उपमुख्यमंत्री ने हरोली में विकास परियोजनाओं का लिया जायजा

Written by

in

हरोली कॉलेज के निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण, बस डिपो, एटीएस और हेलिपोर्ट परियोजनाओं की प्रगति भी परखी

ऊना,सुशील पंडित:  उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को हरोली क्षेत्र में शिक्षा, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास, प्रस्तावित ई-बस डिपो, ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) तथा रोड़ा में निर्माणाधीन हेलिपोर्ट परियोजना का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।

 हरोली कॉलेज के लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 60 बिस्तरों वाला बालिका छात्रावास विकसित किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास के निर्माण से विशेष रूप से दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी तथा उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में नए शैक्षणिक भवन के लोकार्पण के बाद हरोली महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नए पाठ्यक्रमों और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से महाविद्यालय को क्षेत्र के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके उपरांत उन्होने हरोली बस अड्डे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां पहुंच चुकी इलेक्ट्रिक बसों की खेप का अवलोकन किया तथा प्रस्तावित बस डिपो की स्थापना संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित डिपो स्थापित होने के बाद यहां से दिल्ली, चंडीगढ़, शिमला तथा एम्स बिलासपुर सहित विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए बस सेवाएं संचालित करने की योजना है।

उन्होंने रोड़ा में लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के  कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली। इसके अलावा साथ ही  लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हेलिपोर्ट परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से भविष्य में हरोली क्षेत्र को शिमला और चंडीगढ़ से हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। उन्होंने बताया कि रोड़ा में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, हरोली मेला मैदान के विकास के लिए भी 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हरोली में शिक्षा, खेल, परिवहन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा हरोली के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बलदेव सिंह, सहायक अभियंता नितिन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *