पुलिस ने 12 करोड़ का गुटखा किया बरामद, 7 गिरफ्तार

नई दिल्ली : देश के अलग-अलग हिस्सों में तंबाकू से बने पदार्थों का लोग खूब सेवन करते हैं। तंबाकू से बने उत्पादों के पैकेट पर बाहर साफ और स्पष्ट शब्दों में यह लिखा होता है कि तंबाकू के सेवन से कैंसर होता है लेकिन लोग तंबाकू का सेवन करने से कहां पीछे हटने वाले हैं। तंबाकू से ही बनने वाला एक प्रोडक्ट है गुटखा। मुंबई की क्राइम ब्रांच टीम ने 12 करोड़ रुपये की कीमत के गुटखे को बरामद किया है। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 9 के सीनियर अधिकारी दया नायक की टीम ने पालघर जिले के कासा इलाके में छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने 12 करोड़ रुपये की कीमत के प्रतिबंधित उत्पाद गुटखा जब्त किया।

बता दें कि पुलिस ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि हमने विभिन्न प्रकार के गुटखा, पान मसाला और ट्रकों सहित कुल मिलाकर 12 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित उत्पाद को जब्त किया है। क्राइम ब्रांच अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर यह गुटखा कहां से आया। आरोपियों से पूछताछ करने के बाद यह जानकारी मिली कि पालघर जिले से मुंबई की तरफ गुटखा सप्लाई होने वाला है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कासा इलाके में जाल बिछाकर तीन ट्रकों को पकड़ा। इन ट्रकों में से 400 बड़े बोरे बरामद हुए, जिनमें 4000 अलग-अलग प्रकार के गुटखा थे।  

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *