बड़ा खुलासा : आतंकी रिंदा के जरिये जुड़े तस्कर ने सैनिकों से लिए थे योल कैंट के नक्शे

चंडीगढ़ : आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के जरिये आईएसआई के संपर्क में आए तस्कर अमरीक ने अहम खुलासे किए है। हेरोइन, हथियार और पैसों के बदले हिमाचल प्रदेश के योल कैंट के नक्शे और फोटो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेजने वाला तस्कर अमरीक सिंह बब्बर खालसा के आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के जरिये आईएसआई के संपर्क में आया था। पुलिस रिमांड के दौरान अमरीक सिंह से हुई पूछताछ में उसने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। अमरीक सिंह ने यह सारी जानकारी दो सैनिकों से हासिल की। इनमें एक पटियाला का रहने वाला है। वह चंडीगढ़ या पंचकूला में तैनात एक अन्य सैनिक से यह जानकारी लेता था।

फिलहाल पुलिस इन दोनों सैनिकों के बारे में पुलिस अधिक जानकारी जुटा रही है। आतंकी रिंदा व अमरीक सिंह की पटियाला जेल में जान-पहचान हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहे और अकसर फोन पर बातें करते रहे। पाकिस्तान में आईएसआई के एजेंट शेर खान ने अमरीक सिंह को दो एके-47 और 250 कारतूस दिए थे। इनमें से एक एके-47 और एक कारतूस का डिब्बा उसने सन्नौर के नजदीक रहने वाले अपने एक साथी को दिया था। उसे इसकी सप्लाई आगे एक व्यक्ति को करने के लिए कहा गया था। एक एके-47 उसने अपने सहयोगी काला सिंह निवासी गोबिंद नगर फ्रेंड्स कॉलोनी (फिरोजपुर) को दी थी। काला सिंह नशे की हर डील में अमरीक सिंह के साथ रहता था।

अमरीक सिंह के खिलाफ आठ किलो 207 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के दर्ज केस में भी काला सिंह नामजद है। वह अभी फरार है। अब पुलिस काला सिंह समेत एक अज्ञात व्यक्ति के ठिकानों के बारे में पता लगाने में जुटी है, ताकि इन हथियारों की बरामदगी कराई जा सके। अमरीक सिंह को दो दिनों की रिमांड खत्म हो जाने पर शुक्रवार को दोबारा समाना की अदालत में पेश किया गया। इस मौके पुलिस ने तस्कर की 10 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की, लेकिन कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद पांच दिनों का रिमांड दिया। इस दौरान खास तौर से यह पता लगाया जाएगा कि क्या अमरीक सिंह भारतीय सेना की खुफिया जानकारियां हासिल करने के लिए क्या किन्हीं और लोगों के साथ भी संपर्क में था। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि नशा तस्करी के कारोबार में अमरीक सिंह के साथ और कौन लोग जुड़े थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *