Category: Punjab>Amritsar

  • Punjab News: रिसॉर्ट में शादी समारोह के दौरान हुई चोरी, परिवार ने स्टाफ पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: रिसॉर्ट में शादी समारोह के दौरान हुई चोरी, परिवार ने स्टाफ पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले के एक रिसॉर्ट में शादी के आयोजन के दौरान चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोरी कराने के लिए पहले उनका ध्यान भटकाया गया और फिर कीमती सामान चुरा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार की सदस्य किरनदीप कौर ने बताया कि 21 जून को उनकी बेटी की शादी रिसॉर्ट में थी।

    उस दौरान शगुन और अन्य कीमती सामान से भरे बैग एक जगह रखे हुए थे। उनका आरोप है कि किसी व्यक्ति ने उन पर रासायनिक पदार्थ डाल दिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें वॉशरूम ले जाना पड़ा। इसी समय कुछ लोगों ने परिवार का ध्यान भटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उनका यह भी दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद है और कुछ स्टाफ सदस्यों की भूमिका भी शंका के घेरे में है।

    दूसरी ओर पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में पुलिस स्टेशन में मुकदमा नंबर 195 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की है, जो शादी के आयोजन के दौरान पैलेस में घूमते नजर आए थे। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए पेर्स में नकदी और अन्य कीमती सामान थे। जांच तेजी से जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि एक-दो दिनों के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Punjab News: अकाल तख्त ने सिख मंत्री-विधायक को लिखित आदेश जारी कर 29 जून को किया तलब

    Punjab News: अकाल तख्त ने सिख मंत्री-विधायक को लिखित आदेश जारी कर 29 जून को किया तलब

    अमृतसरः पंजाब सरकार द्वारा अप्रैल 2026 में पारित किए गए गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) कानून को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के आदेश पर बड़ा कदम उठाया गया है। अकाल तख्त सचिवालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पंजाब विधानसभा में कार्यरत सभी सिख विधायकों और सिख कैबिनेट मंत्रियों को 29 जून 2026 को सुबह 11 बजे स्थित अकाल तख्त सचिवालय में उपस्थित होने के लिए आधिकारिक रूप से तलब किया गया है।

    सचिवालय के इंचार्ज बगीचा सिंह ने जानकारी दी कि संबंधित जनप्रतिनिधियों को यह पत्र पहले ही विभिन्न माध्यमों से भेजा जा चुका है। विधानसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज ई-मेल और मोबाइल नंबरों पर 17 और 18 जून को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दी गई थी। इसके अतिरिक्त, 23 जून को विधानसभा अध्यक्ष को भी औपचारिक पत्र भेजा गया है। साथ ही फोन कॉल के माध्यम से भी सभी संबंधित प्रतिनिधियों को सूचना पहुंचाई गई है। जानकारी के अनुसार यह कदम उस संशोधित कानून को लेकर उठाया गया है, जिसे अप्रैल 2026 में बिना श्री अकाल तख्त साहिब, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और गुरु खालसा पंथ की राय और सहमति के पारित किया गया था।

    इस विषय पर धार्मिक नेतृत्व अब सीधे तौर पर जनप्रतिनिधियों से संवाद करना चाहता है। अकाल तख्त सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि इस बैठक का उद्देश्य संबंधित पक्षों की राय सुनना और पूरे मामले पर विचार-विमर्श करना है। सभी सिख विधायकों और मंत्रियों को व्यक्तिगत रूप से अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, राज्य मंत्रिमंडल के उन सदस्यों को भी पत्र भेजे गए हैं जो सिख समुदाय से नहीं हैं। उनसे 29 जून से पहले इस विषय पर अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। इस घटनाक्रम को पंजाब की राजनीति और धार्मिक संस्थाओं के बीच एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले पर और अधिक चर्चा और प्रतिक्रिया की संभावना जताई जा रही है।

  • Punjab News: गेट को लेकर दो पक्ष हुए आमने-सामने, भड़क गया विवाद, देखें वीडियो

    Punjab News: गेट को लेकर दो पक्ष हुए आमने-सामने, भड़क गया विवाद, देखें वीडियो

    अमृतसरः खंडवाला इलाके के विकास नगर में एक प्लॉट के रास्ते और गेट को लेकर विवाद गहरा गया है, दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। दरअसल, एक परिवार ने अपने घर की पिछली साइड पर घर का छोटा दरवाज़ा बना दिया, जबकि दूसरी तरफ कुछ लोगों ने उसी गली के सामने दीवार खड़ी कर दी। घरवालों ने कुछ नौजवानों को बुलाकर दीवार तोड़वाई और विवाद भड़क उठा। इस मामले में कॉलोनी के निवासियों और राहुल कुमार की तरफ से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, और मामला अब कानूनी लड़ाई की ओर बढ़ता दिख रहा है।

    पीड़ित पक्ष ने पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाए कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गली में जबरदस्ती दीवार तोड़कर गेट निकाल लिया और इस बारे में कोई कानूनी दस्तावेज भी पेश नहीं किए गए। निवासियों का कहना है कि यह गली प्राइवेट है और पिछले 10-12 सालों से यहां किसी भी घर का दरवाज़ा नहीं खुल रहा था। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए राहुल कुमार ने सभी आरोप नाकार दिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने मकान की पिछली तरफ से एक छोटा पैदल गेट निकाला था, जो कॉलोनी के मकानों वालों की लिखित अनुमति से बनाया गया था।

    उनका दावा है कि गेट निकलने के डेढ़ से दो महीने बाद कुछ लोगों ने गेट के सामने दीवार बनाकर रास्ता बंद करने की कोशिश की, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को की थी। राहुल ने कहा कि उन पर लग रहे राजनीतिक दबाव और तानाशाही के आरोप बेबुनियाद हैं। उनका कहना है कि अगर किसी को उनके गेट पर आपत्ति है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटा सकता है और वे माननीय अदालत के हर आदेश का पालन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे अकेले हैं जबकि 20 से 25 परिवार उनका विरोध कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायतें कर दी हैं। फिलहाल पुलिस की तरफ से कोई अंतिम कार्रवाई सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों ने संकेत दिया है कि अगर प्रशासन द्वारा समाधान नहीं किया गया तो मामला अदालत में ले जाया जाएगा।

     

  • Punjab News: 10 आधुनिक हथियार, 5 किलो हेरोइन और 30 लाख बरामद, अफगानी नौजवान और नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: 10 आधुनिक हथियार, 5 किलो हेरोइन और 30 लाख बरामद, अफगानी नौजवान और नाबालिग सहित 7 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसर: कमिश्नरेट पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए सीमा पार संचालित अवैध हथियार, नशा तस्करी और हवाला नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक अफगानी नागरिक और एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 अत्याधुनिक हथियार, जिनमें दो सब-मशीन गन शामिल हैं, 5.048 किलोग्राम हेरोइन तथा 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की है।

    यह जानकारी पंजाब के डीजीपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से साझा की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। आरोपियों को विदेश से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त होती थी, जिसे वे आगे विभिन्न आपराधिक गिरोहों और अपराधियों तक पहुंचाते थे।

    जांच में सामने आया है कि यह गिरोह विभिन्न स्थानों पर आर्थिक लेन-देन के लिए हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करता था। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के तार विदेशों से जुड़े हुए हैं और इसकी जड़ें काफी गहरी हैं। इस संबंध में थाना इस्लामाबाद, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और अतिरिक्त बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

  • Punjab News: श्री अकाल तख्त साहिब मामले में आप विधायक का कांग्रेस पर पलटवार, देखें वीडियो

    Punjab News: श्री अकाल तख्त साहिब मामले में आप विधायक का कांग्रेस पर पलटवार, देखें वीडियो

    अमृतसरः आम आदमी पार्टी के पंजाब के मुख्य बुलारे कुलदीप सिंह धालीवाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान पंजाब सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान विरोधी दलों द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को राजनीतिक स्टंट बताया। धालीवाल ने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़कों, नहरी पानी और उद्योग के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2022 की चुनावों के दौरान लोगों से किए गए वादों को सरकार ने पूरा किया है।

    उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है, मोहल्ला क्लीनिकों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा रही हैं और स्कूलों के बुनियादी ढांचे में बड़े सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब तक हजारों युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। धालीवाल ने कहा कि 1 जुलाई से महिलाओं को 1500 रुपये प्रति महीने देने की योजना शुरू की जा रही है और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं श्री अकाल तख्त साहिब के मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को सिखों की भावनाओं के बारे में और अकाल तख्त साहिब के सम्मान के बारे में शिक्षा देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

    उन्होंने 1984 के श्री अकाल तख्त साहिब पर हुए हमले का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने इतिहास के प्रति जवाब देना चाहिए। धालीवाल ने कहा कि विरोधी पार्टियां पंजाब के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और राजनीतिक विषय उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि आप पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री अकाल तख्त साहिब का पूरा सम्मान करते हैं और किसी भी तरह का टकराव नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन सरकार शांति, कानून व्यवस्था और विकास के एजेंडे पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

  • Punjab News: किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने Indo-US ट्रेड डील के खिलाफ निकाला मार्च, देखें वीडियो

    Punjab News: किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने Indo-US ट्रेड डील के खिलाफ निकाला मार्च, देखें वीडियो

    अमृतसरः अमृतसर में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब ने इंडो-US ट्रेड डील के खिलाफ भाजपा के खिलाफ मार्च निकाला। ये प्रदर्शन पंजाब रोडवेज डिपो ऑफिस से शुरू होकर BJP ऑफिस तक गया, जहां प्रदर्शन करने वालों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और अपना विरोध दर्ज कराने के लिए पुतला जलाया।

    इस मौके पर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि पूरे पंजाब में भाजपा ऑफिस और नेताओं के घरों के सामने प्रदर्शन किए जा रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों, डेयरी किसानों और दूसरे संबंधित पक्षों से सलाह किए बिना इंडो-US डील को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि अगर यह एग्रीमेंट लागू होता है, तो विदेशी खेती के सामान की आवक बढ़ जाएगी, जिससे देश के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

    पंधेर ने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर किसान संगठनों से खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका से सस्ता गेहूं और दूसरे खेती के सामान आने से पंजाब, हरियाणा और दूसरे खेती वाले राज्यों की इकॉनमी पर गंभीर असर पड़ेगा। वहीं, किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह कलेर बाला ने कहा कि भारत-अमेरिका डील के विरोध में पूरे पंजाब में BJP ऑफिस के सामने प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस डील के लागू होने से देश के खेती के सेक्टर पर बुरा असर पड़ेगा, जिसे किसान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

    अमृतसर में किसानों ने पंजाब रोडवेज वर्कशॉप से भाजपा ऑफिस तक पैदल मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके से किया गया ताकि किसी भी धार्मिक या सामाजिक गतिविधि में रुकावट न आए।

     

  • Punjab News: सोने के कारोबारी से लूट मामले में नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: सोने के कारोबारी से लूट मामले में नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसरः गुरु बाजार इलाके में हुई लूट की वारदात को पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि 22 जून को निखिल नामक व्यक्ति गुरु बाजार में सोने का काम करता है। वह अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में 5 व्यक्तियों ने उसे घेर लिया, उसके साथ मारपीट की और उसके पास से नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना डी-डिवीजन में मुकदमा नंबर 107 के अंतर्गत धारा 310 और 317 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

    पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एसीपी सुरिंदर सिंह और एसएचओ श्विंदर सिंह की अगुवाई में विशेष टीमें बनाई गईं, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करके नाबालिग समेत चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान शिवम, सौरव और संजू के रूप में हुई है, जो इनर सिटी इलाके के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    एसपी विशालजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से 2 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही लूटी गई रकम बड़ी नहीं थी, पर कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और तत्पर कार्रवाई कर केस को ट्रेस कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और खुलासे होने की संभावना है।

  • Punjab News: स्विफ्ट डिवाइडर पार कर बोलेरो से टकराई, हाथों की कटी नसें, देखें वीडियो

    Punjab News: स्विफ्ट डिवाइडर पार कर बोलेरो से टकराई, हाथों की कटी नसें, देखें वीडियो

    अमृतसरः अमृतसर बाईपास पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बोलेरो गाड़ी का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बाबा दर्शन सिंह के डेरे के पास उस समय हुआ जब बोलेरो ड्राइवर फल खरीदने के लिए बाजार की ओर जा रहा था। घायल के परिवार के सदस्य दिलबर ने बताया कि एक स्विफ्ट कार कथित तौर पर तेज रफ्तार से गलत साइड से आई और फुटपाथ पार कर बोलेरो से टकरा गई। हादसे में उसके भाई के हाथों की नसें कट गईं।
    परिवार का दावा है कि गुरु नानक देव अस्पताल में प्राइमरी इलाज के बाद डॉक्टरों ने मरीज को पीजीआई रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार में सीरिंज और महिलाओं का सामान मिला है। परिवार वालों का कहना है कि एक्सीडेंट के बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश की। उनका दावा है कि गाड़ी में फल खरीदने के लिए रखे करीब 75,000 रुपए गायब हैं, हालांकि मोबाइल फोन मिल गया है। दूसरी ओर, छेहरटा थाने के ऑफिसर ने बताया कि एक्सीडेंट छेहरटा थाने के तहत आने वाले इलाके में हुआ। शुरुआती जांच के मुताबिक स्विफ्ट कार माल मंडी की तरफ से आ रही थी और ओवरस्पीड के कारण डिवाइडर से टकराने के बाद बोलेरो से टकरा गई। एक्सीडेंट में बोलेरो ड्राइवर दिलशाद पुत्र निर्मल मसीह छेहरटा घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सिर्फ एक व्यक्ति था, जिसे मामूली चोटें आईं, जबकि बोलेरो ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  
  • Punjab News: सेहत विभाग की 2 डेयरियों पर रेड, मिलीं खामियां, दिए निर्देश, देखें वीडियो

    Punjab News: सेहत विभाग की 2 डेयरियों पर रेड, मिलीं खामियां, दिए निर्देश, देखें वीडियो

    अमृतसरः अजनाला में फूड सेफ्टी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 2 डेयरियों पर आज रेड की। इस दौरान विभाग की टीम ने चोगावां रोड स्थित मटिया डेयरी और सहारा डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान डेयरियों में बिक्री के लिए रखे गए दूध, दही और पनीर के सैंपल जांच के लिए भरे गए। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने डेयरियों में साफ-सफाई के इंतजाम, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और तैयार करने की प्रक्रिया की भी जांच की।

    निरीक्षण में कुछ जगहों पर स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने डेयरी संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने डेयरी मालिकों को खाद्य सुरक्षा नियमों और सरकारी मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।

    फूड सेफ्टी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. रजिंदर ने कहा कि मिलावटखोरी और गैर-मानक खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता कर जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से लिए गए दूध, दही और पनीर के सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

     

     

  • Punjab News: एक्शन में पुलिस, हेरोइन और हथियारों की तस्करी को लेकर रेड अलर्ट

    Punjab News: एक्शन में पुलिस, हेरोइन और हथियारों की तस्करी को लेकर रेड अलर्ट

    अमृतसरः नशे के खिलाफ लगातार पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। हेरोइन और हथियारों की तस्करी करने वालों को काबू करने के लिए देहात पुलिस ने देर रात रेल अलर्ट जारी कर सारे शहर में नाकाबंदी कर दी। पुलिस को सूचना थी कि तस्करों को गिरोह हेरोइन और हथियारों को ठिकाने लगाने की फिराक में हैं।

    इसके बाद एएसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने पुलिस टीमों को तैयार कर सारे सीमावर्ती इलाके में तैनात कर दिया। यहीं नहीं छोटे रास्तों पर भी पुलिस टीम को दौड़ाया गया। अलर्ट बुधवार की सुबह 10 बजे तक भी जारी रहा। बता दें बीते दिनों पुलिस, बीएसएफ और अन्य एजेसियों की तरफ से 17 किलो हेरोइन, 25 पिस्तौल और एके 47 तक बरामद की जा चुकी है।लगातार खेतों में सर्च अभियान भी जारी है।