Punjab News: दिन दहाड़े व्यक्ति के गले से चेन छीनकर स्नेचर फरार, देखें वीडियो

Written by

in

मोगाः जिले में स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला मंडी रामगंज क्षेत्र से सामने आया है। जहां दूध लेने पहुंचे व्यक्ति के गले से मोटरसाइकिल सवार 2 बदमाश सोने की चेन झपटकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान वह सड़क पर गिर गया, जबकि आरोपी कुछ ही सेकंड में वहां से निकल गए। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार गिल रोड स्थित सत्य स्ट्रीट निवासी जितेंद्र पाल सिंह बुधवार को अपनी एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर मंडी रामगंज क्षेत्र में स्थित एक डेयरी पर दूध लेने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि वह डेयरी के बाहर खड़े होकर दूध ले रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दे दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने अचानक जितेंद्र पाल सिंह के गले में पहनी करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन झपट ली। चेन खींचे जाने के कारण जितेंद्र पाल सिंह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। हालांकि उन्होंने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों बदमाश तेज रफ्तार से मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पीड़ित की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सिटी साउथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उधर, पुलिस के लिए जांच में सबसे अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज को माना जा रहा है। घटना के दौरान आसपास लगे कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई देने की बात कही जा रही है। थाना सिटी साउथ के प्रभारी उपनिरीक्षक गुरपाल सिंह ने बताया कि डेयरी के बाहर आए एक व्यक्ति के साथ चेन झपटमारी की घटना सामने आई है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *