लोकसभा के बाद अब राज्यसभा से 34 विपक्षी सांसद को किया निलंबित

इस सत्र में विपक्ष के अब तक 81 MPs पर हुआ एक्शन

नई दिल्लीः लोकसभा के बाद राज्यसभा से 34 विपक्षी सांसदों को संसद के शीतकालीन सत्र से सोमवार (18 दिसंबर) को निलंबित कर दिया गया। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने इसको लेकर कहा कि कई सदस्य जानबूझ कर पीठ की अवहेलना कर रहे हैं। व्यवधान के कारण हाउस का कामकाज नहीं हो पा रहा है। इस कारण कई सांसदों को मौजूदा सत्र के लिए सदन से निलंबित किया जा रहा है। बता दें कि संसद के शीतकालीन सत्र में सोमवार को भी दोनों सदनों में विपक्षी सांसदों का जमकर हंगामा देखने को मिला है।

संसद की सुरक्षा में सेंधमारी के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग को लेकर हंगामा करने को लेकर अब तक कुल 81 सांसदों को निलंबित किया जा चुका है। शुक्रवार को दोनों सदनों से कुल 14 सांसदों के निलंबन के बाद आज यानी सोमवार को स्पीकर ने लोकसभा के 33 और सांसदों को निलंबित कर दिया। लोकसभा में स्पीकर की ओर से जिन सांसदों को निलंबित किया गया है उनमें कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का नाम भी शामिल हैं। इसके साथ-साथ कांग्रेस और टीएमसी समेत कई विरोधी पार्टियों के सांसद शामिल हैं। दयानिधि मारन और सौगत रॉय को भी निलंबित कर दिया गया है। आज निलंबित किए गए कई सांसदों के नाम भी सामने आ चुके हैं।

दरअसल, सत्र शुरू होने के बाद विपक्षी सांसद संसद की सुरक्षा में सेंधमारी को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसमें कई सांसद ऐसे थे जो तख्तियां लेकर विरोध करने पहुंचे थे। इन सभी सांसदों को सदन की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया है। वहीं, लोकसभा सांसद अब्दुल खालिक, विजय वसंत और के जयाकुमार के निलंबन का मामला विशेषाधिकार समिति को भेजा गया है। विपक्षी सांसद इस बात पर अड़े हैं कि संसद की सुरक्षा में सेंधमारी मामले को लेकर देश के गृहमंत्री अमित शाह को सदन में बयान देना चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *