देश में केवल मोदी की गारंटी ही हिट : कंवर

छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान के चुनावी परिणाम मोदी की विकास गाथा का सबूत : वीरेंद्र कंवर


ऊना/सुशील पंडित: हाल ही में हुए छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, तेलंगाना व राजस्थान के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली बड़ी कामयाबी से हिमाचल प्रदेश भाजपा भी बेहद खुश नजर आ रही है। पूर्व मंत्री व वर्तमान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने इन विधानसभा चुनावों के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित समस्त केंद्रीय नेतृत्व व भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि पूरे देश में विकास के नाम पर केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ही गारन्टी हिट है। केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समस्त देशवासियों को मिल रहा है जिसका परिणाम चुनावों के नतीजे बयान कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में भी जनता मोदी की गारण्टी को हिट करेगी और हिमाचल प्रदेश की चारों सीटें भाजपा की मिलेंगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि झूठी गारंटियों के दम पर कांग्रेस हिमाचल में सत्ता में आई है, लेकिन जल्द ही लोकसभा चुनावों में जनता इनको आईना दिखा देगी। इस बार केंद्र में कांग्रेस 40 से 4 पर सिमट जाएगी।


वीरेंद्र कंवर ने इन चुनावों के परिणाम को बड़ी जीत बताते हुए कहा है कि यह उन सभी विरोधियों के लिए सबक है जो मोदी के नेतृत्व पर सवाल उठा रहे थे। छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में कांग्रेस के हाथ से सत्ता का जाना इस बात का सबूत है कि जनता भाजपा के हाथों में ही विकसित भारत का भविष्य देख रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *