Category: Punjab>Moga

  • Punjab News: साढ़े 5 किलो हेरोइन, डेढ किलो अफीम, 3 पिस्तौल सहित अन्य हथियार बरामद

    Punjab News: साढ़े 5 किलो हेरोइन, डेढ किलो अफीम, 3 पिस्तौल सहित अन्य हथियार बरामद

    मोगा: पंजाब सरकार के सख्त निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा “युद्ध नशों के विरुद्ध” और “पिंडा दे पहरेदार” अभियान के अंतर्गत जून माह के दौरान एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत कुल 137 मामले दर्ज कर 196 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 5.699 किलोग्राम हेरोइन, 1.500 ग्राम अफीम, 30 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त, 4483 नशीली गोलियां तथा 47,940 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोगा श्री सरताज सिंह चाहल ने दी। उन्होंने बताया कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ 20 मामले दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 2296.500 लीटर ठेका शराब, 3.555 लीटर अवैध शराब और 180.000 लीटर लाहन बरामद की गई।

    उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 3 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 10 कारतूस, 4 लाख रुपये नकद तथा 1 कार बरामद की गई। इस अवधि के दौरान 14 घोषित अपराधियों (पी.ओ.) को गिरफ्तार/खारिज कराया गया। वहीं लूट, छीना-झपटी और चोरी की घटनाओं में शामिल 37 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 कृपाण, 1 लोहे का खंडा, 1 डंडा, 1 मोबाइल फोन, 1 स्विफ्ट कार की बैटरी, 11 मोटरसाइकिल, 17 किलोग्राम तांबे की तारें, 240 लीटर ट्रांसफार्मर का तेल तथा 54,000 रुपये नकद बरामद किए गए। एसएसपी मोगा ने नशा विरोधी अभियान में आम लोगों से सहयोग की अपील की।

    उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों तथा समाज के सम्मानित व्यक्तियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान विभिन्न राजपत्रित अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गांवों और शहरों में 265 सेमिनार एवं बैठकों का आयोजन कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही आम लोगों को नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि नशे की समस्या को जड़ से समाप्त किया जा सके। नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करते हुए नशे की रोकथाम के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

     

  • Punjab News: BJP को बड़ा झटका, पूर्व चेयरमैन आप पार्टी में हुए शामिल

    Punjab News: BJP को बड़ा झटका, पूर्व चेयरमैन आप पार्टी में हुए शामिल

    मोगाः जिले के गांव सिंघावाला के पूर्व चेयरमैन राजिंदरपाल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने उन्हें पार्टी का सिरोपा पहनाकर शामिल करवाया। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

    इस मौके पर आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान मनप्रीत सिंह मन्ना, अवतार सिंह, राकेश सितारा, तजिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ईमानदार और जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों का परिवार है। उन्होंने विश्वास जताया कि रजिंदरपाल सिंह के पार्टी में शामिल होने से संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में शामिल होने वालों को बनता मान सम्मान दिया जाएगा। इस मौके पर आम आदमी पार्टी में शामिल होने पर रजिंदरपाल सिंह का स्वागत करते हुए कहा गया कि उनसे उम्मीद है कि वे जनता की सेवा और पंजाब की तरक्की के लिए पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

  • दुकान के गल्ले से ढाई लाख की नकदी लेकर चोर फरार

    दुकान के गल्ले से ढाई लाख की नकदी लेकर चोर फरार

    मोगाः मोगा के जैतो में तुलसी राम बंसल स्वीट्स में चोरी की वारदात सामने आई है। जिसमें लुटेरे दुकान के गल्ले में से ढाई लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए।

    जानकारी के अनुसार दुकान के मालिक एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने के चलते दुकान में नहीं थे। जिसका फायदा लुटेरों ने उठा लिया। दुकान के मालिक ने पुलिस को चोरी की घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्ऱवाई शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच करवा रही है। ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

  • Punjab News: आवारा कुत्तों ने व्यक्ति को नोच-नोचकर उतारा मौत के घाट

    Punjab News: आवारा कुत्तों ने व्यक्ति को नोच-नोचकर उतारा मौत के घाट

    मोगाः मोगा जिले के कपूर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीती रात एक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने गांव के रहने वाले सरबजीत सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सरबजीत सिंह खेतों में काम करके अपने घर लौट रहा था।

    आपको बता दें यह पहली घटना नहीं है कि कुत्तों ने लोगों को अपना शिकार बनाया हो, आगे भी कई मामले ऐसेे सामने आ चुके है। जिसमें कुत्तों के झुंड ने बच्चों, महिला और पुरुषों को मौत के घाट उतारा है।

    उधर, ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने बच्चों को घर के अंदर रखने को मजबूर हैं, क्योंकि अगर आवारा कुत्ते एक वयस्क व्यक्ति की जान ले सकते हैं, तो बच्चे उनसे कैसे सुरक्षित रह सकते हैं।

    ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बावजूद कोई उचित समाधान नहीं निकला है। ग्राम पंचायत के सदस्य ने इस घटना के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते आवारा कुत्तों की नसबंदी और देखभाल के लिए प्रभावी कदम उठाए गए होते, तो शायद आज यह दर्दनाक घटना न होती।

    ग्रामीणों ने मांग की है कि मृतक सरबजीत सिंह के परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए, क्योंकि परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

     

  • Punjab News: एक्शन मोड में आए मंत्री हरजोत बैंस, नगर निगम कमिश्नर को जारी किया नोटिस

    Punjab News: एक्शन मोड में आए मंत्री हरजोत बैंस, नगर निगम कमिश्नर को जारी किया नोटिस

    मोगाः पंजाब के निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस एक्शन मोड में दिखाई दिए। दरअसल, सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत स्थानीय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। दरअसल, मंत्री के निरीक्षण के दौरान शहर में कई स्थानों पर खुले में कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था देखने को मिली। जिसके बाद मंत्री हरजोत बैंस ने कड़ा रुख अपनाते हुए नगर निगम मोगा के कमिश्नर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की।

    निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर कचरा जमा मिला, जो राज्य सरकार द्वारा निर्धारित स्वच्छता मानकों के विपरीत पाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘मिशन क्लीन पंजाब’ शुरू किया है, जिसका उद्देश्य शहरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। यह अभियान केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता बेहतर सुविधाओं की हकदार है और अपने दायित्वों का निर्वहन न करने वाले अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

    हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि वह स्वयं इस तकनीक आधारित स्वच्छता अभियान की निगरानी कर रहे हैं। अभियान के तहत नगर निगम कमिश्नरों से लेकर कार्यकारी अधिकारियों तक सभी अधिकारियों के लिए प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक फील्ड विजिट अनिवार्य की गई है। इसके अलावा प्रत्येक शहर को 10 किलोमीटर के जोन में विभाजित कर अलग-अलग पर्यवेक्षण अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। मंत्री ने कहा कि शहरों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहरी विकास की रीढ़ हैं और सरकार उनके सहयोग से पंजाब के सभी शहरों को उच्चतम स्वच्छता मानकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि स्वच्छता किसी भी कीमत पर समझौते का विषय नहीं है और सरकार इस दिशा में सख्ती से काम करती रहेगी।

     

  • Punjab News: घरेलू झगड़ा खूनी संघर्ष में बदलाः गोली लगने से पति समेत चार लोग घायल

    Punjab News: घरेलू झगड़ा खूनी संघर्ष में बदलाः गोली लगने से पति समेत चार लोग घायल

    मोगाः मोगा के कमल के मंड इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच चल रहा घरेलू झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। झगड़ा बढ़ने पर महिला ने अपने ससुराल वालों को बुलाया।

    बताया जा रहा है कि महिला का भाई अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान गोली चली, जो महिला के पति को लगी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत मोगा सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते उसे फरीदकोट मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।

    मारपीट में पति के परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हुए। इनमें घायल सोना सिंह की बहन भी शामिल है, जो छुट्टियां मनाने अपने मायके आई थी और चार महीने की गर्भवती है; उसे मामूली चोटें आई हैं और मोगा सरकारी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

    घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फोन पर बात करते एसएचओ लक्ष्मण सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों के बयान लेने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धालु दरबार साहिब में हुए नतमस्तक, देखें वीडियो

    Punjab News: श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धालु दरबार साहिब में हुए नतमस्तक, देखें वीडियो

    युवाओं को गुरुओं की शिक्षाओं से जुड़ने का दिया संदेश, छबीलों और लंगरों के जरिए सेवा भाव का प्रदर्शन

    मालेरकोटलाः श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नमन करने के लिए सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गुरु घर में मत्था टेका, गुरबानी कीर्तन सुना और पूरी मानवता की तरक्की व सभी की भलाई के लिए प्रार्थना की। इस पवित्र दिन पर दरबार साहिब का माहौल पूरी तरह से गुरुमय हो गया था।

    अमरगढ़ से आए वरिंदर सिंह ने बताया कि वे शहीदी दिवस पर गुरु अर्जन देव जी के दर्शन करने के लिए अपने परिवार और अन्य श्रद्धालुओं के साथ पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने धर्म और मानवता की रक्षा के लिए अद्वितीय बलिदान दिया था, जिसे हमेशा याद रखा जाना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे गुरु घर आकर श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन करें और गुरुओं की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं। युवा पीढ़ी के बारे में बात करते कहा कि आज कई युवा गलत रास्तों की ओर बढ़ रहे हैं। समाज और धार्मिक संस्थाओं को मिलकर ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिनसे युवाओं को गुरबानी और सिख इतिहास से जोड़ा जा सके।

    इस मौके पर मंजीत सिंह खालसा ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस सिख इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचकर नमन करते हैं और गुरु साहिब की महान शहादत को याद करते हैं।
    वहीं जसविंदर सिंह मानपुर ने कहा कि वे पूरी श्रद्धा के साथ गुरु घर में नमन करने आए हैं। उन्होंने कहा कि दरबार साहिब पहुंचने पर मन को अपार शांति और सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि आज देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु गुरु घर पहुँचकर अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं, जो गुरु साहिब के प्रति उनकी अटूट आस्था का प्रतीक है। शहीदी दिवस के मौके पर शहर भर में ठंडे और मीठे पानी की छबीलों और लंगरों का भी खास इंतज़ाम किया गया है। श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार छबीलें लगाई जा रही हैं और हर कुछ किलोमीटर की दूरी पर सेवा की जा रही है। सेवादार पूरी श्रद्धा और लगन के साथ श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे हैं, जिससे गुरु अर्जन देव जी की शहादत का संदेश – सेवा, ध्यान और मानवता – और मज़बूत हो रहा है।

  • Punjab News: इस इलाके में चली गोलियां, एक युवक की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में चली गोलियां, एक युवक की मौत, देखें वीडियो

    मोगाः जिले के सब-डिवीजन बाघापुराना के अंतर्गत आते गांव सुखानंद में गोलियां चलने की घटना सामने आई है। देर रात हुई फायरिंग में युवक की माैत हो गई। मृतक की पहचान जसकरण सिंह उर्फ गग्गू निवासी गांव चीदा के रूप में हुई है। घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

    घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी बाघापुराना और एसआई मंगल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। डीएसपी बाघापुराना जसबिंदर सिंह खैहरा ने बताया कि देर रात फायरिंग हुई है। गोली लगने से जसकरण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

    शुरुआती जांच के दौरान गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान अमनदीप सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है, जिसके चलते इस घटना के होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

  • Punjab News: दाना मंडी में पुलिस की Raid, 1 किलो हेरोइन और बिना नंबरी कार सहित 5 तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: दाना मंडी में पुलिस की Raid, 1 किलो हेरोइन और बिना नंबरी कार सहित 5 तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोगाः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने हेरोइन सहित 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबरी वरना कार और 1 किलो हेरोइन बरामद की है। दरअसल, आरोपी दाना मंडी बधनी कलां में ग्राहकों का इंतज़ार कर रहे थे। इस दौरान सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए जवानों में एक लुधियाना का और 4 बरनाला जिले के संबंधित हैं।

    आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय प्रदीप सिंह पुत्र गुरमेज सिंह निवासी जावदी, ज़िला लुधियाना, 26 वर्षीय नरिंदर सिंह पुत्र निर्भय सिंह निवासी घूमन्स, ज़िला बरनाला, 19 वर्षीय हरप्रीत सिंह पुत्र चमकौर सिंह निवासी ढिल्लवां, ज़िला बरनाला, 21 वर्षीय नरिंदर सिंह पुत्र काला सिंह निवासी ढिल्लवां, ज़िला बरनाला और 22 वर्षीय जसंदीप सिंह पुत्र मंगा सिंह निवासी महिता, ज़िला बरनाला के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी राहुल कोशल ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम द्वारा इलाके में गश्त और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। गश्त के दौरान पुलिस पार्टी को एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति दाना मंडी बधनी कलां में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहकों का इंतज़ार कर रहे हैं।

    सूचना को भरोसेमंद मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1 किलो हेरोइन और एक सफेद रंग की बिना नंबर वाली वार्ना कार बरामद की गई। इस संबंध में थाना बधनी कलां में मुकदमा संख्या 123 मिती 13.06.2026 के अंतर्गत धारा 21, 61 और 85 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिनों का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आरोपियों से गहराई से पूछताछ की जा रही है और नशा तस्करी के पीछे-पिछे के लिंक की जांच जारी है। पुलिस को इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासों की उम्मीद है।

  • Punjab News: दिन दहाड़े व्यक्ति के गले से चेन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: दिन दहाड़े व्यक्ति के गले से चेन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

    मोगाः जिले में स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला मंडी रामगंज क्षेत्र से सामने आया है। जहां दूध लेने पहुंचे व्यक्ति के गले से मोटरसाइकिल सवार 2 बदमाश सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान वह सड़क पर गिर गया, जबकि आरोपी कुछ ही सेकंड में वहां से निकल गए। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार गिल रोड स्थित सत्य स्ट्रीट निवासी जितेंद्र पाल सिंह बुधवार को अपनी एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर मंडी रामगंज क्षेत्र में स्थित एक डेयरी पर दूध लेने पहुंचे थे।

    बताया जा रहा है कि वह डेयरी के बाहर खड़े होकर दूध ले रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दे दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने अचानक जितेंद्र पाल सिंह के गले में पहनी करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन झपट ली। चेन खींचे जाने के कारण जितेंद्र पाल सिंह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। हालांकि उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पीड़ित की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सिटी साउथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उधर, पुलिस के लिए जांच में सबसे अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज को माना जा रहा है। घटना के दौरान आसपास लगे कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई देने की बात कही जा रही है। थाना सिटी साउथ के प्रभारी उपनिरीक्षक गुरपाल सिंह ने बताया कि डेयरी के बाहर आए एक व्यक्ति के साथ चेन झपटमारी की घटना सामने आई है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।