पंजाबः कार और कंबाइन की भयानक टक्कर में 2 भाइयों की मौत

पटियाला: पातड़ां के वार्ड नंबर 9 में धानक बस्ती के जिस घर में हफ्ते भर पहले बेटे की शादी हुई थी और परिवार में अब भी जश्न का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है। दूल्हे के पिता और उसके बड़े भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई है, जबकि बड़े भाई की पत्नी बुरी तरह से घायल हो गई है। उसका पटियाला के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे में आरोपी कंबाइन चालक भी घायल हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हरविंदर सिंह निवासी धानक बस्ती पातड़ां ने बताया कि हफ्ते भर पहले उसकी शादी हुई है। पटियाला में उनकी बुआ बीमार पड़ गई, जिनका हाल-चाल जानने के लिए पिता बसंत सिंह (55) और ताया अमरजीत सिंह (65) व ताई परमजीत कौर (58) स्विफ्ट कार में गए थे। दोनों भाई लोहे की वर्कशॉप चलाते थे। वहां से वापसी के दौरान पटियाला-पातड़ां रोड पर गांव न्याल के पास उनकी कार में गलत साइड से आकर कंबाइन ने टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कंबाइन भी सड़क के बीच में पलट गई। 

हादसे में उसके ताया अमरजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे बसंत सिंह व परमजीत कौर बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत अस्पताल दाखिल कराया गया। वहां इलाज के दौरान बसंत सिंह की भी मौत हो गई, जबकि परमजीत कौर को पटियाला रेफर कर दिया गया। जहां फिलहाल उनका आपरेशन चल रहा है। कंबाइन चालक भी हादसे में घायल हो गया है, जिसकी पहचान शिवजी कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी कंबाइन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *