पंजाबः नशे में धुत्त ड्राइवर ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ाया ट्रक, सामने से आ गई Golden Temple Express, देखें वीडियो

लुधियाना: गयासपुरा फाटक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे ट्रैक पर नशे में धुत ड्राइवर ने ट्रक चढ़ दिया। इस दौरान ड्राइवर ने फाटक से गलत साइड दाखिल होकर करीब आधा घंटा 1 किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक पर ही ट्रक चलाया। इसके बाद रणजीत नगर के पास पहुंच ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। इस बीच लुधियाना रेलवे स्टेशन से चली ट्रेन गोल्ड टेंपल एक्सप्रेस अभी ग्यासपुरा फाटक से कुछ दूरी पर ही थी कि किसी ने रेलवे स्टेशन पर रेल लाइन पर ट्रक खड़ा होने की सूचना दी। सूचना रेलवे अधिकारियों तक पहुंची तो तब तक ट्रेन ट्रक के बिल्कुल नजदीक आ गई थी।

ट्रेन की स्पीड को लोको पायलट ने कम किया। इस दौरान ट्रेन ट्रक के साथ टच हुई। ग़नीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रेन के अंदर से यात्री रेलवे ट्रैक पर खड़े ट्रक की वीडियो भी बनाते रहे। घटना स्थल पर तुरंत जीआरपी के एसपी बलराम राणा, एसएचओ जतिंदर पुलिस बल के साथ पहुंचे। रेलवे अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची। मौके पर हाइड्रा मशीन व क्रेन रेलवे कर्मचारियों ने मंगवाई। करीब सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इस दौरान लोगों की बढ़ रही भीड़ को भी पुलिस कर्मचारियों ने खदेड़ा।

एसपी बलराम राणा ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली तो तुरंत पुलिस बल के साथ वह मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारी भी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। फिलहाल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गोल्डन टेंपल गाड़ी को सकुशल चलवा दिया था। ड्राइवर की पहचान कर रेलवे अधिकारियों द्वारा बनाई गई रिपोर्ट और जीआरपी की अपनी जांच के मुताबिक कार्रवाई कर दी जाएगी। ट्रक ड्राइवर जालंधर से आ रहा था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *