पंजाबः सुबह-सुबह घनी धुंध के कारण हुआ हादसा, स्कूली बस समेत 25 से 30 गाड़ियों की हुई टक्कर, देखें वीडियो

लुधियानाः खन्ना में नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह घनी धुंध के कारण स्कूली बच्चों की बस समेत 25 से 30 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद लोगों ने नेशनल हाईवे के बीच खड़े होकर शोर मचाया और दूसरे लोगों को हादसे का शिकार होने से बचाया। सुबह से धुंध काफी ज्यादा थी। विजिबिलिटी बहुत कम थी। इसी बीच लुधियाना से अंबाला जाते समय दहेड़ू गांव के पास सबसे पहले लुधियाना के एक स्कूल की बस आगे जा रही गाड़ी, जिसमें शीशा लोड था, के साथ टकरा गई।

पीछे आ रही गाड़ियां इन वाहनों के साथ टकराती रहीं। कुल 25 से 30 गाड़ियां आपस में टकराईं। लुधियाना से स्कूली बच्चे कुरुक्षेत्र टूर पर जा रहे थे। बस में 40 से 50 बच्चे थे। बस चालक की लापरवाही से हादसा बताया जा रहा है। चालक ने आगे जा रही गाड़ी के बीच बस ठोक दी। गनीमत रही कि किसी बच्चों को कोई चोट नहीं आई। जिस वाहन के साथ स्कूली बस टकराई, उसमें शीशा लोड था। टक्कर के बाद सारा शीशा चकनाचूर हो गया। मालिक के अनुसार 3 से 4 लाख रुपए का शीशा था। बस चालक की लापरवाही से उनका नुकसान हुआ।

हादसे की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज परमजीत सिंह बैनीपाल और कोट पुलिस चौकी इंचार्ज जगतार सिंह मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों को एक साइड करते हुए ट्रैफिक चालू किया गया। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी गई। 13 नवंबर को भी इस जगह से थोड़ा आगे बड़ा हादसा हुआ था। धुंध में एक साथ 50 के करीब गाड़ियां टकरा गई थीं। कुल तीन जगह पर 100 के करीब गाड़ियां टकराई थीं। जिसके बाद सीएम भगवंत मान ने भी दुख जताया था। सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह घायलों का हाल जानने खन्ना आए थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *