स्वां नदी के घालूवाल पुल को खतरे में देखते हुए ऊना होशियारपुर रोड बंद

ऊना/सुशील पंडित : जिला ऊना में पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा कारणों के चलते सोमभद्रा नदी पर घालूवाल पुल को खतरे में देखते हुए ऊना से होशियारपुर रोड को बंद कर दिया है। उपायुक्त राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, एसएचओ मनोज बलिया ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को एहतियातन इस सड़क मार्ग को बंद करने के निर्देश जारी किए, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए ऊना होशियारपुर रोड को बंद कर दिया।पहले पुराना होशियारपुर रोड पर ट्रैफिक बंद किया गया लेकिन पानी का वहाव तेज होने के चलते धीरे-धीरे पुल भी खतरे में आ गया, और होशियारपुर मुख्य मार्ग को भी अब पूरी तरह से बंद किया गया है। 
 सोमभद्रा नदी का रौद्र रूप देखने के लिए काफी लोग पुल पर तमाशा देखने पहुंचे थे जिन्हे पुलिस कर्मचारियों ने मौके से हटाकर पुल को खाली करवाया।
पुलिस अधिकारियों ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद किया। एसपी ऊना ने बताया कि सोमभद्रा नदी में जलस्तर के बढ़ जाने और भूस्खलन होने के चलते पुल खतरे में आ चुका है। ऐसे में इस पुल के ऊपर से गाड़ियों की आवाजाही सुरक्षित नहीं है। वाहन चालकों को कस्बा झलेड़ा से विकल्पिक मार्गो से निकलने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी के मध्य नजर जिला मुख्यालय के कचहरी चौक और झलेडा में पुलिस कर्मचारियों को तैनात करते हुए यातायात को घालुवाल पुल की तरफ जाने से रोका जा रहा है।वहीं दूसरी तरफ डेरा बाबा रूद्रानंद से बडसाला, बदोली,डठवाडा को जोड़ने वाले पुल के पिल्लर पानी के तेज बहाव से खिसक गए और उन पिल्लरों में गैप आने की वजह से पल पर आवाजाही बंद कर दी गई। पीडब्ल्यूडी विभाग ने पुल को असुरक्षित घोषित करते हुए दोनों ओर से बंद कर दिया। जिसमें लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और वैकल्पिक मार्गो से आवाजाही की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *