सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने की हड़ताल, सिर्फ इमरजेंसी चालू

चंडीगढ़ः सेक्टर 32 स्थित गवर्नमेंट हॉस्पिटल (GMCH) के करीब 240 डॉक्टर (पीजी जेआर) हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने ओपीडी और वार्ड की सेवाएं बंद कर दी हैं। सिर्फ इमरजेंसी में ही सेवाएं दी जा रही हैं। इससे मरीजों के लिए इलाज का संकट पैदा हो गया है। पोस्ट ग्रेजुएट जूनियर रेजिडेंट के काम बंद करने से हालात बिगड़ते देख सीनियर रेजिडेंट की छुटि्टयां रद्द कर दी गई हैं। जूनियर रेजिडेंट की हड़ताल होने के कारण सीनियर रेजिडेंट और कंसल्टेंट को काम पर लगाया है।

वार्ड और ओपीडी में उनकी तरफ से मरीज देखे जा रहे हैं, लेकिन मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण उनको कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जूनियर रेजिडेंट और चंडीगढ़ प्रशासन के बीच में पहले भी कई बार बैठक हो चुकी है, लेकिन चंडीगढ़ में अप्रैल से केंद्रीय वेतनमान लागू होने के बाद भी उन्हें अभी तक नहीं मिला है। GMCH-32 रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. उमंग गाबा ने कहा कि प्रशासन की तरफ से उन्हें कई बार आश्वासन मिल चुका है।

लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मजबूरन उन्हें हड़ताल पर बैठना पड़ा है। अब प्रशासन की तरफ से लिखित आश्वासन और लागू करने की तिथि तय करने के बाद ही हड़ताल खत्म की जाएगी। GMCH-32 की डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रोफेसर जसविंदर कौर ने डॉक्टरों को हड़ताल से वापस आने के लिए आग्रह किया है। वहीं उन्होंने कहा कि सभी कंसल्टेंट और सीनियर रेजिडेंट की छुट्टियां रद्द कर दी है। मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *