बड़ी राहत : कल से 50 रुपए किलो के भाव पर बेचा जाएगा टमाटर

नई दिल्ली : नेपाल से आयातित करीब 5 टन टमाटर अभी रास्ते में है और उत्तर प्रदेश में इसकी बिक्री वीरवार को 50 रुपये प्रति किलोग्राम के रियायती भाव पर की जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ मर्यादित ने बुधवार को यह जानकारी दी। एनसीसीएफ ने नेपाल से 10 टन टमाटर के आयात का अनुबंध किया है। एनसीसीएफ आयात के साथ-साथ केंद्र सरकार की ओर से टमाटर की घरेलू खरीद भी कर रही है और उपभोक्ताओं को इसकी बिक्री रियायती दर पर कर रही है।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के निर्देश के बाद एनसीसीएफ खुदरा स्तर पर ‘हस्तक्षेप’ कर रही है। एनसीसीएफ की प्रबंध निदेशक एनीस जोसेफ चंद्रा ने कहा, ‘‘हमने नेपाल से 10 टन टमाटर आयात का अनुबंध किया है। इसमें से 3-4 टन मंगलवार को उत्तर प्रदेश में वितरित किया गया। लगभग 5 टन पारगमन में है और इसकी बिक्री वीरवार को उत्तर प्रदेश में की जाएगी।”उन्होंने कहा कि टमाटर जल्दी खराब हो जाता है। इस वजह से देश के अन्य हिस्सों में इसकी बिक्री नहीं की जा सकती है।

उत्तर प्रदेश में आयातित और स्थानीय रूप से खरीदे गए टमाटर दोनों को खुदरा दुकानों के साथ-साथ चुनिंदा स्थानों पर मोबाइल वैन के माध्यम से बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों से खरीदा गया टमाटर 50 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर बेचा जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *