ऊना/सुशील पंडित : पीतल के बर्तन फिर से चर्चा में हैं। सलोह के एक परिवार ने उनके घर पर काम करने वाली एक महिला और उसके बेटे पर पीतल के बर्तन चुराने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सलोह गांव के वार्ड नंबर 3 वासी पीतांबर जसवाल पुत्र कमल सिंह जसवाल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि पिछले लगभग एक साल से घालुवाल की रहने वाली सरोज पत्नी देसराज उनके घर में घरेलू सेवक के तौर पर काम कर रही थी। 26 दिसंबर को उन्हें पता चला कि घर में रखे पीतल के बर्तन गायब हैं। इन बर्तनों की बाजार में कीमत लगभग 60 हजार रुपए है। शिकायतकर्ता ने शिकायत में यह भी लिखा है कि ये बर्तन सरोज ने अपने बेटे विशाल के साथ मिलकर चुराए हैं। जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दे दी गई है। हरोली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 457, 380 के तहत मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply