Category: Punjab>Amritsar

  • Punjab News: घर पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी का किया एनकाउंटर, देखें वीडियो

    Punjab News: घर पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपी का किया एनकाउंटर, देखें वीडियो

    अमृतसरः जंडियाला गुरु के शेखूपुरा मोहल्ले में दो दिन पहले हुई फायरिंग के संदर्भ में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर आरोपी का एनकाउंटर करके उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि एसएचओ हरपाल सिंह ने जानीया मोड़ पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान दूसरी तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार लवप्रीत सिंह पुत्र मंगल सिंह आ रहा था। जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।

    इस दौरान पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली लवप्रीत सिंह की बायीं टांग में लगी और वह घायल हो गया। घायल लवप्रीत को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी के कब्जे से मैगज़ीन वाला पिस्टल, तीन कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से 9 मुकदमे चल रहे हैं।

    डीएसपी ने बताया कि जिस घर पर फायरिंग हुई थी वह घर बलजीत सिंह बुल्ली पुत्र संतोष सिंह का है, जो अमृतसर जेल में बंद है। जेल के अंदर एक दिन पहले साजन उर्फ काना के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके चलते साजन उर्फ काना ने अपने साथियों को भेजकर बलजीत सिंह बुल्ली के घर पर फायरिंग करवाई। गुप्त सूचना मिलने पर एसएचओ हरपाल सिंह ने आरोपी की तलाश के लिए जानीया के पास नाका लगाया था। नाके पर आरोपी को रुकने का इशारा किया गया तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी की बायीं टांग में गोली लगी और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

  • Punjab News: बीच में छोड़ी ड्यूटी, नशे में सोते मिले थाना प्रभारी, DIG ने की कार्रवाई, देखें वीडियो

    Punjab News: बीच में छोड़ी ड्यूटी, नशे में सोते मिले थाना प्रभारी, DIG ने की कार्रवाई, देखें वीडियो

    अमृतसरः बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल एक्शन मोड में आते दिखे। डीआईजी ने देहात के विभिन्न पुलिस थानों का औचक निरीक्षण किया। डीआईजी जब राजा सांसी थाना पहुंचे तो वहां तैनात एसएचओ अपनी निर्धारित ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिला। आरोप है कि नाके पर तैनाती के समय वह अपने कमरे में शराब के नशे में सो रहा था।

    स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी ने मौके पर ही कार्रवाई की और संबंधित एसएचओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए सभी कर्मचारी ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाएं। बताया जा रहा है कि औचक निरीक्षण के दौरान अन्य थानों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया और पुलिस कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाया जा सके।

  • Punjab News: ‘Satluj’ पर बैन के खिलाफ सिख समुदाय में विरोध, देखें वीडियो

    Punjab News: ‘Satluj’ पर बैन के खिलाफ सिख समुदाय में विरोध, देखें वीडियो

    अमृतसरः सिख संघर्ष और 1984 के दौर की सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म सतलुज पर सरकार द्वारा बैन लगाए जाने के बाद सिख समुदाय में भारी नाराजगी है। इसके विरोध में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देशों के तहत एक बड़ा फैसला लिया गया है। फैसले के तहत कल सुबह 9:30 बजे शिरोमणि कमेटी कार्यालय से डीसी कार्यालय तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा, जहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा और फिल्म से बैन तुरंत हटाने की मांग की जाएगी।

    शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह कहलवां ने कहा कि ये फिल्म 1984 के दौर में मासूम सिखों, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर सरकार द्वारा किए अंधाधुंध अत्याचार और उसके बाद के संघर्ष की सच्चाई को बयां करती है। फ़िल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता शहीद भाई जसवंत सिंह खालरा द्वारा लापता और मासूम लोगों के शवों का विवरण इकट्ठा करने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए किए महान ऐतिहासिक प्रयासों को साहस के साथ दिखाती है। सिख नेताओं ने इस संवेदनशील विषय पर फिल्म बनाने के लिए दिलजीत दोसांझ द्वारा उठाए कदम की तारीफ की।

    उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार फिल्म से बैन नहीं हटाती है, तो सिख संगत गांवों, स्कूलों और गुरुद्वारों में स्क्रीन लगाकर इसे हर घर तक पहुंचाएगी। इसके साथ ही संगत से 14 तारीख को हरिके पट्टन में शहीदों की आत्मिक शांति के लिए आयोजित अरदास समारोह में शामिल होने की अपील भी की है। इसके अलावा SGPC ने अमर शहीद जत्थेदार तेजा सिंह समुंदरी की 100वीं जयंती 15 से 17 जुलाई तक श्रद्धा और धूमधाम से मनाने की भी घोषणा की है।

     

  • Punjab News: ड्यूटी में लापरवाही मामले में SHO Suspended

    Punjab News: ड्यूटी में लापरवाही मामले में SHO Suspended

    अमृतसरः देहात के अंतर्गत आते थाना राजासांसी में ड्यूटी के दौरान लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी बॉर्डर रेंज हरमनबीर सिंह गिल ने थाना राजासांसी के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात पंजाब पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी और चेकिंग मुहिम चलाई जा रही थी।

    इस दौरान जब डीआईजी बॉर्डर रेंज हरमनबीर सिंह गिल ने राजासांसी में जांच की तो वहां एसएचओ सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह मौजूद नहीं थे। ड्यूटी में कुव्यवस्था/लापरवाही सामने आने पर डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने सख्त कार्रवाई करते हुए तुरन्त एसएचओ राजासांसी सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

  • Punjab News: तालाब की खुदाई को लेकर चली गोली, बाल-बाल बचे आप सरपंच के पति, देखें वीडियो

    Punjab News: तालाब की खुदाई को लेकर चली गोली, बाल-बाल बचे आप सरपंच के पति, देखें वीडियो

    अजनालाः गांव कमीरपुर में पानी की निकासी को लेकर चल रही तालाब की खुदाई का मामला इस कदर भड़क गया कि एक पक्ष की ओर से आम आदमी पार्टी की मौजूदा महिला सरपंच के पति पर गोली चला दी गई। इस घटना में महिला सरपंच का पति बाल-बाल बचा, जबकि सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामला शांत कर कार्रवाई शुरू की गई।

    इस मौके पर बात करते हुए महिला सरपंच के पति गुरनाम सिंह ने बताया कि वह गांव की निकासी को देखते हुए अधिकारियों की मौजूदगी में तालाब की खुदाई का काम कर रहे थे और विरोधी पक्ष के व्यक्ति द्वारा आकर उससे झगड़ा करना शुरू कर दिया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बचा। उसने मांग की कि उक्त दोषियों के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर निर्मल सिंह ने बताया कि गांव की पंचायत की मौजूदगी में उनके साथ पहले भी कई बार रायनवा (समझौता) कर लिया गया था, पर फिर भी जानबूझकर उनके द्वारा साजिश के तहत उन पर आज हमला किया गया और जान से मारने की कोशिश की गई।

    इस मौके पर बीडीपीओ दफ्तर से सेक्रेटरी राजेंद्र सिंह ने बताया कि वे सरकार के निर्देशों के मुताबिक तालाब की खुदाई का काम कर रहे थे, जिस दौरान विरोधी पक्ष के व्यक्तियों द्वारा वहां आकर झगड़ा करना शुरू कर दिया और उनमें से एक द्वारा एक गोली भी चलाई गई। इस संबंध में विरोधी पक्ष से मनदीप सिंह ने बताया कि गांव के तालाब की खुदाई का काम चल रहा था, जिस पर उनका कब्जा था और उन्हें जानबूझकर तंग परेशान किया जा रहा है और उनके साथ मारपीट की गई है। उन्होंने इंसाफ की मांग की। इस मौके पर थाना अजनाला के मुखी हरजिंदर सिंह ने बताया कि गांव कमीरपुर में तालाब की खुदाई का काम चल रहा था, जिस दौरान दो पक्षों में झगड़ा हुआ। जिस संबंध में वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: ज़मीनी विवाद को लेकर पोते पर लगे दादी और चचेरे भाई पर फायरिंग के आरोप, 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: ज़मीनी विवाद को लेकर पोते पर लगे दादी और चचेरे भाई पर फायरिंग के आरोप, 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसरः हलका राजासांसी के तहत कुक्कड़वाली के पास पारिवारिक ज़मीनी विवाद उस समय हिंसक रूप धारण कर गया, जब एक परिवार ने अपने ही रिश्तेदारों पर गाड़ी रोककर जानलेवा हमला करने के गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित परिवार का दावा है कि 13 कनाल ज़मीन के विवाद को लेकर उनका पीछा किया गया और कथित तौर पर गोली भी चलाई गई। पीड़ित गुरजीत सिंह मोगा के दशमेश नगर का रहने वाला है, उसने अमृतसर के हलका राजासांसी से मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी दादी और पारिवारिक सदस्यों के साथ अपने पैतृक गांव कुहाला जा रहा था। इस दौरान एक काली फिल्म लगी BMW कार चालक ने उनका पीछा किया और कुक्कड़वाली के पास उनकी गाड़ी के आगे लगाकर रोक ली।

    गुरजीत सिंह का कहना है कि उसके चाचा के बेटे ईश्वरजोत सिंह, जो खुद को हाईकोर्ट का वकील बताता है, उसने रिवॉल्वर से उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उसने दावा किया कि वह बच गया और पारिवारिक सदस्यों की मदद से हथियार छीनकर तुरंत 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
    पीड़ित ने यह भी कहा कि उसके पिता की पगड़ी उतारकर दाढ़ी खींची गई, जबकि उसकी बुजुर्ग दादी के साथ धक्का-मुक्की करके उनके दांत तोड़ दिए गए। गुरजीत सिंह ने कहा कि आरोपी परिवार द्वारा उसे समझौता करने के लिए लगातार धमकियां दी जा रही हैं और इंसाफ न मिलने पर उसकी जान को अभी भी खतरा है।

    वहीं बुजुर्ग सुखवंत कौर ने मीडिया के सामने अपने ही पोते और पारिवारिक सदस्यों पर जमीन हड़पने, धक्का-मुक्की करने और मारपीट करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अपना बनता हक और इंसाफ चाहते हैं। दूसरी ओर, राजासांसी थाने के एसएचओ हरजीत सिंह ने बताया कि गुरजीत सिंह के बयानों के आधार पर मुकदमा नंबर 166/26 के तहत धारा 307, 295 और 341 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में ईश्वरजोत सिंह, उसके पिता जसपाल सिंह और प्राइवेट गनमैन यादविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई काली फिल्म वाली BMW कार भी कब्जे में ले ली है। मामले की अगली जांच जारी है।

  • Punjab News: साजिश नाकाम, 6 हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल सहित 3 गिरफ्तार

    Punjab News: साजिश नाकाम, 6 हैंड ग्रेनेड और 12 पिस्तौल सहित 3 गिरफ्तार

    अमृतसरः काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने अवैध हथियार और विस्फोटक तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 हैंड ग्रेनेड और 12 अवैध पिस्तौल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक विदेशी तस्कर के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और विदेश में बैठे बब्बर खालसा इंटरनेशनल यानी बीकेआई के ऑपरेटिव्स का समर्थन प्राप्त था।

    जांच के अनुसार, आरोपियों को यह हथियारों और विस्फोटकों की खेप पंजाब में अशांति फैलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई थी। इस पूरे मामले में अमृतसर के पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर मुकम्मल जानकारी जल्द साझा कर सकते हैं।

    इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में हथियार अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोग कौन हैं, हथियारों की सप्लाई कहां से हुई और इन्हें आगे किस तक पहुंचाया जाना था। पंजाब पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।

  • Punjab News: रेलवे ट्रैक के पिलर पर CCTV कैमरा मिलने से RPF में मचा हडकंप, जांच में जुटीं एजेंसियां, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे ट्रैक के पिलर पर CCTV कैमरा मिलने से RPF में मचा हडकंप, जांच में जुटीं एजेंसियां, देखें वीडियो

    अमृतसरः अमृतसर-मानावाला रेलवे सेक्शन में रेलवे ट्रैक के पास ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) पिलर पर संदिग्ध परिस्थितियों में सीसीटीवी कैमरा लगा मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आरपीएफ ने कैमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    इस मामले को लेकर अधिकारियोंं द्वारा मीडिया से दूरी बनाई हुई है। जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा से जुड़े कर्मचारी नियमित गश्त और निरीक्षण के दौरान अमृतसर-मानावाला रेलखंड में किलोमीटर संख्या 508/23 के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर ओएचई पोल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

    फिलहाल मामले की जांच जारी है और अभी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कैमरा किसने और किस उद्देश्य से लगाया था। कैमरे को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी पड़ताल की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसे कब और किन परिस्थितियों में लगाया गया।

  • Punjab News: 328 पावन स्वरूप मामले में गुरुद्वारा साहिब में पहुंची SIT, 3 घंटे चली जांच, देखें वीडियो

    Punjab News: 328 पावन स्वरूप मामले में गुरुद्वारा साहिब में पहुंची SIT, 3 घंटे चली जांच, देखें वीडियो

    अमृतसरः 328 पावन स्वरूपों के मामले की जांच के लिए गठित की गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) के चेयरमैन डीआईजी नानक सिंह के नेतृत्व में टीम ने आज अमृतसर में गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब और श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन का दौरा किया। इस दौरान 3 घंटे तक चली जांच में टीम ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की छपाई, संभाल और संगत को सौंपने की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। जांच के दौरान एसआईटी ने यह भी देखा कि पावन स्वरूपों की छपाई किस तरीके से की जाती है।

    छपाई के बाद उन्हें कहां और कैसे सुरक्षित रखा जाता है और संगत को पावन स्वरूप जारी करने की प्रक्रिया कैसे अमल में लाई जाती है। इसके साथ ही भेंट जमा करवाने और स्वरूप सौंपने से संबंधित प्रबंधों का भी जायजा लिया गया। एसआईटी ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मौजूदा पदाधिकारियों से विस्तृत बातचीत की और पावन स्वरूपों की छपाई और वितरण से संबंधित रिकॉर्ड भी हासिल किया। डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि एसजीपीसी द्वारा एसआईटी की मांग के अनुसार जरूरी रिकॉर्ड लगातार मुहैया करवाया जा रहा है और जांच इसी रिकॉर्ड के आधार पर आगे बढ़ रही है।

    उन्होंने कहा कि मामले में नामजद व्यक्तियों से पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा उस समय के पदाधिकारियों और मौजूदा पदाधिकारियों से भी औपचारिक और अनौपचारिक तौर पर पूछताछ की गई है। जांच के हर पहलू को बारीकी से परखा जा रहा है ताकि किसी भी तथ्य को अनदेखा न छोड़ा जाए। डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि एसआईटी की जांच अब काफी एडवांस चरण पर पहुंच चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच को जल्द तर्कसंगत और ठोस नतीजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईटी द्वारा जब भी किसी दस्तावेज या रिकॉर्ड की मांग की जाती है तो शिरोमणि कमेटी द्वारा उसमें पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

     

  • Punjab News: भीषण आग लगने से 2 दुकानें जलकर खाक, हुआ भारी नुकसान, देखें वीडियो

    Punjab News: भीषण आग लगने से 2 दुकानें जलकर खाक, हुआ भारी नुकसान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जंडियाला गुरु के मुख्य बाजार में देर रात करीब 2 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने से दो दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग ने देखते ही देखते एक बर्तन स्टोर और एक फ्रूट-जूस की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों को देखकर इलाके के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग को काबू करने की कोशिश की। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

    घटना की सूचना मिलते ही नगर काउंसिल के प्रधान सतविंदर सिंह, वाइस प्रधान अमन विर्क और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से बातचीत करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया और नुकसान का जायजा लिया। बर्तन स्टोर के मालिक तरुण जैन ने भरे मन से बताया कि यह दुकान उनके परिवार की कई पीढ़ियों की मेहनत का नतीजा थी, पर कुछ ही मिनटों में सब कुछ राख हो गया। उन्होंने कहा, “मेरी सारी उम्र की कमाई मिनटों में जल गई। पिता और दादा के समय से चल रहा कारोबार पूरी तरह तबाह हो गया है।” उन्होंने प्रशासन से वित्तीय सहायता की मांग की।

    दूसरी ओर फ्रूट और जूस की दुकान के मालिक संदीप ग्रोवर ने बताया कि रात करीब एक बजे उन्हें बाजार के लोगों की ओर से फोन आया कि दुकान में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। उन्होंने कहा कि फ्रिज, जूस मशीनें और बाकी सारा सामान जल गया है। “अब मैं अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करूंगा,” यह कहते हुए उन्होंने भी सरकार से मुआवजे की मांग की। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बाजार में बिजली की पुरानी और खुली तारें लंबे समय से हादसों को न्योता दे रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बिजली व्यवस्था को जल्द सुधारा जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना से इलाके के व्यापारियों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।