पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सिविल अस्पताल की मोर्चुरी को चोरों ने निशाना बनाया। दरअसल, चोर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी से सैनिटरी उपकरण चोरी करके फरार हो गए। हैरानी की बात ये है कि सर्दियों में हुई इस चोरी का पता अब गर्मियों में चला, जब एसी के पाइप कटे हुए पाए गए। पंचकूला के सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में चोरों ने बड़ी ही चालाकी से सेंध लगाई।
जानकारी के मुताबिक, चोर एसी के पाइप काटकर उसमें इस्तेमाल होने वाला कीमती सामान चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि यह चोरी सर्दियों के दौरान हुई, लेकिन चूंकि उस समय एसी का इस्तेमाल नहीं हो रहा था, इसलिए किसी को इसका पता नहीं चल पाया। जैसे ही गर्मियों में एसी चलाने की कोशिश की गई, तब इस चोरी का खुलासा हुआ। मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने रिमांड के दौरान वारदात में प्रयोग कार, हिडन कैमरा, मोबाइल फोन, सिम कार्ड किए बरामद
पंचकूलाः पुलिस ने एक संगठित ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना चंडीमंदिर में 20 मार्च को दर्ज एक मामले के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सना आमरीन, उसके पति दिलप्रीत सिंह तथा उनके एक साथी मनमोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पंजाब के फतेहगढ़ जिला के रहने वाले हैं। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाकर हिडन कैमरे से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रची थी।
मिली जानकारी के अनुसार कैथल वासी शिकायतकर्ता ने 20 मार्च को पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि सना आमरीन, जो उसकी पुरानी जान-पहचान की थी, ने उसे बहाने से संपर्क कर पंचकूला बुलाया। बाद में आरोपी के कहने पर सभी मोरनी स्थित एक होटल में गए, जहां सना आमरीन ने सहमति से संबंध बनाने के दौरान छिपे कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस वीडियो को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजते हुए 50 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपियों को उसी दिन सरहिंद व जीरकपुर क्षेत्र से काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हिडन कैमरा, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा एक कार भी बरामद की गई है। साथ ही उस होटल की भी पहचान करवाई गई, जहां वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने 21 मार्च को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जिसमें आरोपी मनमोहन सिंह को 21 मार्च को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया व आरोपी पति-पत्नी को दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था, जिसके दौरान अहम सबूत जुटाए गए। आरोपी सना आमरीन और दिलप्रीत सिंह को भी आज न्यायिक विरासत भेज दिया गया है
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि यह मामला केवल ब्लैकमेलिंग का नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से लोगों की निजी जिंदगी का दुरुपयोग कर आर्थिक शोषण करने की गंभीर आपराधिक साजिश है। पंचकूला पुलिस ने तत्परता और प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को बेनकाब किया है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस प्रकार के अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि सोशल मीडिया या व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से मिलने वाले किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव से सतर्क रहें और बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर पीड़ित को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।
पंचकूलाः सेक्टर-5 स्थित टोपियरी पार्क में सुबह करीब 9:20 बजे साइकिल चोरी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता रामनिक कौशल निवासी 917/4, पंचकूला के अनुसार वे साइकिल से पार्क पहुंचे थे और जॉगिंग करने लगे। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने साइकिल का लॉक काटकर उसे चोरी कर लिया।
पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने स्वयं जांच करते हुए पार्क के पास स्थित होटल बेलाविस्टा से CCTV फुटेज प्राप्त की, जिसमें 2 युवक संदिग्ध रूप से साइकिल ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह फुटेज पुलिस को भी सौंप दी गई है। साथ ही उन्होंने पुलिस को राउंडअबाउट पर लगे कैमरों की फुटेज खंगालने का सुझाव भी दिया।
हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने सेक्टर-14 स्थित पुलिस कमांड सेंटर का दौरा किया, जहां उन्होंने जानकारी के आधार पर आरोप लगाए कि पंचकूला के अधिकांश CCTV कैमरे फिलहाल काम नहीं कर रहे हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पीड़ित ने कहा कि यदि CCTV कैमरे सही तरीके से काम कर रहे होते, तो आरोपियों की पहचान कर उन्हें आसानी से पकड़ा जा सकता था। इस घटना को लेकर उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।
गौरतलब है कि हाल ही में चंडीगढ़ शहर में एक बड़ी वारदात हुई थी जिसमें एक व्यक्ति का गोलियों मारकर मर्डर कर दिया था और पुलिस ने cctv कैमरों की मदद से भी फरार आरोपियों को काफी हद तक पकड़ने में सफलता हासिल की थी, लेकिन आरोप यह है कि यहां के अधिकांश cctv कैमरे बंद पड़े है जिससे पंचकूला शहर के लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते है। जजपा पार्टी के जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग ने जिला प्रशासन से सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में करने की मांग पर जोर दिया है।
पचंकूलाः बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह द्वारा अपने आपत्तिजनक सॉन्ग टटीरी को यूट्यूब से हटाने के बाद अब हरियाणा पुलिस ने भी एक्शन लिया है। आपत्तिजनक गीत ‘टटीरी’ के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने संबंधित मंचों को नोटिस भेजकर गीत के सभी रूप हटाने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, पुलिस डीजीपी अजय सिंघल ने आदेश जारी करते हुए कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह की सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल मंचों पर निगरानी और भी मजबूत कर दी गई है, ताकि कानून का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल माहौल बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार काम कर रहे हैं। ऐसे में सिंगर बादशाह के पुलिस ने अब तक इस गीत से जुड़े 857 लिंक हटवा दिए हैं। इनमें 154 वीडियो और 703 छोटे वीडियो शामिल हैं। यह कार्रवाई अलग-अलग सामाजिक मंचों के साथ मिलकर कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिबास कविराज ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस प्रतिबंधित गीत पर वीडियो बनाता या साझा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में संबंधित खाते बंद किए जा सकते हैं और बार-बार नियम तोड़ने वालों पर मामला दर्ज किया जाएगा। यह मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर थाने में दर्ज है। पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और गीत के प्रसार में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस ने साफ किया है कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े आपत्तिजनक या समाज विरोधी कंटेंट के खिलाफ जीरो सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। लोगों से अपील की गई है कि ऐसे कंटेंट को साझा न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
जीरकपुरः नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत ज़ीरकपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां बलटाना पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल चंडीगढ़ में किराए पर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम गश्त के दौरान चॉइस रोड, बलटाना इलाके में मौजूद थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर जब उसे काबू कर तलाशी ली गई तो उसके बैग से करीब 5 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लंबे समय से बाहरी राज्यों से नशा लाकर ज़ीरकपुर और आसपास के इलाकों में सप्लाई कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां से पुलिस रिमांड लेकर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पंचकूला: पिंजौर-नालागढ़ रोड पर गांव सुखोमाजरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। एक युवक को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दानिश (23) के रूप में हुई है। वहीं दूसरे घायल युवक जावेद (25) को पिंजौर के नानकपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पिंजौर गार्डन से बद्दी की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पिंजौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, बाइक सवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि दोनों युवक किसी काम से बद्दी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे परिवार में शोक की लहर है।
पंचकूला: स्थानीय पुलिस ने कुछ दिन पहले सेक्टर-16 क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-16 चौकी इंचार्ज सिंहराज ने बताया कि 8 मार्च को पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस चौकी में दी कुछ सामान लेने के लिए उतरा था।
इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने उस पर चाकू से हमला करके उसके पैर पर वार किया और उसकी जेब से करीब 2000 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सेक्टर-14 थाना में 8 मार्च को गंभीर धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई।
मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी एएसआई संदीप ने टीम के साथ मिलकर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 16 मार्च को आरोपी अंशु निवासी इंदिरा कॉलोनी सेक्टर-17 पंचकूला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में संलिप्त आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड। सामने आया है। इसमें उसके खिलाफ पहले से लूट के मामले दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। जिसे आज पेश करके अंबाला जेल भेज दिया गया।पुलिस इस घटना में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पंचकूलाः जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक स्कूली छात्र पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में छात्र के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामला पंचकूला जिले के पिंजौर का बताया जा रहा है, जहां पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छठी कक्षा के छात्र शहादत को गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे स्कूल पहुंचते समय आवारा कुत्ते ने काट लिया।
हमले में छात्र के चेहरे पर गहरे घाव आए, जिसके बाद उसे तुरंत पिंजौर के अर्बन पॉलीक्लिनिक सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सेक्टर-6 पंचकूला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से आगे इलाज के लिए, जहां से पीजीआई भेजा गया।
माता-पिता करते हैं मजदूरी मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-6 अस्पताल में इलाज के बाद उसे PGI भेजा गया है, हालत अभी गंभीर है। बताया जा रहा है कि घायल छात्र के माता-पिता मजदूरी करते हैं और हाल ही में पिंजौर की विश्वकर्मा कॉलोनी में किराये के मकान में रहने आए थे।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है और उन्होंने प्रशासन से इलाके में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है। वहीं, स्कूल के वाइस प्रिंसिपल यशपाल राणा ने बताया कि छात्र के इलाज का पूरा खर्च स्कूल प्रबंधन समिति उठाएगी।
पंचकूलाः पंजाबी सिंगर व रैपर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर लगातार विवादों में चल रहे है। गायक के गाने को लेकर महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने नोटिस जारी किया था। जिसके बाद महिला आयोग की ओर से बादशाह की गिरफ्तारी को लेकर आदेश जारी किए गए थे। वहीं गायक पर 2 एफआईआर भी दर्ज हो चुकी हैं। बादशाह ने गिरफ्तारी को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया है। जहां आज हाईकोर्ट में हुई सुनवाई में गायक को बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने मामले को लेकर फैसला सुनाते हुए बादशाह की गिरफ्तारी पर अस्थायी रोक लगा दी है।
बताया जा रहा हैकि हाई कोर्ट में याचिका पर सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने अदालत को बताया कि बादशाह जांच में शामिल हो चुके हैं और फिलहाल उनकी गिरफ्तारी की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। दरअसल, बादशाह ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस को रद्द करने और हरियाणा महिला आयोग द्वारा की जा रही कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की थी।
गौरतलब है कि ‘टटीरी’ गीत के आपत्तिजनक बोल पर छिड़े विवाद में रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ गई थीं। महिला आयोग ने बादशाह की गिरफ्तारी के लिए पानीपत व पंचकूला पुलिस को आदेश जारी किया था। वहीं, हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी बॉलीवुड गायक को नोटिस भेजकर तलब किया। बादशाह के साथ निर्देशकों को भी आयोग ने सात दिन में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए थे। बादशाह का टटीरी गाना एक मार्च को रिलीज हुआ था।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने माता मनसा देवी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देश
पंचकूला:- 19 से 27 मार्च तक नवरात्र के दौरान पंचकूला में माता मनसा देवी मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए पंचकूला पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में आज डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर का दौरान कर अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए साथ ही मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि माता मनसा देवी मंदिर में नवरात्र मेला के दौरान पंचकूला सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। इस कारण पुलिस का प्रयास रहेगा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई भी चूक न हो और न ही भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो। उन्होंने बताया कि मेले में करीब 850 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। 4 एसीपी स्तर के अधिकारी पूरे आयोजन पर निगरानी रखेंगे। जिसमें माता मनसा देवी मंदिर में सुरक्षा का जिम्मा एसीपी दिनेश संभालेंगे।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने ड्यूटी इंचार्ज अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं से शालीनता से पेश आए व नम्रतापूर्वक व्यवहार रखें और यदि किसी को मदद की आवश्यकता हो तो तुरंत सहायता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यह पंचकूला पुलिस व बाहर से आए पुलिसकर्मियों के लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें माता के मेले में सेवा का अवसर मिला है।
डीसीपी ने आगे बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान सिविल कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेले के परिसर में अस्थाई नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। इसके अलावा मेला परिसर और उसके आसपास 12 नाके लगाए गए हैं, जहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन चेकिंग की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ईआरवी, पीसीआर और राइडर टीमें लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। साथ ही दूरबीन, बॉडी कैमरा और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी। सभी क्राइम ब्रांच टीमें भी पूरी तरह से एक्टिव रहेंगी।
डीसीपी के अनुसार न केवल माता मनसा देवी मंदिर बल्कि आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे काली माता मंदिर कालका, माता शारदा मंदिर त्रिलोकपुर रायपुररानी, चण्डी माता मंदिर और माता समलोठा देवी मंदिर मोरनी पर भी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने आमजन से अपील की है कि मेले के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। श्रद्धालु अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा अनावश्यक भीड़भाड़ या भगदड़ की स्थिति पैदा न होने दें। यदि किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि नवरात्र के पावन अवसर पर पंचकूला में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू दर्शन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन द्वारा हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय और असुविधा के माता के दर्शन कर सकें। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।