कांग्रेस के शासन में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है : सत्ती

ऊना सुशील पंडित : ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा है कांग्रेस सरकार के  शासन कानून व्यवस्था का इस कद्र जनाजा निकल चुका है कि एक तरफ विधानसभा का सत्र चल रहा है और दूसरी तरफ ऊना जिले में खनन माफिया दोनों हाथों से संपदा को लूटने में लगा है। उन्होंने कहा की विडंबना यह है कि पुलिस इस मामले पर पूरी तरह मौन धारण किए बैठी है। जबकि कांग्रेस के पदाधिकारी पंजाब के लोगों को उनकी मशीनरी के साथ लाकर धड़ल्ले से अवैध खनन करने में लगे हैं। विधायक ने कहा कि पुलिस की हालत इस कद्र खस्ता हो चुकी है कि लोगों के घर बनाने के लिए ट्रालियों में लेकर जाए जा रहे रेत और बजरी के बड़े-बड़े चालान किए जा रहे हैं, लेकिन रात के अंधेरे में भारी मशीनरी के साथ रेत और बजरी से भरे जा रहे बड़े-बड़े ट्रकों पर कार्रवाई करने की पुलिस को इजाजत ही नहीं है। उन्होंने कहा की व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बताएं कि यह कैसा व्यवस्था परिवर्तन है, जिसमें हिमाचल प्रदेश में अंधी लूट मची है और शासन-प्रशासन दोनों कुंभकरण की नींद में सोए हुए हैं। विधायक ने कहा कि जिला भर के नदी नालों में पंजाब के लोग सरेआम मशीनरी लेकर पीले पंजे से धरती का सीना छलनी करने में लगे हैं। जबकि जिला कांग्रेस के पदाधिकारी का उन्हें पूरी तरह संरक्षण प्राप्त है ऐसे में पुलिस समाशबीन बनी बैठी है। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि इस तरह अब ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर हिमाचल प्रदेश को लूटने वालों का चेहरा बेनकाब हो चुका है। 10 गारंटी के नाम पर हिमाचल प्रदेश की जनता के वोट लूटने वाली कांग्रेस को जनता जवाब देने के मूड में आ चुकी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *