पंजाबः रिश्वत लेने के मामले में BDPO पर गिरी गाज 

लुधियानाः खन्ना के ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कुलविन्दर सिंह रंधावा को सरकारी फ़ंडों के ग़बन के दोष में पंजाब के ग्रामीण विकास और पंचायत मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए विभाग ने तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और खन्ना से विधायक तरुणप्रीत सिंह सौंध ने 58.25 लाख रुपए का घपला 14 दिन पहले पकड़ा था। इस घपले का पर्दाफाश करने में आप विधायक की मदद कांग्रेस के ब्लॉक समिति चेयरमैन सतनाम सिंह सोनी ने भी की।

कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बीडीपीओ खन्ना कुलविन्दर सिंह रंधावा के विरुद्ध शिकायतों के आधार पर ज़िला विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ), लुधियाना को जांच सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि बीडीपीओ लुधियाना द्वारा प्राप्त हुई रिपोर्ट में बताया गया कि कुलविन्दर सिंह रंधावा ने पंचायत समिति खन्ना के फ़ंडों का दुरुपयोग किया और अनाधिकृत खाते खुलवा कर बिना मंज़ूरी के 58.25 लाख रुपए की ग़लत ढंग से अदायगियां कीं।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन दोषों के आधार पर कुलविन्दर सिंह रंधावा बीडीपीओ खन्ना को सरकारी सेवा से तुरंत निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के समय अधिकारी का हेडक्वार्टर दफ़्तर ज़िला विकास एवं पंचायत अधिकारी, एसएएस नगर होगा। आदेशों के मुताबिक निलंबित अधिकारी को पंजाब सिविल सेवाएं रूल्ज़ के नियम 7.2 के अधीन नियमों और शर्तों के अनुसार गुज़ारा भत्ता दिया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *