली क्षेत्र को शिमला और चंडीगढ़ से हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। उन्होंने बताया कि रोड़ा में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, हरोली मेला मैदान के विकास के लिए भी 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि हरोली में शिक्षा, खेल, परिवहन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा हरोली के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बलदेव सिंह, सहायक अभियंता नितिन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • स्कॉलर्स यूनिफाइड वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों का नीट-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन   

    स्कॉलर्स यूनिफाइड वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों का नीट-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन  

    ऊना,सुशील पंडित:  स्कॉलर्स यूनिफाइड वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने नीट-2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमबीबीएस में प्रवेश के लिए अपनी दावेदारी सशक्त की है। विद्यालय के छात्र ध्रुव ने 561 अंक तथा छात्रा जसनूर ने 526 अंक प्राप्त कर विद्यालय, अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों का नाम गौरवान्वित किया है।

    विद्यालय परिवार ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि को विद्यार्थियों की अथक मेहनत, अभिभावकों के अटूट विश्वास तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम बताया। विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती अदिति शर्मा एवं प्रधानाचार्य धीरज शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

    उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम की सराहना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों का भी विद्यालय पर विश्वास बनाए रखने तथा बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए धन्यवाद दिया।

    विद्यालय परिवार ने नीट-2026 परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को पुनः हार्दिक बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उत्कृष्ट उपलब्धियों से विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

  • जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण समपन्न, प्रोइयां कलां और पंसाई के ग्रामीण किए जागरूक

    जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण समपन्न, प्रोइयां कलां और पंसाई के ग्रामीण किए जागरूक

    ऊना,सुशील पंडित: प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित किए जा रहे विशेष जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण आज(शनिवार) को सफलतापूर्वक समपन्न हुआ। प्रचार-प्रसार अभियान के दूसरे चरण के अंतिम दिन परोइयां कलां और पंसाई में जागरूकता कार्यक्रयम प्रस्तुत किए गए। इस दौरान पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा के कलाकारों ने स्थानीय वासियों को गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों और जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया। साथ ही उन्होंने लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया।

    सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध नाटयों दल के कलाकारों ने जागरूकता कार्यक्रमों बताया कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर जाति भेदभाव के कारण अत्याचार होने पर अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 की धारा 3 के अंतर्गत पुलिस में दर्ज मामले के तहत कम से 25 हजार रुपये और अधिकतम 8,25,000 रुपये पुनर्वास राहत राशि का प्रावधान है। हत्या के मामले में मृतक की विधवा को 5 हजार रुपये बेसिक पर वर्तमान मंहगाई भत्ता प्रतिशतता की गणना करके प्रतिमाह राशि पैंशन के रूप् में भी दी जाती है।

    मृतक के बच्चों की स्नातक तक की शिक्षा एवं रख-रखाव का पूरा खर्चे की व्यवस्था एवं तीन महीने तक परिवार के भरण-पोषण के लिए राशन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाती है। इस घटना के तुरंत बाद प्रभावित व्यक्ति को अपने नजदीक के पुलिस थाना में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवानी होगी तथा न्यायालय में चालान प्रस्तुत होने के उपरांत धारा के अनुसार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, विधवाओं, एकल व परित्यक्ताओं और अल्पसंख्यकों के 18 से 35 वर्ष के पात्र उम्मीदवारों जिनकी आय 2 लाख रुपये से अधिक के युवाओं को पीजीडीसीए और डीसीए का एक वर्ष का निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

    इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही, उन्होंने नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रोइयां कलां के प्रधान दिला राम, बुधान की प्रधान शीनू देवी, उप प्रधान रमन कुमार, वार्ड सदस्य राकेश कुमारी, पुष्पिंदर, सोनू, रेखा, प्रकाशो देवी, आशा देवी सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

     

  • श्रावण अष्टमी मेले की तैयारियों को लेकर एडीसी ने की बैठक

    श्रावण अष्टमी मेले की तैयारियों को लेकर एडीसी ने की बैठक

    सफल संचालन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, श्रावण अष्टमी मेला 13 से 21 अगस्त तक

    ऊना,सुशील पंडित:  माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में 13 से 21 अगस्त तक श्रावण अष्टमी मेले का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना ईशांत जसवाल ने इसे लेकर शनिवार को माईदास सदन चिंतपूर्णी में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली और मेले के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

    श्रावण अष्टमी मेले के दौरान एडीसी ऊना मेला अधिकारी, एसडीएम अंब सहायक मेला अधिकारी जबकि एएसपी ऊना को पुलिस मेला अधिकारी तथा डीएसपी अंब को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। ईशांत जसवाल ने बताया कि मेले के दौरान माता श्री चिंतपूर्णी का मंदिर श्रद्धालुओं के लिए चौबीसों घंटे खुला रहेगा। साफ-सफाई के लिए रात्रि के दौरान मंदिर को केवल एक घंटे के लिए बंद किया जाएगा। दोपहर को मां के श्रृंगार व भोग इत्यादि के लिए भी मंदिर कुछ समय के लिए बंद रहेगा।

    लंगर लगाने की लेनी होगी अनुमति

    एडीसी ने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान लंगर लगाने की अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा। आयोजक को लंगर की समाप्ति के बाद साफ-सफाई भी सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा मेले के दौरान डीएफएससी ऊना खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे।

    नियमों की अवहेलना करने पर होगी कार्रवाई

    उन्होंने कहा कि मेले के दौरान ढोल नगाड़े, चिमटा, लाउडस्पीकर इत्यादि बजाने और प्लास्टिक व थर्मोकोल के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मालवाहक वाहनों के माध्यम से माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर आने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

    10 सेक्टरों में विभाजित होगा मेला क्षेत्र

    मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को 10 सेक्टरों में बांटा जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त मात्रा में पुलिस व होमगार्ड के 1600 जवानों सहित त्वरित कार्य बल की टीमें तैनात रहेंगी। सभी सेक्टरों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तमाम इंतजाम

    एडीसी ने बताया कि मेले के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह अस्थाई शौचालय बनाए जाएंगे तथा ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए रिकवरी वैन तैनात की जाएगी। भिक्षावृत्ति पर भी पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा तथा इसे लेकर जिला बाल संरक्षण अधिकारी की टीमों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने के लिए विभिन्न स्थानों पर एलोपैथिक तथा आयुर्वेदिक कैंप स्थापित किए जाएंगे। किसी भी आपदा अथवा आग इत्यादि की घटना से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे। साथ ही, मेलावधि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की उचित सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पूर्व सड़कों की व्यवस्था को भी दुरूस्त करने के भी निर्देश दिए।

    अतिरिक्त उपायुक्त ने निजी सराय प्रबंधकों को सरायों में अग्निशमन उपकरण लगाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन इनकी जांच भी करवाएगा। उन्होंने विद्युत विभाग को मेलावधि के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के लिए विद्युत लाइनों का आवश्यक रखरखाव करना सुनिश्चित करने को कहा ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा मेले के दौरान पीने के पानी के लिए प्याऊ भी लगाए जाएंगे। उन्होंने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जल भंडारण टैंकों का क्लोरिनेशन करना भी सुनिश्चित करें। बैठक में एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, प्रधान लोहारा अप्पर संगीता वालस, छपरोह की प्रधान अंजू कालिया, नारी चिंतपूर्णी की प्रधान प्रवीण कुमारी, धर्मशाला महंता खास की प्रधान सुनीता राणी, घेबट बेहड़ की प्रधान सिमरन सहित अन्य मौजूद रहे।

     

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

    ऊना,सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना में विद्यार्थियों के संप्रेषण कौशल, रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा भाषा पर पकड़ को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा पहली एवं दूसरी  के विद्यार्थियों के लिए ‘सेल्फ इंट्रोडक्शन प्रतियोगिता’, कक्षा तीसरी एवं चौथी के लिए ‘इंग्लिश स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता’ तथा कक्षा पाँचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता’ आयोजित की गई।

    ‘सेल्फ इंट्रोडक्शन प्रतियोगिता’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का विकास करना तथा उन्हें किसी नए व्यक्ति के समक्ष स्वयं का प्रभावशाली परिचय देने के लिए प्रेरित करना था। स्ट्रॉबेरी ग्रुप (कक्षा प्रथम) में शिवांशी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिश्का सिंघल एवं वेदिका शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कृषभ एस. राणा एवं बबनीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा द्वितीय में अभिधा रावल एवं लवदीप सिंह प्रथम स्थान पर रहे। मन्नत कुमावत ने द्वितीय तथा वियान चौधरी एवं शानवी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    ‘इंग्लिश स्टोरी टेलिंग प्रतियोगिता’ का उद्देश्य विद्यार्थियों के प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारना, श्रोताओं के साथ भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना तथा जटिल विचारों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था। एप्पल ग्रुप (कक्षा तृतीय) में आदया गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तनिप साहू एवं अमाहिरा वशिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि अवनी शर्मा एवं दलराज रहल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चतुर्थ में सक्षम शर्मा एवं प्रिशा शर्मा प्रथम स्थान पर रहे। रूही रेहल एवं कृषिका खन्ना द्वितीय तथा अक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    ‘स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता’ के अंतर्गत विद्यार्थियों ने “जल की हर बूँद बचाएँ”, “पेड़ लगाएँ, भविष्य बचाएँ”, “प्लास्टिक प्रदूषण को हराएँ”, “भोजन की बर्बादी रोकें—हर अन्न के दाने का सम्मान करें”, “साइबर सुरक्षा—क्लिक करने से पहले सोचें” तथा “नशे को कहें ‘ना’, जीवन को कहें ‘हाँ’” जैसे समसामयिक एवं सामाजिक महत्व के विषयों पर प्रभावशाली स्लोगन लिखे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को संक्षिप्त, सारगर्भित एवं प्रभावशाली शब्दों में अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

    ऑरेंज ग्रुप में अकीरा दीप एवं प्राक्षी राणा प्रथम स्थान पर रहीं। मन्नत परमार एवं आरवी शर्मा ने द्वितीय तथा परिधि शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मैंगो ग्रुप में अनाया चब्बा प्रथम स्थान पर रहीं। सानवीं एवं पीहू शर्मा ने द्वितीय तथा ख्वाहिश राणा एवं सानिया चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेलन ग्रुप में अराधना एवं जैस्मिन धीमान प्रथम स्थान पर रहीं। मनराज सिंह, अक्षमा एवं मन्नत शर्मा ने द्वितीय तथा अराध्या ठाकुर, इशिता राठौर, साक्षी शर्मा एवं प्रागुन कौशल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्रों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनकी झिझक दूर कर आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण, अभिव्यक्ति कौशल तथा रचनात्मक सोच को भी नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।

     

     

  • मजारा में सट्टा लगाते व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व सट्टा पर्चियां बरामद

    मजारा में सट्टा लगाते व्यक्ति पर पुलिस की कार्रवाई, नकदी व सट्टा पर्चियां बरामद

    ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को काबू किया है। पुलिस थाना सदर ऊना के तहत पुलिस चौकी संतोषगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान मजारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से सट्टा पर्चियां और नकदी बरामद की।

    पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की शाम को एचसी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मजारा में गश्त के दौरान मनजीत कुमार निवासी वार्ड नंबर-4, सनोली, तहसील एवं जिला ऊना को सट्टा लगाते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1,040 रुपये की नकदी तथा पर्ची दड़ा सट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

     

  • अमृत भारत स्टेशन “अम्ब अंदौरा” का उद्घाटन हिमाचल में रेल नेटवर्क विस्तार का ऐतिहासिक क्षण: अनुराग सिंह ठाकुर

    अमृत भारत स्टेशन “अम्ब अंदौरा” का उद्घाटन हिमाचल में रेल नेटवर्क विस्तार का ऐतिहासिक क्षण: अनुराग सिंह ठाकुर

    पीएम के विजन अनुरूप अंब अंदौरा स्टेशन भारत के आधुनिक रेल नेटवर्क का बना हिस्सा

    ऊना,सुशील पंडित: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण और राज्य की निरंतर रेलवे नेटवर्क  सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की दिशा में मील का पत्थर बताया।

    उन्होने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से इस अवसर पर जुड़ते हुए कहा कि यह उद्घाटन प्रधानमंत्री के उस अटूट संकल्प को दर्शाता है कि पहाड़ी राज्यों को भी विश्व स्तरीय रेलवे बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जाए।  उन्होने  कहा कि “अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अंब अंदौरा, बैजनाथ पपरोला, पालमपुर हिमाचल और शिमला सहित महत्वपूर्ण स्टेशनों को बेहतर यात्री सुविधाओं, बढ़ी हुई पहुंच, बेहतर बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे लाखों यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।

    उन्होने ने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में रेलवे विकास की दिशा को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होने ने कहा कि आज पुनर्विकसित अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन केवल एक स्टेशन के पुनर्विकास से कहीं अधिक है। यह मोदी सरकार के “रेल विकास से राष्ट्र विकास” के विजन की  प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

    उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हिमाचल प्रदेश की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति के बावजूद राज्य में रेलवे बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता देने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होने ने विश्वास व्यक्त किया कि मोदी सरकार हिमाचल में चल रही रेल परियोजनाएं, स्टेशन आधुनिकीकरण पहलें और विस्तारित ट्रेन नेटवर्क आर्थिक वृद्धि को तेज करेंगे, नए रोजगार के अवसर सृजित करेंगे, पर्यटन को बढ़ावा देंगे और विकसित भारत के विजन में हिमाचल प्रदेश के योगदान को और मजबूत करेंगे”

     

  • हिमाचल में रेल विस्तार के लिए केंद्र दे विशेष सहयोग : मुकेश अग्निहोत्री

    हिमाचल में रेल विस्तार के लिए केंद्र दे विशेष सहयोग : मुकेश अग्निहोत्री

    अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप ऊना जिले के लिए गर्व का विषय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार

    ऊना,सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश की प्रमुख रेल परियोजनाओं को विशेष वित्तीय सहयोग प्रदान करने तथा भानुपल्ली-बिलासपुर, चंडीगढ़-बद्दी और ऊना-हमीरपुर रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।  उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य के समग्र विकास के लिए रेल और हवाई संपर्क को सुदृढ़ करना समय की आवश्यकता है तथा भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार को हिमाचल प्रदेश के प्रति विशेष सहयोग का दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

    उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए गए अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर से वर्चुअल माध्यम के जरिए देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया, जिनमें अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन भी शामिल है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक स्वरूप में विकसित हुआ अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन ऊना जिले के लिए गर्व का विषय है।

    उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराएगा। वर्ष 2011 में रेलवे स्टेशन का दर्जा मिलने के बाद यह क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। वर्तमान में यहां से प्रतिदिन पांच ट्रेनों का संचालन हो रहा है, जिससे ऊना सहित आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को लाभ मिल रहा है।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन को वर्ष 2007 में स्वीकृति मिली थी। उस समय परियोजना की अनुमानित लागत लगभग एक हजार करोड़ रुपये थी, जो वर्तमान में बढ़कर 13,446 करोड़ रुपये हो गई है। प्रदेश सरकार इस परियोजना में लगभग 847 करोड़ रुपये का अंशदान दे चुकी है। उन्होंने आग्रह किया कि राज्य सरकार के इस अंश को वन टाइम ग्रांट के रूप में स्वीकार करते हुए बिलासपुर से आगे रेल लाइन निर्माण का पूरा व्यय केंद्र सरकार वहन करे।

    उन्होंने बताया कि 38 किलोमीटर लंबी चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजना में प्रदेश सरकार लगभग 348 करोड़ रुपये का योगदान दे चुकी है। उन्होंने इस राशि को भी वन टाइम ग्रांट के रूप में स्वीकार करने तथा परियोजना के शेष कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री ने ऊना-हमीरपुर रेल परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि लगभग 40 किलोमीटर लंबी यह रेल लाइन क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति देगी।

    उन्होंने कहा कि अम्ब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का नाम माता श्री चिंतपूर्णी जी के नाम से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने उत्तर रेलवे के अधिकारियों से रेलवे स्टेशन परिसर में माता श्री चिंतपूर्णी जी का प्रतीक चिन्ह स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जैजों-पोलियां-मेहतपुर रेल लाइन प्रदेश के औद्योगिक विकास, विशेषकर प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए वह जल्द ही प्रधानमंत्री से भेंट करेंगे।

    इस अवसर पर चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी और चैतन्य शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र, नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष अनुसूइया देवी, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, उत्तर रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (सीसीएम) अंशुमन कुमार सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

     

  • मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू

    मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू

    ऊना,सुशील पंडित: जिला कल्याण अधिकारी, ऊना आवास पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना का संचालन अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त पात्र लाभार्थियों की सूची के आधार पर पात्र व्यक्तियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। इसके उपरांत अप्रैल से जून, 2026 की वित्तीय सहायता पात्र लाभार्थियों को प्रदान की जा रही है।

    उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत नए पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पात्र व्यक्ति ई-कल्याण पोर्टल https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan  के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

    आवास पंडित ने जिले के सभी पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री सहारा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी योजना और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

    उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी अथवा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आवेदक जिला कल्याण कार्यालय, ऊना या अपने संबंधित तहसील कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।