सीएम के पूर्व निजी सचिव सहित 7 के खिलाफ मामला दर्ज

देहरादूनः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व निजी सचिव प्रकाश चंद उपाध्याय और 6 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ करोडो  रुपयो  की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने  बताया कि पंजाब के पटियाला के रहने वाले संजीव कुमार द्वारा  दर्ज कराई गयी शिकायत में आरोप लगाया है कि उपाध्याय और उनके छह साथियों ने उत्तराखंड में सरकारी निविदा दिलाने के नाम पर उनसे कई हिस्सों में तीन करीब करोड़ रुपये लिए है ।

शिकायत में संजीव ने कहा कि उसकी और उपाध्याय की मुलाकात पिछले साल अप्रैल में हुई थी और उसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। पुलिस ने बताया कि संजीव ने अपने आरोप में कहा कि उपाध्याय ने उसे सरकारी निविदा दिलाने का वादा किया और इसके लिए उनसे तथा उनके कुछ साथियों से कुछ अंतराल पर करीब तीन करोड़ रुपये ले लिए गए ।

शिकायत में लिखा  गया कि निविदाएं नहीं मिलने पर जब उपाध्याय से पैसे वापस मांगे गए तो उसने 30 लाख रुपये का एक चेक दिया जो बाउंस हो गया। इस मामले में उपाध्याय के अलावा, सौरभ शर्मा, सौरभ की पत्नी नंदिनी, महेश महारिया, रौनक महारिया, शाहरूख खान और अमित लांबा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 , 406 और 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सेवानिवृत्त हो चुके उपाध्याय की गिनती राज्य सचिवालय के प्रभावशाली कर्मचारियों में होती थी । धामी के निजी सचिव रहने से पहले वह उत्तराखंड के मुख्य सचिवों के निजी सचिव भी रह चुके हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *