NewsClick पोर्टल के 30 से ज्यादा ठिकानों पुलिस की दबिश, मचा हड़कंप

नई दिल्लीः चीन से फंडिंग मिलने के आरोपों के बीच आज मंगलवार सुबह न्यूज पोर्टल न्यूजक्लिक से जुड़े कई पत्रकारों के 30 से ज्यादा ठिकानों की तलाशी ली गई। यह तलाशी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अधिकारियों द्वारा ली गई। इस दौरान दफ्तर में कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इस दौरान कई पत्रकारों से पूछताछ भी की गई है। हालांकि किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कॉर्डिनेट तरीके से सेल की टीम ने दिल्ली, नोएडा और गजियाबाद में सभी के घर पर रेड की है। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर स्पेशल सेल के साथ अर्धसैनिक बल के 100 से ज्यादा जवान भी शामिल थे।

इस संबंध में पत्रकार अभिसार शर्मा ने अपने एक्स हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट कर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा है और जांच के लिए उनका लैपटाप और फोन छीनकर ले गई है। बता दें कि न्यूजक्लिक पर चीनी फंडिंग के आरोप लगते रहे हैं। बीते दिनों लोकसभा में भी भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने भी न्यूज पोर्टल पर यह आरोप लगाया था। वर्ष 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने सबसे पहले Newsclick को मिली अवैध फंडिंग को लेकर मुकदमा दर्ज किया था।

ये संदिग्ध फंडिंग चीनी कंपनियों के जरिये न्यूजक्लिक को प्राप्त हुई थी। इसी के बाद ईडी ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। हालांकि हाईकोर्ट ने उस वक्त न्यूजक्लिक के प्रोमोटरों को गिरफ्तारी से राहत दी थी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय ने न्यूज पोर्टल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी फंडिंग की जांच की थी। केंद्रीय एजेंसी ने न्यूज पोर्टल से जुड़ी कुछ संपत्तियां भी जब्त की थीं। ताजा मामले में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने UAPA के तहत केस दर्ज किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *