4 वर्षीय बच्चे की गला घोंटकर हत्या

दंपती की भी हुई मौत 

टीकमगढ़: निवाड़ी जिले में एक दंपती ने बेटे की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगा ली। 4 वर्षीय बालक सहित दंपती के शव एक साथ मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, जहां पर फिलहाल कोई सुसाइट नोट नहीं मिला है। पुलिस पूरे मामले में पारिवारिक कलह होने की बात प्रथम दृष्टया कह रही है। पुलिस ने दंपती सहित बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज करते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।

बताया गया कि पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र के केशरीगंज गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात यह घटना हुई है। सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर थाना प्रभारी जगतपाल सिंह, एसपी अंकित जायसवाल और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आनंद उर्फ चौकी रैकवार (30) और पत्नी राखी (20) में से किसी एक ने पहले बालक मनीष (4) का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके बाद दोनों ने फांसी लगाकर जान दे दी। वारदात के समय पड़ताल में पाया गया कि घर में तीनों ही थे।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि इस घटना की जानकारी के बाद लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिसमें बताया कि आनंद के पिता प्रभु छोटे बेटे के साथ दिल्ली में मजदूरी करने गए हैं, जिन्हें इस संबंध में जानकारी दे दी है। पुलिस को पड़ोसियों ने बताया कि आनंद की पत्नी राखी रक्षाबंधन पर मायके उत्तरप्रदेश के बरुआसागर गई थी। आनंद बीते शुक्रवार को ही उसे लेकर गांव आया था। ग्रामीणों के अनुुसार आनंद और राखी को देखकर ऐसा कभी नहीं लगा कि उन्हें कोई परेशानी है। एसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में अब तक पारिवारिक कलह इस घटना की वजह हो सकती है। पुलिस पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *