‘मैंने प्यार किया’ और ‘बाजीगर’ जैसी हिट फिल्मों के गीतकार का हुआ निधन

नई दिल्ली : वेटरन लिरिसिस्ट देव कोहली का आज सुबह निधन हो गया है। वे 81 साल के थे। देव कोहली उम्र संबंधी बीमारियों के चलते हाल ही में दो-तीन महीने तक अंधेरी स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भी भर्ती रहे थे । तमाम  इलाज कराने के बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और बाद में डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। तकरीबन 10 दिन पहले उन्हें घर पर वापस भेज दिया था। आज सुबह चार बजे नींद में सोते हुए ही इस दिग्गज गीतकार की मौत हो गई।  देव कोहली के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

देव कोहली ने ‘लाल पत्थर’, ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘बाजीगर’, ‘जुड़वा 2’, ‘मुसाफिर’, ‘इश्क’, ‘शूट आउट ऐट लोखंडवाला’, ‘टैक्सी नंबर 911’ जैसी 100 से भी ज्यादा फिल्मों के लिए सैंकड़ों सुपरहिट गाने लिखे थे। देव कोहली ने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए कबूतर जा जा, आजा शाम होने आई, आते-जाते हंसते गाते, कहे तोसे सजना जैसे सुपरहिट गीत लिखे थे। देव कोहली के अंतिम दर्शनों के लिए उनका पार्थिव शरीर उनके मुंबई के लोखंडवाला के घर पर दोपहर 2 बजे से रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार आज मुंबई के ओशिवरा श्मशान गृह में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि कवि और गीतकार देव कोहली का निधन उनके घर पर ही हुआ है, फिलहाल मौत की वजह अभी क्लियर नहीं हो पाई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *